Showing posts with label मानवाधिकार हनन. Show all posts
Showing posts with label मानवाधिकार हनन. Show all posts

Tuesday, December 13, 2016

मानवाधिकारों के मलबे पर स्वास्थ्य का नाच!

सुदूर तुर्कमेनिस्तान में वहां के राष्ट्रपति महोदय ने पूरे-दमखम के साथ अपने देश को स्वस्थ बनाने का एक अभियान छेड़  रखा है. सारी सरकार  फिटनेस का प्रचार करने और देश को धूम्रपान मुक्त बनाने के प्रयासों में जुटी है. विश्व स्वास्थ्य संगठन तक ने सरकार के इस प्रयास को सराहा है और देश में धूम्रपान घटाने के प्रयासों की सराहना स्वरूप एक प्रमाण पत्र भी प्रदान किया है. विश्व स्वास्थ्य संगठन के अध्यक्ष के पास खड़े मुस्कुराते हुए राष्ट्रपति महोदय की एक तस्वीर जिसमें उन्होंने उक्त प्रमाण पत्र और एक मेडल हाथ में ले रखा है, पूरे देश में हर कहीं देखी जा सकती है. लगता है जैसे राष्ट्रपति  महोदय अपने अदृश्य विरोधियों से कह रहे हैं कि देख लो, अब तो अंतर्राष्ट्रीय संस्था ने भी  हमारे प्रयासों को मान्यता दे दी है!

तो क्या राष्ट्रपति महोदय को इस नेक काम के लिए भी अपने विरोधियों की आलोचनाओं का शिकार होना पड़ रहा है? जिन्हें तुर्कमेनिस्तान के बारे में तनिक भी जानकारी है वे इस बात से भली-भांति परिचित होंगे कि इस देश की गणना दुनिया के सबसे अधिक दमनात्मक देशों में होती है और वहां के वर्तमान राष्ट्रपति गुरबानगुली बेर्दीमुहम्मदोव का मानवाधिकार विषयक रिकॉर्ड यह है कि उनके शासन काल में यह देश इस लिहाज़ से दुनिया के निकृष्टतम  देशों में शुमार किया जाने लगा है. लेकिन राष्ट्रपति महोदय नहीं चाहते कि कोई उनके देश में हो रहे मानवाधिकारों  के हनन पर बात तक करे. वे इस मुद्दे पर भी कोई चर्चा करना पसंद नहीं करते कि क्यों उनके आलोचक जेलों से अचानक ‘गायब’ हो जाते हैं. तो ऐसे राष्ट्रपति महोदय ने अपने देश को स्वस्थ बनाने का यह अभियान चला रखा है और देशवासियों को उनका स्पष्ट संदेश है कि या तो वे उनके अभियान को खुशी-खुशी स्वीकार कर लें और या फिर अपने मुंह बंद रखें. भय उनकी शासन शैली का सबसे मुख्य तत्व है. एक विदेशी पत्रकार ने लिखा है कि उसने तुर्कमेनिस्तान की राजधानी की खूब चौड़ी लेकिन सुनसान सड़कों  का दौरा किया और पाया कि खूबसूरत फव्वारों से सजी संगमरमर की खूबसूरत इमारतों वाले  उस शहर की सारी सड़कें सुनसान पड़ी थीं. लेकिन इसके बावज़ूद उसे लगा कि उसकी हर गतिविधि पर नज़र रखी जा रही थी. जैसे ही उसने तस्वीरें लेने के वास्ते अपना कैमरा निकाला, जाने  कहां से वाकी-टॉकी थामे एक अधिकारी प्रकट हुआ और उसने स्थानीय भाषा में उस पर अपनी नाराज़गी का इज़हार किया और वहां से नौ दो ग्यारह हो जाने को कहा.  पत्रकार कहता है कि उसका लहज़ा ऐसा था कि मेरे पास उसके आदेश का पालन करने के सिवा और कोई चारा ही नहीं था.

ऐसे राष्ट्रपति महोदय ने वहां ‘हेल्थ एण्ड हैप्पीनेस’ का यह जो अभियान चला रखा है उसकी सराहना और समर्थन की ही आवाज़ें और छवियां सामने आती हैं. ज़ाहिर है कि इससे भिन्न की न किसी को इजाज़त है और न किसी की हिम्मत. हाल में वहां स्वास्थ्य माह मनाया गया जिसमें सरकारी कर्मचारी सार्वजनिक जगहों पर प्रात:कालीन व्यायाम करते प्रदर्शित किये गए, सरकारी टेलीविज़न पर मज़दूरों, बाबुओं, अफसरों और संसद और मंत्रालय के कर्मचारियों को ‘उत्साहपूर्वक’ इस अभियान में भागीदारी करते बार-बार दिखाया गया.  यह जानने की कोशिश करना बेमानी होगा कि क्या यह सब वे स्वेच्छा से कर रहे थे?  सरकारी टीवी पर खुद राष्ट्रपति महोदय को  स्वास्थ्य प्रचार रैलियों में साइकिल चलाते और जिम में कसरत करते दिखाया जाता है और आम  लोग राष्ट्रपति जी की मंशा की सराहना करते नहीं थकते हैं. टीवी पर विदेशी सिगरेटों की होली जलाने के दृश्य भी खूब दिखाये जाते हैं.

तुर्कमेनिस्तान के अतीत से परिचित लोग इन राष्ट्रपति महोदय का एक प्रसंग अकसर दबी ज़ुबान से सुनाते हैं. राष्ट्रपति जी घुड़दौड़ के शौकीन ही नहीं हैं, यदा-कदा वे खुद इसमें हिस्सा भी लेते हैं. कई बरस पहले ऐसी ही एक घुड़दौड़ में जब वे हिस्सा ले रहे थे तो घोड़ा गिर पड़ा और उस पर सवार महामहिम भी धरती पर गिर पड़े. सारा मंज़र कैमरों में कैद हो रहा था. अचानक एक सुरक्षा अधिकारी खड़ा हुआ और चिल्लाकर बोला, कैमरे बंद कर दें. इसके बाद वहां मौज़ूद सभी छायाकारों के कैमरों को खंगाला गया, और इस रिकॉर्डिंग  को मिटाने के बाद ही उन्हें वहां से जाने दिया गया. इसके बाद टीवी पर मात्र यह दिखाया गया कि महामहिम ने एक रेस में भाग लिया था. इन दिनों तुर्कमेनिस्तान में इस प्रसंग का ज़िक्र इस टिप्पणी के साथ किया जाता है कि जैसे इस खबर में से एक अप्रिय प्रसंग को काट कर इसे दिखाया गया उसी तरह आजकल वहां के कुरूप यथार्थ की छवियों को मिटाकर इस स्वास्थ्य अभियान को प्रचारित किया जा रहा है. 
 ▪▪▪  
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 13 दिसम्बर, 2016 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Thursday, November 5, 2009

व्यथा-कथा आधे आकाश की


पुलित्ज़र पुरस्कार जीतने वाले पहले विवाहित दम्पती निकोलस डी क्रिस्टोफ और शेरिल वुडन ने अफ़्रीका और एशिया की सघन यात्राओं के बाद लिखी इस किताब में बताया है कि कैसे एक छोटी-सी सहायता भी पद दलित, पीड़ित बच्चियों और स्त्रियों की ज़िंदगी में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है. इस दंपती को पत्रकारिता की दुनिया का यह बड़ा पुरस्कार न्यूयॉर्क टाइम्स के संवाददाता के रूप में इनकी चीन की कवरेज के लिए मिला था. बाद में क्रिस्टोफ को एक और पुलित्ज़र उनके कॉलम्स के लिए भी मिला.

इनकी सद्य प्रकाशित किताब हाफ़ द स्काई: टर्निंग ओप्परेसन इंटु अपोर्चुनिटी फॉर वुमन वर्ल्डवाइड विकाशशील देशों में लड़कियों और औरतों के दमन के रूप में विद्यमान हमारे समय के सबसे ज़्यादा मारक मानवाधिकार हनन के बारे में है. विवाह के बाद यह जोड़ी चीन चली गई थी और वहां जाने के सात महीने बाद ही इन्होंने खुद को थियानमेन स्क्वेयर नर संहार का साक्षी पाया. इससे अगले बरस इन्हें एक शोधपरक अध्ययन की मार्फत और भी बड़े मानवाधिकार हनन का पता चला. चीन में जहां चार से आठ सौ लोगों ने ही अपनी जान गंवाई थी, इस अध्ययन से इन्हें पता चला कि अकेले चीन में ही हर साल कम से कम 39,000 कन्याएं इसलिए काल का ग्रास बन जाती हैं कि उन्हें वह चिकित्सा सुविधा नहीं मिलती है जो लड़कों को मिलती है. एक चीनी पर्रिवार नियोजन अधिकारी ने इन्हें बताया, “अगर कोई लड़का बीमार पड़ता है तो उसके मां-बाप उसे तुरंत अस्पताल ले जाते हैं, लेकिन अगर कोई लड़की बीमार पड़ती है तो मां-बाप सोचते हैं कि देख लेते हैं अगले दिन इसकी तबियत कैसी रहती है.”

दुर्भाग्य की बात यह कि इन बेचारी चीनी लड़कियों को संचार माध्यमों में कोई उल्लेख तक नसीब नहीं होता. इस दंपती को तभी महसूस हुआ कि पत्रकारिता की दुनिया की प्राथमिकताएं कितनी विकृत हैं! और इसी बात से शुरू हुई उनकी खोज यात्रा. लेखक दंपती बहुत व्यथा के साथ कहते हैं कि अगर चीन में कोई महत्वपूर्ण विरोधी नेता गिरफ्तार भी कर लिया जाता है तो हम तुरंत एक फ्रण्ट पेज आर्टिकल लिख मारते हैं, लेकिन जब एक लाख लड़कियां अपहरण कर चकलों तक पहुंचा दी जाती हैं तो हमें लगता ही नहीं कि यह भी कोई खबर है. ऐसा शायद इसलिए भी होता है कि हम पत्रकारों का ध्यान किसी एक दिन की घटना पर तो चला जाता है लेकिन रोज़ घटने वाली घटनाएं हमें विचलित नहीं करती हैं. और ऐसा पत्रकारों के साथ ही नहीं होता. सरकारों का भी यही हाल है. अमरीका जो विदेशी सहायता देता है, उसका बमुश्क़िल 1 प्रतिशत स्त्रियों और लड़कियों के लिए होता है.

इन्हें महसूस हुआ कि कि कमोबेश दूसरे देशों में, ख़ास तौर पर दक्षिण एशियाई और मुस्लिम देशों में, भी हालात ऐसे ही हैं. इन्होंने पाया कि भारत में हर दो घण्टे में एक स्त्री कम दहेज लाने के ‘अपराध’ में या इस आस में कि उसके बाद दूसरी बहू लाई जा सकेगी, जला दी जाती है. पिछले नौ बरसों में इस्लामाबाद और रावलपिंडी में कम से कम पांच हज़ार लड़कियां और औरतें तथाकथित अवज्ञा के ज़ुर्म में केरोसिन या तेजाब से जला दी गईं.

इस किताब का महत्व इस बात में है कि यह हमें हताश-निराश-उदास नहीं छोड़ती. किताब में ऐसी अनेक स्त्रियों के वृत्तांत हैं जो तमाम अंधेरों के बीच उजाले की किरण की मानिंद चमकते हैं. अब इस पाकिस्तानी युवती को ही लीजिए जो एक ऊंची जाति के मर्द के बलात्कार की शिकार हुई. गांव में रिवाज़ तो यह था कि ऐसी युवतियां घर जाकर जान दे दिया करती थीं. लेकिन इसने न्याय की गुहार लगाई, इसकी आवाज़ तत्कालीन राष्ट्रपति मुशर्रफ तक पहुंची और उन्होंने इसे मुआवज़े के रूप में 8300 डॉलर भिजवाये. इस लड़की ने इस राशि से एक स्कूल खोल लिया. इसी तरह की कहानी है इथियोपिया की एक लड़की की जो अपने पहले प्रसव के दौरान फिस्चुला से ग्रस्त हो जाती है. वह एक अस्पताल में जाकर जैसे-तैसे अपना इलाज करवाती है, और वहीं शल्य चिकित्सक की सहायिका बन जाती है, और खुद फिस्चुला का ऑपरेशन करना सीख लेती है. इसमें वह इतनी निपुण हो जाती है कि अब प्रख्यात शल्य चिकित्सक भी उससे इस काम की बारीकियां सीखने आते हैं. या उस कंबोडियाई लड़की को लीजिए जो जैसे-तैसे एक वेश्यागृह से भाग निकली और फिर एक सहायता समूह की मदद से शुरू किए गए छोटे-से व्यापार का विस्तार कर अब अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही है. या फिर ज़िम्बाब्वे की पांच बच्चों की वह मां जो किसी की प्रेरणा से स्कूल गई और अब न केवल पी-एच डी कर चुकी है, एड्स की विशेषज्ञा के रूप में भी सुपरिचित है.

लेखक दंपती की दिलचस्पी सरकारों और संस्थानों के बड़े कामों को उजागर करने की बजाय व्यक्तियों के कामों पर ध्यान केन्द्रित करने में अधिक रही है. इनको उन्होंने सामाजिक उद्यमी की संज्ञा दी है. संस्थानों को तो इन्होंने आड़े हाथों ही लिया है. अमरीकी फेमिनिस्टों की इन्होंने यह कहकर आलोचना की है कि उनकी दिलचस्पी विकासशील देशों की स्त्रियों की दशा सुधारने की बजाय टाइटल नाइन जैसे स्पोर्ट्स कार्यक्रमों के आयोजन में रहती है. बड़े समूहों पर उनकी यह टिप्पणी भी गौर तलब है कि एक तरफ तो रूढ़िवादी ईसाई हैं जो गर्भ निरोध को रोकने में जी-जान से जुटे हैं तो दूसरी तरफ सेक्युलर अभिजन हैं जो इसके प्रचार में जी-जान से जुटे हैं.

लेखक द्वय का स्पष्ट मत है कि स्त्रियों की क्षमता को मुक्त करके ही आर्थिक विकास की राह पर बढ़ा जा सकता है. अपनी बात की पुष्टि में वे चीन का उदाहरण देते हैं कि किस तरह उसने अपने देश की स्त्रियों को बंधन मुक्त किया, और उन्हें देश की मुख्य अर्थ-धारा में लाकर खुद को समृद्ध किया. किताब पाठक को उत्साहित करके ही खत्म नहीं हो जाती, यह हमारे उत्साह को एक दिशा भी देने की चेष्टा करती है. यह छोटे अस्पतालों, स्कूलों और सहायता संस्थानों की एक सूची भी देती है जहां हम अपना योगदान कर सकते हैं या जहां ज़रूरतमंदों को भेज सकते हैं.

Discussed book:
Half the Sky: Turning Oppression into Opportunity for Women Worldwide
By Nicholas D. Kristof & Sheryl WuDunn
Published by Knopf.
Hardcover, 294 pages
US $ 27.95

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 01 नवंबर, 2009 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा