Showing posts with label प्राचार्य. Show all posts
Showing posts with label प्राचार्य. Show all posts

Tuesday, October 20, 2026

कैसे लोग थे वे!

 


घटना सन 1980 के आसपास की है. मैं राजकीय महाविद्यालय सिरोही में हिंदी का प्राध्यापक था. उस समय मेरे प्राचार्य प्रो महेश कुमार भार्गव थे. मैं उनके प्रिय प्राध्यापकों में से एक था. और जहां तक मेरे मन में उनके प्रति सम्मान की बात है, केवल इतना लिखूंगा कि इस घटना के लगभग दो दशक बाद जब मैं उसी कॉलेज का प्राचार्य बना और मुझे भी उसी प्राचार्य कक्ष में उसी कुर्सी पर बैठने का सौभाग्य प्राप्त हुआ तो मैं कुछ देर को ठिठक कर यह सोचता रहा कि क्या मैं उस कुर्सी पर बैठने के काबिल हूं जिस पर कभी प्रो महेश कुमार भार्गव जैसे महान प्राचार्य बैठा करते थे! आगे बात करूं इससे पहले दो बातें बताता चलूं. पहली यह कि उस समय सिरोही का यह महाविद्यालय बहुत बड़ा नहीं था. हम लगभग बीस संकाय सदस्य थे. दूसरी बात यह कि किसी भी कॉलेज का प्राचार्य होना बहुत चुनौतीपूर्ण होता है. उसके पास वैसी कोई ताकत और सुरक्षा नहीं होती है जैसी (नेताओं की तो बात छोड़ ही दीजिए) किसी छोटे-से प्रशासनिक अधिकारी के पास भी होती है. आप एक एसडीएम के कमरे में भी बगैर इजाज़त के नहीं घुस सकते जबकि किसी बड़े से बड़े कॉलेज के प्राचार्य के कक्ष में कोई भी विद्यार्थी (या अभिभावक, या नागरिक) कभी भी घुस सकता है. यह प्राचार्य की ही सामर्थ्य है कि वह इस तरह के सुरक्षा विहीन माहौल में रहकर अपने कर्तव्य का निर्वहन करता है.

अब मैं अपनी मूल बात पर लौटता हूं.
हमारे कॉलेज के विद्यार्थियों ने किसी बात पर हड़ताल कर दी थी और वे कॉलेज के बाहर धरना दिये हुए थे. दिसंबर का महीना था. सर्दी अपने पूरे यौवन पर थी. हम लोग भी खाना खाकर रजाई में घुस चुके थे. शायद रात के आठ-साढ़े आठ बजे का समय था. मेरी डोरबेल बजी. इतनी रात गए, इस ठण्ड में कौन आया होगा? यह सोचते हुए दरवाज़ा खोला तो पाया कि सामने प्राचार्य भार्गव साहब खड़े हैं. मैं कुछ कहूं उससे पहले ही वे बोले, "डीपी, कपड़े बदल कर बाहर आ". फिर अपनी कार की तरफ मुंह कर उन्होंने श्रीमती भार्गव को आवाज़ दी और कहा कि वे मेरे यहां मेरी पत्नी के साथ बैठें. उस ज़माने में प्राचार्य का जिस तरह का सम्मान हम लोगों के मन में हुआ करता था उसके अनुरूप कुछ भी पूछने का तो सवाल था ही नहीं. मैंने जल्दी से कपड़े बदले और बाहर आकर भार्गव साहब की कार में बैठ गया. न वे कुछ बोले और न मैंने कुछ पूछा. कार सीधे हमारे कॉलेज के बाहर जाकर रुकी. हड़ताली लड़के लोग कुछ आंच वगैरह जलाकर वहां जमे हुए थे. भार्गव साहब कार से उतरे, उनके साथ-साथ मैं भी उतरा. सीधे विद्यार्थियों के पास गए और बोले, "तुम लोगों के पास सर्दी से बचाव का क्या इंतज़ाम है?” ज़ाहिर है कि उनके पास कोई ख़ास इंतज़ाम नहीं था. भार्गव साहब ने कहा, “अभी हम टेण्ट हाउस जाते हैं और तुम लोगों के लिए गद्दे रज़ाई भिजवाते हैं”. हम दोनों कार में बैठे और चले शहर के इकलौते टेण्ट हाउस की तरफ. रास्ते में मेरी जिज्ञासा को भांप भार्गव साहब बोले, “देखो डीपी, ये हैं तो हमारे ही बच्चे! इन्हें हम ठण्ड में कैसे ठिठुरने दे सकते हैं?"
टेण्ट हाउस से उनके लिए पर्याप्त गद्दे-रजाई भिजवा दिए गए.
अब यह कहने की ज़रूरत नहीं है, फिर भी कह रहा हूं कि अगली सुबह जब प्राचार्य भार्गव साहब कॉलेज के प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो जो विद्यार्थी बीते कल प्राचार्य मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे वे ही उनके लिए मालाएं लिए खड़े थे और नारे लगा रहे थे- प्राचार्य जी ज़िंदाबाद!
एक ज़माना वो भी था!


 


वे छवि निर्माण तकनीक के सफल प्रयोक्ता थे!

 कोई तो कारण होगा कि अस्सी के दशक का यह प्रसंग अब याद आ रहा है!

लगभग चालीस बरस कम नहीं होते हैं स्मृति के धूमिल हो जाने के लिए. और शायद हो ही गई थी, लेकिन अब जैसे यादों पर जमी धूल हट गई है और सब कुछ बहुत अच्छी तरह याद आ रहा है. छोड़िये इस बात को कि यह बात अब ही क्यों याद आ रही है! आप तो बात का आनंद लीजिए!
मैंने अपनी नौकरी का बहुत बड़ा समय पश्चिमी राजस्थान के एक छोटे-से कस्बे सिरोही के राजकीय महाविद्यालय में बिताया. जो लोग इस कस्बे को नहीं जानते उन्हें बता दूं कि राजस्थान का एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल इसी सिरोही ज़िले में स्थित है. मेरा महाविद्यालय राजस्थान के पुराने और ऐसे महाविद्यालयों में से एक था जिसे कम से कम वे लोग बहुत आदर से स्मरण करते हैं जो वहां काम कर चुके हैं. असल में पूरा पश्चिमी राजस्थान ही बहुत शांत इलाका है इसलिए वहां स्थित यह महाविद्यालय प्रांत के अन्य कई इलाकों के बहुत अशांत और कुख्यात महाविद्यालयों से बहुत भिन्न था और है. मैंने क्योंकि वहां अपनी नौकरी के बीस से ज़्यादा साल गुज़ारे मेरे मन में इस महाविद्यालय के प्रति बहुत गहरा अनुराग है और यहां की अनेक खट्टी मीठी यादें मेरे स्मृति कोष में जमा हैं.
आज मैं जिस याद को साझा कर रहा हूं उसका संबंध एक हद तक इस बात से भी है कि मैं वहां हिंदी का व्याख्याता था. हमारे कॉलेजों में हिंदी व्याख्याता को पढ़ाने के अलावा अन्य बहुत सारे कामों के लिए भी अपरिहार्य और उपयुक्त माना जाता है. यह वृत्तांत पढ़ने वालों को भले ही इन कामों के बारे में पढ़कर कुछ अजीब लगे, लेकिन यह एक यथार्थ है कि हिंदी व्याख्याता को प्राचार्य का भाषण, संस्था की वार्षिक रिपोर्ट, अभिनंदन पत्र, शोक संदेश लिखने जैसे अनेक काम करने के लिए एकमात्र योग्य व्यक्ति माना जाता है. इन कामों में ऐसे ही और भी अनेक काम जुड़ते रहते हैं. कहना अनावश्यक है कि ये सारे काम मैंने भी किए हैं. मैं जिस समय को स्मरण कर रहा हूं उस समय मेरे महाविद्यालय के प्राचार्य एक दबंग, अति उत्साही, महत्वाकांक्षी, आत्म प्रशंसा प्रिय व्यक्ति थे. उन्हें इस बात में ख़ास दिलचस्पी थी कि उनके महाविद्यालय की ख़बरें हर रोज़ अखबारों में छपे. और महाविद्यालय की ख़बरों में सबसे महत्वपूर्ण होता ख़ुद उन प्राचार्य जी का नामोल्लेख. अगर वह होता तो उन्हें ख़बर काम की लगती और अगर उनका नाम उस ख़बर में नहीं होता तो फिर वह ख़बर, चाहे उसमें महाविद्यालय की कितनी भी प्रशंसा क्यों न हो, बेकार लगती. उन्होंने मुझे महाविद्यालय का पीआरओ (जन सम्पर्क अधिकारी) बना दिया और मेरा काम यही था कि हर रोज़ कई अखबारों को ऐसी ख़बरें लिखकर भेजूं जिनमें अनिवार्यत: प्राचार्य जी का नामोल्लेख हो. स्वीकार करता हूं कि अध्यापन के अलावा यह काम भी मैंने निष्ठा से किया. अब पीछे मुड़कर देखता हूं तो इसमें मुझे कोई ख़ास बुराई भी नज़र नहीं आती. कुल मिलाकर तो मैं अपने महाविद्यालय की छवि का ही निर्माण कर रहा था!
तो, ऐसे ही एक दिन प्राचार्य जी ने मुझे अपने ऑफिस में बुलाया और कहा कि मैं अखबारों को एक ख़बर उनके हवाले से भेजूं. ख़बर यह कि प्राचार्य अमुक जी ने बताया है कि हम अपने कॉलेज में 36 प्रतिशत पर एडमिशन देते हैं लेकिन हमारे कॉलेज का रिज़ल्ट अस्सी प्रतिशत रहता है. याद दिलाता चलूं कि न्यूनतम उत्तीर्ण प्रतिशत 36 होता है. वे दिन बहुत मारा मारी के नहीं थे इसलिए कुछ विद्यार्थियों को इस न्यूनतम प्रतिशत पर भी प्रवेश मिल जाता था. उनके इस बयान की विसंगति यह थी कि इस न्यूनतम उत्तीर्ण प्रतिशत और परिणाम के बीच कोई रिश्ता नहीं था. अगर रिश्ता ढूंढना ही चाहें तो यह बनता कि हम शत प्रतिशत उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रवेश देते हैं और उनमें से अस्सी प्रतिशत उत्तीर्ण होते हैं. ज़ाहिर है कि यह एक नकारात्मक बात होती. मैंने प्राचार्य जी के सामने अपनी आपत्ति रखी, लेकिन उन्होंने इस आपत्ति को यह कहते हुए सिरे से खारिज़ कर दिया कि आप तो जैसा मैं कह रहा हूं वैसा लिख दें. मैंने लिख दिया और जैसा प्रत्याशित था, अगले दिन कुछ अखबारों में यह ख़बर छप भी गई!
मैं किसी काम से बाज़ार गया तो अनायास एक अभिभावक से मुलाकात हो गई. उन्होंने कहा कि आपके प्राचार्य जी तो बहुत डायनैमिक हैं! मैंने कहा कि कैसे, तो वे बोले, आपने आज का अखबार नहीं पढ़ा? अखबार ने लिखा है कि कैसे उन्होंने इस कॉलेज को इतना अच्छा बना दिया है कि छत्तीस परसेंट वाले अस्सी परसेंट तक जा पहुंचे हैं! मैं समझ गया कि उन अभिभावक जी को यह समझ में आया था कि हम बहुत औसत बुद्धि वाले विद्यार्थियों को प्रवेश देते हैं और उन्हें बहुत काबिल बना देते हैं. मेरे प्राचार्य जी शायद यही तो चाहते थे. अपने ज़माने में वे भी छवि निर्माण के उस्ताद थे!
और जब यह प्रसंग याद आया तो इससे जुड़ा एक और प्रसंग कैसे भूल सकता हूं? विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के परिणाम आने लगे थे. शायद बीए फाइनल का परिणाम आया था. यह परीक्षा देने वाले हमारे महाविद्यालय के पचास प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे. प्राचार्य जी ने मुझे बुलाया और आदेश दिया कि मैं इस परिणाम की एक ख़बर बनाकर अखबारों को भिजवा दूं. मैंने ख़बर बना कर उसे टाइप करवाया और जब वह ख़बर प्राचार्य जी के पास हस्ताक्षर के लिए पहुंची तो एक बार फिर मुझे बुलवाया गया. प्राचार्य जी ने बड़े प्यार से फरमाया, "डॉ साहब, इस पचास प्रतिशत को पैंसठ प्रतिशत कर दीजिए!" मैंने विनम्रता से कहा कि सर, यह तो ठीक नहीं होगा. हम ग़लत बयानी कैसे कर सकते हैं? मेरी आपत्ति से एकदम अप्रभावित प्राचार्य जी ने आदेशात्मक स्वर में कहा, "मैं जैसा कह रहा हूं वैसा कर दीजिए!" फिर अपने स्वर को मुलायम करते हुए बोले, "डॉ साहब, कौन चैक कर रहा है कि वास्तविक रिज़ल्ट क्या रहा है! आप तो जैसा मैं कह रहा हूं वैसा लिख कर भेज दीजिए!" अगले दिन यह ख़बर भी छप गई और अभिभावकों ने फिर महसूस किया कि इस बार उनके शहर के महाविद्यालय में जो प्राचार्य आए हैं, वे बहुत कर्मठ हैं!
तब का अनुभव मुझे अब याद आ रहा है और मैं समझ पा रहा हूं कि छवि निर्माण ऐसे ही होता है! कोई नहीं देखता कि सच्चाई क्या है!
सब वही देखते हैं जो यत्नपूर्वक उन्हें दिखाया जाता है!

Sunday, August 2, 2020

यादें आबू रोड की

कल जब मैंने अपने आबू रोड के कार्यकाल का एक संस्मरण लिखा तो प्रसंगवश उसमें यह भी ज़िक्र आ गया था कि वहां की स्मृतियों में और काफी कुछ है जिन्हें लिखने में मुझे संकोच है. मेरे कुछ मित्रों ने पुरज़ोर आग्रह किया कि जो अनुभव हैं उन्हें लिख ही दूं. उनके आदेश को टाल नहीं पा रहा हूं. पढ़ें यह अंश:

पीछे मुड़ कर देखता हूं तो पाता हूं कि जुलाई 1998 से मार्च 2000 तक का करीब बीस माह का आबू रोड का कार्यकाल मेरे सेवा काल का सबसे कठिन कार्यकाल रहा. वैसे उचित यह होगा कि इन बीस माह में से करीब छह माह अलग कर दूं. इन छह माह की चर्चा कल कर ही चुका हूं. इसलिए सच तो यह है कि सिर्फ़ चौदह माह ही मुश्क़िल से बीते. और इसकी वजह सिर्फ यह कि आबू रोड कॉलेज सही मानों में एक बिगड़ा हुआ कॉलेज था. कॉलेज को बिगाड़ने में वहां की छात्र राजनीति की और वहां की सामाजिक संरचना की बहुत बड़ी भूमिका है. वहां के एक राजनेता, तत्कालीन भाजपा अध्यक्ष विनोद परसरामपुरिया (अब स्व.) का एक दिन फोन आया. न कोई दुआ न कोई सलाम. सीधे बोले, “प्रिंसिपल साहब, आपको यहां रहना है या नहीं रहना है?” मैंने पूछा कि क्या बात है, तो बोले, “आपको इतना समय हो गया यहां आए, आप एक बार भी मुझसे मिलने नहीं आए!” मैंने अपने को काबू में रखते हुए जवाब दिया कि “न तो आपने कभी मुझे बुलाया और न मुझे कोई काम पड़ा. आता कैसे?” बोले, “आप जानते हैं, मैं आपका तबादला करा सकता हूं.” मैंने यह कहते हुए कि “अब तक तो नहीं मालूम था, अब आपने बता दिया है”, फोन रख दिया. उसके बाद उनसे कभी कोई संवाद नहीं हुआ.

आबू रोड सिरोही ज़िले में ही स्थित है लेकिन वहां की संस्कृति सिरोही से एकदम अलहदा है. आबू रोड की युवा पीढ़ी के लिए एक शब्द बहु प्रयुक्त है: चवन्ना. अर्थ बहुत स्पष्ट है. वैसे मुझे कभी भी यह बात नहीं रुचती है कि किसी पूरे के पूरे समूह को एक ही डण्डे से हांका जाए या उस पूरे समूह पर एक लेबल लगा दिया जाए. लेकिन लगभग दो बरस आबू रोड में रहकर मुझे लगा कि जिसने भी यह नामकरण किया होगा, अवश्य ही वह भुक्त भोगी रहा होगा. विद्यार्थी राजनीतिक दलों की युवा शाखाओं एन.एस.यू.आई. और ए.बी.वी.पी. में बुरी तरह विभक्त और हर वक़्त लड़ने-मरने और प्रशासन की नाक में दम करने को तैयार. व्यवहार में विनम्रता और शालीनता का दूर-दूर तक कोई ठिकाना नहीं. जाति की बात करना मेरे स्वभाव में नहीं, लेकिन वहां जाकर महसूस किया कि अगर किसी जाति के युवाओं को अशिष्टता के लिए पहला पुरस्कार देना हो तो वह जाति अग्रवाल होगी. हालत यह हो गई कि अगर कोई छात्र मेरे पास आता और अशिष्टता से पेश आता तो मैं उससे पहली बात यही पूछता कि “कहीं तुम अग्रवाल तो नहीं हो?” और उनका आभार कि उन्होंने मुझे एक बार भी ग़लत साबित नहीं किया. सबसे ज़्यादा मज़ा तो तब आया जब मैं, अपने आबू रोड पदस्थापन के करीब-करीब आखिरी दिनों में वहां की एक प्रख्यात मिठाई की दुकान पर खरीददारी के लिए गया. दुकानदार भी मुझे पहचानता था. उस दिन जाने क्या बात हुई, उसने बहुत झुककर, ज़रूरत से ज़्यादा ही झुककर मुझे नमन किया. मैंने जब इसकी वजह पूछी तो वह बोला कि “सर! मैं आपको नमन इसलिए कर रहा हूं कि हम तो अपने एक-दो बच्चों को भी नहीं झेल पाते हैं, आप पूरे कॉलेज को झेल रहे हैं!” हो सकता हो, उस दिन उसके सपूतों ने कुछ अधिक ही आबूरोडपना दिखा दिया हो.

लेकिन फिर भी वहां बीस माह गुज़ारने में मुझे अधिक पीड़ा नहीं हुई. इसका एक बड़ा कारण यह भी था कि वहां के स्टाफ से मुझे बहुत सहयोग मिला. विशेष रूप से टीचिंग स्टाफ़ से. डॉ एसबी लाहिड़ी, अनिता गुप्ता, अंशु रानी सक्सेना, गोपाल कृष्ण सुखवाल, भगवान दास,सत्य भान यादव, हनुवंत सिंह चौहान, संस्कृत की एक मै’म, जिनका नाम याद नहीं आ रहा, आदि मेरे बहुत अच्छे सहयोगी रहे. मेरे उपाचार्य प्रो. सवाई राम ने हमेशा मेरे साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया. अलबत्ता दफ़्तर का हाल इतना अच्छा नहीं था. ज़्यादातर लोग न तो ख़ुद काम करना चाहते थे और न उन्हें यह बात सहन होती थी कि कोई दूसरा काम करे. मेरे शिक्षक सहकर्मियों ने मुझे जब उन्मुक्त सहयोग दिया तो कार्यालय के साथियों ने उन्हें यह कहते हुए कि यह जो काम आप कर रहे हैं, यह आपका है ही नहीं, भड़काने का हर सम्भव प्रयास किया. उन दिनों कम्प्यूटर नया नया आया था, और मेरे कुछ शिक्षक साथी कम्प्यूटर सीखने में खूब रुचि लेते थे. दफ़्तर वाले उन्हें बार-बार टोकते, मेरे पास भी शिकायत लेकर आते कि ये कम्प्यूटर को खराब कर देंगे, या ये तो उस पर गेम खेलते रहते हैं. ज़ाहिर है कि मैं इन बातों को तवज्जोह नहीं देता, और यह उन्हें और बुरा लगता. लेकिन वक़्त जैसे-तैसे कट ही गया. मैं हर माह अपने दोस्तों के साथ संध्याकालीन ‘बैठकी’ के लिए सिरोही आता, और उस बैठकी में जैसे महीने भर का तनाव बह जाता.

कॉलेज का एक प्रसंग साझा करने काबिल हैं. सिरोही में मैंने देखा-सीखा था सारा स्टाफ एक परिवार की तरह रहता है. यही प्रयास मैंने यहां भी किया. सत्र के अंतिम कार्य दिवस पर कॉलेज परिसर में स्टाफ की सपरिवार एक मिलन सांझ रखी. थोड़ा बहुत गाना बजाना और फिर प्रीतिभोज. यह कोई असामान्य बात नहीं थी. सारे कॉलेजों में सत्र के अंतिम कार्य दिवस पर ऐसा होता है. उस आयोजन में मेरी बेटी ने भी कोई कविता सुनाई. अगले दिन किसी स्थानीय पत्रकार का फोन आया कि “प्रिंसिपल साहब आपके होते कॉलेज में यह क्या हो रहा है? न जाने क्या-क्या खाया पीया जा रहा है और अश्लील नाच गाने हो रहे हैं!” मैंने जब उस पत्रकार से विस्तार में बात की तो पता चला कि कॉलेज के ही एक विद्यार्थी ने पास की किसी छत से कविता सुनाती हुई मेरी बेटी की फोटो लेकर न जाने क्या-क्या बताते हुए उस पत्रकार को उकसा दिया था. जब मैंने उसे कहा कि यह फोटो तो मेरी ही बेटी की है, तो उससे कुछ बोला नहीं गया. उसी ने मुझे अपनी जानकारी का स्रोत भी बताया. उस विद्यार्थी ने यह सारी बात कॉलेज शिक्षा निदेशालय को भी लिख भेजी थी. बाद में वहां से मुझसे इस पर टिप्पणी चाही गई जो मैंने भेज दी और मामला ख़त्म हो गया. लेकिन इस तरह की हरकतें वहां आम थी. यह बात आसानी से समझी जा सकती है कि इन हरकतों को कॉलेज स्टाफ, विशेष रूप से कार्यालय स्टाफ का भी सहयोग मिलता था. लेकिन वक़्त बीत ही गया. शहर से भी मेरे ठीक-ठाक रिश्ते रहे. इनके मूल में एक बात यह भी थी कि सिरोही में इतना लम्बा समय बिताने की वजह से आबू रोड भी मुझे जानता-पहचानता था. अब पीछे मुड़ कर देखता हूं तो पाता हूं कि वहां भी मैंने खूब अनुभव अर्जित किये और बड़े मज़बूत रिश्ते भी बनाए, जो अब तक बने हुए हैं.

दो दशक पहले का 'कोरोना' काल!

आज शाम अपने भतीजे अरविंद  से बात कर रहा था. अरविंद उदयपुर में रहता है और उसका अच्छा ख़ासा और खूब फैला हुआ व्यवसाय है. बहुत व्यस्त रहता है. हमें गर्व होता है, बच्चों को इस तरह प्रगति पथ पर अग्रसर होते हुए देख कर. बहुत स्वाभाविक है कि बात इधर-उधर से होती हुए कोरोना पर आ टिकी. इसी क्रम में उसने एक मार्के की बात कही. बोला कि “चाचाजी, कोरोना के शुरुआती समय में करीब दो महीने कहीं जाना-आना नहीं हुआ, और यह समय मेरे जीवन के सबसे खूबसूरत समयों में से है”. इस बात को समझ सकना मेरे लिए कठिन नहीं था. भाग दौड़ भरी ज़िंदगी में से अगर कुछ समय परिवार के साथ बिताने का मौका मिला तो उसे खूबसूरत और यादगार होना ही था. लेकिन जब अरविंद यह बात कर रहा था, तो उसकी बात सुनने के साथ ही मेरे मन में अपनी स्मृतियां भी तैर रही थीं. यह भी एक संयोग ही है कि अभी जिस स्मृति की बात कर रहा हूं उसका सीधा सम्बंध उससे भी है. आगे वाले वृत्तांत में मैंने अपने जिन भाई साहब के निधन पर उदयपुर जाने की चर्चा की है वे इस अरविंद के पिताजी ही थे.

असल में मैं इन दिनों अपने जो संस्मरण लिख रहा हूं उसमें अपनी नौकरी के बहुत सारे प्रसंग भी अंकित किये हैं. मैं प्राचार्य पद पर पदोन्नत होकर जुलाई 1998 में सिरोही ज़िले में स्थित आबू रोड पहुंचा था और करीब बीस माह वहां इस पद पर रहा. इसके बाद मेरी पदोन्नति स्नातकोत्तर प्राचार्य पद पर हो गई और मैं राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सिरोही में आ गया था. आबू रोड में अपने कार्यकाल के बारे में लिखने के लिए मेरे पास अधिक प्रीतिकर स्मृतियां नहीं हैं, हालांकि जो हैं उन्हें लिखा है. वहां के एक साथी भगवान दास  जी ने यह लिखा भी कि उन्हें मेरे इस कार्यकाल के संस्मरणों की प्रतीक्षा है, मैं उन्हें सार्वजनिक करने से बचता रहा हूं. लेकिन आज जब अरविंद से बात हुई तो लगा कि उस काल का एक संस्मरण तो साझा कर ही दूं. यह आबू रोड का मेरा दूसरा संस्मरण है. पता नहीं पहला संस्मरण कभी यहां सोशल मीडिया पर साझा करूंगा भी या नहीं! फिलहाल तो यह पढ़ें:

दूसरा प्रसंग बहुत मज़ेदार है. इसी कॉलेज के एक वरिष्ठ प्राध्यापक पूनमा राम खोड किसी अन्य कॉलेज में प्राचार्य पद पर कार्यरत थे और वे आबू रोड में आने के लिए प्रयत्नरत थे. यह स्वाभाविक भी है. मैं अपने भाई साहब के निधन के कारण उदयपुर गया हुआ था कि पीछे से इन खोड़ साहब का तबादला आबू रोड हो गया और मुझे भीनमाल स्थानांतरित कर दिया गया. अब क्योंकि खोड़ साहब आबू रोड आने को बहुत व्याकुल थे, वे शीघ्रातिशीघ्र आबू रोड आए और मेरी अनुपस्थिति में वहां के प्राचार्य का पद भार ग्रहण कर लिया. जब तीन चार दिन बाद मैं उदयपुर से लौटा तब तक किसी प्रशासनिक कारण से यह आदेश जारी हो गया कि अगले आदेश तक यथास्थिति बनाई रखी जाए. इसका अर्थ यह हुआ कि खोड़ साहब प्राचार्य हो गए, मैं अधर में लटक गया. यथास्थिति के चलते मैं भीनमाल जाकर भी जॉइन नहीं कर सकता था. अब, खोड़ साहब के मन में यह धुकधुकी कि जब मैं उदयपुर से लौटकर आऊंगा तब जाने क्या दंगा करूंगा? ख़ैर. मैं आया और दस बजे कॉलेज गया. खोड़ साहब कुर्सी पर बैठे हुए. मैंने उन्हें बधाई दी. वे तो धूम धड़ाके के लिए तैयार थे, जो हुआ नहीं. चाय आई. हमने चाय पी. न वे कुछ बोलें, न मैं. आखिर उन्होंने ही मौन तोड़ा. मुझसे पूछा “प्राचार्य कौन रहेगा?” मैंने जवाब दिया, “आप”. उन्होंने फिर पूछा, “इस चेम्बर में कौन बैठेगा?” मैंने कहा – “आप”. उनका अगला सवाल था, “आप कहां बैठेंगे?” मैंने उस कुर्सी की तरफ इशारा करते हुए, जिस पर उस वक़्त मैं बैठा था, जवाब दिया- “यहां, या फिर स्टाफ रूम में जाकर बैठ जाऊंगा.” अब तो उनके पास पूछने को कुछ बचा ही नहीं था. तो मैंने ही कहा, “देखिये, मैं दस बजे कॉलेज आऊंगा, दस्तख़त करूंगा. जब तक मन होगा, यहां रुकूंगा. फिर घर चला जाऊंगा. मेरा फ़ोन नम्बर आपके पास है ही. कोई ख़ास बात हो तो मुझे सूचित कर सकते हैं.”

और इस तरह जो छह माह बीते वे मेरी नौकरी के सबसे ज़्यादा तनाव रहित छह माह थे. और उन्हीं छह महीनों को याद कर रहा था मैं अरविंद की बात सुनते हुए. इस दौरान मैंने खूब किताबें पढ़ीं, खूब फिल्में देखीं और खूब भ्रमण किया. कॉलेज से निकल कर घर जाता तो रास्ते में एक वीडियो लाइब्रेरी थी वहां से दो तीन सीडी किराये पर लेता और घर जाकर उनका आनंद लेता. हर रविवार सुबह नाश्ता करके हम दोनों घर से निकल जाते. पूरे छह माह हमारा यह क्रम रहा कि एक सप्ताह अम्बाजी जाना है तो दूसरे सप्ताह माउण्ट आबू. हमारे पास स्कूटर था. उसी पर ये यात्राएं कीं. उसी दौरान कॉलेज में एक बड़ी हड़ताल हुई. प्राचार्य मुर्दाबाद के नारों के बीच मैं विद्यार्थियों के भीड़ में से निकल कर कॉलेज जाता और बेहद तनावग्रस्त प्राचार्य के सामने एकदम निष्फिक्र भाव से कुछ देर बैठकर फिर उसी मस्त चाल से घर लौट आता. यह सुखद गत्यवरोध कोई छह माह चला.