Showing posts with label वेशभूषा. Show all posts
Showing posts with label वेशभूषा. Show all posts

Tuesday, June 6, 2017

खाइये मन भाता, पहनिए जग भाता

चाहता कोई नहीं है कि विवाद खड़ा हो, लेकिन अनायास ऐसा कुछ हो जाता है कि चाय  के प्याले में तूफ़ान आ जाता है. जो लोग राजनीति की दुनिया में हैं, हो  सकता है कि वे कभी-कभार जान-बूझकर भी विवादास्पद कुछ कह या कर देते हों, मुझे नहीं लगता कि संस्थान भी ऐसा ही करते होंगे. अब हाल का यह प्रसंग लीजिए जो घटित तो सुदूर बेल्जियम में हुआ है लेकिन जिसकी चर्चा सारी दुनिया में हो रही है. मुझे पूरा विश्वास है कि इस घटना का सूत्रपात जहां से हुआ वहां किसी की मंशा कोई विवाद खड़ा करने की नहीं रही होगी. आइये, पहले घटना जान लें.

बेल्जियम की ब्रसेल्स फ्री यूनिवर्सिटी के मेडिकल स्नातकों का दीक्षांत समारोह होने वाला था. सामान्यत: सारी दुनिया में दीक्षांत समारोह का कोई न कोई  ड्रेस कोड होता है, और उसे यथासुविधा बदला भी जाता है, जैसे अपने देश में कई जगहों पर काले गाउन की बजाय भारतीय वेशभूषा प्रचलन में आई है. लेकिन ब्रसेल्स  की इस यूनिवर्सिटी ने अपने नव स्नातकों को एक ई मेल भेजा जिसमें ऐसा कुछ कह दिया गया कि किसी ने क्षुब्ध होकर उस ई मेल को फेसबुक पर साझा कर दिया, और उसके बाद तो ऐसे मामलों में जो होना है वही हुआ. एक से एक तीखे बयान, उपहासात्मक टिप्पणियां, गुस्से की अभिव्यक्तियां वगैरह-वगैरह. ऐसा क्या था उस ई मेल में? उसमें जो कहा गया था उसका सरल-सा अनुवाद यह हो सकता है कि “सौंदर्यात्मक  दृष्टि से यह उपयुक्त होगा कि इस अवसर पर पुरुष एक उम्दा सूट पहन कर आएं, और युवतियां  स्कर्ट के साथ ऐसी ड्रेस पहनें जिसकी नेकलाइन नाइस रिवीलिंगहो.”  यह बात बहुत दिलचस्प लग सकती है कि भारत में जहां हम लोग आम तौर पर पश्चिमी दुनिया के देशों  को वेशभूषा के मामले में खासा उदार और उन्मुक्त मानते हैं, वहां भी इस मेल को सहजता से नहीं लिया गया. इतना ज़्यादा हो हल्ला मचा कि अंतत: इस मेल को भेजने वाली फैकल्टी ऑफ मेडिसिन को इस आशय का एक बयान ज़ारी कर कि इस मेल में युवा स्नातकों के लिए  वेशभूषा के जो निर्देश दिये गए हैं वे उन मूल्यों के विरुद्ध हैं जिनका निर्वहन इस  विश्वविद्यालय और फैकल्टी द्वारा किया जाता है, क्षमा याचना करनी पड़ी. वैसे  इस मेल में भी कह दिया गया था कि महिलाओं के लिए इस सलाह को मानना ज़रूरी नहीं है. एक बहुत रोचक बात बाद में उजागर हुई और वह यह कि यह मेल विश्वविद्यालय के उस सचिवालय द्वारा ज़ारी किया गया था जिसमें केवल महिलाएं काम करती हैं!

चलिये, इस विवाद का तो पटाक्षेप हो गया, लेकिन बात निकलती  है तो दूर तक जाए बग़ैर नहीं रहती है. इस विवाद की चर्चा करते हुए अनायास मुझे पैरिस में हुए एक ताज़ा सर्वे का ध्यान आ रहा है. फ्रांस की राजधानी में स्थित पैरिस-सॉर्बॉन यूनिवर्सिटी की एक शोधकर्ता डॉ सेवाग कर्टेशियन ने वहां होने वाली एक अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेस में प्रस्तुत करने के लिए जो परिणाम जुटाये हैं वे खासे चौंकाने वाले हैं. उन्होंने कुछ महिलाओं को चुना और फिर उनमें से हरेक की दो तस्वीरें एक एक सौ भावी नियोक्ताओं को भेजीं. एक तस्वीर में उन्हें सामान्य वेशभूषा में दिखाया गया तो दूसरी में वैसी वेशभूषा में जिसका ज़िक्र बेल्जियम के इस विवाद के संदर्भ  में हो चुका है.  यह पाया गया कि बिक्री विभाग की नौकरियों के लिए सामान्य की तुलना में लो-कट ड्रेस वाली युवतियों को 62 इण्टरव्यू कॉल्स ज़्यादा मिले.  और अधिक चौंकाने वाली बात तो यह कि अकाउण्टेंसी विषयक कामकाज के लिए यह फासला 68 कॉल्स का रहा. यहीं यह भी बता दूं कि दोनों मामलों में युवतियों की योग्यता समान थी, यानि यह अंतर सिर्फ उनकी वेशभूषा के कारण आया. डॉ कर्टेशियन ने ठीक  ही कहा है कि काम चाहे जैसा हो, चाहे वो ग्राहकों के साथ सम्पर्क  कर बिक्री करने का हो या कार्यालय में बैठकर हिसाब-किताब करने का, उदार वेशभूषा वालों को अधिक सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिलती हैं. कर्टेशियन का कहना है कि ये परिणाम बहुत चौंकाने वाले और नकारात्मक भले  हों, आश्चर्यजनक तो फिर भी नहीं हैं. वे मानती हैं कि इस क्षेत्र में और अधिक रिसर्च की ज़रूरत है. और जिस कॉन्फ्रेस में प्रस्तुत करने के लिए  वे इन परिणामों तक पहुंची हैं उसमें भी विभिन्न विशेषज्ञ और नीति निर्माता यही विमर्श करने वाले हैं कि हम जैसे दिखाई देते हैं उसकी क्या-क्या परिणतियां होती हैं! 

अपने देश में प्राय: वेशभूषा को लेकर कोई न कोई विवाद होता रहता है. हाल में जब कुछ सरकारों ने अपने कर्मचारियों को यह निर्देश दिया कि वे कार्यालय में जी न्स और टी शर्ट जैसी अनौपचारिक  वेशभूषा में न आएं, तो बहुतों को यह बात नागवार गुज़री. ऊपर उल्लिखित दोनों प्रसंग यह बताने को पर्याप्त हैं कि पहनने-ओढ़ने को लेकर केवल हम ही संवेदनशील नहीं हैं!


●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 06 जून, 2017 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Tuesday, November 8, 2016

ताकि स्कूल कल किसी और की बेटी का अपमान न करे!

अमरीका के मेरीलेण्ड राज्य के वाल्डोर्फ शहर के एक मिडिल स्कूल में जैसे ही श्रीमती एबॉनी बैंक्स की ग्यारह वर्षीया बेटी पहुंची, स्कूल प्रशासन ने उसे क्लास में बैठने की अनुमति देने से मना कर दिया, उसे एक अलग कमरे में बिठाया और कहा कि वो अपनी मां को फोन करे. बिटिया  ने मां से कहा कि वो उसके लिए एक जीन्स  लेकर फौरन स्कूल आ जाए. स्कूल प्रशासन का कहना  था कि वो लड़की जिस वेशभूषा में स्कूल आई थी उससे उनके ड्रेस कोड का उल्लंघन हो रहा था. लड़की ने काले रंग की लेगिंग्स पहनी थी और उस पर कमर तक पहुंच रहा काले रंग का छोटी आस्तीन वाला शर्ट और गुलाबी रंग का स्वेटर जैकेट पहना था. स्कूल की अपेक्षा थी कि जो लड़कियां लेगिंग्स पहनें वे पाँव की उंगलियों तक पहुंचने वाले शर्ट भी पहनें ताकि वे अपनी देह की तरफ़ अनावश्यक ध्यान आकृष्ट न कर सकें.

मेरीलेण्ड के ही विश्वविद्यालय की एक प्रोफेसर और जेण्डर एक्सप्रेशन की विशेषज्ञ  ड्रेस इतिहासकार जो पाओलेत्ती ने बहुत महत्वपूर्ण बात कही है. उन्होंने कहा है कि इस बात की परिभाषा सदा बदलती रहती है कि क्या अनुपयुक्त या सेक्सी है. अपनी बात को और खोलते हुए वे कहती हैं कि फैशन निरंतर नए आविष्कार करता रहता है और उन्हीं के पीछे चलते हुए ड्रेस कोड लेखकों को यह तै करना होता है कि क्या अनुपयुक्त है और किसे बैन किया जाना है. ड्रेस कोड का मसला स्कूलों  में विशेष अहमियत रखता है और वहां भी इसके घेरे में लड़कों की बजाय लड़कियां ज़्यादा आती हैं. अमरीका के विभिन्न राज्यों में, और अपने भारत में भी, स्कूलों में कौन क्या पहने और क्या न पहने इस पर प्राय: विवाद होते रहे हैं. बहुत सारे स्कूलों ने तो इस विवाद से निजात पाने का आसान तरीका यह तलाश किया है कि उन्होंने अपने यहां यूनीफॉर्म निर्धारित कर दी है. लेकिन जहां ऐसा नहीं हुआ है वहां विवाद भी अधिक हुए हैं.

यहां हमने जिन श्रीमती एबॉनी बैंक्स के ज़िक्र से अपनी बात शुरु की, वे अपनी बेटी के स्कूल के इस फैसले से बेहद नाराज़ हैं. इतनी कि उन्होंने स्कूल के सर्वोच्च  प्रशासन से शिकायत  करने के साथ-साथ संघीय अधिकारियों का दरवाज़ा भी खटखटाया है और सिविल राइट्स में भी शिकायत दर्ज़ कराई है. उनका कहना है कि उनकी बेटी स्कूल की ऑनर रोल विद्यार्थी है और वो डॉक्टर बनने का ख्वाब देखती है. ऐसी ज़हीन लड़की को महज़ चन्द इंच कपड़ों की खातिर पूरे बीस मिनिट कक्षा से वंचित कर देना नाइंसाफी  है. उनका यह भी कहना है कि स्कूल का यह कृत्य उस बच्ची के मन पर नकारात्मक असर डालेगा, उसके स्व-देह-बोध और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाएगा. एबॉनी बैंक्स ने कहा कि स्कूल का यह कृत्य निहायत ही सेक्सिस्ट है और इसने मेरा  खून खौला दिया है. इस विवाद का एक पहलू यह भी सामने  आया कि यह बच्ची जिस अफ्रीकी अमरीकन समूह से ताल्लुक रखती है उनकी देह औरों की तुलना में अधिक मांसल होती हैं, और कदाचित इसी वजह से स्कूल प्रशासन ने उसकी ड्रेस को आपत्तिजनक माना हो. हालांकि स्कूल प्रशासन ने इस सम्भावना को सिरे से नकारा है और कहा है कि वे लड़कों से भी उम्मीद करते हैं कि अपनी पतलूनों को नितम्बों से नीचे न बांधा करें. स्कूल ने अपने कृत्य को उचित ठहराते हुए एक तर्क यह भी दिया कि जैसे चौराहे का सिपाही बहुत सारे वाहन चालकों में से कुछ का ही चालान कर पाता है वैसे ही वे भी सबमें से कुछ ही विद्यार्थियों की वेशभूषा पर आपत्ति कर सके हैं. स्कूल की इस बात से शायद ही कोई असहमत हो कि स्कूल का एकमात्र उद्देश्य यह होता है कि विद्यार्थी अपनी पढ़ाई और कैरियर पर ध्यान दें और साथ ही यह भी  समझें कि जीवन में अलग-अलग अवसरों पर अलग-अलग  वेशभूषा की ज़रूरत होती है. 

लेकिन स्वाभाविक है कि सभी लोग स्कूल के इस कृत्य से सहमत नहीं हैं. तेरह वर्षीया सोला   बियर्स ने स्कूल के इस कृत्य के विरुद्ध अपनी आवाज़  बुलन्द करते हुए कहा कि स्कूल का यह ड्रेस कोड वाकई सेक्सिस्ट है. इसमें लड़कियों के लिए तो बहुत सारे नियम-कायदे हैं, लेकिन लड़कों के लिए एक भी प्रतिबन्ध नहीं है. सबसे उम्दा बात तो कही खुद एबॉनी बैंक्स ने. उन्होंने कहा कि उनकी बेटी घटना वाले दिन से ही विचलित रही लेकिन उसने इस बात को जल्दी ही भुला भी दिया. लेकिन खुद उन्होंने इस मामले को किसी परिणति तक पहुंचाने के लिए अपने प्रयास ज़ारी रखे हैं. वे यह महसूस करती हैं कि यह एक ऐसा मुद्दा है जिस पर व्यापक विमर्श की ज़रूरत है. “मैं नहीं चाहती कि किसी और लड़की को भी मेरी बेटी की तरह अपमानित करके कक्षा से बाहर निकाला जाए!. यह बेहद अपमानजनक  है.”      

▪▪▪ 
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 08 नवम्बर, 2016 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.