Showing posts with label अध्यापिका. Show all posts
Showing posts with label अध्यापिका. Show all posts

Tuesday, March 5, 2019

यह अध्यापिका नामुमकिन को मुमकिन बना रही है!


कहा जाता है कि वर्तमान पीढ़ी के बच्चों में किताबें पढ़ने का शौक ढलान पर है. इसकी एक वजह यह बताई  जाती है कि आज उनके पास अपना वक़्त बिताने के अनेक और विशेष रूप से इलेक्ट्रोनिक उपकरणों के विकल्प मौज़ूद हैं. यह यथार्थ हमारा ही नहीं सारी दुनिया का है. लेकिन इसी यथार्थ के साथ एक यथार्थ और भी है और वह यह कि लोग अपनी-अपनी तरह से अपने बाद वाली पीढ़ी को किताबों की तरफ आकर्षित करने के लिए प्रयत्नरत हैं. आज मैं ऐसे ही प्रयास में जुटी एक महिला की प्रेरक गाथा आपके साथ साझा कर रहा हूं.

अमरीका के दक्षिणी पूर्वी टेक्सास के होमर ड्राइव एलीमेण्ट्री स्कूल की बयालीस वर्षीया प्रिंसिपल डॉ बेलिण्डा जॉर्ज पिछले कुछ समय से अपने स्कूल के बच्चों को किताबों की तरफ खींचने के लिए एक अनूठा तरीका आज़मा रही हैं. वे करती यह है कि हर मंगलवार शाम को अपने लिंविंग रूम में अपने मोबाइल फोन के कैमरे के सामने बैठकर बच्चों की किसी किताब का वाचन करती हैं और इस वाचन का  वे फ़ेसबुक लाइव पर सजीव प्रसारण करती हैं. उनके स्कूल के फेसबुक पेज पर जाकर कोई भी उनके इस वाचन को देख-सुन सकता है. किताब या उसके अंश को पढ़ते हुए वे अपनी आवाज़ को पात्रानुसार बदलती रहती हैं और ज़रूरत पड़ने पर अपनी तरफ से मनोरंजक टिप्पणियां भी करती चलती हैं. अगर मुमकिन होता है तो वे वाचन वाले अंश से सम्बद्ध वस्तुएं भी अपने प्रसारण में शामिल कर लेती हैं, मसलन अगर वे अंतरिक्ष यात्री से सम्बद्ध कोई अंश सुनाती हैं तो अंतरिक्ष यात्री की आकृति वाला कोई खिलौना भी दिखा देती हैं.   उनका यह प्रयोग इतना लोकप्रिय हो गया है कि उनके स्कूल के बच्चे न केवल बेसब्री से मंगलवार  की शाम का इंतज़ार करते हैं, उनमें से बहुत सारे अगले दिन स्कूल में आकर उनके इस वाचन पर अपनी प्रतिक्रिया भी देते हैं और यह भी कहते हैं कि भविष्य में वे उनसे किस किताब  का वाचन सुनना चाहेंगे. उनके वाचन से प्रभावित बच्चे यह भी पूछते हैं कि क्या वह किताब स्कूल की लाइब्रेरी में उपलब्ध है, और अगर नहीं है तो वो उन्हें कहां मिल सकती है.

डॉ बेलिण्डा  जॉर्ज का यह प्रयोग बमुश्क़िल एक बरस पुराना है. इसकी शुरुआत उन्होंने अपने स्कूल के 680 विद्यार्थियों के लिए की थी. लेकिन उनके कुछ वीडियो तो दो हज़ार से भी ज़्यादा लोगों ने देखे हैं. ऐसा इस कारण सम्भव हुआ है कि स्कूल के बच्चों  और उनके अभिभावकों से इसकी प्रशंसा सुन कर मीडिया वालों ने भी इस  पर ध्यान दिया है और उनके कारण अमरीका के अनेक शहरों के बच्चे और उनके अभिभावक न केवल इस लाइव प्रसारण को देखने-सुनने लगे हैं, वे अपनी प्रतिक्रियाएं भी पोस्ट करने लगे हैं. बेलिण्डा का कहना है कि उन्हें अपने विद्यार्थियों से बहुत प्यार है और वे घर और स्कूल के बीच रिश्ते मज़बूत करने की आकांक्षा  से यह काम करती हैं. वे एक बहुत महत्वपूर्ण बात कहती हैं: “मैं जानती हूं कि अगर मैं उनसे स्कूल के बाहर नहीं जुड़ सकी तो फिर स्कूल के भीतर भी उनके नज़दीक  नहीं आ सकूंगी.” मुझे लगता है कि यह ऐसी बात है जिसे हर शिक्षक को गांठ में बांध लेना चाहिए.  

एक दिलचस्प  बात यह है कि बेलिण्डा प्राय: पाजामा पहन कर ये वाचन करती हैं. जब उनसे इसका कारण पूछा गया तो उन्होंने बताया कि अपने वाचन के आखिर में वे बच्चों को शुभ रात्रि भी कहती है, “और मैं चाहती हूं कि जो मैं कहती हूं वो करती हुई भी दिखाई दूं.” अपने वाचन के प्रारम्भ में वे उन बच्चों की हाज़िरी भी लेती हैं जिन्होंने उनके इस इस फ़ेसबुक पेज  के लिए साइन अप कर रखा है.  वे इस बात का पूरा ध्यान रखती हैं कि किसी भी बच्चे के नाम का उच्चारण ग़लत न हो जाए. सबसे ख़ास बात तो बेलिण्डा यह बताती हैं कि उनके 94 प्रतिशत विद्यार्थी समाज के निचले तबके से हैं और उनके इस प्रयोग का परिणाम यह हुआ है कि उनकी पढ़ने और समझने की क्षमता का बहुत तेज़ी से विकास हुआ है. अपने विद्यार्थियों के प्रति वे सदैव सकारात्मक रुख अपनाती हैं. वे इस कड़वी सच्चाई से भली भांति परिचित हैं कि उनके बहुत सारे विद्यार्थी बहुत समय तक अपनी पढ़ाई ज़ारी नहीं रख सकेंगे. कॉलेज तक तो शायद बहुत ही कम पहुंच पाएं. लेकिन वे कोशिश करती हैं कि इस बात को लेकर उनके विद्यार्थियों के मन में कोई  हताशा या कुण्ठा न पनपे. वे उन्हें एक ही सीख देती हैं: तुम जो भी करो, उसे सर्वोत्तम तरीके से करना. अगर तुम्हें गड्ढा भी खोदना हो तो ऐसे खोदना कि देखने वालों  के मुंह से बरबस ‘वाह’ निकल पड़े. बेलिण्डा जॉर्ज के इस प्रयास को जान मुझे बेसाख़्ता अपने दुष्यंत कुमार का यह शे’र याद आ गया है: कैसे आकाश में सूराख़ नहीं हो सकता/ एक पत्थर तो तबी’अत से उछालो यारों.   
●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 05 मार्च, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Tuesday, June 26, 2018

तय करना बहुत कठिन है कि क्या सही है और क्या ग़लत!


अगर आप याददाश्त पर थोड़ा ज़ोर डालें और किसी उम्दा वाद विवाद प्रतियोगिता के अपने अनुभवों को फिर से याद करें तो पाएंगे कि जब आप पक्ष के वक्ता को सुन रहे थे तो आपको लग रहा था कि वह एकदम सही कह रहा है, लेकिन  जब विपक्षी वक्ता बोलने को खड़ा हुआ और उसने अपने तर्कों से पिछले वक्ता के तर्कों का खण्डन किया तो आपको लगा कि अरे, सही बात तो अब यह कह रहा है! यानि दोनों के तर्क इतने वज़नदार कि उनमें से प्रत्येक को सुनते हुए  आपको लगे कि सच बात तो केवल यही कह रहा है. मेरे साथ हाल में ऐसा ही हुआ. हुआ यह कि रूस के एक स्कूल ने अपनी छब्बीस वर्षीया अध्यापिका को नौकरी से निकाल दिया. उन पर आरोप लगाया गया कि उनके एक कृत्य की वजह से स्कूल और खुद उनके पेशे को बदनामी का शिकार होना पड़ा है. कृत्य यह था कि उक्त अध्यापिका ने मॉडलिंग वाली तैराकी की पोशाक पहन कर एक फोटो खिंचवाई और उस फोटो को इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर दिया. यह बात अलग है कि जैसे ही उस पर विवाद हुआ, उन्होंने वह फोटो वहां से हटा ली.

लेकिन जैसे ही विक्टोरिया पोपोवा नामक उस अध्यापिका को उनके स्कूल ने नौकरी से निकाला, रूस में, और दुनिया के अन्य देशों में भी उनके समर्थन में और स्कूल के इस निर्णय के विरोध में आवाज़ें उठने लगीं. अब तक कोई तीन हज़ार लोग तैराकी की पोशाक पहन कर “अध्यापक भी इंसान होते हैं” हैशटैग के साथ अपनी तस्वीरें पोस्ट कर चुके हैं. विक्टोरिया के समर्थन में टिप्पणियां थमने का नाम नहीं ले रही हैं. एक भद्र महिला  ने उन्हें नौकरी से निकालने के इस फैसले को “पाखण्ड, मूर्खता और पागलपन का  उग्र नमूना”  कहा है. उन्होंने यह भी  लिखा है कि “माना कि हम लोग अध्यापक हैं, लेकिन हम भी इंसान हैं और इसलिए हमें भी यह अधिकार है कि हम विद्यालय परिसर के बाहर और सोशल मीडिया पर अपनी तरह से जिएं.” एक और व्यक्ति ने अपनी प्रतिक्रिया में स्कूल प्रशासन के इस फैसले को “पूरी तरह मूर्खताभरा” कहा तो एक बुज़ुर्ग ने अतीत को याद करते हुए और स्कूल प्रशासन के फैसले की लानत-मलामत करते हुए लिखा कि  “एक समय ऐसा भी था जब हमें इस तरह के बेहूदा तर्कों से अपना बचाव करने की ज़रूरत नहीं पड़ा करती थी.”  एक अन्य महिला ने इंस्टाग्राम पर यह कहते हुए विक्टोरिया के साथ अपनी एकजुटता ज़ाहिर की कि “मैं अपनी अध्यापिका साथी का समर्थन करती हूं और चाहती हूं कि हमारे देश को इस तरह की बेहूदगी से निजात मिले.” इसी तरह अन्य बहुतों ने स्कूल प्रशासन के फैसले की कड़ी निंदा की और विक्टोरिया के कृत्य को एक इंसान  के तौर पर उनका स्वाभाविक अधिकार मानते हुए उचित ठहराया.

जहां आम तौर पर अधिकतर लोगों ने विक्टोरिया के समर्थन में अपनी आवाज़ बुलंद की, वहीं समाज का एक छोटा-सा हिस्सा ऐसा भी रहा जिसने विक्टोरिया के इस कृत्य को उचित नहीं समझा. विक्टोरिया के समर्थन में तैराकी की पोशाक में अपनी तस्वीरें पोस्ट करने वालों-वालियों की खबर लेते हुए एक ने लिखा है कि “इन्हें तो असल में तैराकी की पोशाक पहन  कर खुद को दिखाने के लिए किसी बहाने की तलाश थी.” एक और महिला ने इसी  तर्क को आगे बढ़ाते हुए समर्थन के रूप में तैराकी की पोशाक पहन कर अपनी तस्वीरें प्रकाशित करवाने वाली महिलाओं की आलोचना करते हुए कहा कि “खुद अपने कपड़े उतारने से बेहतर यह होता कि ये महिलाएं सीधे उन लोगों से बात करतीं जिन्होंने विक्टोरिया को नौकरी से निकाला है.” एक अध्यापिका ने लिखा कि “यह बात सामान्य नहीं है. माना कि शिक्षक भी इंसान होते हैं, लेकिन उन्हें यह नहीं भूलना चाहिए कि वे समाज को राह दिखाते हैं.” उन्होंने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा कि “हां, मैं मानती हूं कि हममें से हरेक का निजी जीवन भी होता है. लेकिन वह वास्तव में निजी और व्यक्तिगत ही होता है. आपको कैसा लगेगा अगर निजी जीवन के नाम पर कोई अध्यापक स्कूल के पिछवाड़े जाकर शराब पीने लगे या नशा करने लगे या फिर औरों के साथ मार-पीट करने लगे! उन्हें यह भी करने दीजिए! आखिर वे भी तो इंसान हैं!” ज़ाहिर है कि वे विक्टोरिया के समर्थकों द्वारा दिये गए तर्कों की खिल्ली उड़ा रही थीं.  

क्या आपको नहीं लगता है कि दोनों पक्षों के तर्क अपनी-अपनी जगह सही है!

आप सोचें, लेकिन यह भी जान लें कि इसी बीच सरकार ने एक बयान ज़ारी कर कहा है कि सुश्री विक्टोरिया उसी या किसी अन्य विद्यालय में पढ़ाना ज़ारी रख सकती हैं. लेकिन विक्टोरिया के लिए अब अन्य विकल्प भी खुल गए हैं. एक मॉडलिंग एजेंसी ने भी उन्हें आमंत्रित कर लिया है.

●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 26 जून, 2018 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.