Showing posts with label समय. Show all posts
Showing posts with label समय. Show all posts

Tuesday, August 28, 2018

वे समय की ग़ुलामी से पूरी तरह आज़ाद हैं !


एक बार फिर बड़ी शिद्दत से इस बात का एहसास हुआ कि दुनिया के बारे में अपनी जानकारी कितनी कम है! मैं अब तक इस बात पर गर्व करता था कि हम भारतीय ही हैं जो घड़ी की सुइयों के ग़ुलाम नहीं हैं और समय पर पहुंच जाने जैसी ग़ंदी आदत से कोसों दूर हैं. लेकिन जब यह जाना कि दुनिया में कम से कम एक देश तो ऐसा है जो इस मामले में हमें चुनौती दे सकता है,  तो इस बात का अफ़सोस ज़रूर हुआ कि हाय! यह सम्मान  भी हमारे हाथों से फिसल गया. दक्षिण ब्राज़ील की टेक्नोलॉजिकल फ़ेडरल यूनिवर्सिटी  की एक शिक्षिका डॉ. ज़ैक्लीन बोन डोनाडा का कहना है कि किसी भी पार्टी में समय पर पहुंच जाना पूरे ब्राज़ील में बुरा माना जाता है. बकौल ज़ैक्लीन, ब्राज़ील की राजधानी रियो डे जेनेरियो में तो ख़ास तौर पर इसे सामाजिक परम्परा के विरुद्ध माना जाता है. वहां जल्दी या समय पर पहुंचना ठीक वैसी ही बात है जैसे आप किसी पार्टी में बग़ैर बुलाये पहुंच गए हों!

असल में ब्राज़ील में समय के साथ लोगों का रिश्ता बहुत दोस्ताना और सहज है. अगर आप वहां अपने इर्द-गिर्द नज़र दौड़ाएं तो पाएंगे लोग आहिस्ता आहिस्ता चल रहे हैं, चलने का पूरा आनंद उठा रहे हैं और उन्हें कहीं भी पहुंच जाने की जल्दी नहीं है. सामाजिक आयोजनों के मामले में तो समय को लेकर उनकी उदारता विलक्षण है. वहां समय के बंटवारे को लेकर सवा (पन्द्रह मिनिट का टुकड़ा) की तो कोई परिकल्पना ही नहीं है. किसी के घर बताए गए समय के आधा घण्टा बाद पहुंचना बहुत सामान्य बात है और इसका ज़रा भी बुरा नहीं माना जाता है. वहां लोगों को सलाह भी यही दी जाती है कि आधे घण्टे की देरी या आधे घण्टे का इंतज़ार कई तरह से लाभप्रद है. इस दौरान आप ज़्यादा पानी पी सकते हैं, एक कप कॉफी का आनंद ले सकते हैं, रेस्टरूम जा सकते हैं, कोई किताब पढ़ सकते हैं, ध्यान लगा सकते हैं, या फिर यूं ही वक्त बिता सकते हैं. सलाह यही दी जाती है कि इतनी देरी को दिल पर न लिया जाए. इसी के साथ यह भी सलाह दी जाती है कि एक के बाद फौरन दूसरी मीटिंग न रखी जाए. यानि दो कार्यक्रमों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए.

ब्रिटेन की मूल निवासिनी लेकिन अब ब्राज़ील में रह रहीं  फ़ियोना रॉय ने ब्राज़ील का अपना एक संस्मरण साझा करते हुए बताया कि एक बार उन्हें कुछ दोस्तों ने एक पार्टी में बुलाया. तब तक उन्हें ब्राज़ील में रहते हुए तीन माह बीत चुके थे. अपनी ब्रिटिश आदत के मुताबिक वे ठीक समय पर मेज़बान के घर जा पहुंची. उसने हड़बड़ाते हुए दरवाज़ा खोला तो फ़ियोना ने पाया कि वो बाथरोब में ही थी, यानि नहा रही थी. मेज़बान ने उसे कमरे में बिठाया, पहले खुद आराम से तैयार हुई और फिर पार्टी की तैयारी की. इस सबमें करीब दो घण्टे बीत गए. अपने इस अनुभव से फ़ियोना ने ब्राज़ील की ज़िंदगी का एक अनलिखा नियम कण्ठस्थ कर लिया. नियम यह कि आपका मेज़बान पार्टी के घोषित समय का इंतज़ार करेगा, और जब वो समय बीत जाएगा तो  नहाने जाएगा. बाद में तो फ़ियोना ने भी ब्राज़ील के इस तौर तरीके को अपना लिया और वे खुद अपनी दी हुई पार्टियों में भी देर से पहुंचने लगीं. तब उनके दोस्त कहने लगे कि यह तो ‘विरूओ ब्रासीलिएरा’ यानि पक्की ब्राज़ीलियन बन गई है!

ब्राज़ील लैटिन अमरीका का इकलौता ऐसा देश है जहां पुर्तगाली भाषा बोली जाती है, और यह जानना खासा दिलचस्प  होगा कि इस भाषा में देरी होने की तो अनेक अभिव्यक्तियां हैं लेकिन ठीक समय के लिए कोई अभिव्यक्ति नहीं है. ब्राज़ील में अगर कोई कहीं समय पर पहुंच  जाए तो उसे ‘होरा इंगलिसिया’ यानि अंग्रेज़ों की तरह वक़्त का पाबंद कहा जाता है. यह कुछ कुछ वैसा ही जैसे भारत में ठीक समय के लिए ‘इंगलिश टाइम’ कहा जाता है. जो लोग ब्राज़ील की जीवन पद्धति से अनजान हैं उन्हें यह समझाया जाता है कि अगर कोई आपसे फ़ोन पर भी यह कहे कि मैं जल्दी ही पहुंच रहा हूं तो आप उसकी बातों में न आएं. हो सकता है उस वक़्त वो अपने घर में बैठा नहाने का इरादा कर रहा हो. ऊपर हमने जिन डॉ ज़ैक्लीन का ज़िक्र किया उन्होंने लिखा है कि उनका बॉस कई बार यह कहता था कि वो ट्रैफ़िक में फंस गया है और जल्दी ही पहुंच रहा है, लेकिन तब पीछे से आ रही आवाज़ें उसके घर में होने की चुगली कर रही होती थीं. और इसीलिए जाने-माने लेखक पीटर फ्लेमिंग ने 1933 में ही अपनी किताब में लिख दिया था कि अगर कोई जल्दबाज़ है तो ब्राज़ील में दुखी हो जाएगा. बकौल पीटर, “ब्राज़ील में देर होना एक वातावरण है. आप उसी में रहते हैं, उससे पीछा नहीं छुड़ा सकते.”

●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 28 अगस्त, 2018 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 


Tuesday, July 29, 2014

बड़ा बुरा समय आ गया है?

एक जाने-माने नर्तक के टॉक शो में जाने का अवसर मिला तो मेरा ध्यान इस बात पर गए बिना नहीं रह सका कि उनके बोलने के लहज़े में भी नृत्य समाहित था. बोल वे हिन्दी में रहे थे और आप-हम जैसा गद्य ही बोल रहे थे लेकिन मुझे लगा कि उस गद्य में भी लय-ताल सब मौज़ूद  है. अपने बहुत सारे अनुभवों की चर्चा करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि आज के विद्यार्थियों में कला के प्रति वैसा समर्पण भाव नहीं है  जैसा उनमें और उनकी पीढ़ी के शिष्यों में हुआ करता था. उनसे सहमत या असहमत कुछ भी न होते हुए भी मैं यह कहने की अनुमति चाहता हूं कि सारे बदलावों के बीच जो चीज़ नहीं बदली है वो यही है. यानि यह सोच कि अब ज़माना बहुत खराब आ गया है, और हमारा ज़माना बहुत अच्छा था. मैं हालांकि उनकी तरह कला का विद्यार्थी नहीं रहा लेकिन मैंने भी अपने शिक्षक मित्रों को यही कहते सुना है. शायद कई बार खुद मैंने भी ऐसा ही कहा हो.

लेकिन जब पीछे मुड़ कर देखता हूं तो याद आता है कि मेरे गुरुजन भी यही बात कहा करते थे. उन्हें लगता था कि जितने अच्छे विद्यार्थी वे रहे थे, उतने अच्छे हम नहीं हैं. उनसे पूछा तो नहीं -क्योंकि तब गुरुजन  और शिष्यों के बीच रिश्ते इतने अनौपचारिक नहीं हुआ करते थे-  लेकिन जाने क्यों मुझे लगता है कि मेरे उन गुरुजन के गुरुजन भी यही कहते रहे होंगे. तो क्या इससे हम इस नतीजे पर पहुंच सकते हैं कि वर्तमान हमें सदा ही अतीत की तुलना में कम अच्छा लगता है? या यह कहना हमारे स्वभाव का एक अंतर्निर्मित अंग है? स्वभाव की बात तो इस विषय के विशेषज्ञ ही बेहतर बता सकेंगे, मैं तो फिलहाल यह पड़ताल करने की कोशिश  कर सकता हूं क्या समय वाकई पहले की तुलना में खराब है.

मुझे याद आती है कोई पचास पचपन बरस पहले राष्ट्रकवि दिनकर से हुई एक छोटी-सी मुलाक़ात. तब पूरे देश में बहुत उग्र छात्र आन्दोलन चल रहे थे, और उसी सन्दर्भ में मैंने उनसे पूछ लिया था कि क्या ये छात्र अपने आन्दोलन  के ज़रिये देश को नुकसान नहीं पहुंचा रहे हैं? दिनकर जी का दो-टूक जवाब आज भी मुझे ज्यों का त्यों याद है. उन्होंने बड़ी बेबाकी से कहा था कि उनकी पीढ़ी ने देश का जितना नुकसान किया है, उसकी तुलना में तो यह कुछ भी नहीं है. दिनकर जी की इस बात से सूत्र लेते हुए अगर मैं आज के हालात पर विचार करता हूं तो  पाता हूं कि कल और आज में कोई बड़ा फर्क़  नहीं है. न तो कल बहुत अच्छा था और न आज बहुत बुरा है.

अब आप महंगाई की बात ही लीजिए. हम जिस समय में रह रहे हैं वो सूचना माध्यमों का समय भी है. इन माध्यमों पर आए दिन कभी एक पदार्थ तो कभी दूसरे पदार्थ के महंगे और पहुंच से बाहर हो जाने की ख़बरें छाई रहती हैं. और बेशक चीज़ें महंगी होती भी जा रही हैं. जितने रुपयों में कोई सब्ज़ी एक किलो मिलती थी उतने ही रुपयों में कुछ ही समय बाद वो ढाई सौ ग्राम मिलने लगती है. लेकिन क्या कीमतों का यह बढ़ना कोई नई बात है? मुझे याद है कि आज से कोई साठ पैंसठ साल पहले मेरे मां-बाप भी यही कहते थे कि महंगाई  बहुत बढ़ गई है,  घर का खर्च चलाना मुश्क़िल होता जा रहा है. चार आने की एक सेर (तब किलो नहीं होता था) शक्कर उन्हें बहुत महंगी लगती थी.

बात चाहे महंगाई की हो, अनुशासन की हो, समर्पण की हो, अवसरों की सुलभता की हो, जीवन संघर्षों की हो, अपराधों की हो – मुझे लगता है कि बुरे वक़्त की बात करना हमारी आदत का एक हिस्सा बन चुका है, अन्यथा वक़्त इतना भी बुरा नहीं है. हम चीज़ों के बढ़े हुए दामों को देखते हैं लेकिन अपनी बढ़ी हुई आमदनी को अनदेखा कर देना चाहते हैं. हम नई पीढ़ी में समर्पण की कमी का रोना रोते हैं लेकिन उन लोगों  के सामने आने  वाली नित नई चुनौतियों और उनसे जूझने में उनके जज़्बे को अनदेखा कर जाते हैं. हम जीवन के बढ़ते संघर्षों की बात करते हैं लेकिन बहुत सारी वजहों से जीवन के सुगम हो जाने की बात को अनदेखा कर जाते हैं. हम नित नई बीमारियों की बात करते हैं लेकिन इस बात को नहीं देखना चाहते कि औसत उम्र काफी बढ़ी है और सेहत के हालात भी बेहतर हुए हैं. 

मैं यह नहीं कह रहा कि समय बदला नहीं है. शायद कुछ चीज़ें बदतर भी हुई हैं. लेकिन उनकी चर्चा और शिकायत करते हुए जो बेहतर हुई हैं उनकी अनदेखी करना अपने ही प्रति अन्याय है – इसे भी समझना होगा.

••• 
लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत दिनांक 29 जुलाई 2014 को न कल समय अच्छा था, न आज बहुत बुरा  शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.