Showing posts with label अमरीकी. Show all posts
Showing posts with label अमरीकी. Show all posts

Tuesday, July 2, 2019

किम के 'किमोनो' ब्राण्ड से जापानी आहत !


अपने देश में हम आए दिन किसी न किसी मुद्दे पर कुछ लोगों की भावनाएं आहत होने के बारे में पढ़ते सुनते रहते हैं. कभी कोई लेख, तो कभी कोई गाना तो कभी कोई फिल्म किसी न किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचा देते हैं और उसके बाद कभी धरना, तो कभी प्रदर्शन, कभी बंद तो कभी तोड़ फोड़ का सिलसिला चल निकलता है. हमें लगता था कि हमारी ही भावनाएं इतनी नाज़ुक हैं कि ज़रा-सी बात पर आहत हो जाती हैं, अब जब सुदूर जापान से वहां के निवासियों की भावनाएं आहत खोने की ख़बर आई है तो लगता है कि भावनाएं  और  जगह भी इतनी ही  नाज़ुक होती हैं.

जापानियों की भावनाएं आहत हुई हैं एक प्रख्यात अमरीकी  अभिनेत्री, मॉडल, टीवी स्टार, और व्यवसायी किम कार्दशियन की वजह से. किम को उनके एक रियलिटी शो कीपिंग अप विद द कार्दशियनस  के लिए ख़ास तौर पर जाना जाता है. किम ने हाल में भीतर पहनने वाले कपड़ों की एक बड़ी शृंखला लॉंच की है. जिस लेबल के अंतर्गत उन्होंने यह शृंखला लॉंच की है उसका नाम उन्होंने रखा है किमोनो. और यही नाम फसाद की जड़ है. असल में किमोनो एक जापानी परिधान का नाम है जिसे पारम्परिक रूप से औपचारिक अवसरों पर पहना जाता है. किमोनो एक लम्बा-सा चोगेनुमा परिधान होता है. इसकी आस्तीनें चौड़ी होती हैं और इसे  एक कमरबंद से बांधा जाता है. इसका प्रयोग प्राय: बतौर जैकेट किया जाता है. अब क्योंकि यह पारम्परिक जापानी परिधान है, बहुत सारे जापानियों को इस बात से सख़्त आपत्ति है कि एक पारम्परिक औपचारिक परिधान के नाम से भीतर पहनने वाले वस्त्र क्यों बेचे जा रहे हैं! अनेक जापानियों ने किम के इस नामकरण को उनके अज्ञान का परिचायक बताते हुए अनुपयुक्त बल्कि सांस्कृतिक रूप से अपमानजनक तक कह दिया है.

युका ओहिश नामक एक महिला ने अपनी आपत्ति इस तरह व्यक्त की है: "अपने उत्पाद/कम्पनी को एक जापानी नाम देना आपके लिए आकर्षक हो सकता है, लेकिन हम इस बात से बहुत आहत महसूस कर रहे हैं कि इस शब्द का प्रयोग एक ऐसे उत्पाद के लिए किया जा रहा है जिसका उससे कोई लेना-देना ही नहीं है. इस तरह हमारी संस्कृति को ठेस पहुंचाई जा रही है." युको कातो नामक एक जापानी पत्रकार ने लिखा कि "आपके अण्डरवियर बहुत उम्दा हैं, लेकिन पारम्परिक जापानी परिधानों से लगाव रखने वाली मुझ जैसी जापानी स्त्री के के लिए इस नामकरण का औचित्य समझ से परे है. कृपया इस नामकरण पर पुनर्विचार करें." इस पत्रकार ने अपनी आपत्ति को और स्पष्ट करते हुए आगे लिखा है, "कुल मिलाकर बात यह है कि आपने अण्डरवियरों की एक शृंखला तैयार की है और उसे 'पारम्परिक जापानी परिधान' का नाम  देकर बेच रही हैं." एक अन्य जापानी ने और उग्र होते हुए लिखा है, "जापानी संस्कृति की हत्या करने के लिए आपका आभार. लेकिन मेरी संस्कृति आपके हाथों का खिलौना नहीं है. क्या आपके मन में उन लोगों के प्रति तनिक भी  सम्मान का भाव नहीं है जो आपके परिवार के नहीं हैं? आपने इस उत्पाद को तैयार करने में पूरे पंद्रह साल लगाए हैं लेकिन इतने बरसों में आप एक भी सांस्कृतिक सलाहकार नहीं तलाश पाईं." 

इन और इस तरह की अनेक आपत्तियों का जवाब देते हुए किम ने एक बयान ज़ारी कर कहा है कि उनकी मंशा ऐसे किसी परिधान को डिज़ाइन या ज़ारी करने की नहीं है जो किसी भी तरह किसी पारम्परिक परिधान से मिलता-जुलता हो या उसका अनादर करने वाला हो. उन्होंने यह भी कहा है कि उनके मन में जापानी संस्कृति में विद्यमान किमोनो के महत्व के प्रति गहरा सम्मान है. लेकिन उन्होंने यह भी कह दिया कि अपने परिधानों की शृंखला का नाम बदलने का उनका कोई इरादा नहीं है. वैसे, जहां जापानी मूल के लोग किम की इस परिधान शृंखला के नामकरण को लेकर आहत और आक्रोशित हैं वहीं ऐसे लोग भी हैं जो खुलकर और सुविचारित तर्कों के साथ  किम का समर्थन कर रहे हैं. ऐसे लोगों में से एक हैं अमरीकी अभिनेत्री और गायिका टिया कैरेर. टिया ने लिखा है, "मैं एक फिलिपिनो हूं और मैं किमोनो पहनती हूं. मुझे यह समझ में नहीं आता कि मैं किमोनो क्यों नहीं पहन सकती? मैं जापानी कपड़े पहनती हूं, चीनी कपड़े पहनती हूं. क्या मुझे केवल फिलिपिनो वेशभूषा तक ही  सीमित रहना चाहिए? हम एक बहु-सांस्कृतिक, बहु-प्रजातीय दुनिया में जी रहे हैं. इसलिए यह बात  मेरी समझ से परे है. मैंने किम को किमोनो पहने देखा है. वो अगर अपनी कम्पनी का नाम किमोनो रखती है तो इसमें क्या ग़लत है?" टिया ने बहुत तल्ख़ होते हुए पूछा है कि आखिर हम कहां जा रहे हैं? क्या हमें हर बात के लिए सांस्कृतिक पुलिस से इजाज़त लेनी होगी?"

उनके सवाल में दम तो है!
●●● 
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत  मंगलवार, दिनांक  02 जुलाई, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.



Tuesday, May 14, 2019

एक अमरीकी की नज़र में भारतीय शिक्षा व्यवस्था

हाल में एक अमरीकी महिला लीसल श्वाबे एक शोध परियोजना के सिलसिले में भारत आईं और क्योंकि उन्हें यहां लम्बे समय तक रहना था, वे अपनी सात वर्षीया बेटी को भी साथ ले आईं. अमरीका में उनकी बेटी ब्रुकलिन के एक सरकारी स्कूल में पढ़ रही थी. यहां कोलकाता में उन्होंने उसे एक अंग्रेज़ी माध्यम के ग़ैर सरकारी स्कूल में प्रवेश  दिलवाया. अपने एक लेख में लीसल ने अमरीकी और भारतीय स्कूलों के अंतर को स्पष्ट करने के बाद जिस बात पर संतोष व्यक्त किया है, उस पर आम तौर पर हमारी नज़र नहीं जाती है. 

लीसल ने अपनी बात बेटी के लिए स्कूल द्वारा तै किये गए जूते खरीदने के अनुभव से शुरु की है. अब तक उनकी बेटी अपने स्कूल में भी फैशनेबल जूते पहन कर जाती थी लेकिन यहां उसे बड़ी नीरस किस्म के जूते खरीदने पड़े, क्योंकि स्कूल ने वे ही निर्धारित कर रखे थे. और यहीं उन्हें महसूस होने लगता  है कि अमरीका में उपभोक्तावाद लोगों को विकल्प देता है जबकि भारत में विकल्पों का अभाव है. विकल्पों के अभाव की यह बात मां-बेटी को बाद में भी बार-बार महसूस होती है. अमरीका में उसे स्कूल सोमवार को जो होमवर्क देता था उसे शुक्रवार तक कभी भी कर लेने की छूट थी. वहां वर्तनी पर अधिक ज़ोर नहीं दिया जाता था यानि शब्दों को मनचाहे तरीके से लिखे  जाने की छूट थी. साल में कुछ दफा थोड़ा  कुछ लिख कर बताना होता था लेकिन क्या और कैसे लिखना है यह विद्यार्थी को ही तै करना होता था. कला की कक्षा में शिक्षक प्रयोगशीलता को प्रोत्साहित करते थे और अभिभावक भी मौलिकता की सराहना करते थे. कक्षाओं में बच्चों को इधर उधर घूमने की और मनचाहे सवाल पूछने की पूरी स्वतन्त्रता  थी.  

लेकिन उसी बच्ची को जब कोलकाता में कक्षा दूसरी डी में भर्ती करवाया गया तो इन लोगों को काफी कुछ बदला हुआ लगा. बच्चों के पास बहुत ही कम विकल्प थे. कक्षाओं में उन्हें आपस में बात करने की छूट नहीं थी. उन्हें हर विषय के लिए अलग-अलग नोटबुक रखनी होती थी और नोटबुकों के लिए भी यूनीफॉर्म जैसी व्यवस्था थी. इन नोटबुकों में सारे बच्चे एक जैसे जवाब लिखा करते थे. सप्ताह में दो बार आर्ट क्लास भी होती थी, लेकिन सारे बच्चे लगभग एक जैसी चीज़ों का निर्माण करते थे. कुछ समय बाद इसी बच्ची ने भारत और अमरीका के स्कूलों के फर्क़ को इन शब्दों में बयान किया: “भारत में हमें अपने दोस्तों के साथ खेलने  के लिए कोई समय नहीं मिलता है जबकि अमरीका में अपने स्कूल में हम सिर्फ अपने दोस्तों के साथ खेलते ही थे.” 
इन बच्ची को यहां गणित समझने में बहुत दिक्कत महसूस हो रही थी. उसे लम्बे लम्बे हिंदी और फ्रेंच शब्दों की वर्तनी भी याद करना बहुत कठिन लग रहा था. कभी वह घर पर इस बात से घबराती कि कल स्कूल में ग़लत नोटबुक ले जाने पर उसे कितनी डांट  सहनी पड़ेगी और एक बार तो किसी शब्द की मुश्क़िल वर्तनी को याद न कर पाने से आतंकित होकर वह अपना सूटकेस पैक कर अमरीका लौटने के लिए ही उतारू हो गई थी. लेकिन सब कुछ ऐसा ही नहीं था. वो बच्ची आहिस्ता आहिस्ता अपने स्कूल को पसंद भी करने लगी थी. उसने खूब दोस्त बना लिये थे और स्कूल की छुट्टी के वक़्त दोस्तों के साथ उछलते कूदते हुए उसका बाहर आना या शनिवार की शाम स्कूल लाइब्रेरी से अपने दोस्तों के साथ प्रसन्न मुद्रा में बाहर निकलना उसकी मां को भी आश्वस्त करने लगा था. पढ़ाई का बोझ था और विकल्प भी बहुत कम थे, लेकिन इस सबके बीच भी उसकी मां बहुत सारी अच्छाइयां देख पा रही थी. 

उसकी मां को लगता है कि भारत के स्कूलों में विकल्पों का न होना भी एक अच्छी  बात है. यहां विकल्प भले ही न हों, ज़िम्मेदारियां हैं और यह सराहनीय है. उसकी मां इस बात को समझती हैं कि गणित जैसे विषय के भारी भरकम पाठ्यक्रम ने उनकी बेटी को वह सब सिखाया है जो वह अमरीका में कभी नहीं सीख पाती. यहां आकर ही उसने सही वर्तनी का महत्व समझा है. यहां आकर उसे ज़्यादा पढ़ना पड़ रहा है और उसकी एकाग्रता बढ़ी  है. अब तक वो खुद को जितना कुछ कर पाने में समर्थ समझती थी उससे कहीं ज़्यादा कर पा रही है. मां ने यह बात भी नोट की है कि भारत में स्कूल व्यवस्था  बच्चों में अपने कर्म के प्रति उत्तरदायित्व का भाव बढ़ाती है. लीसल यह तो मानती हैं कि भारत में बच्चों पर पढ़ाई का बहुत ज़्यादा बोझ व दबाव है और इसे आम तौर पर नुकसानदेह  समझा जाता है, लेकिन इसके बावज़ूद उन्हें यह उम्मीद है कि जब वे अपनी बेटी के साथ अमरीका लौटेंगी तो उसमें अपनी उम्र के अन्य अमरीकी बच्चों से अधिक आत्मविश्वास होगा. 
●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 14 मई, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.

Tuesday, July 26, 2016

कितना उचित है हमारी निजी ज़िन्दगी में तुम्हारा झांकना!

लोकप्रिय अमरीकी अभिनेत्री जेनिफ़र एनिस्टन  ने एक बार फिर से ठहरे पानी में कंकड़ फेंकने का दुस्साहस किया है. फैशन, ग्लैमर और चकाचौंध की दुनिया के सितारों की निजी ज़िन्दगी में आम जन की स्वाभाविक दिलचस्पी को देखते हुए पत्रकारों की एक नई प्रजाति पिछले कुछ समय से अस्तित्व में है जिसे पापाराज़ी  नाम से जाना जाता है. इस प्रजाति का गुण धर्म है इन सितारों का हर जगह पीछा करना और इनके बारे में वो सारी जानकारियां अपने पाठकों को सुलभ करना, जिनमें से बहुत सारी को ये खुद सार्वजनिक न करना चाहते हों. इस तरह पापराज़ी नामक यह प्रजाति व्यक्ति की निजता का अतिक्रमण करते हुए अपना काम करने का प्रयास करती है. वैसे तो यहीं यह बात भी कह दी जानी चाहिए कि बहुत सारे मामलों में चकाचौंध की दुनिया के ये सितारे खुद पत्रकारों को बुलाकर उनके कान में अपनी या अपने सहगामियों अथवा प्रतिपक्षियों की ज़िन्दगी की न कही जा सकने वाली बातें उण्डेलते हैं, लेकिन बहुत बार यह भी होता है कि सितारे जो बातें नहीं ज़ाहिर करना चाहते हैं उन्हें भी ये सार्वजनिक कर डालते हैं. कभी-कभार ऐसा भी होता है कि महज़ अनुमान के आधार पर ये लोग ऐसा कुछ लिख और प्रकाशित कर देते हैं जो मिथ्या होता है, और यदा-कदा यह भी होता है कि ये लोग जो लिखते हैं वो होता तो सही है लेकिन सितारे अपने हितों की रक्षा करते हुए उसका खण्डन कर डालते हैं. जब तक सही बात सामने आती है, जिसका जो फायदा नुकसान होना होता है, हो चुका होता है. 

पिछले कुछ समय से इस आशय की ख़बरें और अफ़वाहें चलन में थीं कि यह 47 वर्षीया अभिनेत्री, निर्माता और निर्देशक गर्भवती हैं. वैसे तो छोटे और बड़े पर्दे की तारिकाओं को लेकर इस तरह की झूठी-सच्ची खबरों का फैलना कोई नई और चौंकाने वाली बात नहीं है. हमारे अपने देश में आए दिन किसी न किसी तारिका  को लेकर  इस तरह की ‘खबरें’ आम होती ही रहती हैं. एक दिन ख़बर आती है, दूसरे दिन उसका खण्डन आ जाता है और फिर कभी-कभार  यह भी होता है कि कुछ दिनों बाद हमें जानने को मिलता है कि जिस खबर का खण्डन किया गया था, असल में वह सच थी. जेनिफ़र एनिस्टन के गर्भवती होने वाली  इस  ख़बर का महत्व इस बात में नहीं है कि यह सच है या झूठ. यहां महत्व की बात  यह है कि जेनिफ़र एनिस्टन ने अपने एक सुलिखित और विचारोत्तेजक लेख में पापाराज़ी के इस काम और सार्वजनिक  जीवन में काम  करने  वाली स्त्रियों के अस्तित्व को लेकर  कुछ गम्भीर सवाल  उठाये हैं. हफ़िंगटन पोस्ट में ‘फॉर द रिकॉर्ड’ शीर्षक से प्रकाशित इस लेख में जेनिफ़र ने कहा है कि आम  तौर पर वे अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं करती हैं. लेकिन अब वे पत्रकारिता के नाम पर आए दिन की जा रही स्त्री देह की इस क्रूर पड़ताल से आजिज़ आकर यह प्रतिक्रिया दे रही हैं. उन्होंने कहा कि अब तक तो मैं मानती रही थी कि ये टैब्लॉइड कॉमिक बुक्स की तरह होते हैं, जिन्हें गम्भीरता से नहीं लिया जाना चाहिए, लेकिन अब मैं खुद को नहीं रोक पा रही हूं. इसलिए नहीं रोक पा रही हूं कि पत्रकारिता  के नाम दशकों से चल रहे स्त्री को एक वस्तु के रूप में सीमित कर डालने के इस क्रूर खेल का खुद मैंने अनुभव  किया है  और यह बहुत तेज़ सड़ांध मार रहा है. इससे यह भी  पता चलता है कि औरत के महत्व को हम कितना छोटा करके आंकते हैं.

अपने इस लेख में जेनिफ़र ने एक  बहुत महत्वपूर्ण बात यह कही है कि मेरी प्रजनन क्षमता में मीडिया की दिलचस्पी उस बड़ी यंत्रणा की तरफ इंगित करती है जो समाज में संतान रहित स्त्रियों को झेलनी पड़ती है. अपनी बात  को और साफ़ करते हुए उन्होंने लिखा है कि मीडिया अपनी जितनी ताकत यह बात उजागर करने पर खर्च कर रहा है कि मैं प्रैग्नेंट हूं या नहीं वह इस सोच की परिणति है कि कोई भी स्त्री, अगर वह विवाहिता है लेकिन उसके बच्चे  नहीं हैं तो फिर वह नाकामयाब, नाखुश और अधूरी है. एनिस्टन ने बलपूर्वक कहा है कि अपनी पूर्णता के लिए हमारा शादी शुदा या मां होना क़तई ज़रूरी नहीं है. यह तै करने का अधिकार पूरी तरह हमारा है कि हम किसमें और किस तरह खुश हैं.

एनिस्टन के इस लेख का जहां अधिकांश  सितारों ने समर्थन  किया है, पापाराज़ी की दुनिया के कुछ सक्रिय सदस्यों ने इससे अपनी असहमति भी व्यक्त की है. लेकिन इससे शायद ही कोई असहमत हो कि अपने इस लेख के माध्यम से एनिस्टन ने हमारे समय के कुछ बेहद ज़रूरी सवाल उठाए हैं. 

•••

जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 26 जुलाई, 2016 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.