Showing posts with label डिजिटल युग. Show all posts
Showing posts with label डिजिटल युग. Show all posts

Tuesday, October 18, 2016

एक सार्थक पहल ताकि ज़िन्दगी में बना रहे मक़सद

कोई बहुत गम्भीर नाटक चल रहा है. मुख्य अभिनेता पूरे मनोयोग से अपनी लम्बा भावपूर्ण संवाद अदा कर रहा है, तभी हॉल  में किसी दर्शक का मोबाइल घनघनाता है. अन्य दर्शकों के आनंद में तो ख़लल  पड़ता ही है,  वह अभिनेता भी विचलित हो जाता है. अपने बिखरे सूत्रों को सहेजने में उसे कुछ क्षण लगते हैं. जाने-माने गायक-अभिनेता शेखर सेन की लगभग हर  प्रस्तुति में ऐसा हुआ है. वे लगभग दो घण्टे की  एक पात्रीय प्रस्तुति  देते हैं और कभी तुलसी, कभी सूर, कभी कबीर और कभी स्वामी विवेकानंद का पूरा जीवन सजीव कर देते हैं. हालांकि  वे अपने कार्यक्रम की प्रस्तुति से पहले भी दर्शकों से अपने मोबाइल स्विच ऑफ करने का अनुरोध कर देते हैं, लेकिन दर्शक तो अपनी मर्ज़ी के मालिक ठहरे. वे भला ऐसे अनुरोधों को क्यों सुनें! किसी भी संवेदनशील कलाकार के लिए  यह मंज़र बहुत कष्टप्रद होता है कि वह अपनी प्रस्तुति दे रहा है और सामने बैठा  या बैठे दर्शक उस प्रस्तुति को मनोयोग से देखने की बजाय या तो उसे अपने कैमरे में कैद करने में लगे हैं या कोई संदेश टेक्स्ट कर रहे हैं या फेसबुक/व्हाट्सएप में घुसे हुए हैं. यानि वे वहां होकर भी वहां नहीं हैं. 

लेकिन कलाकारों का यह त्रास अब बहुत जल्दी अतीत हो जाने वाला है. अमरीका के ऑरेगॉन राज्य के पोर्टलेण्ड  शहर में जन्मे उनत्तीस वर्षीय डुगोनी ने एक ऐसा उपकरण बना डाला है जो कलाकारों के लिए बहुत बड़ी  राहत का कारण बनने जा रहा है. डुगोनी द्वारा निर्मित यह उपकरण असल में एक मोबाइल रखने का एक पाउच है. जैसे ही आप किसी कंसर्ट-नाटक  आदि में जाते हैं प्रवेश द्वार पर आपसे आपका मोबाइल लेकर इस पाउच में रख दिया जाता है और पाउच को सील करके आपको सौंप दिया जाता है. पाउच इस तरह से बनाया गया है कि अगर आपका कोई कॉल आता है तो अपको पता चल जाता है और अगर आप चाहें तो सभा कक्षा से बाहर जाकर, पाउच खुलवा कर उसे सुन सकते हैं. जब सभा  समाप्त होती है तो दरवाज़े पर उपस्थित कर्मचारी पाउच में से आपका फोन निकाल कर आपको सौंप देते हैं. इस सुविधा का नाम है यॉण्डर. और यह तेज़ी से लोकप्रिय होती जा रही है. डुगोनी इस सेवा के लिए प्रति व्यक्ति प्रतिदिन दो डॉलर शुल्क लेते हैं. अभी उन्होंने  इस तरह के पाउच बेचना शुरु नहीं किया है, लेकिन निकट भविष्य में वे ऐसा भी कर सकते हैं.

डुगोनी की इस सेवा का उपयोग करने वाले जाने-माने कॉमेडियन डेव चैपल का कहना है कि इस सुविधा के आ जाने के बाद से उन्हें अपनी प्रस्तुतियों में नया ही आनंद मिलने लगा है. लेकिन जहां कलाकार इस सुविधा से प्रसन्न हैं वहीं दर्शक इससे नाखुश भी हैं. उनमें से अनेक का कहना है कि अगर आप अपने प्रोग्राम  को रिकॉर्ड  नहीं करने देते हैं तो फिर मज़ा ही क्या है! इस तरह की प्रतिक्रिया देने वाले दर्शकों में ऐसे भी अनेक उत्साही दर्शक हैं जिनका दावा है कि पिछले बीस बरसों में वे  जितने भी कंसर्ट्स  में गए हैं, उन सबको उन्होंने रिकॉर्ड भी किया है. ज़ाहिर है कि लोग कंसर्ट्स को रिकॉर्ड कर अपने सोशल मीडिया के पन्नों पर पोस्ट भी करते हैं. इतना ही नहीं, कम प्रसिद्ध बैण्ड्स तो इस बात से  खुश भी होते हैं कि उनके उत्साही दर्शकों की वजह से उन्हें मुफ्त में प्रचार भी मिल रहा है. 

लेकिन इस सुविधा का निर्माण करने के पीछे डुगोनी का सोच यह भी रहा है कि लोगों का इस तरह से अपने मोबाइल फोनों में डूबे रहना उनके सामाजिक सम्बन्धों पर प्रतिकूल असर डाल रहा है. इसके अलावा उन्हें यह  भी लगा कि बहुत सारे लोग अपने मोबाइल फोनों के कैमरों  का इस्तेमाल दूसरों की निजता में अवांछित घुसपैठ करने के लिए भी करते हैं. इए प्रसंग साझा करते हुए वे बताते हैं कि किसी पार्टी में एक युवक धुत्त हो गया, और दो अन्य युवकों ने बिना उसकी जानकारी और अनुमति के उसकी हरकतों को न केवल कैमरे में कैद कर लिया, उस रिकॉर्डिंग को यू ट्यूब पर पोस्ट भी कर दिया. 

लेकिन जहां डुगोनी का यह सोच सकारात्मक है और कलाकार उसकी इस पहल का खुले मन से स्वागत कर रहे हैं, बहुत सारे दर्शक हैं जो इसके खिलाफ़ है. कुछ्के दर्शकों ने तो गेट पर अपना मोबाइल सौंपने की बजाय टिकिट के पैसे तक वापस  लौटाने की मांग कर डाली, और एक महाशय तो इतने क्रुद्ध हुए कि उन्होंने पाउच को ही चबा डाला. लेकिन डुगोनी अभी भी आश्वस्त और आशान्वित हैं. वे अपने इस काम को एक सामाजिक आन्दोलन की तरह देखते हैं और कहते हैं कि इससे लोग डिजिटल युग में कुछ इस तरह जी सकेंगे कि उनकी ज़िन्दगी बेमक़सद न हो जाए! 
▪▪▪
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 18 अक्टोबर, 2016 को प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Thursday, May 29, 2008

कैसा है डिजिटल युग का युवा

संस्कृति और अमरीकी जीवन के गहन अध्येता और एमॉरी विश्वविद्यालय में अंग्रेज़ी के प्रोफेसर मार्क बॉयेर्लाइन की नई किताब ‘द डम्बेस्ट जनरेशन: हाउ द डिजिटल एज स्टुपिफाइज़ यंग अमरीकन्स एण्ड जिओपार्डाइजेज़ अवर फ्यूचर’ अमरीका की तीस साल तक की उम्र वाली वर्तमान पीढी के बौद्धिक खालीपन को जिस शिद्दत के साथ उजागर करती है वह हमें भी बहुत कुछ सोचने को विवश करता है. मार्क बेबाकी से कहते हैं कि सायबर कल्चर अमरीका को कुछ भी नहीं जानने वालों के देश में तब्दील करती जा रही है. वे चिंतित होकर पूछते हैं कि अगर किसी देश की नई पीढी का समझदार होना अवरुद्ध हो जाए तो क्या वह देश अपनी राजनीतिक और आर्थिक श्रेष्ठता कायम रख सकता है?

वैसे तो पॉप कल्चर और युवा पीढी पर उसके प्रभावों को लेकर काफी समय से बहस हो रही है. वर्तमान डिजिटल युग जब शुरू हुआ तो बहुतों ने यह आस बांधी थी कि इण्टरनेट, ई मेल, ब्लॉग्ज़, इण्टरएक्टिव वीडियो गेम्स वगैरह के कारण एक नई, अधिक जागरूक, ज़्यादा तीक्ष्ण बुद्धि वाली और बौद्धिक रूप से परिष्कृत पीढी तैयार होगी. इंफर्मेशन सुपर हाइवे और नॉलेज इकोनॉमी जैसे नए शब्द हमारी ज़िन्दगी में आए और उम्मीद की जाने लगी कि नई तकनीक के इस्तेमाल में दक्ष युवा अपने से पिछली पीढी से बेहतर होंगे. लेकिन, दुर्भाग्य, कि यह आस आस ही रही. जिस तकनीक से यह उम्मीद थी कि उसके कारण युवा अधिक समझदार, विविध रुचि वाले और बेहतर सम्प्रेषण कौशल सम्पन्न होंगे, उसका असर उलटा हुआ. ताज़ा रिपोर्ट्स बताती हैं कि अमरीका की नई पीढी के ज़्यादातर लोग न तो साहित्य पढते हैं, न म्यूज़ियम्स जाते हैं और न वोट देते हैं. वे साधारण वैज्ञानिक अवधारणाएं भी नहीं समझ-समझा सकते हैं. उन्हें न तो अमरीकी इतिहास की जानकारी है और न वे अपने स्थानीय नेताओं को जानते हैं. उन्हें यह भी नहीं पता कि दुनिया के नक्शे में ईराक या इज़राइल कहां है.
इन्हीं सारे कारणों से मार्क बॉयेर्लाइन ने उन युवाओं को, जो अभी हाई स्कूल में हैं, द डम्बेस्ट जनरेशन का नाम दिया है. बॉयेर्लाइन ने जो तथ्य दिए हैं वे बहुत अच्छी तरह यह स्थापित करते हैं कि आज का युवा डिजिटल मीडिया के माध्यम से और ज़्यादा आत्मकेन्द्रित होता जा रहा है. वह नई तकनीक का इस्तेमाल किताब पढने या पूरा वाक्य लिखने जैसी गतिविधियों से अलग जाकर सतही, अहंकारवादी और भटकाने वाली ऑन लाइन दुनिया में रत रहने में कर रहा है. बॉयेर्लाइन यू ट्यूब और माय स्पेस का नाम लेते हैं और कहते हैं कि इन और इन जैसे दूसरे वेब अड्डों पर युवाओं ने अपनी मनचाही जीवन शैली विषयक सामग्री की भरमार कर रखी है और वे इस संकुचित परिधि से बाहर नहीं निकलते हैं. मार्क इस मिथ को भी तोडते हैं कि इण्टरनेट में बढती दिलचस्पी ने युवाओं के बुद्धू बक्सा-मोह को कम किया है. वे आंकडों के माध्यम से स्थापित करते हैं कि युवाओं ने इण्टरनेट को दिया जाने वाला समय मुद्रित शब्द से छीना है और उनका टी वी प्रेम तो ज्यों का त्यों है. मार्क बताते हैं कि 1981 से 2003 तक आते-आते पन्द्रह से सत्रह साल वाले किशोरों का फुर्सती पढने का वक़्त अठारह मिनिट से घटकर सात मिनिट रह गया है.

इससे आगे बढकर मार्क यह भी कहते हैं कि 12 वीं कक्षा के छियालीस प्रतिशत विद्यार्थी विज्ञान में बेसिक स्तर को भी नहीं छू पाते हैं, एडवांस्ड स्तर तक तो महज़ दो प्रतिशत ही पहुंचते हैं. यही हाल उनकी राजनीतिक समझ का भी है. हाई स्कूल के महज़ छब्बीस प्रतिशत बच्चे नागरिक शास्त्र में सामान्य स्तर के हैं. नेशनल असेसमेण्ट ऑफ एज्यूकेशनल प्रोग्रेस की इसी रिपोर्ट के अनुसार बारहवीं कक्षा के बच्चों में 1992 से 2005 के बीच पढने की आदत में भी भारी कमी आई है. इस कक्षा के केवल चौबीस प्रतिशत बच्चे ही ठीक-ठाक वर्तनी और व्याकरण वाला काम-चलाऊ गद्य लिख सकने में समर्थ हैं. यही हाल उनकी मौखिक अभिव्यक्ति का भी है.

मार्क का निष्कर्ष है कि आज की सांस्कृतिक और तकनीकी ताकतें ज्ञान और चिंतन के नए आयाम विकसित करने की बजाय सार्वजनिक अज्ञान का एक ऐसा माहौल रच रही है जो अमरीकी प्रजातंत्र के लिए घातक है. मार्क जो बात अमरीका के लिए कह रहे हैं, विचारणीय है कि कहीं वही बात भारत के युवा पर भी लागू तो नहीं हो रही? खतरे की घण्टी के स्वरों को हमें भी अनसुना नहीं करना चाहिए.
◙◙◙

Discussed book:
The Dumbest Generation: How the Digital Age Stupefies Young Americans and Jeopardizes Our Future
By Mark Bauerlein
Published By: Tarcher
273 pages, Hardcover
US $ 24.95

राजस्थान पत्रिका के नगर परिशिष्ट जस्ट जयपुर में मेरे साप्ताहिक कॉलम वर्ल्ड ऑफ बुक्स के अंतर्गत 29 मई 2008 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा