Showing posts with label उदयपुर. Show all posts
Showing posts with label उदयपुर. Show all posts

Wednesday, August 12, 2026

आप शहर को छोड़ दें, शहर आपको नहीं छोड़ता है!

 इस बार एक लंबे अंतराल के बाद उदयपुर जाना हुआ.


उदयपुर—जहाँ मेरा जन्म हुआ, जहाँ मेरी पूरी पढ़ाई हुई, जहाँ मेरे जीवन के, -बचपन और किशोरावस्था के- इतने वर्ष बीते कि वह शहर कभी मेरे लिए केवल एक शहर रहा ही नहीं.  लेकिन फिर धीरे-धीरे वह शहर मेरे हाथों से फिसलता गया.  या शायद सच यह है कि मैं ही उससे दूर होता गया.  होते-होते एक दिन ऐसा आया कि मैंने पूरी तरह उस शहर को अलविदा कह दिया.

नौकरी के सिलसिले में पूरे पैंतीस वर्ष उदयपुर से बाहर रहा, लेकिन अपना मकान  वहाँ था, इसलिए शहर से एक रिश्ता बना रहा.  फिर वह मकान भी बेच दिया.  जो थोड़ा-बहुत सामान बचा था, उसे भी वहाँ से लेकर नए खरीददार को वह मकान  सौंप आया.  लगा कि अब शायद उदयपुर से मेरा रिश्ता पूरी तरह समाप्त हो गया.

लेकिन क्या अपने जन्म देने वाले शहर से कोई रिश्ता सचमुच समाप्त हो सकता है?

मेरा तो नहीं हुआ.

रह-रहकर वह शहर याद आता है.  और उसके साथ याद आता है वह मकान, जो कभी मेरा घर था, और जो अब लगभग पूरी तरह बदल चुका है.


उस मकान के नए मालिक सुरेंद्र वैष्णव से यदा-कदा व्हाट्सएप या फोन पर बात हो जाती है.  पिछले दिनों उन्होंने उस भवन के नवीनीकरण के बाद की कुछ तस्वीरें भेजीं.  तस्वीरें देखते ही मन एक बार फिर उस मकान को अपनी आँखों से देखने के लिए व्याकुल हो उठा.  पता नहीं कब मैंने पत्नी या बेटी से इसका ज़िक्र कर दिया.  उसी का जो परिणाम हुआ, उसकी कहानी यहाँ लिख रहा हूँ.


इस बार उदयपुर जाना एक पारिवारिक विवाह के कारण हुआ.  मेरे भतीजे की बेटी का विवाह था. इन लोगों से हमारी आत्मीयता इतनी सघन है कि बेंगलुरु से बेटी ने भी अपनी व्यस्तता को किनारे रखकर उसमें आने का फैसला किया.  बेटा क्योंकि विदेश में है, उसके लिए चाह कर भी आना संभव नहीं हुआ. आने से पहले बेटी ने  हम दोनों से बात की और कहा कि विवाह के बाद एक दिन और उदयपुर में रहेंगे.  हमें भी यह प्रस्ताव अच्छा लगा.  परिवार के विवाह में तो स्वाभाविक ही बहुत व्यस्तता रहती है; उसके बाद का समय पूरी तरह हमारा अपना होगा.


बेटी ने मुझसे दो-तीन बार पूछा—विवाह के बाद हम कहाँ ठहरेंगे?

वह मुझसे किसी अच्छे होटल का सुझाव चाह रही थी.  मैंने जो सुझाव दिए, उसे पसंद नहीं आए.  मेरा कहना था कि या तो उसी रिसॉर्ट में जहां विवाह हो रहा है, एक दिन और रुक जाएंगे, या फिर उदयपुर पहुँचकर कोई उपयुक्त होटल देख लेंगे.  आखिर उदयपुर हमारे लिए कोई नया शहर तो है नहीं!

मेरा ध्यान इस बात की तरफ गया ही नहीं कि बेटी के मन में कुछ और चल रहा है.

विवाह के दौरान उसने अचानक बताया—“पापा, मैंने होटल शिव निवास पैलेस में कमरा बुक कर लिया है.”


मैंने इसका नाम तो सुना था, और मेरा अनुमान था कि यह बहुत महँगा होटल होगा.

वह मेरे अनुमान से भी कहीं अधिक महँगा निकला.

होटलों की मेरी सूची में तो वह था ही नहीं.  लेकिन बेटी ने बुक कर लिया था तो अब क्या कहा जा सकता था!


विवाह सानंद सम्पन्न हुआ.  सच कहूँ तो अपनी अब तक की जिंदगी में इतना शानदार और सुरुचिपूर्वक नियोजित विवाह मैंने नहीं देखा.  अच्छा लगा कि हमारे परिवार ने ऐसा आयोजन किया. हम सारे ही लोग निम्न मध्यमवर्ग की पैदाइश हैं. इसलिए यह सब और अधिक आनंदित करता है.


अगली सुबह बेटी ने टैक्सी बुलाई.  हम शहर से बाहर स्थित उस रिसॉर्ट से शिव निवास पैलेस की ओर चल पड़े.

जैसे ही टैक्सी उदयपुर के भीतरी हिस्से में पहुँची, मेरे मानस-पटल पर बचपन और किशोरावस्था की स्मृतियाँ एक-एक करके झिलमिलाने लगीं.  उससे पहले अशोक नगर से गुजरते हुए बाईं ओर अपना कॉलेज—तब का एम.बी. कॉलेज— दिखा तो अचानक वह समय सामने आ गया जब मैं यहाँ विद्यार्थी था.  1967 के बाद इस परिसर में शायद एक-दो बार ही आया हूँ.


सूरजपोल से गुजरे तो बहुत-सी यादें ताजा हो गईं.  प्रयाग दास जी का स्थल नज़र आया तो महंत मुरली मनोहर शरण जी का स्नेह भी याद आया. बालकवि बैरागी के कारण उनसे परिचय हुआ था और फिर उनका अकुंठ स्नेह मुझे भी मिला. अमल का कांटा पार करते हुए जब एक जगह कालाजी गोराजी लिखा हुआ नज़र आया तो एकदम से यह बात याद आई कि यहीं तो मेरा जन्म हुआ था. मां जो बताया करती थीं, उसे याद किया तो अनुमान हुआ कि वह शायद कोई मिशनरी अस्पताल रहा होगा. वे किसी मिस साहब की खूब चर्चा किया करती थीं, जो कदाचित वहाँ की अंग्रेज़ नर्स रही होंगी. उससे थोड़ा आगे बढ़े तो शीतला माता का मंदिर आया और फिर गाड़ी चढ़ाई चढ़ने लगी. मैं पत्नी को बताने लगा कि हमारे समय में उदयपुर में कोई भी विवाह समारोह शीतला माता की पूजा के बिना शुरू नहीं होता था. ऐसी बहुत सारी यादें ताज़ा होती गईं.

शहर बदल गया था, लेकिन मेरे भीतर का उदयपुर अभी भी वैसा का वैसा था.

शिव निवास पैलेस उदयपुर के राजमहल का ही एक अंग है.  उदयपुर के दूरदर्शी महाराणा भगवत सिंह ने जगमंदिर को होटल (लेक पैलेस) में बदलकर जिस परंपरा की शुरुआत की थी, बाद में अनेक राजाओं-महाराजाओं ने उसका अनुकरण किया.  महाराणा भगवत सिंह वर्तमान महाराजा श्रीजी लक्ष्यराज सिंह के दादा थे.

मेरे पिता जी बताया करते थे कि उनका महाराणा भूपाल सिंह जी (जो भगवत सिंह जी के पिता थे) के यहाँ खूब आना-जाना था और उन्होंने भगवत सिंह जी को अपनी गोद में खिलाया था.  उन्हीं भगवत सिंह के पुत्र अरविंद सिंह उदयपुर के उसी एम.बी. कॉलेज में मेरे सहपाठी थे.


शिव निवास पैलेस सचमुच पैलेस है.  हमारा सुइट पिछोला झील के ठीक सामने था.  खिड़की से होटल लेक पैलेस दिखाई दे रहा था और उसके पीछे बादलों में से सज्जनगढ़ झाँक रहा था.  कमरे में थोड़ा व्यवस्थित होने के बाद बेटी ने कहा—“चलें, शहर घूम आते हैं.”

होटल की गोल्फ कार्ट से हम त्रिपोलिया तक आए और वहाँ से एक ऑटो किया कि जहाँ-जहाँ हम चाहें, वह हमें ले जाए.

और तभी मेरी ट्यूबलाइट जली. मुझे बेटी का ‘षड्यंत्र’ समझ में आया! षडयंत्र शब्द नकारात्मक है, लेकिन मुझे कोई और अभिव्यक्ति सूझ नहीं रही है, इसलिए इसका उपयोग कर लिया है.

उसके मन में यह बात बैठी हुई थी कि पापा अपना पुराना घर और अपना पुराना शहर फिर से देखना चाहते हैं.  उसने बहुत सावधानी से पूरी योजना बनाई थी और मुझे तनिक भी संदेह नहीं होने दिया.

उसने बाकी सारे विकल्पों को दरकिनार करके उसी होटल को चुना जो मेरे पुराने घर के इलाके में था.  उसकी योजना थी कि पापा अपने पुराने घर के आसपास ही रहें और अपने अतीत की स्मृतियों को फिर से जी सकें.

मैं अनजान बना रहा और वह अपना काम करती रही.

ऑटो में बैठने से पहले हमने अपने पुराने घर के नए स्वामी सुरेंद्र वैष्णव को फोन करके अनुरोध किया कि वे वहाँ पहुँच जाएँ, ताकि हम घर को भीतर से एक बार फिर देख सकें.  वह भला आदमी अपने सारे काम छोड़कर दौड़ा चला आया.

राजमहल के द्वार से जगदीश मंदिर के सामने होते हुए जब हम जगदीश रोड पर स्थित अपने पुराने घर के सामने पहुँचे, सुरेंद्र हमारा इंतजार कर रहे थे.


बाजार की शक्ल-सूरत काफी बदल चुकी थी.  बहुत-से पुराने मकान गायब हो गए थे और उनकी जगह नए मकानों ने ले ली थी.  लेकिन सड़क वही थी, मोहल्ला वही था.  पता नहीं अब वहाँ किसी को यह बात मालूम भी है या नहीं कि मेरे जमाने में इस जगह को ‘सेठों की ओळ’ कहा जाता था. वजह यह कि उस मुहल्ले में बहुत सारे घर सेठ कंदोई लोगों के थे. सेठ कंदोई, आज की भाषा में पारंपरिक शेफ़! शादी ब्याह में खाना बनाने वाले.

वहीं मेरी वह दुकान थी, जहाँ बैठकर मैंने 1959 में अपने पिता के देहावसान के बाद जैसे-तैसे अपना घर चलाया था.  वहीं घड़ीसाजी की थी.  पहले उस दुकान पर एक लम्बा साइनबोर्ड हुआ करता था – भगतराम रामप्रताप. बाद में जब नया साइनबोर्ड बना तो उस पर लिखवाया गया था – बाबू रामप्रताप दुर्गाप्रसाद. भगतराम मेरे दादाजी का नाम था. तो इस दुकान को 1967 में मेरी नौकरी लगने के बाद स्थायी रूप से बंद कर दिया गया —और शायद उसी दिन अपनी माँ के मन में एक स्थायी नाराजगी का बीज भी मैंने बो दिया था.  


अब उस दुकान का रूप बहुत बदल चुका था.  वहाँ बुटीक जैसी एक दुकान थी और उसे एक छोटी-सी लड़की संभाल रही थी.  जाहिर है, उसने वह जगह किराए पर ले रखी थी.

दुकान के बाजू में ऊपर जाने के लिए सीढ़ियाँ हुआ करती थीं.  उन्हीं सीढ़ियों पर बैठकर मेरी माँ और बाद में मौसी अपनी बेनूर जिंदगी का बहुत-सा समय बिताती थीं.  वे सीढ़ियाँ ही उनका ‘रामझरोखा’ थीं, जहाँ बैठकर वे दुनिया का मुजरा लेती थीं.  मोहल्ले की बुजुर्ग होने के नाते मुजरा लेने का उनका हक भी था.

सीढ़ियाँ अब भी थीं, मगर उनका स्वरूप बदल चुका था.

सुरेंद्र के साथ चारु और मैं ऊपर गए.  पत्नी नीचे ही खड़ी रहीं. वे इसी घर में दुल्हन बनकर आई थीं और तब भी उन सीढ़ियों  से घबराती थीं, इस बार और ज़्यादा घबरा गईं.  मेरा मन उन कमरों को देखने का था जिनमें रहकर मैंने बी.ए. और एम.ए. की पढ़ाई की थी और जिनका विस्तृत वर्णन मैंने श्री सुरेश उनियाल द्वारा संपादित खूबसूरत पुस्तक ‘मेरा कमरा’ (काव्यांश प्रकाशन, ऋषिकेश) के दूसरे भाग में किया है.

मेरे उस मकान के खरीददार सुरेंद्र वैष्णव के परिवार में भी इन वर्षों में काफी उथल-पुथल हुई थी. कई सदस्य दिवंगत हो गए. अब वही इस भवन का मालिक है और उसने इसकी व्यावसायिक संभावनाओं का पूरा उपयोग किया है.  उसने बताया कि ऊपर की तीन मंजिलों पर उसने दो-दो कमरे बना दिए हैं, जिन्हें पर्यटकों को किराए पर दिया जा सकता है.  हर कमरे में जरूरी सुविधाएँ हैं.  एसी और टीवी भी हैं.

मैं कल्पना भी नहीं कर पा रहा था कि मेरे उस पुराने घर में यह सब संभव हो सकता है.

लेकिन सुरेंद्र ने कर दिखाया था.

हाँ, इसका एक परिणाम यह हुआ कि जिस कमरे में बैठकर मैंने पढ़ाई की थी, वह अब अस्तित्व में ही नहीं था.  वहाँ ऐसा कुछ भी नहीं था जो मुझे मेरे उस समय की याद दिला सके.

बस एक कल्पना थी—

कि मैं अपने ही पुराने घर में खड़ा हूँ. वहां खड़ा हूं जहां कभी टेबल लैम्प की रोशनी में रात-रात भर पढ़ा करता था.

चौथी मंजिल के बाद खुली छत थी.  पहले तो मैं तीसरी मंज़िल पर ही रुक गया, लेकिन फिर मन नहीं माना तो हाँफते-हाँफते वहाँ भी गया.  क्या पता फिर कभी आना हो या न हो!  ‘बाज़ार’ फ़िल्म का वो गाना जेहन में गूंजा – देख लो आज हमको जी भर के.


वहाँ से सामने अपना कंवरपदा स्कूल देखा.  घर के ठीक सामने के जैन मंदिर की छत देखी. और देखी वह बदली हुई सड़क भी, जिस पर कभी मेरा रोज का आना-जाना हुआ करता था.

सुरेंद्र ने घर का सामने वाला रूप लगभग जस का तस रखा है.  यह उसकी व्यावसायिक बुद्धि भी है.  उस मोहल्ले की पुरानी इमारतें अब भी पर्यटकों को आकर्षित करती हैं.


थोड़ी देर ऊपर खड़ा रहा.  अपने अतीत को जैसे साँसों में भरता रहा.  फिर आहिस्ता-आहिस्ता नीचे उतर आया.

मेरे घर से लगी हुई कपड़ों की एक दुकान थी. पता चला, उसके मालिक कैलाश जी अब नहीं रहे.  उसके आगे एक धोबी का घर था.  उस परिवार का लड़का कन्हैयालाल मेरा सहपाठी था और उसकी एक बहन मेरे साथ खेला करती थी.  उनके बारे में भी ऐसे ही समाचार मिले.

सामने के एक सेठ परिवार से हमारी बड़ी आत्मीयता थी. उनका नाम नंद लाल जी था और वे उदयपुर के उस ज़माने के नामी हलवाई थे. झकोरमा पूड़ी (जो अब लुप्त प्राय: है!) बनाने में उनको महारत हासिल थी और उनका कौशल हम प्राय: अपने घर से देखा करते थे. एक ख़ास तरह (जिसे काठा गेहूं कहा जाता था) के आटे से बहुत बड़े आकार की रोटी बेली जाती और फिर उसे आज की रूमाली रोटी की तरह हवा में उछाल-उछाल कर और फैलाया जाता. असल कमाल इसके बाद होता. तेज़ खौलते तेल (या घी) में उस रोटी को तलने के लिए फेंका जाता. क्या मज़ाल कि तेल/घी की एक बूंद भी उछल जाए! उसका स्वाद दैवीय होता था. नंद लाल जी का  बेटा अंबा लाल बाद में सरकारी नौकरी में लग गया. पता चला, वे लोग भी अब दूसरे लोक के वासी हो चुके हैं. अंबा लाल का बेटा ज़रूर मिला.

इतने लंबे अंतराल में यह तो होना ही था.

फिर भी यह ‘होना ही था’ को स्वीकार करना आसान नहीं होता.

मकान की दूसरी तरफ, मेरे घर से सटा हुआ एक टाइपिंग इंस्टीट्यूट था, जिसके मालिक एक मास्टर साहब थे.  पता चला, वे खासे वृद्ध हो गए हैं, लेकिन शाम को वहाँ आते हैं.  उनके बेटे को अपना परिचय दिया और कहा कि उन्हें मेरी याद दिलाए.

एक दुकान छोड़कर पालीवाल जी की कचौरी की दुकान थी.  उदयपुर की अनगिनत इंस्टाग्राम रीलों में अब उसका जिक्र अनिवार्यत: मिलता है.  लोकप्रिय तो वह मेरे जमाने में भी थी, लेकिन अब वह एक ‘क्रेज’ बन चुकी है.

मेरी तमन्ना थी कि इस दुकान की एक कचौरी जरूर खाऊँ.

उस समय गरम कचौरी नहीं निकल रही थी.  जैसी थी, वैसी ही खा ली.

पैसे देने लगा तो दुकान के युवा स्वामी ने लेने से मना कर दिया.

शायद वह मुझे जानता था.


पता नहीं उसने मुझे पहचाना था या केवल मेरे अतीत को.

मेरी आँखें नम हो गईं.

अपने घर को एक बार फिर देखकर और निदा फ़ाज़ली की उस ग़ज़ल को मन ही मन गुनगुनाते हुए, जिसे जगजीत सिंह ने बहुत खूबसूरती से गाया है, हम लोग हाथी पोल की ओर बढ़ गए.

उस ग़ज़ल का एक-एक शेर जैसे मेरी ही बात कह रहा था.

अपनी मर्ज़ी से कहाँ अपने सफ़र के हम हैं

रुख़ हवाओं का जिधर का है उधर के हम हैं

पहले हर चीज़ थी अपनी मगर अब लगता है

अपने ही घर में किसी दूसरे घर के हम हैं

वक़्त के साथ है मिट्टी का सफ़र सदियों से

किस को मालूम कहाँ के हैं किधर के हम हैं

चलते रहते हैं कि चलना है मुसाफ़िर का नसीब

सोचते रहते हैं किस राहगुज़र के हम हैं

हम वहाँ हैं जहाँ कुछ भी नहीं रस्ता न दयार

अपने ही खोए हुए शाम ओ सहर के हम हैं

 

उदयपुर में जन्मा, वहीं बड़ा हुआ, वहीं पढ़ा-लिखा और अब उसी उदयपुर में एक पर्यटक की तरह आना होता है!

यही तो जीवन है.

लेकिन इस कहानी में बेटी के उस ‘षड्यंत्र’ का एक सिरा अभी बाकी है.

यह बात लगभग एक दशक पुरानी है.  तब भी बेटी ने एक दिन कहा था—“पापा, क्यों न इस बार हम उदयपुर घूमने चलें?” बेटी हमें घुमाती रहती है. कभी यहां, कभी वहां. खूब ही घुमाया है उसने हमें.

हम दोनों ने हामी भर दी.

उसने बहुत सोच-समझकर फिर उसी इलाके में एक होटल चुना. शायद लेक पिछोला होटल.  मंशा वही थी—पापा को लगे कि वे अपने पुराने घर के आसपास ही रह रहे हैं.

तब हमने सिटी पैलेस देखा, जगदीश मंदिर गए, गणगौर घाट पहुँचे, पिछोला की सैर की, फतहसागर घूमे और जैसे एक बार फिर उदयपुर को जी भरकर जिया. एक पारंपरिक रेस्तरां में जाकर उदयपुर का पारंपरिक खाना भी खाया. झकोरमा पूड़ी भी.

तब भी हम अपने पुराने घर के सामने से गुजरे थे.  कुछ तस्वीरें भी ली थीं. घर के भीतर नहीं जा पाए थे.  उस समय घर का इस तरह नवीनीकरण नहीं हुआ था.

और क्या गजब का संयोग था कि जब हम घर के सामने से होते हुए घंटाघर की तरफ जा रहे थे, यही सुरेंद्र हमें यकायक सड़क पर मिल गए.  उन्होंने हमें पहचान लिया और लगभग जबरन घंटाघर के पास की बहुत विख्यात लाला हलवाई की दुकान पर ले जाकर गुलाब जामुन खिलाए.

उस दिन भी शायद उदयपुर ने हमें पहचान लिया था.

हमारी बेटी इस मामले में विलक्षण है.

उसे बस इतना पता चल जाए कि पापा की कोई इच्छा है.  फिर वह जैसे भी हो, उस इच्छा को पूरा किए बिना चैन नहीं लेती.  और पूरा भी ऐसे ढंग से करती है कि हमें भनक तक नहीं लगती.

वह कभी यह नहीं कहती—“आपने चाहा था, इसलिए मैंने ऐसा किया. ”

शायद यही उसके प्रेम का सबसे सुंदर ढंग है.

वह हमारी इच्छाओं को हमारे कहने से पहले सुन लेती है.

और फिर चुपचाप उन्हें पूरा कर देती है.

यही कौशल उसने अपने भाई के साथ मिलकर हमारी लंदन-पेरिस यात्रा को संभव बनाने में भी इस्तेमाल किया था.

उसकी चर्चा फिर कभी. भाई अर्थात हमारे बेटे विश्वास के प्यार जताने के तरीकों की बात भी कभी अलग से करूंगा. आज तो विचारों की रेल इस पटरी पर चल निकली, तो चलने दिया है.

फिलहाल इतना ही कि उदयपुर से लौटते हुए मुझे लगा—शहर भले ही हाथ से निकल जाए, मकान  भले ही किसी और का हो जाए, गलियाँ बदल जाएँ, परिचित चेहरे एक-एक करके स्मृति में बदल जाएँ, लेकिन आदमी अपने शहर से पूरी तरह कभी विदा नहीं होता.

वह शहर उसके भीतर कहीं रह जाता है.

और कभी-कभी कोई बेटी उस भीतर छिपे शहर का दरवाजा चुपचाप खोल देती है.

•••

Sunday, May 19, 2024

कितने कमरे!


 जब मुझसे यह आग्रह किया गया कि मैं अपने पढ़ने लिखने के कमरे में बारे में कुछ लिखूं तो मैं सोच में पड़ गया. लगभग 35 साल की सरकारी नौकरी में अनेक घर बदले और स्वाभाविक ही है कि घर बदलने के साथ पढ़ने-लिखने के कमरे भी बदले. बेशक अब लगभग दो दशक से अपने घर में हूं और मानता हूं कि स्थायी रूप से हूं, लेकिन इससे पहले तो थोड़े-थोड़े अंतराल पर कमरे बदलते ही रहे हैं, तो मुझे किस कमरे की बात करनी चाहिए, या क्या सारे कमरों की बातें करनी चाहिएं? लेकिन इन सब कमरों की बात करूं भी तो शुरुआत तो वहीं से करनी होगी, जहां से वाकई पढ़ने-लिखने की शुरुआत हुई! और रोचक बात यह कि जहां से यह शुरुआत हुई वहां कमरा जैसी कोई चीज़ थी ही नहीं.

 

मुझे बात  को थोड़ा और खोल कर कहना चाहिए. 


मेरा  जन्म और किशोरावस्था बल्कि युवावस्था के आरम्भ तक का सारा जीवन उदयपुर में बीता है. मेरा संबंध एक व्यापारी परिवार से था अत: घर में पढ़ने-लिखने का कोई माहौल नहीं था. शहर के बीचों बीच एक तिमंज़िला मकान में मैं अपने मां-बाप के साथ रहता था. मैं उनकी एकमात्र जीवित संतान था. मकान किराए  का था और मुझे अब भी यह बात स्मरण है कि उसका किराया ` 35/- माहवार था. जब मैं दसवीं कक्षा में पढ़ रहा था तब लम्बी बीमारी के बाद मेरे पिता का निधन हो गया. उसके बाद मां ने अपने कुछ ज़ेवर वगैरह बेच कर और कुछ कर्ज़ा लेकर उस घर को ग्यारह हज़ार रुपये में खरीदा - ताकि सर पर एक छत तो रहे. उस मकान की रजिस्ट्री मेरे नाम पर हुई और इस तरह अल्प वय में ही मैं उस मकान का विधिवत स्वामी बन गया. उस तिमंज़िला इमारत के भूतल पर हमारी दुकान थी, पहले तल पर दो कमरे और उनके सामने एक बरामदा था. इस तल  का कोई ख़ास उपयोग नहीं होता था. दूसरे तल पर फिर दो कमरे और एक बरामदा और आगे एक बालकनी थी. असल में यही हमारा लिविंग एरिया था. एक कमरा हमारा शयन कक्ष था, दूसरे कमरे में एक कोना मुझे मिला हुआ था जिसमें एक टेबल कुर्सी थी और दो आले जिनमें मेरी कुछ किताबें  रहती थीं. यह एक अंधेरा-सा कमरा था. कोई खिड़की या वेण्टीलेशन इसमें नहीं था. यहीं एक रेडियो भी हुआ करता था जिसे सुनते हुए मैं पढ़ाई जैसा कुछ करने की कोशिश  करता था. पुराने ज़माने का वाल्व वाला रेडियो था, जिसे मैं कभी बाहर बरामदे में रख कर सुनता, कभी छत पर ले जाता....इसी तल पर एक खुली-खुली सी बालकनी भी थी जिसमें खूब बड़े तीन झरोखे जैसे थे और जिनसे खूब प्रकाश मिलता था. वहां से नीचे  के बाज़ार की सारी हलचल नज़र आती थी.  इसी बालकनी का एक कोना लम्बे समय तक मेरा पढ़ाई का 'कमरा' रहा. यह चर्चा आगे चलकर करूंगा. मकान की तीसरी मंज़िल एक खुली छत थी और उसी छत पर एक टिन शेड वाला कमरा था जिसे मेरी  मां बतौर रसोई काम में लेती थी. वही हमारा डाइनिंग रूम भी था. तब खड़े होकर खाना बनाने का या डाइनिंग टेबल पर बैठकर खाने का चलन नहीं हुआ था. तब तक स्टोव भी अधिक चलन में नहीं आए थे,  कोयले या लकड़ी जलाकर खाना बनाया जाता था और रसोई में ज़मीन  पर बैठकर ही खा लिया जाता था.

 

तो स्कूली शिक्षा के दौरान यही अंधेरा-सा कमरा मेरा पढ़ाई का कमरा भी रहा. इस कमरे में बड़ा पुराना एक पलंग रखा रहता था, घर के बिस्तर भी इसी   कमरे में जमा कर रखे जाते थे और रात को सोते समय उन्हें बिछा लिया जाता था. पलंग पर कोई बिस्तर बिछा नहीं रहता था. असल में वह ज़माना आज से अलहदा था. तब बेडरूम जैसी कोई परिकल्पना चलन में नहीं थी, कम से कम हम जैसों के यहां तो नहीं थी. मैं पढ़ाई में बस सामान्य-सा ही था, इसलिए ऐसी कोई ख़ास बात याद नहीं आ रही जिसका ज़िक्र करूं. हां, एक बात ज़रूर बताने काबिल है. उन दिनों मुझे एक अजीब शौक लगा था. शौक यह था कि बड़े लोगों को खासकर राजनेताओं को उनके जन्म दिन, निर्वाचन, पद ग्रहण आदि के अवसर पर बधाई के पत्र लिखा करता था. मैं पत्र लिख कर डाक में डालता और  कुछ दिनों बाद मेरे घर के पते पर 'भारत सरकार की सेवार्थ'  वाला सर्विस स्टाम्प लगा लिफाफा आता, जिसमें वे बड़े लोग मेरे प्रति आभार व्यक्त करते. पत्र सामान्यत: टंकित होता लेकिन उस पर हस्ताक्षर वास्तविक होते. औरों की तो छोड़िये, प्रधानमंत्री के यहां से भी उनके हस्ताक्षर वाले पत्र आते. अलबत्ता राष्ट्रपति के यहां से जो पत्र आते उनमें उनके सचिव के हस्ताक्षर होते. उसी दौर में जब अमरीका में जॉन एफ कैनेडी राष्ट्रपति बने तो एक बधाई पत्र उन्हें भी भेज दिया  और उनके यहां से भी उनकी तस्वीर वाला धन्यवाद पत्र आया. कभी-कभार किसी फिल्मी कलाकार को भी ऐसा ही पत्र लिख देता और उनके यहां से उनके हस्ताक्षर वाले पत्र की बजाय उनका एक फोटो आता जिस पर उनके हस्ताक्षर होते. ऐसे कोई चार पांच सौ पत्रों का पुलिंदा मेरे पास था, जो बाद में कहीं इधर उधर हो गया. अब उनमें से एक भी पत्र मेरे पास नहीं है. लेकिन क्या तो वह ज़माना था जब नेतागण पत्रों के जवाब दिया करते थे, और क्या ज़माना था जब मुझ जैसा सामान्य स्कूली विद्यार्थी उन्हें पत्र लिखता था. क्या आज के विद्यार्थी भी ऐसा कोई शौक पालते हैं? 

 

जब मैं स्कूली शिक्षा पूरी करके  कॉलेज में आया तो कुछ ज़्यादा पढ़ाई की ज़रूरत होने लगी और वह अंधेरा-सा कमरा मुझे पढ़ाई के लिए अनुपयुक्त लगने लगा. तब मैंने उस बालकनी के एक कोने को अपना पढ़ाई का 'कमरा' बनाया. असल में वह कमरा था ही नहीं. लेकिन उस कोने में मैंने अपनी वही पुरानी टेबल कुर्सी लगा ली और वहीं बैठ कर बाज़ार की रौनक देखते हुए, बाज़ार की आवाज़ें सुनते हुए पढ़ाई करने लगा. वह सुरक्षा के ताम-झाम से बहुत पहले का समय था अत: अपनी उसी बालकनी से मैंने पण्डित जवाहर लाल नेहरू और श्रीमती इंदिरा गांधी को भी गुज़रते हुए देखा है. असल में मेरा वह घर राजमहल को जाने वाली सड़क पर स्थित था और जो भी बड़ा व्यक्ति उदयपुर में आता वह राजमहल भी ज़रूर जाता. इसलिए मुझे इन महान शख्सियतों  को अपनी बालकनी से देखने का सौभाग्य प्राप्त होता रहा.  बाद मैं जैसे-तैसे पैसों का जुगाड़ कर एक सस्ता-सा टेबल लैम्प भी खरीदकर भी मैंने उस टेबल पर रख लिया. इस बालकनी वाले तथाकथित कमरे में ही बैठकर मैंने अपनी बीए और एमए की पढ़ाई की. किताबें खरीदने की अपनी हैसियत थी नहीं, शहर की दो लाइब्रेरियों और अपने कॉलेज की लाइब्रेरी  और ख़ास तौर पर एमए की पढ़ाई के दिनों में अपने गुरुजन के घरों से जो किताबें लाता उन्हें कमरे में आलों में रखता और ज़रूरत के मुताबिक एक या दो किताबें टेबल पर रखकर उन्हें पढ़ता.  एमए की परीक्षा देने के बाद मैंने अपने एक ही गुरू जी को उनकी लगभग छह सात सौ किताबें लौटाई थीं. 

 

एमए पास करते ही 1967 में मुझे राजस्थान सरकार के कॉलेज शिक्षा विभाग में प्राध्यापक हिंदी की नौकरी मिल गई और मेरा गृह नगर मुझसे छूट  गया. लगभग 35 बरसों की नौकरी में मुझे कभी भी उदयपुर में पदस्थापित होने का अवसर नहीं मिला और संयोग कुछ ऐसा बना कि नौकरी से रिटायर होने के बाद भी मैं उदयपुर नहीं जाकर जयपुर में बस गया. तो उदयपुर का वह तथाकथित पढ़ाई का कमरा मुझसे छूट गया (बरसों बाद वह घर भी मैंने बेच दिया, और उसके कुछ बरस बाद उसके नए खरीददार ने उसे भूमिगत करवा कर नई तरह से बनवा लिया. और इस तरह मेरा वह कमरा सदा-सदा के लिए लुप्त हो गया! इति प्रथम कमरा कथा! 

 

नौकरी के शुरुआती बरसों में, जब तक मेरा विवाह नहीं हुआ, प्राय: एक कमरा लेकर रहा, अत: वही कमरा ड्राइंग रूम-बेडरूम स्टडी रूम सब कुछ रहा. भीनमाल और चित्तौड़गढ़ में कुल मिलाकर ऐसे तीन कमरे मेरा निवास स्थान बने. पहली बार अलग से पढ़ाई का कमरा मुझे मयस्सर हुआ चित्तौड़गढ़ में जहां मुझे एक बहुत बड़ा सरकारी बंगला अलॉट हुआ. वहां जगह खूब थी, सामान कम था. किताबें और भी कम. लेकिन नौकरी लग जाने से इतनी सुविधा हो गई थी कि हर माह एक दो किताबें खरीद लेता था. वहां किताबों कोई दुकान तो नहीं थी और न तब तक ई कॉमर्स  साइट्स चलन में आई थीं. मैंने वहां ज़्यादा किताबें रेल्वे स्टेशन के बुक स्टॉल से खरीदीं.  उन्हीं दिनो सीमोन द बुवा की ‘द सेकण्ड सेक्स’ भी खरीदी, जो अब तक मेरे पास है. तो ये किताबें मेरे कमरे की शोभा बढ़ातीं. और हां, जब मैंने एमए पास किया और उसमें मुझे स्वर्ण पदक मिला तो उस समय के प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई की एक नीति की वजह से हमें स्वर्ण पदक की बजाय (शायद) छह सौ रुपये की किताबें दी गई थीं और उन किताबों में से हरेक पर इस आशय की एक चिप्पी लगी हुई थी कि स्वर्ण पदक के बदले यह किताब अमुक को दी गई है. अच्छी बात यह थी कि किताबों की सूची हमसे मांगी गई थी और मुझे अपनी मनचाही किताबें मिली थीं. वे किताबें भी मेरे कमरे में रहती थीं, और मेरे खूब काम भी आती थीं. इस तरह किताबें ही मेरा स्वर्ण पदक बनीं, और उनमें से अधिकांश अब भी मेरे पास हैं.  उस ज़माने में अमरीकी दूतावास भी बहुत सारी किताबें निशुल्क भेजा करता था. मैं जब जयपुर आता तो पीपुल्स पब्लिशिंग हाउस से रूसी किताबें भी ज़रूर खरीद कर ले जाता. तब तक वैचारिक रूप से मैं बहुत सजग नहीं था. उन किताबों को खरीदने का एक बड़ा कारण उनका सस्ता और आकर्षक होना भी हुआ करता था. 

 

अपनी नौकरी के प्रारम्भ से ही मेरे पास  जेके का एक पोर्टेबल टाइपराइटर था और मैंने अपनी पूरी नौकरी के साढ़े तीन दशकों में उसका भरपूर इस्तेमाल किया है. अपने लेख समीक्षा आदि तो मैं स्वयं उस पर टाइप करता ही था, व्यक्तिगत पत्र, यहां तक की पोस्टकार्ड भी उसी पर टाइप करके भेजता. असल में मुझे लिखने में सुरुचि का जुनून-सा रहा है. अच्छी स्टेशनरी पर सुरुचिपूर्वक लिखना-टाइप करना मुझे बहुत प्रिय रहा है और इस बात को लेकर कई दोस्तों ने मेरी सराहना भी की है. जहां-जहां भी रहा, यह टाइपराइटर मेरा लेखन-सहयोगी रहा. मेरे पास अपने लिखने-पढ़ने का बहुत समृद्ध कमरा कभी भी नहीं रहा, लेकिन ज़रूरी सुविधाएं हमेशा मेरे पास रही. एक टेबल, एक ठीक-ठाक  कुर्सी, एक टेबल लैम्प, टाइपराइटर, स्टेशनरी का खूब सारा सामान, बढ़िया कागज़, अच्छा लैटरहेड, बढ़िया लिफ़ाफे, पर्याप्त डाक टिकिट ये सब मेरे पास खूब रहे. एक बार मेरे एक मित्र ने जो दूसरे शहर में रहते थे, टिप्पणी की थी कि आपके पत्रों को देखकर लगता है कि आपकी राइटिंग टेबल खूब सजी-धजी और भरपूर होगी. 

 

अपनी नौकरी के दौरान मैं क्रमश: भीनमाल, चित्तौड़गढ़, सिरोही, कोटपूतली, आबू रोड और जालोर में रहा. ये सभी राजस्थान के छोटे कस्बे  हैं. भले ही मेरे पास स्वतंत्र लिखने-पढ़ने का कमरा इनमें से किसी भी जगह नहीं रहा, इतना अभाव भी नहीं रहा कि लिखने-पढ़ने में कोई असुविधा हो. सबसे ज़्यादा समय, लगभग 25 बरस मैंने सिरोही में बिताया और वहां मेरे पास मात्र दो कमरों का एक छोटा-सा किराए का घर था. उसमें से एक कमरे में मैंने अपनी लिखने-पढ़ने की टेबल लगा रखी थी. यह टेबल एक बड़ी खिड़की से सटी हुई थी अत: वहां स्वाभाविक उजाला रहता था.  टेबल के पास बांस की बनी एक पुस्तक रैक थी और जब किताबें उस रैक में नहीं समातीं तो उसी कमरे में लगी  एक अलमारी में रख देता. मेरे सिरोही कॉलेज की लाइब्रेरी बहुत बढ़िया थी और वहां के ज़िला पुस्तकालय- सारणेश्वर लाइब्रेरी से भी मुझे खूब किताबें मिल जाती थीं, अत: वहां पढ़ने का खूब बढ़िया मौका मुझे मिला. इस कमरे की चर्चा का समापन करते हुए दो-तीन छोटी-छोटी बातें और. एक तो यह कि यह कमरा एक्सलूसिवली मेरे पढ़ने लिखने का कमरा नहीं था. जब बाहर  पढ़ने चले गए बच्चे घर आते तो यह उनका शयन  कक्ष बन जाता, जब कोई मेहमान आता तो यह कमरा उनके  सोने-बैठने के काम आने लगता, जब किसी को औपचारिक रूप से खाना खिलाना होता तो इसी कमरे को डाइनिंग रूम की हैसियत बख़्श दी जाती और सबसे बड़ी बात यह कि जब बाहर से कोई लेखक सिरोही आता तो उसके सम्मान में छोटी मोटी गोष्ठी भी इसी कमरे में कर दी जाती.  यह इस कमरे का सौभाग्य रहा कि कम से कम राजस्थान के तो लगभग सारे ही नामी लेखकों की चरण धूलि यहां पड़ी. स्वयं प्रकाश, जिनसे मेरी बहुत गहरी दोस्ती रही, ने न जाने कितनी बार इस कमरे में  अपनी रचनाएं मेरे दोस्तों को सुनाईं! 

 

सिरोही के बाद मैं जिन भी जगहों पर रहा, ज़्यादा समय के लिए नहीं रहा. एक अपवाद आबू रोड है जहां मैं करीब दो बरस रहा और संयोग से मुझे बहुत सुंदर घर भी वहां मिल गया. वहां मेरे पास पढ़ने-लिखने का कमरा तो रहा, लेकिन क्योंकि तब तक मैं प्राचार्य बन गया था, पढ़ने-लिखने का समय मुझे कम मिलने लगा, इसलिए कमरा तो रहा, उसका अधिक उपयोग नहीं हुआ. प्राचार्य के रूप में मुझे जालोर में और उससे पहले सिरोही में खूब अच्छे सरकारी बंगले मिले, लेकिन दोनों जगहों पर भी मैं  अधिक समय नहीं रह सका, इसलिए उन बंगलों के पढ़ने-लिखने के कमरों की कोई खास स्मृतियां नहीं हैं. 

 

अपनी नौकरी के आखिरी चरण में जब मैं जयपुर आया तो यहां मुझे सरकारी ट्रांज़िट हॉस्टल में रहना पड़ा. वह एक छोटा-सा, काम चलाऊ आवास था. मैं अपना सामान भी सिरोही से लेकर नहीं आया था और मेरी नौकरी बहुत व्यस्तता वाली थी अत: यहां पढ़ने-लिखने का कोई ख़ास अवसर मुझे नहीं मिला. इसके बावज़ूद मैंने पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह की एक किताब का अनुवाद इसी हॉस्टल में रहते हुए किया, और अब आश्चर्य होता है कि कैसे किया! सेवा निवृत्त होने के बाद हम इस हॉस्टल से सीधे अपने घर में आए और यहां मुझे बाकायदा एक पढ़ने का कमरा मयस्सर हुआ. घर हमारा ज़्यादा बड़ा नहीं है, लेकिन दो जन के लिए छोटा भी नहीं है.  एक कमरा बाकायदा मेरा अध्ययन कक्ष है जिसमें दो स्टील की अलमारियां किताबों से ठसाठस भरी हैं और बहुत सारी किताबें कमरे में इधर उधर रखी हैं. इसी कमरे से जुटा एक छोटा-सा स्टोर रूम है, उसमें भी मैं अपनी किताबें ठूंसता रहता हूं. जितनी  किताबें हैं उनकी तुलना में जगह कम है. किताबें हैं कि उनका कुनबा बढ़ता ही जाता है. दोस्तों से किताबें मिलती रहती हैं, समीक्षार्थ किताबें आती रहती हैं और हर बार यह संकल्प करने के बावज़ूद कि अब और किताबें नहीं खरीदूंगा हर माह चार पांच किताबें तो खरीद ही लेता हूं. ई कॉमर्स ने किताबें खरीदना बहुत आसान कर दिया है. उनके लिए जगह बनाने के लिए समय-समय पर किताबों की  छंटनी करके किसी  न किसी सार्वजनिक पुस्तकालय को भेंट करता रहता हूं. उम्र के इस मुकाम पर पहुंच कर बहुत ज़्यादा  किताबें इकट्ठी करने का भी मोह नहीं है. बल्कि कोशिश करता हूं कि उनकी छंटनी  होती रहे और केवल वे ही किताबें घर में रहें जिनका रहना बहुत ज़रूरी है. बहुत सारी किताबों को अलविदा इसलिए भी कह दिया है कि उनके ई संस्करण अब मेरे किण्डल पर मौज़ूद हैं. हज़ारों किताबों की पीडीएफ मेरे कम्प्यूटर में हैं. बल्कि उनके लिए एक अलग हार्ड डिस्क खरीद रखी है. एक अच्छी टेबल  और कुर्सी है, पुराने मैन्युअल टाइपराइटर को कभी का अलविदा कह चुका हूं. लिखने का सारा काम अपने कम्प्यूटर पर करता हूं. हालांकि चिट्ठियां अब बहुत कम लिखता हूं, स्टेशनरी का मेरा शौक बरकरार है. हां, इस टेबल पर मेरा साथ गूगल का एआई  आधारित उपकरण एको डॉट देता है जिस पर मैं पढ़ने लिखने के पूरे समय शास्त्रीय वाद्य संगीत चलाकर रखता हूं. असल में मुझे पढ़ते लिखते समय संगीत का साथ बहुत ज़रूरी लगता है. इसके बग़ैर मैं एकाग्र हो ही नहीं पाता हूं.

 

मेरा यही कमरा कोरोना काल में मेरे बहुत सारे सजीव प्रसारण आदि के लिए स्टूडियो भी बना और अब भी यू ट्यूब के अपने पाक्षिक कार्यक्रम ‘डियर साहित्यकार’ के लिए मैं यही से अपने अतिथि साहित्यकारों से संवाद करता हूं. अगर मन होता है तो इसी कमरे की अपनी पढ़ने-लिखने की टेबल पर मैं लैपटॉप पर कोई फ़िल्म वगैरह भी देख लेता हूं. मेरा लैपटॉप एक बड़े स्क्रीन से जुडा हुआ है अत: उस पर फिल्म देखना सुविधाजनक व सुखद रहता है.

 

तो यह था मेरा कमरा पुराण!

•••

 

 

Tuesday, November 7, 2023

यहां से पीछे की तरफ देखना.....

 जब मैं ये पंक्तियां लिख रहा हूं तो एक भारतीय औसतन जितनी ज़िंदगी जीता है उससे काफी ज़्यादा जी चुका  हूं. कितना रोचक और रोमांचक है 75 वीं सीढ़ी के पार पहुंचकर इस यात्रा के प्रारम्भ की कल्पना करना, उसके बारे में सोचना और अपनी स्मृति को खींच-खांचकर जहां तक वह पहुंच सकती  हो वहां तक ले जाना!  मुझे हरिवंश राय बच्चन का एक गीत बहुत पसंद है – “जीवन की आपाधापी में कब वक़्त मिला कुछ देर कहीं पर बैठ कभी यह सोच सकूं....” गीत पसंद क्यों है, नहीं बता सकता. मेरा अपना जीवन तो कोई ख़ास आपाधापी वाला नहीं रहा कि यह सोचने का वक़्त ही नहीं मिला हो कि “जो किया, कहा, माना उसमें क्या बुरा भला!” जब मेरे जैसी ज़िंदगी जीने वाले लोग अपने संघर्षों की बात करके सहानुभूति बटोरने का उपक्रम करते हैं  तो मुझे आश्चर्य भी होता है, हंसी भी आती है. सच तो यह है कि हम लोगों ने, मुझ जैसे लोगों ने कोई संघर्ष किया ही नहीं. जो कुछ हमारी ज़िंदगी में रहा, उसे संघर्ष कहना ‘संघर्ष’ का अपमान करना होगा. बेशक हम लोग मुंह में चांदी का चम्मच लेकर पैदा नहीं हुए, बेशक हमारी ज़िंदगी में इफ़रात नहीं थी लेकिन ऐसा भी नहीं था कि हमें पत्थर तोड़ने पड़े हों या दो-चार दिन भूखे रहना पड़ा हो. 

वैसे मुझे अपनी ही बात करनी चाहिए, अपने जैसों की नहीं. किन्हीं दो लोगों की ज़िंदगी यकसां नहीं होती है. इसलिए मुझे कोई हक़ नहीं कि मैं औरों की ज़िंदगी के बारे में यह कहूं कि उसमें संघर्ष था या नहीं था. मैं केवल और केवल अपनी बात कर रहा हूं. आज जब पीछे मुड़ कर देखता हूं और यह जानने की कोशिश करता हूं कि ज़्यादा से ज़्यादा कितना पीछे देख सकता हूं तो ख़ुद मुझे बहुत आश्चर्य होता है. इसलिए आश्चर्य होता है कि मेरे पास अपने बचपन की कोई स्मृति है ही नहीं. पीछे मुड़ कर देखने की कोशिश करता हूं तो कुछ भी नज़र नहीं आता है. क्या सभी के साथ ऐसा होता है? आप भी सोच कर देखें कि उम्र के छह सात दशक जी लेने के बाद आप कितना पीछे तक देख सकते हैं! जब मैं अपने अतीत को विश्लेषित करके इस बात के लिए कोई तर्क जुटाने का प्रयास करता हूं तो मुझे एक ही बात समझ में आती  है और वह यह कि मेरे बचपन की कोई स्मृति ऐसी नहीं है जो बहुत सुखद हो, या जो बहुत कड़वी और त्रासद हो. इसलिए मुझे कुछ भी याद नहीं है. 

मेरे पिता उस पीढ़ी और सोच के इंसान थे जिनका अपने बच्चों से कोई संवाद नहीं होता था. वे मात्र पिता होते थे, जिनसे डरा जा सकता है. मैं भी डरता था. पिता से ही नहीं, मां से भी. घर में और तो कोई था ही नहीं. माता और पिता की उम्र में बहुत अंतर, और मैं उनकी आखिरी संतान. वैसे भी वो ज़माना बच्चों और मां-बाप के बीच दोस्ती और संवाद  का नहीं था. पिता बीमार रहने लगे थे. शायद  दमा था उन्हें. घर की अर्थ व्यवस्था डगमगाने लगी थी. तब तक विशेषज्ञ डॉक्टरों की सेवा लेने का चलन शुरु नहीं हुआ था, या शायद हम उस वर्ग के नहीं थे जो ये सेवाएं लिया करते हैं. मुझे इतना ही याद है कि मेरे पिताजी का इलाज़ या तो हमारे उसी मोहल्ले के माजी की बावड़ी के सामने स्थित  गणपत लाल जी कम्पाउण्डर के दवाखाने से होता था या फिर थोड़ा आगे घण्टाघर के पास स्थित डॉ करतार सिंह के शफाखाने से. करतार सिंह सम्भवत: आरएमपी (RMP) थे. मुझे प्राय: इनके यहां दवा लेने भेजा जाता था. कभी कभार ज़रूरत पड़ने पर इनमें से किसी को घर भी बुलाया जाता था और तब मेरी ड्यूटी होती थी ‘डॉक्टर साहब’ के बैग को उठाकर लाने की. डॉक्टर साहब का बैग करीब-करीब वैसा होता था जैसा बाद में वैनिटी बॉक्स होने लगा. अब तो वह भी फैशन से बाहर हो चुका है. 

पिता जी के  मन में मुझे लेकर खूब सारे सपने थे. यह कि जब मैं बड़ा हो जाऊंगा तब हमारी दुकान का भी खूब विस्तार हो जाएगा और मैं उसे सम्हालूंगा. मज़े की बात यह कि उन सपनों में, जो मेरे आठ-दस बरस का होने तक देखे जाते थे, मेरी पत्नी भी होती थी, जो उस दुकान की व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निबाहती थी. इसके बाद तो पिताजी की बीमारी बढ़ती गई और सपने देखने की स्थितियां नहीं रहीं.  मुझे यह बात याद है कि हमारी दुकान पर ग्रामोफ़ोन रिकॉर्ड्स भी बेची जाती थी. वह 78 आरपीएम रिकॉर्ड्स का ज़माना था. ईपी, एलपी वगैरह तब तक चलन में नहीं आई थी. कैसेट्स का ज़माना तो तब सोच से भी बाहर था.  और मेरे माता-पिता बड़े गर्व से इस बात का ज़िक्र आने जाने वालों के सामने किया करते थे कि उनका बेटा, अर्थात मैं इतना प्रबुद्ध है कि  वह बिना पढ़ना आए भी महज़ लेबल देखकर मनचाही रिकॉर्ड खोज कर ला सकता है. पिताजी मुझे कभी-कभार रेल्वे स्टेशन पार्सल लेने भी भेजा करते थे. रेल्वे स्टेशन हमारे घर से कोई चारेक किलोमीटर दूर था और मैं किराये की साइकिल लेकर वहां जाता था. तब तक उदयपुर सिटी  रेल्वे स्टेशन नहीं बना था और उदयपुर में केवल एक रेल्वे स्टेशन था जिसे अब राणा प्रताप नगर नाम से जाना जाता है. 

बचपन में खेलने की,  कोई शरारत करने की, माता या पिता का लाड़ पाने की कोई स्मृति मेरे पास नहीं है. जहां तक मां-बाप द्वारा लाड़ किये जाने का सवाल है, लाड़ तो वे करते ही होंगे. कोई कारण नहीं है कि उन्हें मुझ पर ममत्व न हो, लेकिन जैसा मैंने कहा, वो ज़माना स्नेह के प्रदर्शन करने का नहीं था, और वे दोनों ही कठोर किस्म के व्यक्तित्व थे. इसलिए मुझे उन दोनों की कोमलता की कोई स्मृति नहीं है. पिता की जो अल्प स्मृतियां अब भी मुझे हैं उनमें एक तो यह है कि वे मुझे अपने साथ फोटो खिंचवाने ले गए हैं. पहले जहां पंचायती नोहरा था और बाद में जहां ओसवाल मार्केट बन गया उस जगह एक फोटोग्राफ़र उनका परिचित था, उसके पास वे मुझे ले गए थे.  उस ज़माने में बड़े कैमरे हुआ करते थे, जिसके पीछे एक बुरकानुमा लबादे में घुस कर फोटोग्राफ़र फोटो खींचता था. जिसका फोटो खींचा जा रहा है उसे और विशेष रूप से बच्चों को स्थिर रखने के लिए वो कहता था कि "देखो, अभी इस कैमरे में से चिड़िया निकलेगी".  तब का खिंचवाया हुआ फोटो अब भी मेरे  संग्रह में है. एक और स्मृति यह है कि वे मुझे बहुत महंगा कमीज़ का कपड़ा दिला कर लाये हैं. कपड़ा आज के क्रेप से मिलता-जुलता था. यह बात तो मुझे बहुत बार याद आती है कि जब भी मैं बीमार पड़ता मेरे पिता मुझसे पूछते कि मुझे क्या चाहिए, और मैं हर बार बिस्किट की  मांग करता. तब वे जेबी मंघाराम का असोर्टेड बिस्किट का डिब्बा मेरे लिए मंगवाते. 

यह याद नहीं पड़ता कि कभी भी पिता ने मुझे अपने पास बैठकर खाना खिलाया हो. एक थाली में खाना खिलाना तो बहुत दूर की बात है. तब हमारी रसोई तीसरी मंज़िल पर छत के एक सिरे पर थी. वहां मां लकड़ी वाले चूल्हे पर खाना बनाती थी और पिताजी वहीं रसोई में ज़मीन पर बैठकर खाना खाते थे. साथ खिलाने की बात मैंने इसलिए की कि बाद में जब मैं अपने अमरनाथ जी (बुआ के बेटे) भाई साहब के घर जाने लगा तो वे अनिवार्यत: मुझे अपने साथ बिठाकर एक ही थाली में खाना खिलाते. यह बात अलग है कि तब तक मैं अलग थाली लेकर खाना खाने का इतना अभ्यस्त हो चुका था कि उनका यह लाड़ मुझे अखरता था. लेकिन मैंने इस बात को कभी जताया नहीं. आज पहली बार यह बात अभिव्यक्त हो रही है. पिताजी के मन में शालीन वेशभूषा की अलग परिकल्पना थी जो उनके समय के अनुरूप थी, लेकिन मैं उससे भिन्न अपने समय वाले कपड़े पहनना चाहता था. ऐसा करने में मेरी मां मेरा सहारा बनतीं. वैसे तब तक हालत यह हो गई थी कि कपड़े ख़रीदने के अवसर कम ही आते थे. 

पिताजी की जो स्मृति मेरे जेह्न में अमिट है वह उनके आखिरी दिन की है. 15 दिसम्बर 1959 का दिन था वह. मेरी उम्र 14 बरस. लेकिन या तो उस ज़माने के बच्चे आज की तुलना में कम समझदार होते थे या औरों की तुलना में मैं कम समझदार था. इसलिए बहुत ज़्यादा जानकारियां मुझे नहीं है. सुबह से पिताजी की तबीयत कुछ ज़्यादा खराब थी. खराब तो लम्बे समय से थी ही. शायद मां को यह एहसास हो गया था कि अब दिया बुझने को है. पिताजी कमरे में लेटे हुए हैं, मां उनके पास है. वे एक सिगरेट मांगते हैं और मां मुझे नीचे हमारे घर के सामने गणेश लाल जिसे मुहल्ले की नाम बिगाड़ने की परम्परा के तहत गुण्या कहा जाता था,  की दुकान से सिगरेट लेने भेजती हैं. अपने पिता की सिगरेट पीते हुए कोई छवि मेरे मन पर अंकित नहीं है. सम्भव है कि वे नियमित स्मोकर न हो कर कभी कभार स्मोक कर लेते हों. लेकिन मेरे सामने उन्होंने कभी धूम्रपान नहीं किया. यह पहला और अंतिम मौका था. और रोचक बात यह कि उनके लिए सिगरेट  लेने जाने की बात तो मुझे याद है लेकिन यह बात स्मृति में नहीं है कि मैंने सिगरेट लाकर किसको दी? मां को या पिताजी को? फिर उन्होंने पी या नहीं. 

इसके बाद स्मृति एक छोटी-सी छलांग लगाती है. पिता आखिरी सांस ले चुके हैं. सुबह दस बजे के आस-पास का समय है. मां गज़ब का धैर्य दिखाती हैं. मुझे वे कहती हैं कि अभी रोना मत, वरना मोहल्ले वालों को पता लग जाएगा. और इसके बाद वे जिस धैर्य और हिम्मत से सब कुछ व्यवस्थित करने में जुटती है उसे याद कर आश्चर्य होता है. अनुमान  लगाता हूं कि तब मेरे पिता की उम्र 75 के आस पास और मां की उम्र चालीस के आस-पास रही होगी. सब कुछ ठीक कर वे मेरे भाई साहब अमरनाथ जी को ख़बर भिजवाती हैं, और वे तुरंत आकर सारी व्यवस्थाएं करने में जुट जाते हैं. अमरनाथ जी से मेरे माता-पिता के रिश्ते बहुत अजीब रहे. मेरे पिता ही उन्हें हिसार से उदयपुर लाए, उन्हें अपने पास रखा, घड़ीसाज़ी का काम सिखाया, उनकी शादी की. और उसके बाद जाने क्या हुआ कि बोलचाल का रिश्ता भी नहीं रहा. न कभी मेरे पिता ने और न ही कभी मां ने खुलकर इस पर प्रकाश डाला. मैंने पिता के निधन तक उनके और हमारे परिवार में कोई सम्वाद नहीं देखा. पिता के जाने के बाद भी मां के रिश्ते उनके साथ ऊबड़- खाबड़ ही रहे. और यह तब जबकि मेरी मां के मन में भाई साहब के प्रति और भाई साहब के मन में अपनी मामीजी अर्थात  मेरी मां के प्रति अगाध प्रेम था. इसे रिश्तों की द्वंद्वात्मकता कहा जा सकता है. यह बात बहुत मार्मिक है कि रिश्तों में पड़ी दरार के बावज़ूद भाई साहब ने मेरे पिता और बाद में मां के अंतिम संस्कार व सम्बद्ध  रस्मों के निर्वहन में सर्वाधिक सक्रिय भूमिका अदा की.  पिता और मां के न रहने के बाद मेरे तो उनसे और भाभी से रिश्ते बहुत ही जीवंत और सघन रहे. आज जब वे और भाभी दोनों इस दुनिया में नहीं हैं तब भी उनकी अगली पीढ़ी से हमारे रिश्ते बहुत ही मज़बूत हैं. 

भाई साहब के निर्देशानुसार मैंने पिताजी के अंतिम  संस्कार की सारी रस्में पूरी कीं. बाद में उनकी अस्थियां लेकर हरिद्वार भी गया. ठीक से याद नहीं लेकिन शायद मेरी मां भी साथ गईं. यह पिताजी के निधन के कुछ समय बाद की बात है. मेरे पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने ग़ाज़ियाबाद से मेरी मौसी और उनके साथ नानी भी आईं. इन दोनों को भी मैंने पहली दफा देखा. मेरे पिता और माता के स्वभाव में जो उग्रता, आक्रामकता और अक्खड़पन था उसी का यह परिणाम था कि ज़िंदगी के शुरुआती चौदह बरसों में मैंने अपनी मौसी और नानी को देखा ही नहीं.  मेरे नानाजी काफी पहले दिवंगत हो चुके थे. मां के परिवार में बस ये ही दो सदस्य थे. लेकिन इसके बावज़ूद इनमें कोई रिश्ता इतने बरस तक नहीं था. मौसी जी का वैवाहिक जीवन उतार-चढ़ावों भरा रहा. जब पिता का निधन हुआ तब वे ग़ाज़ियाबाद में अपने रुग्ण पति और उनकी तीन संतानों के साथ रहती थीं. ‘उनकी संतानें’ इसलिए कि मौसी जी इनकी दूसरी पत्नी थीं. कुछ समय बाद इन मौसाजी का भी निधन हो गया और संक्षेप में मात्र इतना कि जो सम्पत्ति मौसा जी मौसी जी के नाम कर गए थे उसे हथियाने के बाद उनके तीनों बच्चों ने मौसीजी को घर से निकाल दिया. तब उन्हें शरण मिली मेरी मां के पास. फिर मौसी जी मेरी मां की मृत्यु के बाद भी, अपने अंतिम समय तक हमारे साथ रहीं.  

जिस ज़माने में मेरे पिता का निधन हुआ उस ज़माने में उदयपुर में और विशेष रूप से हमारे समाज और मोहल्ले में यह प्रथा थी कि जिस स्त्री के पति का निधन हो जाए उसे पूरे एक साल तक एक ही कमरे में कोने में बैठे रहना होता था. स्थानीय बोली में इसे खूणे बैठना  कहा जाता था.  स्वाभाविक है कि मेरी मां को भी इस  रीत का पालन करना पड़ा. लेकिन आज उनके साहस को याद कर नतशिर होता हूं कि उस पारंपरिक, बल्कि कहें कि घोर रूढ़िवादी परिवेश में भी उन्होंने इस रीत को बहुत जल्दी अंगूठा दिखा दिया. यह उनका साहस तो था ही, मज़बूरी भी थी. अगर वे बारह महीने इस तरह कोने में बैठी रहतीं तो ज़िंदगी की गाड़ी कैसे चलती? कोई भी तो सम्बल नहीं था हमारे पास. मात्र दो-तीन माह खूणे बैठने के बाद मेरी मां दुकान सम्हालने लगीं. हम लोग तब जिस किराये के घर में रहते थे उसमें नीचे हमारी दुकान थी और ऊपर आवास. दुकान की बगल में  सीढ़ियां थीं. उन्हीं सीढ़ियों से बिना धरातल पर गए भी दुकान में जाया जा सकता था. मेरी मां वहीं सीढ़ियों पर बैठकर मुझे निर्देशित करतीं और मेरा ध्यान भी रखतीं. वैसे उस दुकान में ज़्यादा कोई व्यावसायिक सम्भावनाएं नहीं थीं. माल हो तो ग्राहक आएं. माल मंगवाने के पैसे नहीं. फिर भी मां उस दुकान को चलाती रहीं. एक तो इस आस में कि जो थोड़ा बहुत माल बिकेगा उससे कुछ पैसे आएंगे,  और दूसरे,  इससे बड़ी बात यह कि दुकान रहेगी तो उनके पति का नाम भी रहेगा. 

अपने पति के नाम वाली दुकान को लेकर उनका मोह और अभिमान बहुत गहरा था. और इसे एक विडम्बना ही कहूंगा कि मैं उनके इस भाव की रक्षा नहीं कर सका. कोई योजना नहीं थी, लेकिन नियति मुझे व्यापार की दुनिया से निकाल कर नौकरी की दुनिया में ले गई और इसकी परिणति अंतत: उस दुकान के बंद होने में हुई. शायद इस बात ने मेरी मां को बहुत आहत किया होगा.  उन्होंने कभी खुलकर कहा नहीं लेकिन अब मैं उनकी मन:स्थिति का अनुमान लगा  सकता हूं. उनके आहत मन की ही शायद यह परिणति भी हुई कि बावज़ूद इसके कि मैं उनकी इकलौती संतान था, वे मेरे प्रति कभी भी बहुत ममतालु नहीं रहीं. लड़ना झगड़ना मेरे स्वभाव में नहीं है, लेकिन उन्होंने इसमें कोई कसर नहीं छोड़ी. रूठतीं, गुस्सा करतीं, भला-बुरा कहतीं, ज़माने भर से बुराई करतीं. लेकिन थी तो मां ही. उन्होंने और फिर उनके साथ और बाद में हमारी मौसी ने हमारी ज़िंदगी को जितना कष्टप्रद बनाया, उसे याद कर मन आज भी बहुत दुखी होता है. मेरी मां बहुत ज़िद्दी, निर्मम और जटिल व्यक्तित्व की स्वामिनी थीं. वे स्वयं भी खुद को कट्टर कहती थीं और अपनी मां, अपनी बहन के साथ रिश्तों में उन्होंने इस बात को साबित भी किया था. लेकिन बाद में यही कट्टरता उन्होंने मेरे और पत्नी के साथ भी बरती. मुझे एक भी याद ऐसी नहीं है जिसमें हमारे प्रति उनका उन्मुक्त प्रेम प्रकट होता हो. अलबत्ता हमारे दोनों बच्चों के साथ उनका बहुत गहरा लगाव रहा. 

अब बहुत आगे जाकर जब पीछे मुड़कर देखता हूं और यह जानने की कोशिश करता हूं कि मेरे से उनके प्रति व्यवहार में कहां कोई चूक हुई, तो मुझे कुछ भी नहीं मिलता है. अपनी तरफ से मैंने उन्हें सम्मान देने और उनके प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने में कोई कृपणता नहीं की. लेकिन वे असंतुष्ट ही रहीं. बाद के वर्षों में उनकी चिंता का केंद्र अपनी बहन अर्थात मेरी मौसी हो गईं और हालांकि मैं उन्हें बहुत बार यह विश्वास दिलाता रहा कि उनके जाने के बाद भी मौसी हमारे साथ हमारे परिवार के सदस्य की हैसियत से ही रहेगी, वे कभी आश्वस्त नहीं हुईं. मौसी के भविष्य को लेकर मेरे, बल्कि हमारे प्रति जाने क्यों एक गहरा अविश्वास का भाव उनके मन में रहा, और उन्होंने इसे खुलकर अभिव्यक्त भी  किया.  मां, जितनी जटिल और निर्मम थीं, मौसी उनकी तुलना में बहुत सौम्य, स्नेहिल और सीधी थीं. लेकिन उनका भोलापन उनकी सबसे बड़ी सीमा था. किसी ने कुछ कह दिया, बल्कि नहीं भी कहा लेकिन उन्होंने जैसा समझ लिया वही उनके लिए अंतिम होता था. हमारी भरपूर सेवा के बावज़ूद वे भी कभी हमसे प्रसन्न नहीं रही. इन दोनों के व्यवहार को जितना मैंने सहा, उससे बहुत ज़्यादा मेरी पत्नी ने सहा. लेकिन अब यह सब अतीत है. भुला  देने काबिल अतीत. जो बीत गई सो बात गई!  

फिर थोड़ा पीछे लौटता हूं. मैं दुकान पर बैठने लगा, और साथ-साथ पढ़ाई भी ज़ारी रही. उस साल दसवीं की परीक्षा दी, पास हुआ. और ज़िंदगी की गाड़ी हिचकोले खाती चलती रही. इसी बीच भाई साहब की सलाह पर मेरी मां ने अपनी तमाम जमा पूंजी और गहने वगैरह बेचकर तथा  कुछ कर्ज़ा लेकर उस किराये के मकान को खरीद लिया. तब वो मकान ग्यारह हज़ार रुपये में खरीदा गया. असल में उसे खरीदने की बात तो मेरे पिताजी ने पक्की कर ली थी लेकिन  किस्मत को शायद यह मंज़ूर नहीं था कि अपने जीते जी वे अपना मकान देख सकते. भाई साहब का सोच यह था कि सर पर अपनी छत हो तो जीवन सुरक्षित रहता है. इन मामलों में वे बहुत व्यावहारिक थे, मेरे पिता बिल्कुल भी नहीं थे. बाद में भाई साहब ने तो कम और भाभी ने कई बार यह ताने भी दिये कि मेरे पिता ने खूब कमाया और खूब उड़ाया. यह बात वे एक स्थानीय अभद्र  कहावत के माध्यम से कहतीं.  वैसे अपनी प्रारम्भिक ज़िंदगी में मैंने ताने बहुत सुने हैं. जब आपके पास कुछ नहीं हो तो लोग और कुछ दें न दें, ताने देने में कोई कंजूसी नहीं करते हैं - यह बात  मुझे उस छोटी उम्र में ही पता चल गई थी. 

उस ज़माने में हमारा घर कैसे चलता होगा, हम क्या खाते-पीते होंगे, इन सब बातों की सहज ही कल्पना की जा सकती है. जब आपके पास न तो जमा पूंजी हो और न आय का कोई साधन तो ज़िंदगी कैसी हो सकती है? वैसी ही थी हमारी ज़िंदगी. बेरंग, बेनूर, बेस्वाद. कोई राह नहीं. कोई रोशनी की किरण नहीं और फिर भी चले जा रहे थे. जाने कहां? शायद  मां सोचती होंगी कि बेटा थोड़ा बड़ा हो जाएगा, घड़ीसाज़ी सीख जाएगा तो दुकान फिर से चलने लगेगी. उसी क्रम में मैंने भाई साहब की दुकान पर जाकर घड़ीसाज़ी सीखना शुरु भी कर दिया था. जो काम भाई साहब ने मेरे पिताजी से सीखा था वही काम वे मुझे सिखा रहे थे. मैं कॉलेज भी जाता और वहां से जो समय बचता उसमें घड़ीसाज़ी सीखता. मां खुलकर दुकान पर बैठने लगीं. उस ज़माने के उदयपुर में यह कितने बड़े साहस और क्रांतिकारिता की बात थी, कल्पना की जा सकती है. मां में बात करने का और सुनने वाले पर अपना रौब ग़ालिब करने का कौशल था. भले ही पढ़ी-लिखी नहीं थीं, जीवन के अनुभव और सुन सुनकर अर्जित ज्ञान की उनके पास कोई कमी नहीं थी. 

मैं भी थोड़ी बहुत घड़ीसाज़ी करने लगा था, जिससे हमारा जीवन थोड़ा-सा, बहुत थोड़ा-सा सहज हो रहा था. लेकिन इसी घड़ीसाज़ी ने मेरे जीवन की दिशा बदल दी. कैसे, यह जानने के लिए थोड़ा इंतज़ार करना होगा.  इस बात को आगे विस्तार से लिखूंगा. अभी केवल यह विडम्बना व्यक्त कर दूं कि मां ने मुझे घड़ीसाज़ी सीखने की दिशा में इसलिए अग्रसर किया था कि मैं उनके पति के नाम वाली दुकान को ज़िंदा रखूंगा, और कम्बख़्त इसी घड़ीसाज़ी ने मुझे जिस राह पर ले जाकर खड़ा कर दिया उस राह पर चलने की परिणति इस दुकान के बंद होने में हुई. क्या इसी को दवा का ज़हर हो जाना कहेंगे? 

मैंने अपनी बात की शुरुआत स्मृतियों के अभाव से की थी. बचपन की और किशोरावस्था की कोई स्मृति मेरे पास नहीं है. क्यों नहीं है, यह बात कुछ हद तक शायद स्पष्ट हुई हो. न हुई हो तो उसे स्पष्ट करने का कोई तरीका मुझे सूझ भी नहीं रहा. जैसे तैसे गर्दिश के ये दिन बीते, मेरे जीवन की गाड़ी ऊबड़ खाबड़ पथरीली सड़क से हटकर एक समतल सड़क पर आ गई. यह हुआ 1967 में मेरे नौकरी लगने से. घर में लिखने-पढ़ने की कोई परम्परा नहीं और मैं बन गया कॉलेज लेक्चरर. ज़िंदगी में अजूबे भी तो घटते हैं. यह भी एक अजूबा  था. इसलिए भी था कि मेरी मां की योजना में मेरा नौकरी करना तो कहीं था ही नहीं. और मेरी अपनी योजना? वह कहावत तो सुनी है न - बेगर्स काण्ट बी चूजर्स! फिर बच्चन जी के उसी गीत को याद करूं. वे लिखते हैं, "फिर एक तरफ से आया ही तो धक्का-सा/ मैंने भी बहना शुरु किया उस रेले में." अब लगता है कि हिंदी में एमए करना, लेक्चरर  के पद के लिए आवेदन करना, नौकरी मिलने पर नौकरी जॉइन कर लेना - ये सब धक्के में ही तो हुआ. सोचा-समझा तो कुछ भी नहीं. 

जब नौकरी लगी तो दो वक़्त की रोटी की फिक्र मिटी. उस समय मेरी तनख़्वाह थी कुल तीन सौ पिच्चानवे रुपये. दो सौ पिच्चासी रुपये मूल वेतन और उस पर एक सौ दस रुपये महंगाई भत्ता. जैसे ही हर माह इतने रुपये मिलने की आश्वस्ति हुई, लगा कि आसमां पे है ख़ुदा और ज़मीं  पे हम. उस वक़्त इतनी बड़ी धन राशि हर माह मिलने का जो सुख था आज उसे बयान नहीं कर सकता. हालांकि यह तनख़्वाह भी निर्बाध रूप से कहां मिलती थी. उस ज़माने में महालेखाकार कार्यालय से पे स्लिप आती थी, फिर हम बिल बनाते थे जिसे कोष कार्यालय पास करता था. इस तरह तीन-चार महीने में एक बार तनख़्वाह मिल पाती थी. लेकिन आश्वस्ति तो थी. मेरी पहली नौकरी भीनमाल नामक एक छोटे-से कस्बे में लगी, मैं पहली बार घर से बाहर निकला. तब सब कुछ कैसे किया होगा, यह सोचकर आश्चर्य होता है. जब तनख़्वाह  मिली तो अपने खर्च भर का पैसा रखकर शेष सब मां को दे दिया. आखिर हमें इस बीच समय-समय पर लिया गया कर्ज़ भी तो चुकाना था. 

यह एक यथार्थ है कि नौकरी लग जाने के बाद, बहुत लम्बे समय तक मैं आर्थिक रूप से ऐसी स्थिति में नहीं आ सका जिसे सुखद कहा जा सकता हो. बीस तारीख  के बाद पहली तारीख का इंतज़ार शुरु हो जाता. करीब-करीब पूरे नौकरी काल में यही हाल रहा. नौकरी के शुरुआती बरसों में हर माह मां-मौसी के लिए एक निर्धारित राशि भेजता. पहले मनीऑर्डर से और बाद में बीमाकृत लिफाफे में करेंसी नोट रखकर. यह करना वैध नहीं था इसलिए डाक खाने का बाबू हर बार उस बीमाकृत लिफाफे पर एक इबारत लिखवाता - "इस लिफाफे में मूल्यवान दस्तावेज़ हैं."  इस सबके बीच मेरा विवाह हुआ. उसका खर्चा भी इसी छोटी-सी तनख़्वाह से समायोजित हुआ. मेरी ज़िद थी कि मेरे ससुराल से कोई दहेज़ नहीं मांगा जाएगा,  जबकि मेरी मां और मौसी के सपने भिन्न थे. उन्होंने अपने छल छद्म का कौशल भी दिखाया, जिसे लेकर जब मुझे इसकी जानकारी मिली तो उनके और मेरे बीच बदमज़गी भी हुई. वैसे भी मेरे ससुर जी के आर्थिक स्रोत्र बहुत सीमित थे और परिवार बड़ा.  लेकिन आज मैं इस बात पर अपनी पीठ थपथपा सकता हूं कि अपनी विपन्नता के बावज़ूद मैंने खुद को उन पर बोझ नहीं बनने दिया. विवाह के अलावा, मां की मांग पर उदयपुर के घर में यथावश्यकता छोटी-मोटी रिपेयरिंग भी करवाता रहा. एक बार इस काम के  लिए सरकार से कर्ज़ा भी लिया. 

यह तो ठीक है कि मेरे दोनों बच्चे सरकारी स्कूल में और बाद में सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़े इसलिए उनकी पढ़ाई का कोई बड़ा  बोझ मुझे नहीं उठाना पड़ा, लेकिन खर्चे तो होते ही थे. जब आजकल के बच्चों के पढ़ाई वगैरह के खर्चे देखता हूं तो बार-बार यह विचार आता है कि अगर ऐसा ही मेरे ज़माने में होता तो मैं अपने बच्चों को पढ़ा ही नहीं सकता था. और बच्चे तो बाद की बात हैं, मैं ख़ुद भी नहीं पढ़ सकता था. आज जब एक ख़ास राजनीतिक विचारधारा वाले लोग सरकार द्वारा दी जाने वाली तथाकथित मुफ्त सुविधाओं की आलोचना करते हैं तो यह बात मुझे और भी ज़्यादा याद आती है. लेकिन वे इस बात  को नहीं समझ सकते. उन्हें तो अपने दल के हित में सरकार का विरोध करना है. जब बच्चे, एक के बाद दूसरा इंजीनियरिंग कॉलेज में दाखिल हुए तो उनके रहने खाने का खर्च भी मेरी तनख़्वाह के अनुपात में ठीक-ठाक ही होता था. मेरे पास कभी इतने पैसे नहीं हुए कि बच्चों के पास एकाध महीने की अतिरिक्त राशि जमा रहे. हर माह मैं उन्हें पैसे भेजता और वे मेरे पैसों का इंतज़ार करते. इसके बावज़ूद  हमारे दोनों बच्चों ने कभी भी हमें अपनी आवश्यकताओं के लिए दबाव में नहीं आने दिया. कभी कोई मांग उन्होंने नहीं की और मेरी आर्थिक हैसियत के अनुरूप बहुत सादगी से अपनी पढ़ाई पूरी कर ली. सच तो यह है कि आज जब पीछे मुड़कर देखता हूं तो इस बात का अफसोस ही होता है मैं अपने बच्चों को बहुत खुशनुमा ज़िंदगी नहीं दे सका. लेकिन इसके बावज़ूद आज दोनों ही बच्चे जहां हैं और जिस हैसियत में है उससे किसी को भी, ज़ोर देकर कह रहा हूं, किसी को भी ईर्ष्या हो सकती है. इतना ज़रूर कहूंगा कि आज जहां वे हैं वह सब उनकी अपनी मेहनत का फल है. उसका श्रेय मुझे नहीं मिलना चाहिए.  और इतना ही नहीं उनके मन में कहीं दूर-दूर तक यह मलाल भी नहीं है कि हमने बचपन में उनकी इच्छाओं को बड़ा आकाश नहीं दिया. उलटे वे इस बात के लिए लालायित रहते हैं कि कैसे जीवन का सर्वश्रेष्ठ हमें उपलब्ध करा दें! 

जब अपने जीवन की इस स्मृति विहीनता की बात कर रहा हूं और उन स्थितियों का विश्लेषण कर रहा हूं जिनमें मेरे जीवन ने आकार लिया तो अनायास ही इस बात पर आश्चर्य भी हो रहा है कि कैसे बिना किसी योजना के मेरे जीवन की राह बदल गई, और कैसे मुझे जीवन में वह सब मिलता गया जिसकी मैंने कल्पना भी नहीं की थी. भले ही मेरी मां ने मुझे इस बात के लिए माफ़ नहीं किया कि मैंने उनके पति का नाम विलुप्त कर दिया, आज मैं गर्व कर सकता हूं कि मैंने जीवन में जो कुछ हासिल किया वह भी मेरे पिता के  नाम से अधिक न भी हो तो उससे कम भी नहीं है. जब बहुत सारे लोगों के जीवन संघर्ष के बारे में पढ़ता हूं तो इस बात पर ध्यान जाए बग़ैर नहीं रहता है कि मेरे जैसी पृष्ठभूमि   वाले किसी युवा का कॉलेज शिक्षक बन जाना भी मामूली बात नहीं है. हिंदी के बहुत सारे बड़े लेखकों को तो आज तक यह अफसोस है कि वे कॉलेज प्राध्यापक नहीं बन सके. मैं न केवल प्राध्यापक बना, साढ़े तीन दशक पढ़ाता रहा. अध्यापक भी मैं ठीक ही रहा. अगर संकोच छोड़ कर कहूं तो बहुत अच्छा रहा. समय-समय पर, बल्कि समय से पहले,  योग्यता की वजह से आउट ऑफ टर्न,  मेरी पदोन्नति भी हुई और अपनी नौकरी में वहां तक पहुंचा जहां पहुंचने का बहुत लोग सपना भी नहीं देखते हैं. नौकरी के साथ-साथ साहित्य की दुनिया में भी अपने लिए थोड़ी-सी जगह बनाई, यह अतिरिक्त उपलब्धि है. 

पारिवारिक रूप से भी मेरी यात्रा बहुत अच्छी रही. कहां तो मेरे मां-बाप जो रिश्ते थे उनका भी निर्वाह नहीं कर सके, और कहां उन्हीं की वंश बेल को आगे बढ़ाता मैं दोनों तरफ के भरे-पूरे परिवारों से बहुत अच्छी तरह जुड़ा हुआ हूं. गर्व से कह सकता हूं कि मेरे और पत्नी के परिवारों में बिना किसी अपवाद के सभी से हमारे रिश्ते बहुत आत्मीयता और सद्भाव के हैं. निश्चय ही इसमें मुझसे अधिक योगदान मेरी पत्नी का है. अगर अवसर आया तो इस बात की चर्चा मैं आगे करने का प्रयास करूंगा कि किस तरह हम दोनों अपने पारिवारिक व सामाजिक रिश्तों में आत्मीयता और ऊष्मा बनाए रख सके हैं. 

एक सामान्य मध्यमवर्गीय भारतीय के लिए बहुत बड़ा सपना होता है कि वह जीवन में एक बार हवाई जहाज में बैठे और विदेश यात्रा कर आए. मेरा भी सपना था. अपने वैवाहिक जीवन के शुरुआती बरसों में एक बार कोटा से जोधपुर की किफायती हवाई यात्रा करके मैं अपने भाग्य पर बरसों इतराता रहा था. कितना टिकिट था इस यात्रा का? पूरे पैंतीस रुपये! लेकिन जीवन के उत्तरार्द्ध में  बच्चों के कारण हमारी ज़िंदगी ने ऐसा मोड़ लिया  अब हमने गिनना बंद कर दिया है कि कितनी बार विदेश गये हैं और किन-किन देशों की यात्राएं की हैं. पहले बेटी दामाद ने अमरीका में अपना घर बनवाया, और फिर बेटा बहू ने ऑस्ट्रेलिया में खूब बड़ा घर खरीदा. बेटा-बहू ने अपने नए खरीदे घर का औपचारिक गृह प्रवेश हमारे वहां जाने तक स्थगित रखा और फिर जब हम वहां जा सके तब हमसे ही अपने नए खरीदे बहुत विशाल घर के गृह प्रवेश की सारी रस्में सम्पन्न करवाईं. यह हमारे लिए बहुत बड़े गर्व की बात थी. 

ज़िंदगी में और क्या चाहिए? हमने अपनी ज़िंदगी करीब-करीब पूरी जी ली है. आज हर तरह का सुख और संतोष हमें है. दोनों बच्चे, और उनके जीवन साथी हमारा खूब ध्यान रखते हैं. उनके बच्चे अपने दादा-दादी और नाना-नानी से खूब घुले मिले हैं. बस, एक ही फर्क़ आया है बीते कल और आज में. हमने भी अपनी क्षमता भर अपनी मां-मौसी की सेवा की. इस बात को हमारे बच्चों ने भी देखा है. लेकिन सब कुछ करके भी हम उन्हें संतुष्ट नहीं रख पाये. फर्क़ यह है कि आज हमारे बच्चे हमारे लिए जितना और जो करते हैं उससे हम अत्यधिक संतुष्ट और प्रसन्न होते हैं.  और जब जीवन में इतना सब कुछ हासिल है तो फिर इस बात को भूल क्यों नहीं जाना चाहिए कि हमारी ज़िंदगी के शुरुआती बरस किस तरह बीते हैं! जैसे और बहुत सारी बातों की स्मृति हमें नहीं है, इन कष्टों की स्मृति भी क्यों हो? 

●●●

'बनास जन' के अगस्त, 2023 अंक में प्रकाशित.