Showing posts with label अख़बार. Show all posts
Showing posts with label अख़बार. Show all posts

Tuesday, October 20, 2026

वे छवि निर्माण तकनीक के सफल प्रयोक्ता थे!

 कोई तो कारण होगा कि अस्सी के दशक का यह प्रसंग अब याद आ रहा है!

लगभग चालीस बरस कम नहीं होते हैं स्मृति के धूमिल हो जाने के लिए. और शायद हो ही गई थी, लेकिन अब जैसे यादों पर जमी धूल हट गई है और सब कुछ बहुत अच्छी तरह याद आ रहा है. छोड़िये इस बात को कि यह बात अब ही क्यों याद आ रही है! आप तो बात का आनंद लीजिए!
मैंने अपनी नौकरी का बहुत बड़ा समय पश्चिमी राजस्थान के एक छोटे-से कस्बे सिरोही के राजकीय महाविद्यालय में बिताया. जो लोग इस कस्बे को नहीं जानते उन्हें बता दूं कि राजस्थान का एकमात्र पर्वतीय पर्यटन स्थल इसी सिरोही ज़िले में स्थित है. मेरा महाविद्यालय राजस्थान के पुराने और ऐसे महाविद्यालयों में से एक था जिसे कम से कम वे लोग बहुत आदर से स्मरण करते हैं जो वहां काम कर चुके हैं. असल में पूरा पश्चिमी राजस्थान ही बहुत शांत इलाका है इसलिए वहां स्थित यह महाविद्यालय प्रांत के अन्य कई इलाकों के बहुत अशांत और कुख्यात महाविद्यालयों से बहुत भिन्न था और है. मैंने क्योंकि वहां अपनी नौकरी के बीस से ज़्यादा साल गुज़ारे मेरे मन में इस महाविद्यालय के प्रति बहुत गहरा अनुराग है और यहां की अनेक खट्टी मीठी यादें मेरे स्मृति कोष में जमा हैं.
आज मैं जिस याद को साझा कर रहा हूं उसका संबंध एक हद तक इस बात से भी है कि मैं वहां हिंदी का व्याख्याता था. हमारे कॉलेजों में हिंदी व्याख्याता को पढ़ाने के अलावा अन्य बहुत सारे कामों के लिए भी अपरिहार्य और उपयुक्त माना जाता है. यह वृत्तांत पढ़ने वालों को भले ही इन कामों के बारे में पढ़कर कुछ अजीब लगे, लेकिन यह एक यथार्थ है कि हिंदी व्याख्याता को प्राचार्य का भाषण, संस्था की वार्षिक रिपोर्ट, अभिनंदन पत्र, शोक संदेश लिखने जैसे अनेक काम करने के लिए एकमात्र योग्य व्यक्ति माना जाता है. इन कामों में ऐसे ही और भी अनेक काम जुड़ते रहते हैं. कहना अनावश्यक है कि ये सारे काम मैंने भी किए हैं. मैं जिस समय को स्मरण कर रहा हूं उस समय मेरे महाविद्यालय के प्राचार्य एक दबंग, अति उत्साही, महत्वाकांक्षी, आत्म प्रशंसा प्रिय व्यक्ति थे. उन्हें इस बात में ख़ास दिलचस्पी थी कि उनके महाविद्यालय की ख़बरें हर रोज़ अखबारों में छपे. और महाविद्यालय की ख़बरों में सबसे महत्वपूर्ण होता ख़ुद उन प्राचार्य जी का नामोल्लेख. अगर वह होता तो उन्हें ख़बर काम की लगती और अगर उनका नाम उस ख़बर में नहीं होता तो फिर वह ख़बर, चाहे उसमें महाविद्यालय की कितनी भी प्रशंसा क्यों न हो, बेकार लगती. उन्होंने मुझे महाविद्यालय का पीआरओ (जन सम्पर्क अधिकारी) बना दिया और मेरा काम यही था कि हर रोज़ कई अखबारों को ऐसी ख़बरें लिखकर भेजूं जिनमें अनिवार्यत: प्राचार्य जी का नामोल्लेख हो. स्वीकार करता हूं कि अध्यापन के अलावा यह काम भी मैंने निष्ठा से किया. अब पीछे मुड़कर देखता हूं तो इसमें मुझे कोई ख़ास बुराई भी नज़र नहीं आती. कुल मिलाकर तो मैं अपने महाविद्यालय की छवि का ही निर्माण कर रहा था!
तो, ऐसे ही एक दिन प्राचार्य जी ने मुझे अपने ऑफिस में बुलाया और कहा कि मैं अखबारों को एक ख़बर उनके हवाले से भेजूं. ख़बर यह कि प्राचार्य अमुक जी ने बताया है कि हम अपने कॉलेज में 36 प्रतिशत पर एडमिशन देते हैं लेकिन हमारे कॉलेज का रिज़ल्ट अस्सी प्रतिशत रहता है. याद दिलाता चलूं कि न्यूनतम उत्तीर्ण प्रतिशत 36 होता है. वे दिन बहुत मारा मारी के नहीं थे इसलिए कुछ विद्यार्थियों को इस न्यूनतम प्रतिशत पर भी प्रवेश मिल जाता था. उनके इस बयान की विसंगति यह थी कि इस न्यूनतम उत्तीर्ण प्रतिशत और परिणाम के बीच कोई रिश्ता नहीं था. अगर रिश्ता ढूंढना ही चाहें तो यह बनता कि हम शत प्रतिशत उत्तीर्ण विद्यार्थियों को प्रवेश देते हैं और उनमें से अस्सी प्रतिशत उत्तीर्ण होते हैं. ज़ाहिर है कि यह एक नकारात्मक बात होती. मैंने प्राचार्य जी के सामने अपनी आपत्ति रखी, लेकिन उन्होंने इस आपत्ति को यह कहते हुए सिरे से खारिज़ कर दिया कि आप तो जैसा मैं कह रहा हूं वैसा लिख दें. मैंने लिख दिया और जैसा प्रत्याशित था, अगले दिन कुछ अखबारों में यह ख़बर छप भी गई!
मैं किसी काम से बाज़ार गया तो अनायास एक अभिभावक से मुलाकात हो गई. उन्होंने कहा कि आपके प्राचार्य जी तो बहुत डायनैमिक हैं! मैंने कहा कि कैसे, तो वे बोले, आपने आज का अखबार नहीं पढ़ा? अखबार ने लिखा है कि कैसे उन्होंने इस कॉलेज को इतना अच्छा बना दिया है कि छत्तीस परसेंट वाले अस्सी परसेंट तक जा पहुंचे हैं! मैं समझ गया कि उन अभिभावक जी को यह समझ में आया था कि हम बहुत औसत बुद्धि वाले विद्यार्थियों को प्रवेश देते हैं और उन्हें बहुत काबिल बना देते हैं. मेरे प्राचार्य जी शायद यही तो चाहते थे. अपने ज़माने में वे भी छवि निर्माण के उस्ताद थे!
और जब यह प्रसंग याद आया तो इससे जुड़ा एक और प्रसंग कैसे भूल सकता हूं? विश्वविद्यालय की परीक्षाओं के परिणाम आने लगे थे. शायद बीए फाइनल का परिणाम आया था. यह परीक्षा देने वाले हमारे महाविद्यालय के पचास प्रतिशत विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए थे. प्राचार्य जी ने मुझे बुलाया और आदेश दिया कि मैं इस परिणाम की एक ख़बर बनाकर अखबारों को भिजवा दूं. मैंने ख़बर बना कर उसे टाइप करवाया और जब वह ख़बर प्राचार्य जी के पास हस्ताक्षर के लिए पहुंची तो एक बार फिर मुझे बुलवाया गया. प्राचार्य जी ने बड़े प्यार से फरमाया, "डॉ साहब, इस पचास प्रतिशत को पैंसठ प्रतिशत कर दीजिए!" मैंने विनम्रता से कहा कि सर, यह तो ठीक नहीं होगा. हम ग़लत बयानी कैसे कर सकते हैं? मेरी आपत्ति से एकदम अप्रभावित प्राचार्य जी ने आदेशात्मक स्वर में कहा, "मैं जैसा कह रहा हूं वैसा कर दीजिए!" फिर अपने स्वर को मुलायम करते हुए बोले, "डॉ साहब, कौन चैक कर रहा है कि वास्तविक रिज़ल्ट क्या रहा है! आप तो जैसा मैं कह रहा हूं वैसा लिख कर भेज दीजिए!" अगले दिन यह ख़बर भी छप गई और अभिभावकों ने फिर महसूस किया कि इस बार उनके शहर के महाविद्यालय में जो प्राचार्य आए हैं, वे बहुत कर्मठ हैं!
तब का अनुभव मुझे अब याद आ रहा है और मैं समझ पा रहा हूं कि छवि निर्माण ऐसे ही होता है! कोई नहीं देखता कि सच्चाई क्या है!
सब वही देखते हैं जो यत्नपूर्वक उन्हें दिखाया जाता है!

Tuesday, June 24, 2014

अच्छी भी है हमारी दुनिया!

हिंदी के अमर कथाकार प्रेमचंद के सुपुत्र और खुद एक बड़े रचनाकार स्वर्गीय अमृत राय अखबारों को द मॉर्निंग डिप्रेसर कहा करते थे. मुझे नहीं पता कि अगर अमृत राय आज जीवित होते तो आज के अखबारों को वे क्या नाम देना पसंद करते,  क्योंकि उनके समय से आज तक आते-आते हालात बदतर हुए हैं. लेकिन कभी-कभी इस बुरे समय में ये अखबार ऐसी कोई ख़बर भी दे देते हैं कि मन एकदम उल्लसित हो उठता है. अभी उस दिन जब चेन्नई की यह ख़बर पढ़ी तो मुझे लगा कि दुनिया उतनी भी ख़राब नहीं है जितनी हम मान लेते हैं. हो सकता है यह ख़बर आपकी निगाहों से न गुज़री हो. मैं बता दूं? चेन्नई के फोर्टिस मलार हॉस्पिटल में मुम्बई की एक 21 वर्षीया कॉलेज छात्रा ज़िंदगी और मौत के बीच झूल रही थी. हृदय का प्रत्यारोपण होना था, और डोनर का यह हृदय चेन्नई सेण्ट्रल के नज़दीक के जनरल हॉस्पिटल से उस अस्पताल में पहुंचाने का ज़िम्मा था एक एम्बुलेंस ड्राइवर सी. काथिर का. एक-एक पल कीमती था. एक पल का विलम्ब, और सब बेकार.

और सलाम उस ड्राइवर काथिर को जिसने चेन्नई के भारी ट्रैफिक के बीच महज़ 13 मिनिट में 12 किलोमीटर का यह फासला तै करके उस लड़की की जान बचाने का असम्भव लगने वाला चमत्कार कर दिखाया.  काथिर का मानना है कि किसी की ज़िंदगी बचाने का यह अवसर उसे भगवान की देन है. काथिर पहले भी चार बार ऐसा कर चुके हैं. लेकिन इस बार उन्होंने जो अजूबा कर दिखाया उसमें चेन्नई के प्रशासन का भी बहुत बड़ा योगदान रहा. चेन्नई प्रशासन ने उस मार्ग की सारी लाल बत्तियों को बंद कर एक ग्रीन कॉरिडोर रचा ताकि दान में मिला हृदय निर्बाध और अविलम्ब पहुंचाया जा सके. भारत में ग्रीन कॉरिडोर की अवधारणा भले ही नई लगे, पश्चिमी देशों में एम्बुलेंस को ग्रीन कॉरिडोर ही मिलते हैं. मैंने अमरीका में देखा-जाना था कि एम्बुलेंस में ही इस तरह की तकनीकी व्यवस्था होती है कि उसके आते ही हर लाल  लाइट हरी होती चलती है और एम्बुलेंस को कहीं भी रुकना नहीं पड़ता है. लेकिन बात केवल तकनीकी व्यवस्था की नहीं है. लोग भी एम्बुलेंस को रास्ता देते हैं. हमारे यहां तो यही ड्राइवर काथिर बता रहे थे कि बहुत दफा उन्हें ऐसे लोग भी मिलते हैं जो एम्बुलेंस को मिले रास्ते का लाभ उठा अपने वाहन को भी निकाल ले जाने की फिराक़ में रहते हैं और इस तरह एम्बुलेंस के लिए मुसीबत पैदा करते हैं. हम रोज़ ही लोगों को एम्बुलेंस की प्राथमिकता की अनदेखी करते देखते हैं. लेकिन मुझे लगता है कि अगर प्रशासन भी एम्बुलेंस के महत्व को समझ उसे प्राथमिकता देने लगे तो लोगों के बर्ताव में भी सुधार हो सकता है. आखिर हम वी आई पी’ज़  को भी तो प्राथमिकता देते हैं.

यह अच्छी ख़बर इतनी ही नहीं थी. इस ख़बर का दूसरा हिस्सा और भी महत्वपूर्ण है. मुम्बई की इस छात्रा को दान में प्रत्यारोपण के लिए जो हृदय मिला वो एक 27 वर्षीय इलेक्ट्रिकल इंजीनियर  का था जिसका निधन एक सड़क दुर्घटना में हुआ था. उसके हृदय को दान करने का फैसला किया उसकी  मां ने. मां ने इसलिए कि उसके पिता तो बहुत पहले ही उसे छोड़ कर दूसरे लोक में जा चुके थे. मां एक गांव में हेल्थ नर्स का काम करके अपना परिवार चलाती है. अंग दान की बात उनके लिए अनजानी नहीं थी, और वो खुद सोचा करती थी कि अगर उन्हें  कभी कुछ हुआ तो वे ज़रूर अपना अंग दान कर किसी की जान बचाने का पुण्य अर्जित करेंगी. लेकिन यह तो उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा होगा कि उन्हें अपने ही बेटे के अंग का दान करने की अनुमति देनी पड़ेगी. जिस ग्रीफ काउंसलर को उनसे इस बाबत बात करनी थी, खुद उनके लिए यह बहुत मुश्क़िल दायित्व था. आखिर कैसे किसी मां से यह कहा जाए कि वे अपने हाल ही में मृत बेटे के अंग को किसी और के लिए काम में लेने की इजाज़त दे दें? लेकिन  उस ग्रीफ काउंसलर प्रकाश का कहना है कि उस बहादुर मां ने न केवल अपनी स्वीकृति दी, यह भी कहा कि उन्हें अपने उस बेटे पर गर्व है जिसकी वजह  से किसी की जान  बच पा   रही है.

तो ये दो सकारात्मक ख़बरें भी अख़बार ने ही दी हैं. असल में हमारे  चारों तरफ़ काफी कुछ अच्छा भी घटित होता है, लेकिन रिवायत कुछ ऐसी बन गई है कि उसकी चर्चा कम होती है और जो अप्रिय तथा अवांछित  घटित होता है वो तुरंत सुर्खियों में आकर हम तक पहुंच जाता है.

•••
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर में मंगलवार, दिनांक 24 जून, 2014 को अच्छी भी है हमारे आस-पास की दुनिया शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.