Showing posts with label जीवन. Show all posts
Showing posts with label जीवन. Show all posts

Tuesday, July 17, 2018

ताकि बन सके मौत का आना भी एक उत्सव!


जीवन और मृत्यु शाश्वत हैं, यह बात हर कोई जानता है लेकिन इसके बावज़ूद इनमें से एक, यानि मृत्यु का खयाल ही हर किसी को विचलित कर देता है. मिर्ज़ा ग़ालिब ने क्या खूब कहा है कि मौत का एक दिन मुअय्यन (निश्चित) है/ नींद क्यों रात भर नहीं आती.  गोपालदास नीरज ने इसी बात को इस तरह कहा है: न जन्म कुछ न मृत्यु कुछ बस इतनी सी ही बात है/  किसी की आंख खुल गई किसी को नींद आ गई. लेकिन शायर और कवि चाहे जो कहें,  मृत्यु का नाम ही इतना डरावना होता है कि उसे सुनते ही हर कोई हिल जाता है. हम अपने चारों तरफ़ देखते हैं कि चलाचली की वेला में हर सम्भव प्रयास किए जाते हैं कि मृत्यु को स्थगित किया जा सके. अपनी सामर्थ्य के अनुसार  पानी की तरह पैसा बहाया जाता है, डॉक्टरों वैद्यों की चिरौरी की जाती है और अगर उस तरह की आस्था हो तो तमाम देवी देवताओं के यहां गुहार लगाई जाती है. लेकिन ग़ालिब मिथ्या  फिर भी साबित नहीं हो पाते हैं!

सारी दुनिया में स्वास्थ्य की स्थितियां सुधरती जा रही हैं, चिकित्सा सुविधाएं बेहतर होती जा रही हैं और इनके फलस्वरूप अधिक उम्र वाले लोगों की तादाद भी बढ़ती जा रही है. लेकिन जब उन्हें यमराज का बुलावा आता है तो उनके परिजन, जो स्वभावत: उनकी तुलना में युवा होते हैं, उन्हें अस्पताल ले जाते हैं और विभिन्न किस्म के जीवन रक्षक उपकरणों की सहायता से उनके जीवन के विराम  चिह्न को आगे धकेलने का हर सम्भव प्रयास करते हैं. ऐसे में बहुत बार परिवार के वृद्धजन को अपने जीवन के आखिरी दिनों का बहुत सारा हिस्सा अस्पताल के बिस्तर पर कई तरह के जीवन रक्षक उपकरणों के तारों और नलियों से घिरे हुए व्यतीत करना पड़ता है और बहुत बार वहीं से वे जीवन को अलविदा भी कह देते हैं. मृत्यु को लेकर करीब-करीब सारी दुनिया में एक ऐसी संवाद हीनता व्याप्त है कि कभी कोई अस्पताल के बेड  पर लेटे उस वृद्ध या वृद्धा से तो पूछता ही नहीं है कि आखिर वो ख़ुद क्या चाहता है!

ऐसे में ऑस्ट्रेलिया के क्वींसलैण्ड मेडिकल असोसिएशन का एक प्रस्ताव नई रोशनी लेकर आया है. असोसिएशन ने एक डेथ लैसन यानि मृत्यु के पाठ का प्रस्ताव किया है. यह पाठ किसी अतिरिक्त अथवा नए विषय के रूप में नहीं पढ़ाया जाएगा, अपितु इसकी विषय वस्तु को वर्तमान विषयों जैसे जीव विज्ञान, औषध विज्ञान और नीति शास्त्र जैसे विषयों  में ही  शामिल कर लिया जाएगा. इस विषय की ज़रूरत के बारे में बताते हुए असोसिएशन  से सम्बद्ध डॉ रिचर्ड रिड ने बताया है कि उनका उद्देश्य यह है कि युवा अपने मां-बाप और दादा-दादी से उनके जीवन के अंत को  लेकर सहजता से बात कर सकें और यह जान सकें कि वे अपना अंतिम समय किस तरह बिताना चाहते हैं. अब तक सारी दुनिया में लोग मौत के विषय पर बात करने से कतराते हैं. अगर युवाओं को इसके लिए मानसिक तौर पर तैयार कर दिया जाए तो वे इस बारे में बेहतर निर्णय कर सकेंगे कि उनके निकटस्थ परिजनों का आखिरी समय किस तरह व्यतीत हो. असल में, डॉ रिड कहते हैं कि युवा यह जानते ही नहीं है कि वे अपने निकटस्थ लोगों का आखिरी समय और ज़्यादा सुखद बना सकते हैं. अभी स्थिति यह है कि ऑस्ट्रेलिया में मात्र पंद्रह प्रतिशत लोग ही अपने घर में अपने परिवार जन के बीच रहकर आखिरी सांस  ले पाते हैं, शेष  पिच्चासी  प्रतिशत को यह छोटी-सी खुशी भी नसीब नहीं होती है और वे अस्पताल के बेगाने माहौल में ही दम तोड़ने को मज़बूर होते हैं. बहुत छोटी-सी तैयारी से उन्हें यह सुख प्रदान किया जा सकता है. डेथ लैसन इसी दिशा में उठाया गया एक क़दम है.

डॉ रिड  का सोच यह है कि स्कूली पाठ्यक्रम में बच्चों को ज़रूरी कानूनों और उनके नैतिक कर्तव्यों के बारे में तो पढ़ाया ही जाए, इच्छा मृत्यु के बारे में भी बताया जाए ताकि वे अपने परिजनों से संवाद कर यह जान सकें कि वे किस तरह का और किस हद तक इलाज़ चाहते हैं और अपने अंतिम समय के बारे में उनकी परिकल्पना क्या है. यह सब जानने के बाद परिवार के लोग जाने को तैयार बैठे अपने साथी के बारे में अधिक विवेकपूर्ण और मानवीय निर्णय कर सकेंगे, ऐसा निर्णय जो न केवल प्रियजन की इच्छा के अनुकूल हो, कानून सम्मत भी हो. डॉ रिड का खयाल है कि अगर उनका प्रस्ताव स्वीकार कर लिया जाता है तो इससे एक बेहतर शुरुआत होगी और मेक्सिको तथा आयरलैण्ड की भांति ऑस्ट्रेलिया में भी मृत्यु अवसाद की बजाय उत्सव का विषय बन सकेगी. उल्लेखनीय है कि इन देशों में बाकायदा मृत्यु का उत्सव मनाया जाता है.

●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 17 जुलाई, 2018 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Thursday, June 26, 2008

एक और दिन ऐसा

‘ट्यूज़डेज़ विद मॉरी’ और ‘फाइव पीपुल यू मीट इन हेवन’ जैसी बेस्टसेलर किताबों के लेखक मिच एल्बॉम का पेपरबैक संस्करण में हाल ही में आया उपन्यास फोर वन मोर डे उन आंतरिक संघर्षों को उजागर करता है जिनसे हममें से हरेक को कभी न कभी जूझना पडता है. मानवीय सम्बन्धों में, चाहे वे परिवारजन के हों, मित्रों के हों या अजनबियों के, कभी-न-कभी मन में यह बात आती ही है कि क्या हम इनका निर्वाह और ज़्यादा बेहतर तरीके से नहीं कर सकते थे? और जो बीत चुका है उसके सन्दर्भ में यह सवाल भी उठता है कि अब क्या किया जा सकता है!

‘फोर वन मोर डे’ उपन्यास का आधार यह विचार है कि अगर आपको जीवन का एक और दिन एक ऐसे व्यक्ति के साथ बिताने को मिले जो अब आपकी ज़िन्दगी में नहीं है, तो वह व्यक्ति कौन होगा! उपन्यास के केन्द्रीय चरित्र चार्ल्स ‘चिक’ बेनेटो के लिए तो यह व्यक्ति उसकी मां है. उपन्यास के प्रारम्भ में हम पाते हैं कि एक अवसाद भरी रात में चार्ल्स, अधेड उम्र का शराबी, आत्म हत्या करने के कगार पर है. उसका काम काज और परिवार सब टूट-बिखर चुके हैं. धीरे-धीरे हम इस चार्ल्स के जीवन से परिचित होते हैं. बचपन में उसके पिता कहा करते थे कि या तो तुम मामा’ज़ बॉय हो सकते हो या पापा’ज़ बॉय; दोनों एक साथ नहीं हो सकते. चार्ल्स ने पिता का लाडला होना चुना. न केवल चुना, अपनी युवावस्था पिता को खुश करने में झोंक भी डाली. पिता ने चाहा कि वह बेसबॉल खेले, तो उसने खेला. यहां तक कि जब चार्ल्स 11 साल का था, तब उसके पिता हालांकि उसे छोड गये, फिर भी उसने बेसबॉल चैम्पियन बनने के उनके सपने से नाता नहीं तोडा. आखिर वह एक छोटी टीम का सदस्य बना और धीरे-धीरे तरक्की करता चला.

इस सबके साथ उसकी मां पोसी ने बमुश्किल उसे पाला पोसा, बहिन रॉबर्टा ने भी उसके लिए अनेक त्याग किए. चार्ल्स उम्र भर अपने पिता को ही खुश करने में लगा रहा, मां की उपेक्षा करके भी. एक हादसे में उसकी टांग चोटग्रस्त होती है तो बेसबॉल का बडा खिलाडी बनने का उसका (असल में तो उसके पिता का) ख्वाब चकनाचूर हो जाता है. तब चार्ल्स को महसूस होता है कि पिता से उसका रिश्ता तो इस खिलाडी वाले कैरियर की नींव पर टिका था. उसके जेह्न से पिता धीरे-धीरे धूमिल होने लगते हैं और वह अपना ग़म ग़लत करने के लिए शराब का सहारा लेता है. इसी दौरान उसकी नौकरी भी छूट जाती है. वह यह भी पाता है कि उसके आर्थिक संकटों से उबरने में उसके पिता उसकी तनिक भी मदद नहीं करते. तब उसे एहसास होता है कि उसने अपनी मां की तो घोर उपेक्षा की थी. लेकिन तब तक मां को मरे को आठ साल बीत चुके हैं. उसे एक और गहरा आघात इस बात का लगता है कि खुद उसकी बेटी उसे न तो अपनी शादी के बारे में बताती है और न उसमें उसे बुलाती है. इन सबसे व्यथित होकर वह आत्महत्या का इरादा बनाता है. यही है इस उपन्यास का प्रस्थान बिन्दु!

लेकिन, आत्महत्या से पहले वह अपने छोटे-से गांव जाता है और संयोगवश अपने पुराने घर जा पहुंचता है. वहां पहुंच कर वह स्तब्ध रह जता है. उसकी मां, जो आठ साल पहले मर चुकी है, अब भी वहीं रह रही है और वह उसका स्वागत ऐसे करती है जैसे इस बीच कुछ हुआ ही नहीं है. और फिर बीतता है एक और दिन, आम दिन, ऐसा दिन जो हममें से हरेक बिताना चाहता है. अपने खोये मां-बाप के साथ, परिवार की भूली बिसरी बातें करते हुए, अपने किये - न किये के लिये क्षमा याचना करते हुए. इसी बातचीत के दौरान उसे अपनी मां के किये बहुत सारे ऐसे त्यागों का पता चलता है जिनसे वह अब तक अनजान था. मां उसे ढाढस बंधाती है और वह आत्महत्या का इरादा छोड अपनी ज़िन्दगी की पटरी से उतरी गाडी को फिर से पटरी पर लाने का निश्चय करता है.

इस कथा को बहुत आसानी से भूत-प्रेत की कथा कह कर खारिज किया जा सकता है. लेकिन सोचिए, क्या हर परिवार के पास इस तरह की कोई प्रेत कथा नहीं होती? जो लोग दुनिया छोड चुके हैं वे भी तो हमारी स्मृति में बने रहते हैं. अगर उन्हें भूत-प्रेत कह दिया जाए तो क्या हर्ज़ है? एक और बात, जब आप चार्ल्स और उसकी मां की बातचीत पढते हैं तो जो मानसिक विरेचन होता है और जैसी नैतिक सलाह आपको मिलती है, लगता है कि वह इस प्रविधि से ही सम्भव थी. पूरा उपन्यास एक ही बात कहता है और वह यह कि जीवन में सबसे बडी अहमियत प्रेम की है. वैसे, मिच घुमा फिराकर यही बात अपनी हर कृति में कहते हैं. आज के टूटते-दरकते मानवीय सम्बन्धों वाले विकट समय में इस सन्देश की कितनी ज़रूरत है, यह कहने की आवश्यकता नहीं.

◙◙◙

Discussed book:
For One More Day
By Mitch Albom
Published by: Hyperion
Paperback, 197 pages
US $ 10.80

राजस्थान पत्रिका के नगर परिशिष्ट 'जस्ट जयपुर' में मेरे साप्ताहिक कॉलम वर्ल्ड ऑफ बुक्स के अंतर्गत 26 जून 2008 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Thursday, April 3, 2008

एक डिज़ाइनर ने जो सीखा अपनी ज़िन्दगी में

ऑस्ट्रियन डिज़ाइनर और ग्राफिक आर्टिस्ट श्टेफन सेग्माइस्टर की ख्याति का थोडा-सा अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि उन्हें डिज़ाइन की दुनिया का गॉड (खुदा) कहा जाता है. उनकी ख्याति उनकी रचनाशीलता के साथ-साथ दानशीलता और विनम्रता के लिए भी उतनी ही है. हाल ही में इन्हीं श्टेफन की एक नई किताब आई है थिंग्ज़ आई हेव लर्न-ड इन माई लाइफ सो फार. अपनी प्रस्तुति में विलक्षण होने के साथ ही यह किताब इस महान कलाकार के मनोजगत में झांकने का एक विरल अवसर प्रदान करती है.

इस किताब की जन्म-कथा भी दिलचस्प है. हुआ यह कि इस विलक्षण और अति व्यस्त डिज़ाइनर ने वर्ष 2000 में अपने काम से एक साल का अवकाश लिया. मकसद यह तलाश करना था कि वे अपनी अभिव्यक्ति को और सक्षम कैसे बना सकते हैं. “मैंने सोचा कि क्यों न फिल्म निर्माण में हाथ आजमाया जाए. फिर लगा कि मुझे उसी भाषा का इस्तेमाल करना चाहिए जिसे मैं जानता हूं, और वह भाषा है डिज़ाइन की भाषा.” इसी अवकाश–काल में श्टेफन नियमित रूप से रोज़ डायरी भी लिखने लगे. कुछ दिनों बाद ही अपनी लिखी प्रविष्टियां पढते हुए श्टेफन को लगा कि यह तो कुछ ऐसा है जिसे औरों से भी साझा किया जा सकता है. इसी सोच की परिणति है यह किताब. वैसे, श्टेफन ने इस किताब के साथ ही इसी शीर्षक से एक विशाल प्रदर्शनी भी आयोजित की है जहां उन्होंने अपने कुछ सहयोगियों के साथ इस किताब में शामिल सूक्तियों को कलाकृतियों के रूप में प्रदर्शित किया है.

श्टेफन की इस किताब में ये बीस सूक्तियां हैं :
1. औरों की मदद करके मैं खुद की मदद करता हूं. 2. हिम्मत ने हमेशा मेरा साथ दिया है. 3. यह सोचना मूर्खतापूर्ण है कि भावी जीवन सुखद होगा. मुझे तो वर्तमान में जीना है. 4. सहायता समूह को संगठित करना आश्चर्यजनक रूप से सुगम है.
5. मिथ्याचरण सदा मेरे प्रतिकूल रहा है. 6. मैं जो भी करता हूं, उसका प्रतिफल मुझे ज़रूर मिलता है. 7. कल्पना करना बेहद मुश्किल है. 8. ड्रग्ज़ शुरू में तो अच्छी लगती हैं लेकिन फिर वे आप पर सवार हो जाती हैं. 9. वक़्त बीतने के साथ मैं हर बात का आदी होता चला गया, और फिर उनकी उपेक्षा करने लगा. 10. धन मुझे सुखी नहीं बनाता. 11. मेरे सपनों का कोई अर्थ नहीं है. 12. डायरी रखने से वैयक्तिक विकास में सहायता मिलती है. 13. अच्छा दीखने का प्रयास मेरी ज़िन्दगी को सीमित करता है. 14. भौतिक विलासिताओं का उपयोग अल्प मात्रा में ही किया जाना चाहिए. 15. चिंता करने से कोई समस्या हल नहीं होती. 16. शिकायत करना बेवक़ूफी है. या तो कुछ करो या फिर भूल जाओ. 17. हरेक यही सोचता है कि वह सही है. 18. अगर मुझे व्यावसायिक रूप से किसी नई दिशा की तलाश है तो बेहतर होगा कि पहले मैं खुद ही उसे आजमा कर देखूं. 19. कम अपेक्षाएं रखना उम्दा रणनीति है. 20. हर ईमानदार दिलचस्प होता है.

इस किताब को मैंने विलक्षण इसलिए कहा कि यह पारम्परिक अर्थ में किताब है ही नहीं. बेहतर तो यह होगा कि इसे किताब न कहकर कलाकृति कहा जाए. एक बक्सा और उसमें रखे कुछ पैम्फलेट. कोई जिल्दबन्द किताब नहीं जिसे कवर-टू-कवर पढा जाए. इन पैम्फलेट्स में इस किताब, इन सूक्तियों और सूक्तियों पर आधारित कलाकृतियों की सृजन गाथा अंकित है. मसलन सूक्ति क्रमांक 9 के बारे में यह बताया गया है कि न्यूयॉर्क में श्टेफन एक खिडकी में बैठे थे, उन्होंने अपने पांव बाहर लटका रखे थे. लोगों ने सोचा कि वे कूदने वाले हैं. पुलिस बुला ली गई और श्टेफन जैसे-तैसे अपनी जान बचाकर भाग निकले. इसी तरह वे चौथी सूक्ति के लिए बताते हैं कि कैसे उन्होंने कुछ बेघरबार लोगों को महीने में दो बार राशन सामग्री सुलभ कराने का अभियान सफलतापूर्वक चलाया.

यह कलाकृति, या किताब, आप इसे जो भी नाम दें, उन सब बातों पर एक बार फिर से हमारा ध्यान खींचती हैं जो हमें अपने जीवन में महत्वपूर्ण लगती हैं. हो सकता है इनमें से कुछ बातों से हममें से कुछेक की असहमति हो, लेकिन ये बातें अंतत: सोच का एक प्रस्थान बिन्दु तो बनती ही हैं. इतना भी कम नहीं है.
◙◙◙

Discussed book:
Things I have Learned in My Life So Far
By Stefan Sagmeister, Daniel Nettle, Steven Heller, Nancy Spectar
Published by: Abrams
Paperback, 248 pages
US $ 24.00


राजस्थान पत्रिका के नगर परिशिष्ट जस्ट जयपुर में मेरे साप्ताहिक कॉलम वर्ल्ड ऑफ बुक्स के अंतर्गत 03 अप्रैल 2008 को प्रकाशित.







Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा