Showing posts with label संयुक्त राष्ट्र संघ. Show all posts
Showing posts with label संयुक्त राष्ट्र संघ. Show all posts

Tuesday, February 19, 2019

जनसंख्या की कमी से जूझते एक देश की दास्तान


मध्य यूरोप का एक छोटा-सा देश हंगरी इन दिनों एक अजीबो-गरीब संकट से जूझ रहा है. जब मैं अजीबो-गरीब संकट की बात कर रहा हूं तो मेरे मन में अपने देश के हालात भी साथ-साथ चहलकदमी कर रहे हैं. ऑस्ट्रिया, स्लोवेनिया, क्रोएशिया, रोमानिया, सर्बिया और स्लोवाकिया जैसे देशों से चारों तरफ घिरा हुआ यह देश अपने सुदीर्घ इतिहास, उच्च आय वाली मौज़ूदा अर्थ व्यवस्था और बेहद मज़बूत पर्यटन उद्योग के लिए जाना जाता है. हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट की गणना यूरोप के सबसे खूबसूरत शहरों में होती है  और हर बरस कोई 44 लाख लोग यह शहर घूमने आते हैं. इस वजह से इसे यूरोप के छठे सर्वाधिक लोकप्रिय शहर का दर्ज़ा हासिल है.  देश के लोग खूब सुखी हैं. यहां की उन्नत व्यवस्थाओं की वजह से लोगों को बहुत आसानी से स्वच्छ पेयजल सुलभ है और वर्ल्ड हैप्पीनेस  रिपोर्ट में इस देश को 69 वां स्थान प्राप्त है.

आप भी सोच रहे होंगे कि जब सब कुछ इतना अच्छा है तो फिर संकट क्या है? संकट है जनसंख्या का. और इसीलिए मुझे अपना भारत याद आ रहा है. हंगरी का संकट हमसे एकदम उलट है. सन सत्तर से ही यहां की जनसंख्या लगातार घटती जा रही है. कभी इस देश की जनसंख्या एक करोड़ दस लाख थी, वह अब घटकर अट्ठानवे लाख चार हज़ार रह गई है. और यह बात हंगरी की सरकार को बेहद परेशान किए हुए है. प्रधानमंत्री विक्टर ओरबान ने तो यहां तक कह दिया है कि अगले पांच बरसों तक उनकी सरकार का सर्वाधिक महत्वपूर्ण लक्ष्य ही इस जनसंख्या की गिरावट को रोकने का रहेगा. असल में हंगरी की सरकार की चिंता केवल घटती जनसंख्या को लेकर ही नहीं है. समस्या यह भी है कि वहां युवाओं की तुलना में वृद्धों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है. हंगरी में आयु सम्भाव्यता खासी ऊंची यानि 76.1 वर्ष है. विशेषज्ञों का अनुमान है कि बहुत जल्दी यह बढ़कर 86.7 वर्ष तक जा पहुंचेगी. इसकी वजह से सन 1990 में जहां इस देश में प्रति एक हज़ार  शिशु (0-14 वर्ष) चौंसठ साल की उम्र वाले पैंसठ लोग हुआ करते थे, अब उनकी संख्या बढ़कर एक सौ अट्ठाइस तक जा पहुंची है. इसके विपरीत हाल के बरसों में चौदह वर्ष तक के बच्चों की संख्या में बहुत ज़्यादा कमी आई है. ज़ाहिर है इन बदलावों का असर यहां की उत्पादकता पर पड़ रहा है. मेहनत करने वाले युवा घटते जा रहे हैं और बहुत कम काम कर सकने वाले वृद्ध बढ़ते जा रहे हैं.

हाल में संयुक्त राष्ट्र संघ ने विश्व जनसंख्या सम्भावनाओं के संशोधित अनुमान की जो रिपोर्ट प्रकाशित की है उसमें भी इन बदलावों पर चिंता ज़ाहिर करते हुए यह भयावह आशंका व्यक्त की गई है कि अगर कोई बड़ा चमत्कार न हुआ तो इस शताब्दी के आखिर तक केंद्रीय और  मध्य यूरोप की पूरी जनसंख्या ही विलुप्त हो जाएगी. इसी रिपोर्ट में यह डर भी व्यक्त किया गया है कि सन 2100 तक हंगरी की जनसंख्या घटकर मात्र साठ लाख रह जाएगी. और ऐसा तब होगा जब इस शताब्दी के अंत तक धरती की जनसंख्या  बढ़कर 11.2 बिलियन हो जाएगी. इस रिपोर्ट का यह आकलन हमारे लिए विशेष रूप से ध्यान देने योग्य है कि सन 2017 से 2050 तक दुनिया की जनसंख्या की कुल वृद्धि सिर्फ नौ देशों में सिमट कर रह जाएगी. ये नौ देश हैं: भारत, नाइजीरिया, कॉंगो गणराज्य, पाकिस्तान, इथोपिया, तंजानिया गणतंत्र, अमरीका, युगाण्डा और इण्डोनेशिया.

हंगरी की जनसंख्या समस्या का एक आयाम यह भी है कि वहां की सरकार इस बात को अधिक पसंद नहीं करती है कि अन्य देशों के लोग वहां आकर बसें. इसलिए फिलहाल तो हंगरी के वैज्ञानिक  जहां इस जुगत में हैं कि कैसे बढ़ी उम्र में भी लोगों की कार्यक्षमता को बनाए रखा जाए, वहां की सरकार अपने विभिन्न प्रयासों के माध्यम से लोगों को अधिक संतानोत्पत्ति के लिए प्रेरित करने में जुटी हुई है. इस बात पर विमर्श ज़ारी है कि क्यों नहीं तीन से अधिक संतानों को जन्म देने वाली माताओं को आजन्म आयकर से मुक्ति प्रदान कर दी जाए. इस बात पर भी विचार चल रहा है कि माताओं को तो मातृत्व अवकाश मिलता ही है, अब  पिताओं को भी पैतृक अवकाश दिया जाने लगे. हंगरी में एक व्यवस्था यह भी है कि सरकार  नियमित रूप से जनता से विचार  विमर्श कर भावी नीतियां तै करती है. इस विमर्श में भी जनसंख्या की कमी से निबटने के विभिन्न उपायों पर चर्चाएं होती रहती हैं और उम्मीद की जा रही है कि अगले विमर्श से जो सुझाव आएंगे वे देश की जनसंख्या विषयक नीतियां निर्धारित करने में प्रयुक्त किए जाएंगे. हो सकता है हंगरी और भारत की स्थितियों की तुलना करते हुए आपको भी निदा फाज़ली साहब का यह शे’र याद आ जाए: 
कभी किसी को मुकम्मल जहाँ नहीं मिलता
कहीं ज़मीं तो कहीं आसमाँ नहीं मिलता.

●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 19 फरवरी, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.

Tuesday, September 4, 2018

फ़िनलैण्ड में हैं दुनिया के सबसे ज़्यादा खुशहाल लोग!


संयुक्त राष्ट्र संघ का सस्टेनेबल डेवलपमेण्ट सोल्यूशंस नेटवर्क पिछले कुछ बरसों से हर साल विश्व खुशहाली रिपोर्ट ज़ारी करता है. इस बरस की रिपोर्ट में कई चमत्कारी उठाव-गिराव हुए हैं, मसलन अमरीका अपनी फिसलन बरक़रार रखते हुए पांच सीढ़ियां और नीचे उतरकर अठारहवें स्थान पर जा टिका है और फ़िनलैण्ड पांच सीढ़ियां  छलांग कर पहली पायदान पर जा पहुंचा है. बहुत स्वाभाविक है कि हम यह जानना चाहें कि हम और हमारे पड़ोसी देश इस सूची में कहां हैं. तो जान लीजिए कि 156 देशों की सूची में भारत 133 वें स्थान पर है. हमारे पड़ोसी देश श्रीलंका 116, बांग्ला देश 115, भूटान 97 और पाकिस्तान 75 वें स्थान पर हैं.

कनाडा की ब्रिटिश कोलम्बिया यूनिवर्सिटी  के प्रोफ़ेसर और इस विश्व खुशहाली रिपोर्ट के सह-सम्पादक जॉन हैलीवेल का कहना है कि खुशहाली की इस रिपोर्ट के माध्यम से पूरी दुनिया में रहन-सहन के स्तर को नापा जाता है. उनका कहना है कि जीवन स्तर को बेहतर बनाने में किसी देश की जीडीपी और प्रति व्यक्ति आय के साथ-साथ वहां के निवासियों की सेहत और लम्बी उम्र का भी महत्व होता है. लेकिन इनके साथ-साथ लोगों का एक दूसरे से जुड़ाव, आपसी सहायता करने और सहारा देने का भाव और अपने फ़ैसले खुद करने की आज़ादी का होना भी बहुत अहमियत रखता है. कहना अनावश्यक है कि फ़िनलैण्ड के लोगों में ये बातें सबसे ज़्यादा पाई गईं. यहीं एक मज़ेदार बात भी याद कर लें कि रीडर्स डाइजेस्ट वालों ने एक टेस्ट किया और पाया कि सबसे ज़्यादा बटुए हेलसिंकी में ही उनके मालिकों को लौटाए गए. वैसे पूरे ही फ़िनलैण्ड के बारे में यह बात सर्व विदित है कि वहां अगर कोई पैसों से भरा बटुआ कहीं भूल जाए तो उसे कोई हाथ भी नहीं लगाता है और एक-दो दिन बाद भी वो बटुआ वहीं पड़ा मिल जाता है. इसी प्रसंग से यह बात भी याद आती है कि मिन्ना तरवामाकी नामक एक बैले नर्तकी किसी पार्क में गई, कुछ समय वहां रुकी और फिर उठ कर चली गई. रास्ते में उसे याद आया कि वो अपना पर्स तो पार्क की बेंच पर ही भूल आई है. लेकिन इस बात से वो तनिक भी विचलित या परेशान नहीं हुई, क्योंकि उसे इस बात  का पक्का भरोसा था कि बटुआ वहीं पड़ा रहेगा, कोई उसे छुएगा भी नहीं.  यहीं आपको यह बात भी बताता चलूं कि सकारात्मक बातों को बढ़ावा देने वाली एक कम्पनी पॉज़िटिवॉरिट ओए ने पिछले बरस इसी बैले नर्तकी मिन्ना तरवामाकी को फ़िनलैण्ड की सबसे खुशहाल हस्ती के रूप में नामांकित किया था.

लेकिन बहुत मज़े की बात यह है कि जिस फ़िनलैण्ड को इस विश्व खुशहाली रिपोर्ट में पहले स्थान पर देखकर हमें रश्क़  हो रहा है, खुद उसी देश के नागरिक इस रिपोर्ट से सहमत नहीं हैं! और इन असहमतों में यह मिन्ना तरवामाकी भी शामिल है. इन असहमतों का कहना है कि यह रिपोर्ट  फ़िनलैण्ड के लोगों की असली खुशी को अभिव्यक्त नहीं कर पा रही है. हैप्पीनेस रिसर्च इंस्टीट्यूट के सीईओ माइक वाइकिंग का कहना है कि फ़िनलैण्ड के लोगों को इस सर्वे रिपोर्ट पर हैरानी शायद इसलिए भी हुई क्योंकि वे समझ नहीं पाए कि सर्वे के माध्यम से किस चीज़ को नापा जा रहा है. इनका यह भी कहना है कि फ़िनलैण्ड के लोग  भावनात्मक रूप से अंतर्मुखी होते हैं. वे कभी भी खुलकर अपनी खुशी या नाराज़गी प्रकट नहीं करते हैं. फ़िनलैण्ड के लोग अपनी भावनाओं को दबाए रखना अच्छी तरह से जानते हैं. इसे वे सिसू कहते हैं, जिसका अर्थ होता है ताकत, वैराग्य और लचीलापन. ये लोग भावनाओं को दबाए रखने में ही अपनी ताकत की कामयाबी मानते हैं.

एक और बात जो ध्यान देने योग्य है वह यह है कि फ़िनलैण्ड की सरकार बहुत संवेदनशील और अपने नागरिकों के प्रति स्नेहिल है. यहां मानवाधिकारों का बहुत ध्यान रखा जाता है और लैंगिक समानता, रोज़गार  और पर्यावरण सम्बंधी फैसले करते वक़्त बहुत छोटी-छोटी बातों पर भी ध्यान दिया जाता है. बहुत स्वाभाविक है कि जनता के प्रति सरकार की यह सजग संवेदनशीलता खुशियों में वृद्धि करती है. फ़िनलैण्ड की गिनती दुनिया के सबसे कम भ्रष्ट और सामाजिक रूप से सर्वाधिक प्रगतिशील देशों में होती है. यहां की पुलिस को बेहद विश्वसनीय और बैंकों को सबसे ज़्यादा भरोसेमंद माना जाता है. एक अचरज भरी बात यह है कि इन नॉर्डिक देशों में नागरिक सारी दुनिया में सबसे ज़्यादा कर चुकाते हैं लेकिन उन्हें इसकी कोई शिकायत नहीं है. वे मानते हैं कि उच्च गुणवत्ता वाले जीवन के लिए यह ज़रूरी है. उन्हें निशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं और विश्वविद्यालय स्तर की शिक्षा सुलभ है. इन्हीं सब वजहों से यह स्थिति बनी है कि  जितने खुशहाल फ़िनलैण्ड के मूल निवासी हैं उतने ही खुशहाल वे लोग भी हैं जो बाहर से आकर यहां बसे हैं!
●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक स्तम्भ कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, दिनांक 04 सितम्बर, 2018  को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.