Showing posts with label रेस्तरां. Show all posts
Showing posts with label रेस्तरां. Show all posts

Tuesday, December 18, 2018

पुणे वालों ने समझ लिया है कि जल है तो कल है


हमें जो सहजता से सुलभ होता रहता है हम उसकी महत्ता से अनजान रहते हैं. हम शायद कभी यह सोचते भी नहीं हैं कि अगर कल को इस सुलभता पर कोई संकट आ गया तो हमारा हश्र क्या होगा. इससे और ज़्यादा ख़तरनाक बत यह है कि अपनी आश्वस्तियों के चलते हम ख़तरों की आहटों, बल्कि चेतावनियों तक को अनसुना करते जाते हैं. अब यही बात देखिये ना कि भारत के नीति आयोग द्वारा ज़ारी की गई कम्पोज़िट वॉटर  मैनेजमेण्ट  इंडेक्स में दो टूक शब्दों में कहा गया है कि भारत तेज़ी से भयंकर जल संकट की तरफ़ बढ़ रहा है. इस रिपोर्ट के अनुसार सन 2030 के आते-आते आधा भारत पेयजल के लिए तरसने लगेगा. इससे भी ज़्यादा चिंताजनक बात यह है कि सन 2020 तक भारत के इक्कीस बड़े शहरों में, जिनमें दिल्ली, मुम्बई, हैदराबाद और चेन्नई जैसे महानगर भी शामिल हैं, भूजल ख़त्म हो चुका होगा. और वैसे हालात तो अभी भी कोई ख़ास अच्छे  नहीं हैं. हर बरस कोई दो लाख लोग सुरक्षित पेय जल के अभाव में दम तोड़ देते हैं. लेकिन हम हैं कि इन सारी बातों की अनदेखी कर बड़ी निर्ममता से पानी को बर्बाद करते रहते हैं. हमें जैसे कल की कोई फिक्र नहीं है.

लेकिन इसी दुखी करने वाले परिदृश्य  के बीच महाराष्ट्र के पुणे शहर से जो खबर आई  है वह अंधेरे में प्रकाश की किरण की मानिंद आह्लदित  कर देने वाली है. ख़बर यह है कि पुणे के बहुत सारे रेस्तराओं ने अपने ग्राहकों को पानी के आधे भरे हुए गिलास देना शुरु कर दिया है, और वह भी मांगने पर. हां, ज़रूरत होने पर ग्राहक और पानी मांग सकता है और वह उसे दिया भी जाता है. न केवल इतना, ग्राहक गिलासों में जो पानी छोड़ देते हैं उसे भी रिसाइकल करके पौधों को सींचने या सफाई के काम में इस्तेमाल कर लिया जाता है. पुणे के रेस्टोरेण्ट एण्ड होटलियर्स असोसिएशन के अध्यक्ष गणेश शेट्टी बताते हैं कि अकेले उनके कलिंगा नामक रेस्तरां में हर रोज़ करीब आठ सौ ग्राहक आते हैं और उन्हें आधा गिलास पानी देकर वे रोज़ आठ सौ लिटर पानी बचाते हैं. पुणे के ही एक अन्य रेस्तरां के मालिक ने अपने यहां लम्बे गिलासों की बजाय छोटे गिलास रखकर पानी बचाने के  अभियान में सहयोग दिया है. बहुत सारे होटल वालों ने अपने शौचालयों को इस तरह से बनवाया है कि उनमें पानी की खपत पहले से कम होती है. अनेक प्रतिष्ठानों ने वॉटर  हार्वेस्टिंग प्लाण्ट लगवा लिये हैं और अपने कर्मचारियों को कम पानी इस्तेमाल करने के लिए प्रशिक्षित कराया है. गणेश शेट्टी की इस बात  को सबने अपना मूल  मंत्र बना लिया है कि पानी की एक एक बूंद कीमती है और अगर हमें अपने भविष्य को बचाना है तो अभी से सक्रिय होना होगा.

मुम्बई के पास स्थित पुणे के निवासियों ने कोई दो बरस पहले पहली दफा जल संकट की आहटें सुनी थी. तब फरवरी और मार्च के महीनों में वहां जल आपूर्ति आधी कर दी गई थी, और एक दिन छोड़कर पानी सप्लाई किया जाता था. तभी सरकार की तरफ से जल के उपयोग-दुरुपयोग के बारे में कड़े निर्देश ज़ारी कर दिये गए थे और लोगों को सलाह दी गई थी कि वे अपनी अतिरिक्त जल  ज़रूरतों के लिए बोरवेल भी खुदवाएं. इन दो महीनों के लिए शहर में तमाम निर्माण कार्यों पर रोक लगा दी गई थी, और कार गैरेज वालों को कहा गया था कि वे केवल जल रहित यानि सूखी सर्विसिंग करें. होटलों के स्विमिंग पूल बंद कर दिये गए, वहां होने वाले लोकप्रिय रेन वॉटर आयोजनों को प्रतिबंधित कर दिया गया और यहां तक हुआ कि होली पर भी पानी का इस्तेमाल नहीं किया गया. इस तरह पानी के हर दुरुपयोग को रोकने की कोशिश की गई और जिसने भी निषेधों का उल्लंघन किया उसे भारी जुर्माना भरना पड़ा. फिर अक्टोबर से स्थायी रूप से पानी की दस प्रतिशत कटौती लागू कर दी गई.  हालांकि पिछले बरस पुणे में ठीक ठाक बारिश  हुई थी फिर भी कुछ तो मौसम में आए बदलाव, कुछ बढ़ते शहरीकरण और कुछ पानी बर्बाद करने की हमारी ग़लत आदतों की वजह से अब फिर वहां जल संकट के गहराने की आहटें सुनाई देने लगी हैं. लग रहा है कि हालात पहले  से भी बदतर हो गए हैं, इसलिए पानी बचाने के लिए और अधिक सक्रियता ज़रूरी हो गई है. इसी क्रम में वहां के होटलों और रेस्तराओं ने यह सराहनीय क़दम उठाया है. वैसे, पुणे देश का एकमात्र ऐसा शहर नहीं है जहां जल संकट इतना सघन हुआ है. पिछले बरस शिमला से भी ऐसी ही ख़बरें आई थीं, और इन समाचारों ने भी सबका ध्यान खींचा था कि उद्यान नगरी बेंगलुरु  में भी पानी की कमी हो रही है. ऐसे में पुणे के होटल व रेस्तरां व्यवसाइयों की इस पहल का न केवल स्वागत, बल्कि अनुकरण भी किया जाना चाहिए.

●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 18 दिसम्बर, 2018 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Wednesday, April 19, 2017

भले लोगों से खाली नहीं है हमारी दुनिया!

दुनिया के बहुत सारे देशों में, जिनमें हमारा भारत भी एक  है सेवाओं की सराहना स्वरूप टिप देना आम बात है. इधर अपने देश में तो कई रेस्तराओं ने बिल में ही बाकायदा सर्विस चार्ज के नाम पर टिप वसूल करना  शुरु कर दिया है. यह जानना रोचक होगा कि दुनिया के कुछ देश ऐसे भी हैं जिनमें टिप देने का प्रचलन नहीं है, और जापान में तो अगर आप किसी को टिप दें तो वह अपमानित महसूस करेगा. अमरीका में हाल में खुले एक जापानी रेस्तरां ने तो बाकायदा अपने बिलों पर यह छपवा रखा है कि हमारे स्टाफ को उनकी सेवाओं के बदले पर्याप्त वेतन दिया जाता है, इसलिए आपकी ओर से दी जाने वाली कृतज्ञता राशि स्वीकार नहीं की जाएगी.

लेकिन इसी टिप ने हाल में एक यादगार प्रसंग भी रच डाला. आज उसी की चर्चा. अपनी पढ़ाई ज़ारी रखने के इरादे से कैलिफोर्निया से हवाई आई इक्कीस वर्षीया कायला ने सपने में भी यह नहीं सोचा होगा. सोचा था कि यहां रहकर स्कूली पढ़ाई ज़ारी रखना आसान होगा, लेकिन महंगी शिक्षा और और जीवन निर्वहन के बहुत ज़्यादा खर्चे ने उसके सपनों को तार-तार कर दिया. घर किस मुंह से लौटती?  हवाई में रहकर ही एक चीज़केक फैक्ट्री में नौकरी और एक रेस्तरां में वेटर का काम करने लगी ताकि कुछ पैसा जुट जाए और वो पढ़ाई पूरी करने के अपने सपने की तरफ फिर से लौट सके. और तभी यह अकल्पनीय बात हुई! एक दिन उसके रेस्तरां में तीन ऑस्ट्रेलियाई मेहमान आए. दस बरस की एक लड़की और उसके साथ एक स्त्री-पुरुष जिन्होंने बताया कि वे ‘आजन्म  मित्र’  हैं. अनायास कायला और उनके बीच बातचीत होने लगी. उन्होंने कायला के बारे में जानना चाहा तो उसने अपनी रामकहानी सुना  दी. ज़ाहिर है कि पढ़ाई पूरी करने के उसके अधूरे रह गए सपने का भी ज़िक्र हुआ. कायला ने सोचा कि मेहमानों ने सामान्य शिष्टाचार का निर्वहन करते हुए उससे सारी बातचीत की है. शायद हुआ भी यही था. लेकिन मात्र यही नहीं. कुछ और भी. मेहमानों के जाने के बाद बारी कायला के चौंक जाने की थी. उसने पाया कि वे लोग दो सौ डॉलर के बिल का भुगतान करने के साथ उसके लिए बिल की राशि से दुगुनी राशि की टिप भी छोड़ गए हैं. कायला ने बाद में एक समाचार चैनल को बताया कि उसके पास अपने भावों को व्यक्त करने के लिए समुचित शब्द नहीं थे, लेकिन वो चाहती थी कि उन लोगों को बांहों में भर ले.

संयोग यह हुआ कि बातचीत के दौरान उन लोगों ने यह भी बता दिया था कि वे किस होटल में रुके हुए हैं. कायला को यह ज़रूरी लगा कि वो एक बार प्रयास करके देखे और अगर वे उदार मेहमान उसे मिल जाएं तो उनके प्रति कृतज्ञता ज़रूर व्यक्त कर  दे. वो तुरंत एक थैंक यू कार्ड और पुष्पगुच्छ लेकर उस होटल जा पहुंची. यह जानकर कि  वे लोग अभी भी वहीं हैं, उसने रिसेप्शन पर ये दोनों चीज़ें उनके लिए छोड़ीं और लौट आई. उसने अपना फर्ज़ अदा कर दिया था. बात यही ख़त्म हो जानी चाहिए थी. लेकिन हुई नहीं. असल करिश्मा तो इसके बाद हुआ. अगले दिन वे तीनों फिर उसी रेस्तरां में आए और उन्होंने कायला से कहा कि वे उसे दस हज़ार डॉलर देना चाहते हैं ताकि वो अपनी पढ़ाई ज़ारी रख सके.

ऐसा होगा, यह तो उसने सपने में भी नहीं सोचा था. क्या बोलती वह? कुछ देर बाद उसने कहा कि वह उन अजनबियों से इतनी बड़ी राशि कैसे ले सकती है? और इसके जवाब में उन्होंने इसरार किया कि उनकी खुशी के वास्ते उसे यह सहायता स्वीकार कर लेनी चाहिए. उन्होंने यह भी आग्रह किया कि कायला उनकी पहचान उजागर न करे, वे अनाम ही रहना चाहते  हैं. कायला विवश होगई उनके आग्रह के आगे, उसने उनकी दी सहायता स्वीकार कर ली, लेकिन उसके मन में यह भाव फिर भी मौज़ूद था कि वो उनके इस एहसान का बदला कैसे चुकाएगी? और इसके जवाब में उन लोगों ने जो कहा वह अदभुत है. उन्होंने कहा कि अगर वो अपना सपना ठीक से साकार कर लेगी, इसके बाद और बड़ा सपना देखने लगेगी और एक बेहतर इंसान बन जाएगी तो उनका एहसान पूरी तरह चुक जाएगा. वह उऋण हो जाएगी.

कायला का कहना है कि उन लोगों ने वाकई उसके जीवन को बदल दिया है. सिर्फ उसकी आर्थिक स्थिति को ही नहीं, बल्कि चीज़ों को देखने का उसका नज़रिया भी उन्होंने बदल दिया है. कायला ने उचित ही यह उम्मीद भी ज़ाहिर की है कि उनकी उदारता का यह वृत्तांत सब को यह बात याद दिलाता रहेगा कि दुनिया अभी भी भले लोगों से खाली नहीं हुई है. उसका यह भी कहना है कि आप निष्ठा से अपना काम करते रहें, उसका फल ज़रूर मिलेगा.


●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 18 अप्रैल, 2017 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Tuesday, May 3, 2016

‘बुनियादी’ उर्फ़ आओ लौट चलें आदिम युग की ओर

अगले महीने से सेण्ट्रल लंदन में किसी  अज्ञात स्थान  पर एक नया रेस्तरां खुलने जा रहा है. रेस्तरां बहुत बड़ा नहीं है. मात्र बयालीस लोग उसमें बैठ सकेंगे. लेकिन उत्सुकता का आलम  यह है कि ये पंक्तियां लिखे जाने तक तीस हज़ार लोग उसकी प्रतीक्षा सूची में अपने नाम लिखवा चुके हैं. और यह तब है जबकि यह पहले से बता दिया गया है कि वह रेस्तरां मात्र तीन महीनों के लिए खोला जा रहा है यानि कुल मिलाकर चार हज़ार से भी कम लोग उसमें भोजन करने का अवसर पा सकेंगे.

इस रेस्तरां को संचालित करने वाली  कम्पनी लॉलीपॉप के संस्थापक सेब लायल का कहना है कि वे चाहते हैं कि लोगों को बग़ैर किसी मिलावट के एक शाम का लुत्फ़ लेने का मौका दिया जाना चाहिए. एक ऐसी शाम जहां वर्तमान औद्योगिक सभ्यता का  कोई ताम-झाम मौज़ूद न हों. यानि खाने में न कोई रसायन हों, न कृत्रिम रंग, और न उसे गैस वगैरह  पर पकाया जाए;  न  बिजली की चौंधियाने वाली रोशनी हो, न आपकी निजता में घुसपैठ करती मोबाइल की घण्टियां, और ..... और सबसे ख़ास बात, अगर आप  चाहें तो वस्त्र भी न हों! इस ‘वस्त्र एच्छिक’ (क्लोद्स  ऑप्शनल)  रेस्तरां के दो खण्ड होंगे, एक वस्त्रों वाला और दूसरा ‘प्योर’. इस प्योर सेक्शन में जाकर भोजन करने के लिए आपको पूरी तरह निर्वस्त्र होना होगा. रेस्तरां में कपड़े उतारने के लिए निर्धारित स्थान होगा,  गाउन उपलब्ध कराए जाएंगे और आपके कपड़ों को सुरक्षित रखने के लिए लॉकर्स की सुविधा भी होगी.  यह तो कहना अनावश्यक ही है कि इस रेस्तरां में फोटोग्राफी पूरी तरह वर्जित होगी. सेब लायल के अनुसार इस रेस्तरां को खोलने  के पीछे असल विचार यह है लोग सच्ची आज़ादी का अनुभव कर सकें.

योजना यह है कि जैसे ही आप रेस्तरां में पहुंचेंगे, आपको एक चेंजिंग रूम तक ले जाया जाएगा और फिर एक गाउन देकर कहा जाएगा कि आप अपने पहने हुए वस्त्रादि एवम अन्य सामान लॉकर में सुरक्षित रख दें. इसके बाद आपको यह विकल्प होगा कि जो न्यूनतम वस्त्र आपने अपने शरीर पर बचा रखे हैं,  खाने की टेबल पर जाने से पहले  उनका भी परित्याग कर दें. हर अतिथि की टेबल और दूसरे अतिथि की टेबल के बीच बांस और खपच्चियों  का बना झीना-सा  पर्दा होगा जिससे आपकी निजता बनी रहे. मोमत्तियों का उजाला केवल इतना होगा कि आपको अन्य लोगों की छाया-आकृति ही  नज़र आ सकेगी. अपने वस्त्रों का आपने भले ही परित्याग कर दिया हो, काफी बड़े आकार के नैपकिन्स  आपको सुलभ कराए जाएंगे ताकि गरमागरम खाने से आपका बचाव हो सके. और इसी तरह, संक्रमण से बचाव को ध्यान में रखते हुए यह इंतज़ाम  भी रहेगा  कि भोजन करने वालों की देह और कुर्सियों का सीधा सम्पर्क न हो.

और हां, वहां वेटर्स वगैरह भी न्यूनतम वस्त्रों में ही होंगे. अलबत्ता स्वच्छता का लिहाज़ करते हुए खाना बनाने वालों को कपड़े पहने रहने की अनुमति होगी.  इस रेस्तरां का नाम, हम हिन्दी भाषी  लोग  लोग चाहें  तो इस बात पर अतिरिक्त खुशी हासिल कर सकते हैं, ‘बुनियादी’  होगा. बुनियादी यानि आधारभूत यानि प्राकृतिक. और इसलिए यहां जो भोजन परोसा जाएगा वो भी इसी तरह का होगा. वेगन खाद्य के अलावा यहां ग्रिल्ड मीट होगा जिसे लकड़ी की आंच पर (न कि बिजली या गैस पर) पकाया जाएगा और परोसा भी उसे हाथ से बने मिट्टी के बर्तनों में ही जाएगा. खाना-खाने के लिए आपको जो चम्मच-छुरी-कांटे वगैरह  दिये जाएंगे वो खाद्य सामग्री के ही बने हुए होंगे यानि आप उन्हें भी खा सकेंगे.  रसोईघर में प्लास्टिक  और धातु  के पदार्थ पूरी तरह वर्जित रहेंगे. रेस्तरां का फर्नीचर केवल लकड़ी से बना  होगा और निहायत  प्राकृतिक नज़र आएगा. सेब लायल का कहना है कि उनका विचार यह नहीं है कि आप निर्वस्त्र होकर भोजन करें, बल्कि असल विचार तो यह है कि यह पूरा अनुभव आपको आधारभूत अनुभव की प्रतीति कराए, यानि आपको लगे कि आप उस आदिम काल खण्ड में लौट गए हैं जहां केवल निहायत ज़रूरी साजो-सामान हुआ करता था. 

और जहां तक निर्वस्त्र होकर भोजन करने की बात है, सेब लायल मानते हैं कि दरअसल उनका यह रेस्तरां-प्रयोग नग्नता के बारे में समाज के वर्तमान  सोच को चुनौती देने के लिए है. वर्तमान समाज कपड़े उतारने को विद्रोह का पर्याय मान बैठा है, जबकि मनुष्य अकसर निर्वस्त्र होता ही रहता है. जब आप बिस्तर पर जाते हैं तब भी निर्वस्त्र होते हैं और जब किसी समुद्र तट  पर जाते हैं या सोना बाथ लेते हैं तब भी अपने कपड़े उतारते हैं.  यानि यह कोई अस्वाभाविक और चौंकाने वाली बात है ही नहीं.  

अब देखना है कि साठ ब्रिटिश पाउण्ड मूल्य वाले  इस अनूठे फाइव कोर्स भोजन का लोग कितना आनंद लेते हैं!   

▪▪▪
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 03 मई, 2016 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.