Showing posts with label एप. Show all posts
Showing posts with label एप. Show all posts

Tuesday, October 30, 2018

लफंगे वहां भी हैं, लेकिन उनके विरुद्ध सब एकजुट हैं!


इन दिनों जापान के लोगों, विशेष रूप से वहां की  महिला रेल यात्रियों को एक अजीब तरह की मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है. इस मानव निर्मित मुसीबत का नाम भी बहुत अजीब है. वहां इसे ‘एयरड्रॉप चिकन’  या ‘सायबर चिकन’  के नाम से जाना जा रहा है. एयरड्रॉप असल में एप्पल की एक एप है जिसका प्रयोग आई फोन के उपभोक्ता करते हैं.  अब यह चिकन क्या है? चिकन एक जापानी शब्द है जिसका इस्तेमाल वहां स्त्रियों के साथ अश्लील हरकत करने वालों के लिए किया जाता है. इसका काम चलाऊ हिंदी समानार्थी बिगड़ैल या लफंगा हो सकता है. जिनके पास आई फोन नहीं है लेकिन फिर भी जो यह काम करते हैं उन्हें सायबर चिकन कहा जाता है. अब ये चिकन यानि लफंगे करते यह हैं कि जैसे ही किसी महिला को आई फोन या किसी अन्य मोबाइल के साथ देखते हैं, वे उसे कोई अश्लील, अभद्र या भोण्डी तस्वीर भेज देते हैं. महिला के फोन पर संदेश आता है कि किसी ने आपको एक तस्वीर भेजी है. क्या आप उसे डाउनलोड करना चाहती हैं? और जैसे ही वह स्वीकृति देती है उसके मोबाइल स्क्रीन पर कोई नग्न, कुरुचिपूर्ण या भद्दी तस्वीर झिलमिलाने लगती है. कहना अनावश्यक है कि यह दुष्कृत्य यौन विकृति की परिणति होता है. इन बिगड़ैलों की यह हरकत उसी स्थिति में कामयाब हो पाती है जब सम्बद्ध महिला ने अपने मोबाइल का नीला दांत (ब्लू टूथ) या वाई फाई चालू कर रखा हो और अपने एयरड्रॉप एप की  सेटिंग ऐसी कर रखी  हो कि हर कोई आपको तस्वीर वगैरह भेज सके. अब होता यह है कि सामान्यत: लोग ब्लू टूथ या वाई फाई चालू ही रखते हैं और एयरड्रॉप की डिफॉल्ट सेटिंग को बदलने की ज़हमत नहीं उठाते हैं. इससे लफंगों को बदमाशी करने का मौका मिल जाता है.

जापान में वैसे तो इस तरह की हरकतें नई नहीं है. लोग याद करते हैं कि 2015 से ही  इस तरह की घटनाओं का ज़िक्र होने लगा था, लेकिन पिछले महीने से मीडिया में इन पर खूब चर्चाएं होने लगी हैं. वहां के कई टीवी चैनलों और प्रमुख समाचार पत्रों में इस तरह की अवांछित हरकतों की खबरें छप रही हैं और इन पर गम्भीर विमर्श हो रहा है. इस साल के शुरु में वहां ट्विटर पर भी यह चर्चा चली थी.  एक महिला जिसने नया-नया आई फोन खरीदा था,  उसने एक ट्वीट करके  बताया कि किसी ने एयरड्रॉप के ज़रिये उसे एक आपत्तिजनक तस्वीर  भेजी है. इस पर अन्य बहुतों ने अपने ऐसे ही अनुभव साझा किये. फिर तो ट्विटर पर  हैशटैग एयरड्रॉप के अंतर्गत ऐसे अनगिनत किस्से और तस्वीरें साझा हुए. तब लोगों को समझ में आया कि यह रोग कितना ज़्यादा फैल चुका है.

सुखद बात यह है कि जापान की पुलिस ने इन खबरों का तुरंत संज्ञान लिया है और हाल में दो ऐसे लफंगों को गिरफ्तार भी किया है. किसी दफ्तर में काम करने वाले एक बंदे ने रेल में अपने सामने बैठी युवती को एक आपत्तिजनक तस्वीर भेजी, तो उस युवती ने उस तस्वीर का स्क्रीनशॉट  लेकर पुलिस में शिकायत कर दी. उसने अपने सामने बैठे व्यक्ति को संदिग्ध भी बताया. पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया. इसी तरह ओसाका जाने वाली ट्रेन में सफर कर रहे एक कार्यालयी कर्मचारी ने अपने पास बैठी एक महिला सहयात्री को जैसे ही एक अश्लील तस्वीर भेजी, उसी के साथ सफर कर रहे एक अन्य यात्री को उसका बर्ताव संदिग्ध लगा. उसने कुछ पूछताछ करने के बाद मामला पुलिस को सौंप दिया और पुलिस ने अपनी जांच में शिकायत को सही पाया. इन दो मामलों के बाद जापान में रेल यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि अगर उन्हें भी अपने मोबाइल पर कोई अभद्र तस्वीर मिले तो वे तुरंत उसका स्क्रीन शॉट ले लें और मामले की शिकायत ट्रेन के स्टॉफ या पुलिस से करें. असल में होता यह है कि ऐसा बिगड़ैल तस्वीर भेजने के लिए भले  ही किसी छद्म नाम का प्रयोग करे, उसका मोबाइल एक डिजिटल फुटप्रिण्ट ज़रूर छोड़ता है जिसका विश्लेषण कर उस तक पहुंचा जा सकता है.

इसी के साथ जापानी मीडिया वहां के नागरिकों को इस बारे में भी सजग कर रहा है कि वे अपने मोबाइल के एयरड्रॉप एप की सेटिंग को बदल कर ऐसा कर लें कि वे केवल अपने परिचितों की भेजी तस्वीरें ही स्वीकार कर सकें. इतना ही नहीं अब तो खुद एप्पल कम्पनी ने भी अपने इस एप की डिफॉल्ट सेटिंग बदल कर ऐसी कर दी है. इस पूरे मामले में सबसे सुखद बात यह है कि जापानी मीडिया, वहां की पुलिस, रेलवे प्रशासन, जापानी समाज  और एप्पल जैसा बड़ा व्यावसायिक घराना – ये सब एक जुट होकर इस  बदतमीज़ी का सामना कर रहे हैं.

 काश! अपने यहां भी ऐसा ही होने लगे!

●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 30 अक्टोबर, 2018 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Tuesday, April 17, 2018

खूब फल फूल रहा है हमारी निजता का कारोबार!


हमारे-आपके जीवन के बारे में न जाने कितनी जानकारियों, जिन्हें आजकल डाटा  कहा जाता है, के दम पर अनगिनत लोगों और कम्पनियों का धंधा फल फूल रहा है. इस तरह का अध्ययन कर रही एक कम्पनी प्राइवेसी इण्टरनेशनल के एक उच्च अधिकारी का कहना है कि आज हज़ारों कम्पनियां आपका डाटा बटोरने और आपके ऑनलाइन बर्ताव की पड़ताल करने के काम में लगी  हुई हैं. यह धंधा सारी दुनिया में फैला हुआ है.   

हाल में एक टैक्नोलॉजी  पत्रकार कश्मीर हिल ने एक अभिनव लेकिन दिलचस्प प्रयोग किया. उन्होंने अपने एक बेडरूम वाले अपार्टमेण्ट को स्मार्ट होम में तब्दील किया और उसके बाद विभिन्न साधनों  की मदद से यह पड़ताल की कि उनके घर में लगे विभिन्न उपकरणों के माध्यम से उनकी निर्माता कम्पनियों ने उनके बारे में कितना डाटा संग्रहित किया है. वे यह जानकर आशचर्यचकित रह गईं कि उनका स्मार्ट टूथ ब्रश अपनी निर्माता  कम्पनी को यह खबर दे रहा था कि उन्होंने कब ब्रश किया और कब नहीं किया, उनका स्मार्ट टीवी अपने निर्माता को हर पल यह बता रहा था कि वे कौन-सा प्रोग्राम देख रही हैं, और उनका स्मार्ट स्पीकर दुनिया के सबसे बड़े ऑनलाइन खुदरा व्यापारी को (जो कि उस स्पीकर का निर्माता भी है) हर तीसरे मिनिट उनके बारे में जानकारियां मुहैया करवा रहा था. पत्रकार कश्मीर हिल ने यह पड़ताल करने के लिए अपनी एक दोस्त सूर्या मट्टू की मदद ली जिन्होंने एक विशेष रूप से बनाए गए वाई फाई राउटर की मदद से इन जासूसों की जासूसी की. इन जानकारियों के बाद कश्मीर हिल यह सोचकर और ज़्यादा चिंतित हुईं कि अगर उनके यहां से भेजी जा रही ज्ञात जानकारियां इतनी ज़्यादा हैं तो वे जानकारियां कितनी अधिक होंगी जिनके बारे में उन्हें भी अभी पता नहीं चल सका है. उन्होंने बहुत व्यथित होकर कहा कि मुझे लगता है कि हम एक निहायत ही व्यावसायिक निज़ाम में रह रहे हैं जिसकी नज़र हमारे हर क्रियाकलाप पर है.

इसी संदर्भ में यह भी याद कर लिया जाना उपयुक्त होगा कि हाल में इस आशय की ख़बरों ने बड़ा हंगामा बरपा किया था कि फ़ेसबुक के लगभग पौने नौ करोड़ उपयोगकर्ताओं की प्रोफ़ाइल सूचनाएं बग़ैर उनकी जानकारी के एक मार्केटिंग कम्पनी कैम्ब्रिज एनेलिटिका तक पहुंचा दी गई हैं. हाल में फ़ेसबुक के सीईओ मार्क ज़ुकरबर्ग ने इस बात पर सार्वाजनिक क्षमा याचना भी की है. लेकिन यह कोई अपनी तरह का इकलौता मामला नहीं है. एक बरस पहले एक स्मार्ट टीवी निर्माता पर भी इस  आशय के आरोप लगे थे  कि उसने बग़ैर अपने ग्राहकों को सूचित किए या उनसे अनुमति लिए उनके टीवी सेट्स में ऐसा सॉफ्टवेयर लगा दिया था जो उनके टीवी देखने की आदतों के  बारे में जानकारियां एकत्रित कर रहा  था. ये जानकारियां विभिन्न कम्पनियों को उपलब्ध कराई जा रही थीं ताकि इनके आधार पर वे अपने विज्ञापन प्रसारित कर सकें. तब इस टीवी निर्माता कम्पनी ने  इस बारे में अमरीकी फेडरल ट्रेड कमीशन में चल रहे एक मुकदमे में भारी धनराशि चुका कर अदालत के बाहर समझौता किया था.

असल में होता यह है कि हममें से बहुत सारे लोग बिना पैसे खर्च किये बहुत सारी सुविधाओं का इस्तेमाल करने के लालच में न केवल अपने बारे में बहुत सारी जानकारियां खुद परोस देते हैं, उनके निर्बाध इस्तेमाल की अनुमति भी प्रदान कर देते हैं. जब भी हम कोई मुफ्त वाला सॉफ्टवेयर या एप डाउनलोड करते हैं, एक सहमति सूचक बटन –एग्री-  पर भी हमें क्लिक करना होता है और हममें से शायद ही किसी के पास इतना धैर्य  हो कि यह जानने की कोशिश करें कि हम किस बात के लिए अपनी सहमति दे रहे हैं. अमरीका की कार्नेगी मेलन यूनिवर्सिटी के दो शोधकर्ताओं ने बताया है कि अगर आप हर एप की प्राइवेसी पॉलिसी को स्वीकार करने से पहले ठीक से पढ़ना चाहें तो आपको हर रोज़ आठ घण्टे लगाकर पूरे 76 दिन तक पढ़ते रहना होगा.  लेकिन मामला विस्तार का ही नहीं है. इस सहमति की आड़ में हमारी जानकारियों का जो सौदा होता है वह प्राय: विधि सम्मत नहीं होता है.

शायद यही वजह है कि अब दुनिया के कई देश इस बे‌ईमानी के खिलाफ एकजुट हो रहे हैं. हाल में यूरोप में जो जनरल डाटा प्रोटेक्शन रेग्युलेशन (जीडीपीआर) लागू हुआ है वह वहां के उपभोक्ताओं को उनके डाटा पर अधिक नियंत्रण के लिए सक्षमता प्रदान  कर रहा है. लेकिन अमरीका इस मामले में अभी भी पीछे है. वहां के नागरिकों को यह जानने का भी हक़ नहीं है कि किस कम्पनी ने उनके बारे में कौन-सा डाटा संग्रहित किया है. इस बारे में अपने देश की तो बात ही क्या की जाए! आधार को लेकर जो आशंकाएं व्यक्त की गई हैं और जो छिट पुट चिंताजनक ख़बरें आई हैं उन्होंने भी कोई गम्भीर हलचल अपने यहां पैदा नहीं की है.

●●●

जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै  में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 17 अप्रैल, 2018 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Friday, March 9, 2018

सवाल मानवीय सम्बंधों में तकनीक की घुसपैठ का

अनिरुद्ध रॉय चौधरी द्वारा निर्देशित 2016 की हिन्दी फिल्म पिंक में अमिताभ बच्चन का एक बेहद प्रभावशाली डायलॉग है: “नो मीन्स नो. ना सिर्फ़ एक शब्द नहीं, अपने आप में एक पूरा वाक्य है. इसे  किसी तर्क, स्पष्टीकरण, एक्स्प्लेनेशन या व्याख्या की ज़रूरत नहीं होती. ना का  मतलब ना ही होता है. माय क्लाएंट सेड नो युअर ऑनर!”  कहना  अनावश्यक है कि यहां चर्चा का संदर्भ स्त्री पुरुष के बीच का दैहिक सम्बंध है. इस  सम्बंध  को लेकर जितनी चर्चाएं और बहसें अपने देश में हुई हैं उनसे कम चर्चाएं परदेश में नहीं हुई हैं. इसी संदर्भ में यह जानना रोचक हो सकता है कि जहां भारत में ‘ना’ कहने के अधिकार को रेखांकित करना ज़रूरी समझा गया है, पश्चिम के कुछ देशों में इससे उलट ‘हां’ कहने के अधिकार को मान्यता प्रदान करने की भी ज़रूरत महसूस की जाने लगी थी. कई देशों के शैक्षिक संस्थानों में 1990 से ही यह नीति बनाई जाने लगी थी कि वहां के विद्यार्थी अंतरंग क्षणों के  इन सम्बंधों  की स्थापना के लिए बाकायदा मौखिक अनुमति प्रदान करें. एक अपेक्षाकृत उन्मुक्त और उदार देश स्वीडन में तो पिछली दिसम्बर में एक  ऐसा कानून बनाने का भी प्रस्ताव किया गया है जिसके तहत मौखिक स्वीकृति प्रदान करने के बाद ही कोई युगल दैहिक सम्पर्क स्थापित कर सकेगा. 

इसी प्रस्तावित कानून से प्रेरित होकर लीगल फ्लिंग नामक एक वेबसाइट ने एक ऐसा एप बनाकर उसका बीटा वर्ज़न  बाज़ार में उतारा है जो नज़दीक आने के इच्छुक दो व्यक्तियों को उनकी निकटता की सीमाएं निर्धारित करने के अनेक विकल्प प्रदान करता है. यह कुछ-कुछ ऐसा ही है जैसे आप किसी रेस्तरां में जाएं और मेन्यू देखकर यह चयन करें कि आपको क्या-क्या खाना-पीना है. फर्क इतना है कि यहां विकल्पों का चुनाव मेन्यू की बजाय एप में से किया जाना है. इस एप में किया गया चयन उन दो व्यक्तियों के बीच किये जाने वाले एक अनुबंध के समतुल्य होगा और उम्मीद की जाती है कि इस अनुबंध को वैधानिक मान्यता भी प्राप्त होती. एप यह भी सुविधा देगा कि इसे इस्तेमाल करने वाले पार्टनर्स किसी भी समय अपने चयन को संशोधित कर सकें या बदल सकें. 

इस एप की उपादेयता को लेकर बहसें शुरु हो गई हैं. लोग पूछने लगे हैं कि क्या वाकई कोई एप इतना कारगर हो सकता है कि वो दो मनुष्यों के बीच के अंतरंग क्षणों के क्रियाकलाप को प्रभावी  तौर पर नियंत्रित कर सके? इस सवाल का जवाब तकनीक और मानवीय सम्बंधों के मामलों के कुछ विशेषज्ञों ने देने  का प्रयास भी किया है. उनका कहना है कि यह एप सहमति को अंकित करने के मामले में तो कारगर साबित हो सकता है लेकिन क्षण भर में बदल जाने वाले मानवीय भावों के साथ तालमेल नहीं रख सकता. वे इस बात को भी रेखांकित करते हैं कि किसी भी एप का प्रयोग पूर्व नियोजन की मांग करता है जबकि मनुष्य केवल अपने उस क्षण के मनोभाव ही अंकित कर सकेगा, वह खुद इस बात से अनभिज्ञ होगा कि अगले क्षण उसके मनोभाव क्या होंगे. इस एप के कुछ आलोचकों का तो यहां तक कहना है कि दैहिक  सम्पर्क के मामले में सहमति-असहमति का मामला एक मानवीय मुद्दा है और इसका समाधान किसी मशीनी  एप में तलाश करना पूरी तरह अव्यावहारिक है. एप का मज़ाक उड़ाते हुए ऐसे लोगों का कहना है कि ज़रा इस बेहूदगी की कल्पना कीजिए को एक दूसरे के निकट आने को तत्पर दो में से कोई एक यह कहे  कि  “ज़रा एक सेकण्ड रुकना, पहले मैं एप को अपडेट कर दूं!” 

लेकिन एप बनाने वाली कम्पनी लीगल फ्लिंग इन तमाम आलोचनाओं से तनिक भी विचलित नहीं है. उसे अपने एप की सीमाओं का भली भांति पता है, लेकिन वह इसे भविष्य की एक सशक्त सम्भावना के रूप में विकसित करने को तत्पर है. उसका सोच यह है कि चाहे एप पर ही सही, अगर कोई अपने मनोभाव व्यक्त करता या करती है बाद में किसी भी वजह से दूसरा पक्ष उन मनोभावों की अवहेलना करता या करती है तो आहत पक्ष अपनी शिकायत तो अंकित कर ही सकता है, और उस शिकायत पर यथा कानून कोई कार्यवाही होने की सम्भावना को भी अनदेखा नहीं किया जा सकता है. कम्पनी का यह भी कहना है कि नशे जैसी किसी असामान्य स्थिति में भी अगर कोई ग़लती से अपनी सहमति दे दे तो यह एप उसके बाद  अपनी सहमति को तुरंत वापस लेने का विकल्प प्रदान करता है. 

यह देखना बहुत रोचक होगा कि नाज़ुक मानवीय सम्बंधों के मामले में तकनीक आधारित एप कितना प्रभावी  और कितना निर्णायक साबित होता है. 
•••
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न   दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत गुरुवार, 08 मार्च,  2018 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.

Tuesday, November 17, 2015

इस एप के आगे सब हैं बेबस और लाचार

कोई इस बात को पसन्द करे या न करे, इंसान जिसके भी सम्पर्क में आता है उसका मूल्यांकन करता ही  है. और यह बात व्यक्ति के लिए ही नहीं, संस्थाओं और प्रतिष्ठानों, बल्कि वस्तुओं के लिए भी इतनी ही सही है. आप किसी से मिलते हैं और उसके पीठ फेरते ही कह उठते हैं, यह आदमी तो कुछ जंचा नहीं! आप किसी दुकान से सामान खरीदते हैं और दुकान से बाहर निकलते-निकलते तो दुकान और सामान दोनों के बारे में अपनी राय बना और ज़ाहिर भी कर चुके होते हैं.

हमारे जीवन में तकनीक की गम्भीर घुसपैठ हुई तो राय निर्माण के इस काम को तकनीक का सहारा भी मिल गया. पहले हम अखबारों और अन्य संचार माध्यमों का इस्तेमाल करते थे, हालांकि वो इस्तेमाल निर्बाध नहीं था और उस के इस्तेमाल की अनेक सीमाएं थीं, लेकिन जब से सोशल मीडिया आया हम सबको एक उन्मुक्त आकाश मिल गया. हम  जिसके बारे में जैसी चाहें राय व्यक्त करने में सक्षम हो गए!  इधर सोशल मीडिया से एक कदम और आगे है एप्स यानि मोबाइल एप्लीकेशंस की दुनिया. हर काम के लिए अनगिनत एप्स मौज़ूद हैं. एक बेहद लोकप्रिय एप का तो नाम ही है व्हाट्सएप!

तो ये एप्स राय की अभिव्यक्ति और धारणा निर्माण के क्षेत्र में भी अपना योग दे रहे हैं. जलपान गृहों के बारे में अपनी राय देने वाले  ज़ोमेटो नामक एप से तो हममें से बहुत सारे लोग वाक़िफ होंगे ही, ऐसा ही एक और एप है येल्प! ऐसे और भी अनगिनत एप होंगे. लेकिन इधर समझदारों और प्रयोगकर्ताओं की दुनिया में एक नए आनेवाले एप को लेकर खासी हलचल मची हुई है. इस एप का नाम है पीपल (Peeple) और यह अपने ज़ारी होने से पहले ही खासा विवादास्पद हो गया है. इसे जारी करने वाली कम्पनी ने इसे ‘येल्प फॉर पीपुल’ यानि लोगों के लिए येल्प कहकर प्रचारित किया था. कम्पनी का तो दावा था कि यह इस बात में क्रांतिकारी बदलाव ला देगा कि हमारे रिश्तों की मार्फत हमें कैसे देखा जाता है!

इस एप में यह सुविधा देने का वादा किया गया था कि आप जिसे भी जानते हैं उसके बारे में नकारात्मक या सकारात्मक कैसी भी राय दे सकते हैं और उसकी स्टार रेटिंग भी कर  सकते हैं, यानि उसे शून्य से पाँच तक जितना चाहें उतने स्टार दे सकते हैं. आप जिनके बारे में यह सब कर सकते हैं उनकी तीन श्रेणियां रखी गई थीं – पर्सनल, प्रोफेशनल और डेटिंग. यानि आपको यह तै करना था कि आप जिन्हें जानते हैं वो इनमें से किस श्रेणी में आता या आती है. इस एप की ख़ास बात यह थी कि अगर आपने किसी के बारे में कोई प्रतिकूल राय भी ज़ाहिर कर दी तो सम्बद्ध व्यक्ति उसके बारे में कुछ नहीं कर सकता था, और आपकी वह प्रतिकूल राय भी कम से कम 48 घण्टों तक तो सजीव रहती ही. दूसरे पक्ष को बस यह हक़ था कि वह आपकी प्रतिकूल राय का प्रतिवाद करने का प्रयत्न करे. इस एप की सबसे ख़तरनाक बात यह थी कि कोई किसी के भी बारे में किसी भी तरह की राय व्यक्त कर सकता था. यानि अगर यह एप प्रचलन में आ गया होता तो हम सब अरक्षित अनुभव करने को विवश हो जाते. इसके दुरुपयोग की आशंकाओं भी निराधार और निर्मूल नहीं कहा जा सकता है.

लेकिन इस एप के ज़ारी होने से पहले ही इसका इतना अधिक विरोध हुआ कि इसकी  डेवलपर  कैलगरी की जूलिया कॉर्ड्र्रे को बचाव की मुद्रा में आकर यह आश्वासन देने को मज़बूर होना पड़ा कि बिना आपकी स्पष्ट अनुमति के आप हमारे प्लेटफॉर्म पर नहीं होंगे. इसी के साथ उन्हें यह भी आश्वासन देना पड़ा कि नकारात्मक टिप्पणियों को हटाने के लिए 48 घण्टों के इंतज़ार की बाधा को भी हटा दिया जाएगा. लेकिन उनके इन  स्पष्टीकरणों  के बाद लोगों को लगा कि अगर नकारात्मक टिप्पणियां करने के अधिकार बहुत ज़्यादा सीमित कर दिये जाएंगे तो फिर यह एप क्लाउट या लिंक्डइन  जैसा पूर्णत: सकारात्मक टिप्पणियों वाला शाकाहारी एप बनकर रह जाएगा!  

लेकिन इस एप को लेकर ज़्यादा आशंकाएं यही सामने आई कि यह लोगों के लिए येल्प की तरह मददगार साबित होने की बजाय उनकी परेशानियों का सबब बन सकता है. कुछ लोगों को एक और आशंका हुई और वह अधिक गम्भीर किंतु बारीक आशंका है. उन्हें लगा कि यह एप विज्ञापन की कमाई का साधन बन सकता है या फिर यह लोगों को अपने मोबाइल नम्बर और अन्य निजी जानकारियां सुलभ कराने के लिए बाध्य कर सकता है – जो अपने आप में एक बहुत बड़ा व्यवसाय है.

यह सारी चर्चा इतना तो साबित करती है कि आज की दुनिया बहुत जटिल होती जा रही है. साधारण और लाभदायक नज़र आने वाली चीज़ें भी बहुत ग़ैर मामूली और नुकसान देह साबित हो सकती हैं!

▪▪▪
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 17 नवंबर, 2015 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.