Showing posts with label अभिनेत्री. Show all posts
Showing posts with label अभिनेत्री. Show all posts

Tuesday, July 26, 2016

कितना उचित है हमारी निजी ज़िन्दगी में तुम्हारा झांकना!

लोकप्रिय अमरीकी अभिनेत्री जेनिफ़र एनिस्टन  ने एक बार फिर से ठहरे पानी में कंकड़ फेंकने का दुस्साहस किया है. फैशन, ग्लैमर और चकाचौंध की दुनिया के सितारों की निजी ज़िन्दगी में आम जन की स्वाभाविक दिलचस्पी को देखते हुए पत्रकारों की एक नई प्रजाति पिछले कुछ समय से अस्तित्व में है जिसे पापाराज़ी  नाम से जाना जाता है. इस प्रजाति का गुण धर्म है इन सितारों का हर जगह पीछा करना और इनके बारे में वो सारी जानकारियां अपने पाठकों को सुलभ करना, जिनमें से बहुत सारी को ये खुद सार्वजनिक न करना चाहते हों. इस तरह पापराज़ी नामक यह प्रजाति व्यक्ति की निजता का अतिक्रमण करते हुए अपना काम करने का प्रयास करती है. वैसे तो यहीं यह बात भी कह दी जानी चाहिए कि बहुत सारे मामलों में चकाचौंध की दुनिया के ये सितारे खुद पत्रकारों को बुलाकर उनके कान में अपनी या अपने सहगामियों अथवा प्रतिपक्षियों की ज़िन्दगी की न कही जा सकने वाली बातें उण्डेलते हैं, लेकिन बहुत बार यह भी होता है कि सितारे जो बातें नहीं ज़ाहिर करना चाहते हैं उन्हें भी ये सार्वजनिक कर डालते हैं. कभी-कभार ऐसा भी होता है कि महज़ अनुमान के आधार पर ये लोग ऐसा कुछ लिख और प्रकाशित कर देते हैं जो मिथ्या होता है, और यदा-कदा यह भी होता है कि ये लोग जो लिखते हैं वो होता तो सही है लेकिन सितारे अपने हितों की रक्षा करते हुए उसका खण्डन कर डालते हैं. जब तक सही बात सामने आती है, जिसका जो फायदा नुकसान होना होता है, हो चुका होता है. 

पिछले कुछ समय से इस आशय की ख़बरें और अफ़वाहें चलन में थीं कि यह 47 वर्षीया अभिनेत्री, निर्माता और निर्देशक गर्भवती हैं. वैसे तो छोटे और बड़े पर्दे की तारिकाओं को लेकर इस तरह की झूठी-सच्ची खबरों का फैलना कोई नई और चौंकाने वाली बात नहीं है. हमारे अपने देश में आए दिन किसी न किसी तारिका  को लेकर  इस तरह की ‘खबरें’ आम होती ही रहती हैं. एक दिन ख़बर आती है, दूसरे दिन उसका खण्डन आ जाता है और फिर कभी-कभार  यह भी होता है कि कुछ दिनों बाद हमें जानने को मिलता है कि जिस खबर का खण्डन किया गया था, असल में वह सच थी. जेनिफ़र एनिस्टन के गर्भवती होने वाली  इस  ख़बर का महत्व इस बात में नहीं है कि यह सच है या झूठ. यहां महत्व की बात  यह है कि जेनिफ़र एनिस्टन ने अपने एक सुलिखित और विचारोत्तेजक लेख में पापाराज़ी के इस काम और सार्वजनिक  जीवन में काम  करने  वाली स्त्रियों के अस्तित्व को लेकर  कुछ गम्भीर सवाल  उठाये हैं. हफ़िंगटन पोस्ट में ‘फॉर द रिकॉर्ड’ शीर्षक से प्रकाशित इस लेख में जेनिफ़र ने कहा है कि आम  तौर पर वे अफवाहों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं करती हैं. लेकिन अब वे पत्रकारिता के नाम पर आए दिन की जा रही स्त्री देह की इस क्रूर पड़ताल से आजिज़ आकर यह प्रतिक्रिया दे रही हैं. उन्होंने कहा कि अब तक तो मैं मानती रही थी कि ये टैब्लॉइड कॉमिक बुक्स की तरह होते हैं, जिन्हें गम्भीरता से नहीं लिया जाना चाहिए, लेकिन अब मैं खुद को नहीं रोक पा रही हूं. इसलिए नहीं रोक पा रही हूं कि पत्रकारिता  के नाम दशकों से चल रहे स्त्री को एक वस्तु के रूप में सीमित कर डालने के इस क्रूर खेल का खुद मैंने अनुभव  किया है  और यह बहुत तेज़ सड़ांध मार रहा है. इससे यह भी  पता चलता है कि औरत के महत्व को हम कितना छोटा करके आंकते हैं.

अपने इस लेख में जेनिफ़र ने एक  बहुत महत्वपूर्ण बात यह कही है कि मेरी प्रजनन क्षमता में मीडिया की दिलचस्पी उस बड़ी यंत्रणा की तरफ इंगित करती है जो समाज में संतान रहित स्त्रियों को झेलनी पड़ती है. अपनी बात  को और साफ़ करते हुए उन्होंने लिखा है कि मीडिया अपनी जितनी ताकत यह बात उजागर करने पर खर्च कर रहा है कि मैं प्रैग्नेंट हूं या नहीं वह इस सोच की परिणति है कि कोई भी स्त्री, अगर वह विवाहिता है लेकिन उसके बच्चे  नहीं हैं तो फिर वह नाकामयाब, नाखुश और अधूरी है. एनिस्टन ने बलपूर्वक कहा है कि अपनी पूर्णता के लिए हमारा शादी शुदा या मां होना क़तई ज़रूरी नहीं है. यह तै करने का अधिकार पूरी तरह हमारा है कि हम किसमें और किस तरह खुश हैं.

एनिस्टन के इस लेख का जहां अधिकांश  सितारों ने समर्थन  किया है, पापाराज़ी की दुनिया के कुछ सक्रिय सदस्यों ने इससे अपनी असहमति भी व्यक्त की है. लेकिन इससे शायद ही कोई असहमत हो कि अपने इस लेख के माध्यम से एनिस्टन ने हमारे समय के कुछ बेहद ज़रूरी सवाल उठाए हैं. 

•••

जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 26 जुलाई, 2016 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Thursday, April 17, 2008

एक सफल स्टार की करुण कथा

माय फेयर लेडी, साउण्ड ऑफ म्यूज़िक और मेरी पॉपिंस की स्टार जूली एण्ड्र्यूज़ को सब जानते हैं, लेकिन जिन ऊबड-खाबड राहों पर चलकर वे इन शिखरों तक पहुंची वे तो अब तक अजानी ही थीं. जूली एण्ड्र्यूज़ ने बच्चों के लिए कई किताबें भी लिखी हैं. कुछ अकेले और कुछ अपनी बेटी के साथ मिलकर. उनके लिखे को खूब सराहा भी गया है. वे नियमितता से डायरी भी लिखती रही हैं. उन्हीं के आधार पर रचित होम: ए मेमोयर ऑफ माय अर्ली ईयर्स शीर्षक अपनी सद्य प्रकाशित आत्मकथा में उन्होंने 1935 में अपने जन्म से प्रारम्भ कर 60 के दशक के मध्य में फिल्मी दुनिया में धमाकेदार दस्तक के बाद वाल्ट डिज़्नी के साथ जुडने तक की जीवन यात्रा को प्रस्तुत किया है. वाल्ट डिज़्नी ने ही उन्हें 1963 में मेरी पॉपिंस में काम करने का अवसर दिया था.
जूली की इस आत्मकथा का प्रारम्भ 1935 के इंग्लैण्ड से होता है जहां सरे नामक छोटे किंतु रमणीय गांव में कला क्षेत्र में स्थान बनाने की अभिलाषी मां बारबरा और सामान्य से लोहार-सुथार पिता टेड वेल्स के घर जूली का जन्म होता है. जूली का खूबसूरत बचपन आगे बढ पाता उससे पहले ही उसके मां-बाप में तलाक हो जाता है. कारण यह कि मां अपनी संगीत यात्राओं के साथी टेड एंड्र्यूज़ से प्यार करने लगती है. और अंतत: उससे विवाह कर लेती है. उनका परिवार सरे से लंदन आ जाता है और युद्धोत्तर लन्दन में हवाई हमलों की दहशत के बीच बडी होती है जूली. सौतेले पिता के साथ मां को भी म्यूजिकल थिएटर में अपनी कला प्रदर्शित करने का मौका मिलता है. नए पिता जूली को भी संगीत सीखने को प्रेरित करते हैं और उसी दौरान यह पता चलता है कि जूली की आवाज़ विलक्षण है. 12 साल की छोटी वय में तो उसे रॉयल कमाण्ड पर्फोर्मेंस में युवतम एकल गायिका होने का सम्मान मिल जाता है. जूली लिखती हैं कि जब वे गाना शुरू करतीं तो लगता कि जैसे कार्यक्रम वहीं थम जाता और लोग खडे होकर तालियां बजाने लगते. तालियां थमने का नाम ही नहीं लेतीं. इसी काल में जब वह करीब 15 साल की है उसकी मां यह रहस्योद्घाटन करती है कि उसके पिता उसके जैविक पिता नहीं थे. स्वाभाविक है कि उसे गहरा सदमा पहुंचता है. यही वह समय है जब जूली को कुछ समय लन्दन के स्लम्स में भी रहना पडा क्योंकि उसके मां बाप की आय बहुत सीमित थी. लेकिन जैसे-तैसे खुद को सम्भाल वह अपनी कला-साधना जारी रखती है और किशोरावस्था की देहली पर पहुंचते-पहुंचते तो वह अपनी स्टेज पर्फॉर्मेंस से पूरे परिवार का भरण पोषण तक करने लग जाती है. इस किशोरावस्था में जूली को कुछ ग्लैमरपूर्ण भूमिकाएं अदा करने का भी अवसर मिलता है, लेकिन विडम्बना यह कि जब वह ये भूमिकाएं अदा करती, उसके मोजे प्राय: फटे होते थे.

जब जूली 18 साल की होती है, उसे लन्दन पैलेडियम में एक पैंटोमाइम प्रस्तुत करने का मौका मिलता है और यह मौका उसके लिए ब्रॉडवे की एक महत्वपूर्ण प्रस्तुति द बॉयफ्रैण्ड में एक महत्वपूर्ण भूमिका दिलाने का साधन बन जाता है. इसी से शुरू होता है उसका म्यूज़िकल कॉमेडी वाला दौर. इसके बाद तो रैक्स हैरिसन के साथ माय फेयर लेडी में काम करना जैसे दूर नहीं रह जाता है. लेकिन जूली माय फेयर लेडी की शूटिंग के दौरान रेक्स हैरिसन के लगभग अमानवीय व्यवहार को भी याद करना नहीं भूलती. वह रिचर्ड बर्टन के उस प्रणय निवेदन का भी ज़िक्र करती है, जिसे उसने करीब-करीब स्वीकार कर ही लिया था, बावज़ूद इस बात के कि तब उसने अपने बचपन के दोस्त टोनी वाल्टन से शादी की ही थी. किताब के अनेक मार्मिक प्रसंगों में से एक है प्रख्यात छायाकर सेसिल बीटन का प्रसंग. सेसिल घण्टों जूली का फोटो सेशन करता है और अंत में यह कहते हुए अपनी ही कला पर मुग्ध होता है कि जूली कितनी अनफोटोजीनिक है!
जूली का यह आत्मकथात्मक वृत्तांत खत्म होता है ऑस्कर विजेता फिल्म मेरी पॉपिंस में उसके डेब्यू के साथ. लेकिन इससे पहले हमारे सामने एक लगभग साधारण युवती की ऐसी दारुण कथा उभरती है जिसके मनमौजी कण्ठ को असमय ही प्रौढ हो जाना पडा था (क्या आपको लता याद आती हैं?) और जिसे बेफिक्रे बचपन को भुलाकर एक संघर्ष भरी और जटिल पारिवारिक ज़िन्दगी का वरण करना पडा था (याद कीजिए रेखा को!) जूली से उसके एक विश्लेषक ने, जिसे किताब में कई बार उद्धृत किया गया है, एक बार पूछा था कि अपने मां बाप में से किससे उसे अधिक नफरत है? जूली ने बहुत कुशलता से इस सवाल को टाल दिया था. यह वृत्तांत पढते हुए लगता है कि वह किसका नाम लेती? मां बाप का तलाक, बचपन में ही स्टेज पर धकेल दिया जाना, पिता से जुदाई, मां का दुर्व्यवहार और उसका शराबी बन जाना, सौतेले पिता द्वारा की गई पिटाइयां और यदा-कदा उनके यौनिक दुर्व्यवहार - ये सब ऐसे आघात हैं जिनकी टीस उसे साठ बरस बाद भी महसूस होती है.
यह वर्णन पढते समय ही हम उस भ्रम जाल से भी निकलते हैं जो जूली की बाद की वैभवपूर्ण ज़िन्दगी को देख हमारे मन में निर्मित होता है. इस वृत्तांत को पढकर एहसास होता है कि चन्द खुशकिस्मतों को छोड दें तो दुनिया में शायद ही ऐसा कोई मिले जिसे गरीबी, मौत, भूख, युद्ध, परिवार आदि के झंझटों में से किसी न किसी से न जूझना पडा हो.
◙◙◙

Discussed book:
Home: A Memoir of My Early Years
By Julie Andrews
Published by: Hyperion
Hardcover, 320 pages
US $ 26.95

राजस्थान पत्रिका के नगर परिशिष्ट जस्ट जयपुर में मेरे साप्ताहिक कॉलम वर्ल्ड ऑफ बुक्स के अंतर्गत 17 अप्रेल 2008 को प्रकाशित.







Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा