Showing posts with label ईरान. Show all posts
Showing posts with label ईरान. Show all posts

Tuesday, August 2, 2016

ईरानी महिलाओं ने हिजाब को बदला परचम में

हमारा समय बड़ा दिलचस्प है. बहुत सारे आन्दोलन सोशल मीडिया के मंचों पर ही चला लिए जाते हैं. इन दिनों एक रोचक मुहिम चल रही है जिसे चुनौती स्वीकार का नाम दिया गया है. चुनौती यह है कि फ़ेसबुक पर अपना डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) श्वेत श्याम लगाएं! जहां सारी दुनिया रंगों की तरफ़ बढ़ रही हो और अपने देश में भी रंगों की ऐसी हवा चल रही हो कि पुरानी  क्लासिक श्वेत श्याम फिल्मों को रंगीन बनाया जा रहा हो वहां धार के विपरीत बहने की इस कोशिश को चैलेंज  कहा गया है.  कुछ समय पहले एक और मुहिम सोशल मीडिया के मैदान  में चलाई गई थी. उस मुहिम के तहत बहुत सारे लोगों ने अपनी डिस्प्ले पिक्चर्स को सतरंगी बना दिया था. लेकिन यहीं यह याद दिला देना भी उचित होगा कि उस मुहिम का एक ज़ाहिर मक़सद था. मक़सद था एलजीबीटी समुदाय के प्रति अपनी एकजुटता का प्रदर्शन करना. यह बात अलहदा है कि अपनी तस्वीर को सतरंगी बनाने  वालों में से बहुतों को इस समुदाय के बारे में कोई  जानकारी नहीं थी, इसको समर्थन  देना तो बहुत दूर की बात है.

लेकिन ऐसा नहीं है कि सामाजिक मीडिया के मंचों पर होने वाली सारी मुहिमें तस्वीरों से रंग चुरा लेने जैसी ही होती हैं. इधर ईरान में सामाजिक मीडिया के मंचों पर बहुत ज़ोर-शोर से एक  मुहिम चल रही है.  वह इस तरह की बहुत सारी मुहिमों से अलहदा है. वहां चल रही इस मुहिम के तहत पुरुष अपना सर ढककर ली गई तस्वीरों को सामाजिक मीडिया पर साझा कर रहे हैं. इसी मुहिम के विस्तार के रूप में वहां की स्त्रियां बिना हिजाब के यानि सर ढके बिना ली गई तस्वीरें सामाजिक मीडिया पर साझा  कर रही हैं. कुछ महिलाएं मुण्डवाए हुए सरों की छवियां भी पोस्ट कर रही हैं.  असल में यह ईरान के स्त्री विरोधी कानूनों के खिलाफ़ चलाया जा रहा एक प्रतिरोधी अभियान है. 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद से ईरान में एक कानून के तहत महिलाओं को अपना पूरा सर ढकना होता है. अगर उनके केश भी दिखाई दे जाएं तो इसे अवांछित हरक़त माना जाता है. सरकार के खर्चे से लगाए गए बड़े-बड़े होर्डिंग्स में यह कहा जाता है कि जो महिलाएं अपना सर नहीं ढकती हैं या जिनके केश दिखाई देते हैं वे बिगड़ैल और ग़ैर इज़्ज़तदार हैं.  वहां इस क़ानून का सख़्ती से पालन कराने के लिए ‘गश्ते इरशाद’ नामक संगठन के हज़ारों पुलिसवाले नियमित रूप से  सड़कों पर गश्त करते हैं. इस क़ानून का उल्लंघन करने पर जुर्माने  के साथ जेल भी हो सकती है. मई में ईरान की पुलिस ने बिना हिजाब पहने इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया वेबसाइटों पर तस्वीर पोस्ट करने पर आठ महिलाओं को हिरासत में ले लिया था. वहां की सरकार इस कानून  को लेकर इतनी गम्भीर है कि उसकी मंशा को समझ कर एयर फ़्रांस ने हाल ही में अपनी महिलाकर्मियों से कहा था कि ईरान की राजधानी तेहरान जानी वाली फ़्लाइटों के दौरान वे हिजाब पहनें. लेकिन एयर फ्रांस की इस सलाह ने ही इस प्रतिरोधी अभियान  को भी प्रेरित कर डाला.

प्रतिरोध स्वरूप न्यूयॉर्क में रह रहीं ईरान की जानी-मानी पत्रकार और सामाजिक कार्यकर्ता मसीह अलीनेजाद ने अपने लोकप्रिय फ़ेसबुक पृष्ठ ‘माई स्टेल्थी फ़्रीडम’ (मेरी गुप्त आज़ादी) के माध्यम से यह अभियान शुरु किया. मसीह अलीनेजाद के इस पृष्ठ  से दस लाख से भी  ज़्यादा लोग जुड़े हुए हैं. इस पृष्ठ एक पोस्ट किए गए एक वीडियो पर आई फ़ातेनाह अंसारी की एक टिप्पणी में इस मुहिम की महत्ता को इस तरह प्रकट किया गया है:  “महिलाओं को हिजाब लगाने के लिए मज़बूर किए जाने के छत्तीस बरस बाद आखिरकार पुरुष भी महिलाओं के समर्थन में आने लगे हैं.” एक अन्य व्यक्ति ने इस मुहिम को इन शब्दों में और अधिक स्पष्ट किया है: “मैं चाहता हूं कि मेरी पत्नी एक ऐसे ईरान में रह सके जहां सिर्फ़ वो तै करे कि उसे क्या पहनना है. ईरान में पड़ने वाली भीषण गर्मी के बावज़ूद महिलाओं के लिए ऐसे कपड़े पहन पाना बहुत मुश्क़िल है.”  ख़ुद मसीह अलीनेजा ने बड़े तल्ख़ शब्दों में कहा है कि “हमारे समाज में किसी स्त्री के अस्तित्व और उसकी पहचान की कसौटी  पुरुष का नज़रिया  है और बहुत सारे मामलों में किसी धार्मिक सत्ता या सरकारी अफसर के उपदेश ही पुरुष के स्त्री पर स्वामित्व के भ्रामक  सोच को निर्धारित कर डालते  हैं. इसलिए मैंने सोचा  कि क्यों न स्त्री अधिकारों का समर्थन करने के लिए पुरुषों को आमंत्रित किया जाए.”
यह माना जाता है कि इस्लाम स्त्री और पुरुषों की समानता का पक्षधर है, लेकिन ईरानी कट्टरपंथियों द्वारा सिर्फ आधी आबादी की स्वाधीनता पर लगाए प्रतिबंध के विरुद्ध यह अभियान हमें मजाज़ की इन पंक्तियों की याद दिलाता है: तेरे माथे पे ये आंचल बहुत ही खूब है लेकिन/ तू इस आँचल से एक परचम बना लेती तो अच्छा था।           


•••
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अन्तर्गत मंगलवार, 02 अगस्त, 2016 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Monday, March 23, 2009

अपना देश छोड़ने की पीड़ा


कैलिफोर्निया में बस चुके ईरानी आप्रवासी मां-बाप की संतान, लम्बे समय तक ‘टाइम’ पत्रिका की मध्यपूर्व सम्वाददाता और लिप्स्टिक जिहाद नामक चर्चित पुस्तक की लेखिका आज़ादेह मोआवेनी की नई संस्मरणात्मक किताब हनीमून इन तेहरान: टू ईयर्स ऑफ लव एण्ड डेंजर इन ईरान अपने पाठकों को एक बन्द समाज के भीतर झांकने का विरल अवसर प्रदान करती हैं. वे ‘टाइम’ पत्रिका के लिए महमूद अहमदीनेजाद के चुनाव की खबरें देने के लिए ईरान आती हैं और यहां आकर एक युवक के प्रेम में पड़कर ईरान के लिहाज़ से बहुत अपारम्परिक, बल्कि दुस्साहसिक ज़िन्दगी जीती हैं. वे वहां अपने बॉय फ्रैण्ड के साथ न केवल रहती हैं, विवाह पूर्व गर्भवती भी हो जाती हैं. ईरान में इस ‘ज़ुर्म’ की सज़ा मौत थी. वे लिखती हैं, “अगर हम न्यूयॉर्क, बर्लिन या ऐसी ही किसी और जगह रह रहे होते तो यह बात खास चिंता का विषय नहीं होती. लेकिन ईरान के इस्लामी गणतंत्र में यह मुमकिन नहीं है कि कोई शादी किए बगैर गर्भ धारण कर ले. किसी व्यक्ति के लिए ऐसी सामाजिक श्रेणी का यहां कोई अस्तित्व ही नहीं है.” आज़ादेह अपने गर्भ को छिपाते हुए मुस्लिम शैली से विवाह करने के लिए रिश्वत का सहारा लेती है. फिर भी यह भय तो बना ही रहता है कि अगर इस्लामी अधिकारियों को उसकी गर्भावस्था का पता चल गया तो खैर नहीं है. लेकिन, आज़ादेह बताती हैं कि रुढिग्रस्त ईरान में हर तरह की आज़ादी सुलभ थी, बशर्ते आप रिश्वत देने को तैयार हों.

किताब में आज़ादेह की प्रेम कथा के समानांतर एक और कथा चलती है. यह कथा एक मिस्टर एक्स की है जिन्हें उन पर जासूसी करने के लिए तैनात किया गया है. आज़ादेह लिखती हैं, “कुछ समय तो लगा जैसे यह शख्स एक नियंत्रक पति की भूमिका अदा कर रहा है.” कोई सात बरस तक लेखिका और मिस्टर एक्स लुका-छिपी का खेल खेलते रहते हैं. मिस्टर एक्स सब कुछ जानना चाहते हैं, लेखिका किससे मिल रही है, किसको इण्टरव्यू कर रही है, उसके दोस्त कौन- कौन हैं, वगैरह. और लेखिका यह जानने को व्यग्र हैं कि आखिर उसकी मंशा क्या है. और इस तरह उसके सामने उसकी मातृभूमि का नया चेहरा उभरता है. ऐसी मातृभूमि, जहां वाद्य वादन तक के लिए परमिट लेना पड़ता है और जहां शादी के स्वागत समारोह तक प्रतिबन्धित हैं.

बहुत सारे प्रसंग इस किताब को रोचक और मार्मिक बनाते हैं. ऐसा ही एक प्रसंग है जब वे एक विश्वविद्यालय में एक महत्वपूर्ण इण्टरव्यू के लिए जाती हैं लेकिन उन्हें दरवाज़े से ही महज़ इसलिए लौटा दिया जाता है कि उनके लबादे पर पर्याप्त बटन नहीं हैं. वे लिखती हैं, “इण्टरव्यू से वंचित किए जाने पर क्रोध और अपने अपमान की वजह से आंखों से आंसू फूट पड़े. मैंने बमुश्किल खुद को गार्ड लोगों के सामने हताश दिखाई देने से रोका और भाग कर अपनी टैक्सी में घुस गई. फिर खुल कर रोई.”. ईरान में औरतों की स्थिति पर टिप्पणी करती हुई वे बताती हैं कि उन्हें कभी भी यह कहा जा सकता है कि उन्होंने खुद को पर्याप्त रूप से ढक नहीं रखा है, या कभी भी किसी ऐसी वेब साइट को बन्द कर दिया जाता है जो स्त्री विषयक मुद्दों को उठाती है. इसी चक्कर में सरकार समाचार और राजनीति से सम्बद्ध हज़ारों वेब साइट्स को भी बन्द कर चुकी है. लेकिन इस सबके बीच भी ईरानी लोग उन नियमों-कानूनों को तोड़ने के अपने तरीके निकालते रहते हैं जिन्हें वे नापसन्द करते हैं. जैसे, बाहर की दुनिया से जुड़ने के लिए वे सेटेलाइट डिश का उपयोग कर लेते हैं. कभी युवा लोग हिम्मत करके प्रतिबन्ध तोड़ते हैं तो कभी अधिकारीगण अवहेलनाओं की अनदेखी करते हैं.

आज़ादेह के लेखन की सबसे बड़ी खासियत यह है कि गहरे मानसिक संताप से गुज़रने के बवज़ूद बेहद संतुलित बनी रहती हैं और निर्मम तटस्थता के साथ चीज़ों को देखती-दिखाती हैं. उनकी निजी ज़िन्दगी के ये प्रसंग अंतत: हमें ईरान में विद्यमान स्थितियों की झलक दिखाते हैं और यह महसूस कराते हैं कि इंसान आज़ादी की कमी से कितना त्रस्त रहता है. मिस्टर एक्स उनसे कहते हैं कि जाओ दुनिया को कह दो कि हम जनतांत्रिक हैं, लेकिन आज़ादेह के अनुभव उन्हें इस बात को स्वीकार नहीं करने देते. उन्हें तो ईरान एक दमनकारी, बन्द देश ही लगता है और वे अंतत: अपने पति और बेटे के साथ देश छोड़कर लन्दन जा बसती हैं. देश छोड़ने का दर्द उनके एक-एक शब्द से रिसता है.

Discussed book:
Honeymoon in Tehran: Two Years of LOVE and DANGER in IRAN
By Azadeh Moaveni
Random House,
Hardcover, Pages 352
US $ 26

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में प्रकाशित मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 22 मार्च, 2009 को प्रकाशित.







Hindi Blogs. Com - <span title=हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा" src="http://www.filmyblogs.com/hindiblogs.jpg">

Sunday, January 11, 2009

निजी भी राजनीतिक भी

तेहरान के एक पूर्व मेयर और शाह के शासन काल में ईरानी संसद की पहली महिला सांसद निज़हत नफीसी की बेटी अज़र नफीसी की संस्मरणात्मक किताब थिंग्ज़ आई हैव बीन साइलेण्ट अबाउट प्रकाशित होते ही चर्चा में आ गई है. इन्हीं अज़र नफीसी की 2003 में आई पिछली किताब रीडिंग लोलिता इन तेहरान की पन्द्रह लाख प्रतियां बिकी थीं और उसे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर समकालीन क्लासिक माना गया था. अपनी इस नई किताब में अज़र ने बदलते हुए ईरान में तनाशाह मां के साथ बड़े होने का मर्मस्पर्शी वर्णन किया है.

किताब का स्वर साहित्य की विमुक्तकारी भूमिका की प्रशस्ति का है. प्रारम्भिक पन्नों से यह आस जगने लगती है कि लेखिका अपने जीवन के बारे में कुछ सनसनीखेज रहस्योद्घाटन करेगी, लेकिन जैसे-जैसे आगे पढते हैं, हम पाते हैं कि उनकी रुचि सनसनी पैदा करने में नहीं बल्कि अपनी डिफिकल्ट मां के साथ अपने विक्षोभपूर्ण रिश्तों के बयान और उनके विश्लेषण में है. ईरान की सब कुछ को गोपन रखने की संस्कृति का अतिक्रमण करते हुए वे यह कहते हुए सब कुछ खोलती हैं कि “मां के बारे में अब सब कुछ लिखकर और अपनी चुप्पी तोड़कर मैं प्रतिरोध का एक और प्रयास कर रही हूं.” लेखिका यह कहना भी नहीं भूलतीं कि “जिन सच्चाइयों को हम जानते हैं, अब उनके बारे में चुप नहीं रहा जा सकता”.

तानाशाह मां के प्रति अपनी नाखुशी का इज़हार करते हुए अज़र नफीसी निजी इतिहास को राजनीतिक इतिहास के साथ गूंथती चलती है, और यही बात इस किताब को महत्वपूर्ण बनाती है. असल में मां के प्रति उनका क्रुद्ध और उग्र प्रतिरोध उस इस्लामी सर्व सत्तात्मक निज़ाम के प्रति भी प्रतिरोध है जो 1979 में ईरान में स्थापित हुआ था. वे लिखती हैं, “यह समझने से बहुत पहले ही कि एक निर्मम राजनीतिक सत्ता किस तरह अपने नागरिकों पर सवार होती है और उनकी पहचान और निजता छीनती है, मैंने अपने परिवार के भीतर अपने निजी जीवन में यह महसूस कर लिया था.” वे कहती हैं, “इस्लामी क्रांति के बाद मैं तो मज़ाक में यह कहा करती थी कि हमने तो अपनी मां के साथ रहते हुए खुद को पहले ही ऐसे समय के लिए तैयार कर लिया था.”

अज़र नफीसी को बहुत पहले ही यह भनक पड़ गई थी कि एक दम्पती के रूप में उनके मां-बाप सुखी नहीं हैं. मां और बाप दोनों ही अपने जीवन के बारे में गढी हुई बातें बच्चों को बताते रहे. अज़र नफीसी की मां बुद्धिमती किंतु जटिल व्यक्तित्व वाली थी. महत्व भरी और रोमाण्टिक ज़िन्दगी के उनके अपने सपने पूरे नहीं हो पाये तो उन्होंने अपने, अपने परिवार और अपने विगत के बारे में अनेक खुशनुमा वृत्तांत गढ लिए. अज़र इन वृत्तांतों की हक़ीक़त जानती थी. उधर पिता ने एक दूसरी तरह की किस्सगोई में पलायन कर राहत पाने की चेष्टा की. वे अपने बच्चों को शाहनामा जैसे क्लासिक की कथाएं सुन-सुना कर सुकून पाने लगे. पिता का साहित्यिक रुझान बेटी को विरासत में मिला. अज़र की पूरी सहानुभूति अपने पिता के साथ और खुली नाराज़गी अपनी मां के प्रति किताब के हर शब्द से टपकती है.

साठ के दशक में जब उनके पिता को राजनीतिक कारणों से पांच साल जेल में रहना पड़ा तब किशोरी अज़र को मां के दबाव में अनचाही शादी के लिए तैयार होना पड़ा. ओक्लाहोमा यूनिवर्सिटी में पढते हुए उन्होंने इस पति को तलाक दिया और ईरानी छात्र आंदोलन में कूद पड़ीं. वे कहती हैं, “सत्तर के दशक में विदेश में रह रहे किसी भी ईरानी के लिए सरकार विरोधी होना लाजमी था, लेकिन देश के भीतर स्थितियां भिन्न थीं.” 1979 में, क्रांति के बाद वे अपने नए पति के साथ ईरान लौटीं, लेकिन देश का नया शासन भी बेहतर नहीं था. अज़र और उनके दोस्तों को परेशान किया गया और जेल भी भेजा गया. जब वे तेहरान विश्वविद्यालय में पढ़ा रहीं थी तब उन्हें बुर्क़ा न पहनने के ज़ुर्म में नौकरी से हटाया गया. यह अलग बात है कि इसके बावज़ूद उन्होंने निजी अध्ययन समूह बनाकर वैकल्पिक तरीकों से अध्यापन ज़ारी रखा. अंतत: 1997 में उन्होंने देश छोड़ दिया.

अज़र के लिए लेखन प्रतिरोध का एक सशक्त माध्यम है. प्रतिरोध, चाहे दमनकारी शासन के प्रति हो या दमनकारी मां के प्रति.


Discussed book:
Things I’ve Been Silent About
By Azer Nafisi
Published by Random House Publishing Group
368 pages, Hardcover
US $ 27.00

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 11 जनवरी, 2009 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा