Showing posts with label लेखक. Show all posts
Showing posts with label लेखक. Show all posts

Tuesday, August 11, 2026

प्रबोध कुमार गोविल: एक लेखक जो चिर युवा और अजातशत्रु है!



पिछले कुछ दिन बड़ी मानसिक ऊहापोह के रहे हैं. मैंने वादा कर लिया था कि हिंदी के बड़े रचनाकार श्री प्रबोध कुमार गोविल पर केंद्रित एक ग्रंथ के लिए अपना लेख ज़रूर दूंगा, लेकिन क्या पता था कि यही वादा मेरी मानसिक ऊहापोह का कारण बन जाएगा! ऐसा नहीं है कि मुझे श्री गोविल के बारे में एक लेख लिखना है और मेरे पास इस लेख के लिए पर्याप्त सामग्री नहीं है. बात इसके उलट है. और बात यह भी नहीं है. सामग्री तो बहुत है, और ऐसी भी कोई मज़बूरी नहीं है कि लेख छोटा रखा जाए. जितना बड़ा चाहे लिख सकता हूं! फिर क्या उलझन है?

श्री प्रबोध गोविल से मेरी आत्मीयता काफी पुरानी है. लेकिन उतनी भी पुरानी नहीं है जितना लेखक प्रबोध गोविल से परिचय है. उनके प्रारंभिक उपन्यासों में से एक, ‘देहाश्रम का मनजोगी' की समीक्षा मैंने लिखी थी. यह कोई चारेक दशक पुरानी बात होगी. तब मैं समीक्षाएं खूब ही लिखता था. गोविल जी का यह उपन्यास मेरे मन में कुछ ऐसा अटका कि अब तक अटका ही हुआ है. शायद यह इस उपन्यास का ही असर था कि इसके बाद मैं जब भी किसी रचना पर लेखक के रूप में प्रबोध कुमार गोविल का नाम पढ़ता, उसे पढ़े बग़ैर नहीं रहता. यह दावा कर सकता हूं कि उनका लिखा अधिकांश मैंने पढ़ रखा है. इन दिनों मेरा पढ़ना कम हो गया है लेकिन गोविल जी का लिखना बदस्तूर ज़ारी है. इसलिए बैकलॉग बढ़ता जा रहा है! बहरहाल. लम्बे समय तक मेरा परिचय लेखक प्रबोध गोविल से ही रहा. फिर, इस शताब्दी के प्रारंभ में जब मैं जयपुर आ बसा तो व्यक्ति प्रबोध गोविल से भी सम्पर्क हुआ और बहुत जल्दी वह सम्पर्क गहरी आत्मीयता में परिवर्तित हो गया. यह आत्मीयता अब तक जस की तस है - यह नहीं कहूंगा. इसलिए नहीं कहूंगा कि आत्मीयता जस की तस नहीं है. वह पहले से अधिक प्रगाढ़ हुई है.

अब जो व्यक्ति आपका आत्मीय हो और जिसके लिखे के आप प्रशंसक हो, उसके बारे में क्या लिखें और क्या न लिखें! सब कुछ लिख दें तो पाठक पर अत्याचार और न लिखें तो ख़ुद पर ज़्यादती. सोचा उनके व्यक्तित्व पर लिख दूं. लगा कि इतने बड़े लेखक के व्यक्तित्व पर लिख कर उनके साहित्य की अनदेखी करना तो भयंकर पाप होगा. और अगर केवल साहित्य पर लिखूं तो यह उनके साथ अपनी आत्मीयता के प्रति अन्याय होगा. यही रही मेरी ऊहापोह!
लेखना टलता रहा और कृष्णा (रावत) जी का आत्मीय मधुर आग्रह बार-बार धिक्कारता भी रहा. आखिर हार कर आज लिखने बैठ गया हूं. बग़ैर यह सोचे कि क्या लिखना है! जिधर कलम ले जाएगी, चला जाऊंगा. प्रबोध गोविल जी हिंदी के उन रचनाकारों में हैं जिन्होंने लगातार लिखा है, बहुत लिखा है उसमें से ज़्यादातर अच्छा लिखा है. मुझे उनके लिखे में जो बात सबसे अधिक प्रभावित करती है वह है उनके लेखन की ताज़गी. आप उनकी किन्हीं भी दो रचनाओं को एक जैसा नहीं पाएंगे. अगर दस साल पहले लिखी उनकी किसी रचना को पढ़ने के बाद उनकी हाल की किसी रचना को पढ़ेंगे तो आपको उनमें अंतर साफ़ नज़र आएगा. वे समय को अपने से आगे नहीं निकलने देते हैं. समय के साथ जुगलबंदी करते हैं. जैसे-जैसे समय बदलता है उनकी भाषा बदलती है, उनका वाक्य विन्यास बदलता है, उनका वस्तु चयन बदलता है, उनका ट्रीटमेण्ट बदलता है और बदलता है चीज़ों के प्रति उनका नज़रिया. इस मामले में वे उन लेखकों से बहुत भिन्न हैं जिनकी पहली और सबसे नई रचना में किसी भी तरह का अंतर करना नामुमकिन होता है. 1953 में जन्मे प्रबोध कुमार गोविल भले ही अस्सी के पास पहुचने वाले हों, उनका सोच और उनकी कलम अभी भी एकदम युवा है. और यही युवापन उन्हें हर पीढ़ी का प्रिय बनाता है. यह आकस्मिक नहीं है कि गोविल जी का लिखा जितना मुझ जैसे पुरानी पीढ़ी के पाठकों को लुभाता है उतना ही, बल्कि शायद उससे भी अधिक नई पीढ़ी के पाठकों को भी आकर्षित करता है. इस मामले में वे हिंदी साहित्यकारों में अलग से चीन्हे जा सकते हैं.

प्रबोध कुमार गोविल जी न केवल अपने लेखन में युवा हैं, उसे पाठकों तक पहुंचाने के नए तौर तरीकों के इस्तेमाल के मामले में भी युवा है. वे कम्प्यूटर और इण्टरनेट का खूब प्रयोग करते हैं और उन तमाम प्लेटफॉर्म्स पर अपनी रचनाओं के साथ मौज़ूद मिलते हैं जिन तक आज की पीढ़ी पहुंचती दिखाई देती है. शायद ही ऐसा कोई नया प्लेटफॉर्म हो जहां आपको गोविल जी की रचनाएं न मिलें. और केवल मिलती ही नहीं हैं, उस प्लेटफॉर्म के सर्वाधिक लोकप्रिय लेखक के रूप में गोविल जी चमकते दिखाई देते हैं. कहना अनावश्यक है, फिर भी कह देना चाहता हूं कि यह इसी वजह से मुमकिन हो पाता है कि गोविल जी अपने लेखन में हमेशा नए बने रहते हैं. लेखन में भी और सोच में भी.

प्रबोध जी के लेखन की एक और बड़ी ख़ासियत यह है कि उनके यहां कथ्य का विपुल वैविध्य है. जीवन के अनगिनत पहलुओं को वे अपने कथा साहित्य में छूते हैऔर न केवल छूते हैं, उसकी सूक्ष्म पड़ताल करते हैं. मनुष्य मन के अनगिनत अंधेरे कोनों तक वे हमें ले जाते हैं और फिर उसे अपनी संवेदनशील अभिव्यक्ति से आलोकित कर पाठक के अनुभव संसार को समृद्ध बनाते हैं. उनके लेखन में समाज का बदलता स्वरूप, परिवर्तित होती सामाजिक संरचना, मानवीय सम्बंधों में आती जा रही दरारें, स्त्री-पुरुष सम्बंधों की जटिलताएं, महानगरों का अकेलापन, राजनीति के अनेक चेहरे, चमक-दमक के पीछे का यथार्थ और भी न जाने क्या-क्या मिलता है! यही यह भी कह दूं कि वे केवल लिखने के लिए नहीं लिखते हैं. उनका सारा लेखन सोद्देश्य है लेकिन यह उद्देश्यपरकता आरोपित न होकर रचना में रची-बसी मिलती है. आप केवल रचना को पढ़ते हैं, उससे प्रभावित या आनंदित होते हैं और इसी बीच हौले से वह रचना आपकी मानसिकता को अपनी गिरफ़्त में लेकर उसे बदल देती है. आप चीज़ों को नए नज़रिए से देखते-समझते हैं और इस तरह आपका सोच नया और अधिक सकारात्मक रुख अख़्तियार कर लेता है. इस तरह प्रबोध कुमार गोविल का लेखन एक बेहतर समाज के निर्माण का सहयोगी बनकर हमारे सामने आता है.

प्रबोध गोविल जी भले ही हिंदी में लिखते हैं उनकी लगभग सारी ही रचनाएं अनेक विविध भारतीय भाषाओं में अनूदित होकर पूरे देश में पहुंची हैं. उर्दू, सिंधी, पंजाबी, संस्कृत, तेलुगु, उड़िया, बांग्ला, अरबी, असमिया और मराठी के अलावा अंग्रेज़ी सहित अन्य कई विदेशी भाषाओं में भी उनकी रचनाओं के अनुवाद हुए हैं. कई प्लेटफॉर्म्स पर उनकी रचनाएं सुनने और देखने के लिए भी सुलभ हैं. हिंदी के बहुत कम ऐसे वरिष्ठ लेखक हैं जिन्होंने संचार के नवीनतम माध्यमों को इस सहजता और उत्साह के साथ अपनाया व इस्तेमाल किया है.

अपने लेखन के अतिरिक्त भी जीवन के अनेक क्षेत्रों में श्री गोविल सक्रिय हैं. शिक्षा और पत्रकारिता से तो उनका गहरा रिश्ता रहा ही है. एक स्वैच्छिक ग़ैर सरकारी संस्था राही सहयोग संस्थान के माध्यम से वे समाज सेवा के अनेक प्रकल्प संचालित करते हैं. यही राही सहयोग संस्थान बहुत सारी साहित्यिक गतिविधियां भी आयोजित करता है. राही सहयोग संस्थान पिछले कुछ बरस से हिंदी दिवस के अवसर पर हिंदी के एक सौ रचनाकारों की एक सूची ज़ारी करता रहा है. हिंदी समाज में इस सूची को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं रही हैं. जहां कुछ लोग इसे स्वागत योग्य मानते हैं कुछ अन्य इसकी कटु आलोचना भी करते हैं. जो आलोचना करते हैं वे प्राय: इस चयन की प्रक्रिया की अनदेखी करते हैं और एक बनी-बनाई धारणा के आधार पर ऐसा करते हैं. लेकिन सारी आलोचनाओं से अप्रभावित श्री गोविल मौन भाव से अपना काम करते रहते हैं. असल में यही मौन भाव, ठहराव और दृढ़ संकल्प श्री गोविल की असल ताकत है. बिना किसी विवाद में उलझे, बिना किसी कटु बहस का हिस्सा बने वे चुपचाप अपना काम करते रहते हैं. मैं ख़ुद बहुत बार सोचता रहा हूं कि उन्होंने इस आरोप का जवाब क्यों नहीं दिया, या उस टिप्पणी पर मौन क्यों रह गए? लेकिन बाद में महसूस किया कि अगर वे उस तरह की चीज़ों में ही अपना वक़्त खराब करते रहते तो फिर लिखते कब! उन्हें जो भी कहना था, अपने लेखन के माध्यम से कहा है. यह बहुत बड़ी बात है.

इधर श्री गोविल की आत्मकथा के चार भाग प्रकाशित हुए हैं: इज़्तिरार, लेडी ऑन द मून, तेरे शहर के मेरे लोग, और 44 पिंजरे तोड़ के भागा क़ैदी. गोविल जी की यह आत्मकथा हिंदी के अपेक्षाकृत कमज़ोर आत्मकथा खण्ड को समृद्ध करने वाली कृति है. यहां वे अपनी जीवन यात्रा को जीवन के संघर्षों को और जीवनानुभवों को जिस निर्मम तटस्थता के साथ सामने लाते हैं, वह विलक्षण और स्पृहणीय है. वे अपने अभावों और संघर्षों की बात करते हैं लेकिन इसलिए नहीं कि उन्हें किसी की सहानुभूति की ज़रूरत है. वे केवल तथ्य कथन करते हैं. यह तटस्थता विरल है. उनकी आत्मकथा एक लेखक की आत्मकथा मात्र न होकर एक ख़ास कालखण्ड का सजीव और प्रामाणिक चित्रण है.


मुझे गर्व है कि हिंदी के ऐसे बड़े लेखक श्री प्रबोध कुमार गोविल को मैं अपना मित्र कह सकता हूं. मुझे उनका अकुण्ठित स्नेह मिला है और यह स्नेह मेरी सबसे बड़ी पूंजी है. एक व्यक्ति के रूप में वे निहायत ही पारदर्शी, ईमानदार और अत्यधिक विश्वसनीय हैं. वे उन बहुत थोड़े से लेखकों में से हैं जिनका मित्र तो हर कोई है, शत्रु कोई भी नहीं है.
मेरा कामना है कि श्री गोविल स्वस्थ रहें, सक्रिय रहें और अपने लेखन से हम सबको स्मृद्ध करते रहें.

Sunday, October 5, 2025

मेरे लिखने की मेज

 मैं एक बहुत छोटा कलम घसीट हूं. यह बात मैं महज़ विनम्रता में नहीं कह रहा हूं. लेखकों की इतनी बड़ी दुनिया और उसमें एक से एक बड़े लेखक, उनके सामने मैं क्या हूं? विदेशी भाषाओं में, और ख़ास तौर पर अंग्रेज़ी में लेखकों की निजी ज़िंदगी, उनकी आदतों, उनकी सनकों आदि की खूब चर्चा होती है. (अन्य भाषाओं में होती है या नहीं, मुझे जानकारी नहीं है.)  शायद उसी का असर है कि अब मेरी भाषा हिंदी में भी इस तरह के प्रयास होने लगे हैं. लेकिन अभी हमारे यहां अपने पुरोधा लेखकों के रचना-परिवेश के बारे में भी बहुत ज़्यादा ज्ञात नहीं है.  इसकी एक वजह यह भी है कि हमारे यहां आत्म प्रक्षेपण की प्रवृत्ति बहुत कम रही है. इधर स्थितियां बदली हैं और लेखकों की आदतों, उनके परिवेश आदि के बारे में भी थोड़ी बहुत बातें होने लगी  हैं. ख़ास तौर पर नई कहानी  के दौर में यह प्रवृत्ति अधिक उभरी. सूरज प्रकाश जी जैसे दृष्टि सम्पन्न रचनाकार ने इस दिशा में बहुत महत्वपूर्ण काम किया है. मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि उन जैसा काम किसी और ने शायद ही किया हो. ऐसे में जब उन्होंने मुझ अकिंचन से अपने लिखने की मेज के बारे में कुछ कहने का आग्रह किया तो थोड़े संकोच से मैंने इस आग्रह को उनका आदेश मान स्वीकार कर लिया.   

जब लिखने बैठा हूं तो बहुत सारे लेखकों की लिखने की मेज और उनके लेखन की अजीब-ओ-ग़रीब आदतों की बातें मानस पटल पर झिलमिला रही हैं. अपने बारे में ऐसा तो कुछ भी नहीं है. बात को सलीके से कहने के लिए मुझे थोड़ा पीछे जाना होगा. मेरा परिवेश एक व्यापारी परिवार वाला रहा है. पिता एक व्यापारी थे और मां सामान्य गृहिणी. घर में पढ़ने लिखने का कोई माहौल था ही नहीं. यह साठ के दशक की बात है. जैसे-तैसे पढ़ लिया और कॉलेज प्राध्यापक बन गया. मन में रुचि थी और उचित वातावरण भी मिला तो थोड़ा बहुत लिखने लगा. पहले कुछ कविताएं लिखी, कुछ कहानियां भी लिखीं और उसके बाद आलोचना की तरफ मुड़ गया.  कथा साहित्य की आलोचना में मेरी बहुत रुचि रही.  एक ज़माने में पुस्तक समीक्षाएं भी खूब लिखीं. खूब यानी वास्तव में खूब! फिर अनुवाद की तरफ मुड़ा. तरह-तरह के अनुवाद किए. उसके बाद यात्रा वृत्तांत की तरफ मुड़ा और इधर कुछ बरसों से साहित्येतर लेखन कर रहा  हूं. अनेक प्रकाशनों में स्तंभ लिखे हैं और लिखता हूं.  साहित्य पढ़ता खूब हूं लेकिन लिखता अन्यान्य विषयों पर हूं. 

जब 1970 में मैंने लिखना शुरु किया  तो मेरे पास एक छोटी-सी टेबल थी और उस टेबल पर एक पोर्टेबल टाइप राइटर रहता था - जेके का. टेबल पर कुछ ठीक-ठाक से पेन, पेंसिल इरेज़र और उस ज़माने में चलन में रही कोरस के इरेजेक्स की एक शीशी रहती थी.  मुझे अपने लेखन  में सुरुचि का जैसे जुनून था. अच्छे कागज़ पर सलीके से टंकित लेख को बेहतरीन लिफाफे में ठीक से मोड़कर रखकर पोस्ट करना मुझे  रुचता था. यह आदत अभी तक बनी हुई है. अपने सीमित साधनों के बावज़ूद मैं अच्छी स्टेशनरी खरीदता और कोशिश करता कि जो भी टाइप करूं वह त्रुटि रहित हो. अपने लेखन में मदद के लिए शब्द कोश देखना मुझे बहुत प्रिय था जैसे-जैसे सम्भव हुआ मैं अलग-अलग कोश खरीदता गया. यह मेरा सौभाग्य रहा कि मैं जिन भी कॉलेजों में कार्यरत रहा, वहां के पुस्तकालय बहुत समृद्ध थे अत: संदर्भ आदि जुटाने के लिए मुझे पुस्तकों और संदर्भ ग्रंथों का अभाव कभी नहीं रहा. मेरे लिखने की टेबल पर एक टेबल लैम्प ज़रूर रहता, भले ही महंगा टेबल लैम्प मैं कभी नहीं खरीद सका. अपनी सरकारी नौकरी में तबादलों की वजह से कोई लगभग  दस घर तो मैंने बदले ही लेकिन हर घर में टेबल की व्यवस्था करीब-करीब ऐसी ही रही. एक बात और. लाख प्रयत्न करने और पत्नी की नाराज़गी सहने के बावज़ूद मैं अपनी टेबल को साफ़ और व्यवस्थित कभी नहीं रख सका. एक तो बहुत बड़ी टेबल कभी मेरे पास नहीं रही, और दूसरे उस पर किताबें, कागज़-पत्तर और अन्यान्य सामग्री का अंबार हमेशा लगा रहा. बीच में काफी समय मेरे लिखने की टेबल पर एक छोटा ट्रांज़िस्टर रेडियो भी रहता था, जिस पर चलने वाला संगीत मेरे और शेष दुनिया के बीच के पार्टीशन की भूमिका निबाहता था. बाद में इस ट्रांज़िस्टर की ज़रूरत ख़त्म हो गई. 

सन 2000 में कई घाटों का पानी पीकर जब हम लोग जयपुर आ गए और यहां तीन साल नौकरी करने के बाद अंतत: यहीं के होने का फैसला हो गया और इस लम्बी ज़िंदगी में पहली बार अपने घर में रहने का संयोग जुटा तो   लिखने पढ़ने के लिए एक ठीक-ठाक-सी टेबल बनवाई गई. इस समय तक हमारी ज़िंदगी में कम्प्यूटर भी आ गया था और मैं भी अपने पोर्टेबल टाइपराइटर  को छोड़कर लैपटॉप  का इस्तेमाल करने लग गया था, अत: टेबल की शक्ल भी बदल गई. अब मैं जिस टेबल पर यह सब लिख रहा हूं उस पर एक बड़ा मॉनीटर और की बोर्ड है, आइकिया का एक खूबसूरत लैम्प है, एक पेन स्टैण्ड है जिसमें पेन पेंसिल, हाइलाइटर, करेक्शन फ्ल्यूड वगैरह रहते हैं, नीचे एक पुल आउट शेल्फ है जिस पर मेरा लैपटॉप रहता है, उसके साइड में दो छोटी और एक बड़ी दराज़ें हैं. छोटी दराज़ों में लेखन सामग्री-स्टेशनरी, डाक टिकिट  वगैरह रहते हैं और नीचे वाली बड़ी दराज़ में ऊपर एक स्कैनर और नीचे प्रिण्टर रहते हैं.  भले ही डाक का प्रयोग बहुत कम हो गया है, अच्छे लिफाफे, विशेष डाक टिकिट, गोंद, फेविकोल वगैरह सब मेरे पास हमेशा रहते हैं. अब मेरी टेबल पर ट्रांज़िस्टर नहीं रहता क्योंकि संगीत मुझे अपने लैपटॉप या टेबल के कोने पर रखे गूगल के स्मार्ट मिनी स्पीकर से मिल जाता है. जब भी मुझे कुछ लिखना होता है पहले मैं संगीत चलाता हूं ‌खास तौर पर शास्त्रीय वाद्य संगीत, और उसके बाद अपने लेखन को की बोर्ड के माध्यम से अस्तित्व में लाता हूं. अपने कम्प्यूटर पर नए और आकर्षक फॉण्ट्स का इस्तेमाल करना मुझे बहुत रुचता है. अब संदर्भ के लिए, वर्तनी जांच के लिए मुझे बार-बार उठकर अपनी अलमारी तक नहीं जाना होता है. अधिकांश काम लैपटॉप से ही हो जाता है. 

क्योंकि मेरा क्षेत्र सर्जनात्मक लेखन नहीं है, स्वभावत: लिखने के बारे में मेरी कोई ख़ास आदत भी नहीं है. मन में विचार चलते रहते हैं. कभी-कभार उन्हें व्यवस्थित करने के लिए सामने रखे नोट पैड पर कुछ बिंदु टांक लेता हूं और फिर सीधे टाइप करने बैठ जाता हूं. कभी-कभार वॉयस टाइपिंग का भी प्रयोग कर लेता हूं, हालांकि मुझे वह बहुत सहज नहीं लगता है. अपनी नौकरी के दिनों  में भी, जब मुझे बाकायदा स्टेनो की सुविधा सुलभ थी, डिक्टेशन देने की बजाय हाथ से लिखकर टाइप करवाना मुझे ज़्यादा रुचता था. वही आदत  अब भी है. कम्प्यूटर के कारण अपने लिखे में क्रम बदलने, वर्तनी जांच  करने, संदर्भ जोड़ने वगैरह की बहुत सारी सुविधाएं अब मेरे लिखने के काम को आसान  बना रही हैं. मेरे लिखने का कोई निश्चित समय नहीं है. दिन में, रात में, शोर में शांति में किसी भी स्थिति में लिख लेता हूं. 

और हां, मेरी टेबल अब भी उतनी ही अव्यवस्थित और बिखरी हुई रहती है.

∙∙∙

Tuesday, July 28, 2020

अपने यहां प्रतिभाओं की कमी थोड़े ही है!

युवा मित्र यशवंत ने मुझे किन्हीं सज्जन का एक संदेश फॉरवर्ड किया है. इन सज्जन ने अपने परिचय में स्वयं को न्यूज़ प्रोड्यूसर एवम एडिटर इन चीफ़ बताया है. इन्होंने किसी संस्थान में लेखन विषयक किसी काम के लिए आवेदन करते हुए अपने परिचय में जो लिखा है उसका हिंदी अनुवाद यहां प्रस्तुत कर रहा हूं: “नमस्ते महोदय. मैंने हिंदी में सामग्री सर्जक (कण्टेण्ट क्रिएटर) के रूप में रेड एफएम, रेडियोसिटी, राजस्थान पत्रिका जैसे शीर्षस्थ मीडिया ब्राण्ड्स के साथ काम किया है. मैं एक महान लेखक हूं और हिंदी पर मेरा अधिकार मुंशी प्रेमचंद से भी बेहतर है. आप इस पद के लिए मेरे नाम पर विचार कर सकते हैं.” मुझे नहीं पता कि जिन्हें इन सज्जन ने यह संदेश भेजा है उन्होंने इनकी सेवाएं लेने का सौभाग्य प्राप्त किया या नहीं. लेकिन इनके इस संदेश को पढ़ते हुए मुझे अनायास अपनी नौकरी के दिनों के एक मित्र की याद आ गई. वे भी मेरी ही तरह कॉलेज व्याख्याता थे. उनके विषय का उल्लेख जान बूझकर नहीं कर रहा हूं. उनकी ‘रचनात्मकता’ उन दिनों उफान पर थी. महीने डेढ़ महीने में एक किताब वे लिख दिया करते थे. उनका प्रकाशक जिस विषय पर कहता उसी पर वे तीस-चालीस दिनों में चार पांच सौ पन्नों की किताब लिख कर पेश कर देते. जानकार साथीगण दबे स्वरों में उनकी किताबों को ‘छात्रोपयोगी’ कहा करते थे. यह भी सुनने को मिला था कि पुस्तक उत्पादन के इस काम को वे कुटीर उद्योग की तर्ज़ पर किया करते थे और उनकी पत्नी, बच्चे सभी इस उद्यम में सहयोग करते थे. करत-करत अभ्यास के वाली बात को चरितार्थ करते हुए उनकी पत्नी और बच्चे भी ‘लेखक’ बन गए.
मेरी उनसे दोस्ती थी. अब स्वीकार कर लेता हूं कि एक दिन मज़े लेने के लिए मैंने उनसे पूछा कि आप इतनी सारी ‘साहित्य सेवा’ कैसे कर लेते हैं? कहना अनावश्यक है कि यह सवाल पूछने से पहले मैंने उनकी रचनात्मकता की भूरि-भूरि सराहना की. शायद इस सराहना का ही प्रभाव था कि वे बहुत जल्दी खुल गए, और अपना एक ट्रेड सीक्रेट मुझे बता दिया. बोले, “आपकी हिंदी का कोई लेखक है, रामधारी सिंह दिनकर. उसकी किताब को मैंने अपनी इस किताब का आधार बनाया है.” मैंने बड़ी मासूमियत से पूछा, “आधार बनाकर फिर आपने क्या किया?” अब वे पूरी तरह खुल गए थे. बोले, “अरे डॉक्टर साहब. बस आधार पुस्तक मिल गई. इसके बाद तो कुछ ख़ास करना ही नहीं था. मैंने तो बस इस किताब की हिंदी थोड़ी ठीक कर दी. और मेरी यह किताब तैयार हो गई!” अब क्या यह भी बता ही दूं कि रामधारी सिंह दिनकर नामक लेखक की जिस किताब की हिंदी उन्होंने ठीक की थी, उस किताब का नाम क्या था? किताब का नाम था – 'संस्कृति के चार अध्याय!'
भले ही हिंदी पर प्रेमचंद से भी ज़्यादा अधिकार रखने वाले इस महान लेखक के दर्शनों का सौभाग्य मुझे नहीं मिला है, मैं इस बात पर तो गर्व कर ही सकता हूं कि रामधारी सिंह दिनकर की हिंदी ठीक करने की योग्यता रखने वाला एक व्यक्ति मेरा भी सहकर्मी और मित्र रहा है!
अपने यहां प्रतिभाओं की कमी थोड़े ही है!

Tuesday, October 14, 2014

आत्म प्रचार के समय में इण्टरव्यू न देने वाला एक लेखक

कहा जाता है कि हमारा समय आत्म प्रचार का समय है. जो दिखता है वो बिकता है से भी आगे, जो बोलता है वो बिकता है के अनगिनत उदाहरण हम अपने चारों तरफ देखते  हैं. और जब आप बोलते हैं, अनवरत बोलते हैं तो भला किसे इतनी फुर्सत है कि यह जांचे कि आपके बोले में दूध कितना है और पानी कितना! आप तो बस बोलते रहिये. जीवन के तमाम क्षेत्रों में यह हो रहा है. साहित्य और कलाओं का क्षेत्र भी इस प्रवृत्ति से अछूता नहीं है. साहित्य में तो किताबों के लोकार्पण के आयोजन इस प्रवृत्ति के बेहतरीन उदाहरण के रूप में देखे जा सकते हैं. और लोकार्पण से भी थोड़ा पीछे चलें तो आजकल तो अपने खर्चे से छपवाई गई किताबों की जैसी बाढ़ आई हुई है वह भी आत्म प्रचार की ही एक और छवि प्रस्तुत करती है. पहले आप अपनी जेब से दस-बीस हज़ार खर्च कर एक किताब छपवा लें, फिर अपनी हैसियत के अनुसार खर्चा कर भव्य या भव्यातिभव्य लोकार्पण समारोह आयोजित कर लें, जिसमें आपके दोस्त लोग आपको अपनी भाषा का न भूतो न भविष्यति लेखक साबित कर दें, और फिर जैसे-तैसे करके कुछ पत्र-पत्रिकाओं में अपनी किताब की प्रशंसा, जिसे समीक्षा कहा जाता है, प्रकाशित करवा लें. हो गए आप महान लेखक. इस पर भी मन न भरे तो प्रचार का एक और माध्यम आपके पास है – फेसबुक. हर रोज़ किसी महान लेखक के हाथ में अपनी किताब देकर फोटो पोस्ट करते रहें, लोगों को लगेगा कि सारी दुनिया सिर्फ और सिर्फ आपकी ही किताब पढ़ रही है.

पता नहीं संचार  माध्यमों को लेखक की कितनी ज़रूरत होती है, लेखकों को तो संचार माध्यमों की चिरौरी करते हमने खूब देखा है. संचार माध्यमों से जुड़े लोगों को यशाकांक्षी लेखकगण जिस तरह भाव देते हैं उससे उनकी नीयत बहुत साफ हो जाती है. और इन माध्यमों में जो लोग हैं, वे भी इस  बात को भली-भांति समझते हैं इसलिए  नाकाबिले बर्दाश्त हरकतें तक कर जाते हैं. कुछ  बरस पहले ऐसे ही एक मंज़र का प्रत्यक्षदर्शी होने का मौका मुझे अनायास मिल गया. हिन्दी के जाने-माने कथाकार राजेन्द्र यादव किसी आयोजन में भाग लेने जयपुर आए हुए थे. कार्यक्रम शुरु होने में कुछ विलम्ब था और वे पहली पंक्ति में बैठे थे. मैं उनसे कुछ गपशप कर रहा था. तभी एक सुकन्या खट-खट करती हुई आई और कॉन्वेण्टी लहज़े में अपना  परिचय देने के बाद उनसे कुछ सवाल जवाब करने की अनुमति चाही. राजेन्द्र जी ने सहर्ष अनुमति दी तो पहला सवाल उसने उनसे यह पूछा कि आपका नाम क्या है! राजेन्द्र जी ने शायद सवाल सुना नहीं, लेकिन मैंने उस कन्या से कहा कि ये राजेन्द्र  यादव हैं. मेरा खयाल था कि इस नाम को सुनकर उसे बहुत कुछ याद आ जाएगा. लेकिन मुझे उस कन्या की महानता का अन्दाज़ नहीं था. उसने दूसरा सवाल फिर राजेन्द्र जी से ही पूछा – क्या आप भी लिखते हैं? राजेन्द्र जी ने मुस्कुराते  हुए गर्दन हिलाई तो उसने तुरंत तीसरा  सवाल दागा- आप क्या लिखते हैं? मुझे लगा कि अब ज़रूर राजेन्द्र जी उखड़ जाएंगे, और शायद वे उखड़ भी गए होते, अगर उसी क्षण मंच से उन्हें बुला न लिया गया होता.

ऐसे ही एक प्रसंग का साक्षी रहने का सौभाग्य मुझे और मिला था. मैं दूरदर्शन केन्द्र पर अपनी एक रिकॉर्डिंग के लिए गया हुआ था. स्टूडियो खाली होने में कुछ देर थी तो प्रतीक्षा कक्ष में जा बैठा. एक अफसरनुमा सज्जन और एक सुमुखी वहां पहले से बिराजे हुए थे. शायद  उन्हें मेरी उपस्थिति नागवार गुज़री, लेकिन कहते भी क्या? मैं चोर आंखों-कानों  से उनकी बातचीत देख सुन रहा था. जो बात समझ में आई वो यह कि वे सज्जन किसी विभाग के उच्चाधिकारी थे और बतौर लेखक अपना साक्षात्कार रिकॉर्ड करवाने आए थे. उस भद्र महिला को उनका साक्षात्कार लेना था. जो बात सबसे रोचक थी वह यह कि वे सज्जन एक स्क्रिप्ट अपने साथ लाए थे और उस महिला को यह सिखा पढ़ा रहे थे कि वे क्या सवाल पूछेंगी और सज्जन क्या जवाब देंगे. यानि ‘ये रहे आपके सवाल और ये रहे मेरे जवाब’  वाला मामला था!


लेकिन इस सारे परिदृश्य के बीच यह जानना एक अलग तरह के गर्व की अनुभूति कराता  है कि हमारे ही समय में कम से कम एक लेखक तो ऐसा हुआ है जो न तो कभी किसी भी माध्यम को कोई इण्टरव्यू देता था और न अपने फैन्स से मिलना पसन्द करता था. अलबत्ता साधारण जन से मिलने और बतियाने में उन्हें कोई गुरेज़ नहीं था, बशर्ते वे भी बिना टेप रिकॉर्डर नोटबुक वगैरह पत्रकारी उपकरणों के उनके पास जाएं. जानते हैं कौन थे यह लेखक? आर के नारायण! वे ही आर के जिन्हें हम मालगुड़ी डे’ज़ और द गाइड के लेखक के रूप में जानते हैं!

•••  

लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में  मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 14 अक्टोबर, 2014 को  आत्मप्रचार के समय में भी नहीं दिया इण्टरव्यू शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.             

Tuesday, February 18, 2014

किताबें और हम

किताबों के साथ हमारा रिश्ता बहुत अजीब है. चाहते हैं कि हमारे चारों तरफ किताबें ही किताबें हों. बस उन्हें छूते, सूंघते, देखते और पढ़ते हुए ज़िंदगी कट जाए! लेकिन जब किताबें इकट्ठी हो जाती हैं तो दूसरी तरह की बेचैनी घेरने लगती है! अरे! वक़्त इतना कम है और कितना कुछ पढ़ने को शेष है! मुझ जैसे मध्यवर्गीय लोगों का एक संकट और है और वह यह कि किताबें इकट्ठी  करने वाले मन का मकान की सीमित जगह से कोई तालमेल नहीं बैठ पाता है. और अगर पत्नी सुरुचि सम्पन्न हो तो यह कष्ट और कि किताबें उनकी आंखों में रड़कती हैं. ख़ास तौर पर पुरानी और जीर्ण-शीर्ण किताबें! मेरी पीढ़ी के लोगों की एक और बहुत बड़ी चिंता यह भी है कि हमारे बाद इन किताबों का क्या होगा? अपने अनेक दिवंगत आत्मीय साहित्य रसिकों के परिवार जन को उनकी बड़े जतन से संजोई लाइब्रेरियों के लिए फिक्र करते मैंने देखा है.

बहरहाल, आज तो मुझे किताबों से जुड़ी एक मज़ेदार घटना की याद आ रही है, उसी को आपसे साझा कर रहा  हूं. इस घटना को साझा करने से पहले यह कह दूं कि जिन मित्र से इस घटना का ताल्लुक है, उनके प्रति अवज्ञा या अवमानना का लेश मात्र भी भाव मेरे मन में नहीं है और उनकी मज़बूरी को अच्छी तरह समझता हूं.  महज़ अपने पाठकों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए इसे साझा कर रहा  हूं.

दिवाली से पहले के दिन थे. ये दिन कबाड़ियों के लिए ख़ास होते हैं. लोग अपने घरों की सफाई करते हैं, अनुपयोगी सामान निकालते हैं और इस वजह से कबाड़ी लोगों का कारोबार उन दिनों अपने यौवन पर होता है. वो एक छोटा-सा कस्बा था जहां हम रहते थे. कुछेक कबाड़ी जो ठेलों पर अपना धंधा चलाते थे, मुझे भी जानते थे. जानने की वजह यह थी जब भी उनके ठेलों पर किताबें नज़र आतीं, मैं उन्हें रोकता और उनमें से अपने काम की किताबें छांट कर बिना मोलभाव किए खरीद लिया करता था. वे कबाड़ी कोई खास पढ़े लिखे तो थे नहीं, पर उन्हें यह ज़रूर समझ में आता था  कि  यह आदमी वो किताबें खरीदता है जिन्हें कोई दूसरा छूता तक नहीं है. मुझे इन कबाड़ियों से कई दफा बेशकीमती साहित्यिक सामग्री मिल चुकी थी, इसलिए मैं भी उनकी  तलाश में रहता था.

तो उस दिन जब मैं अपने कॉलेज जा रहा था, ऐसे ही एक परिचित कबाड़ी ने मुझे आवाज़ दी, और कहा कि साहब आज तो आपके काम का बहुत सारा माल मेरे पास आया है. मैं रुका, उसने अपना ठेला सड़क के किनारे खड़ा किया और किताबों के एक बड़े ढेर की तरफ इशारा कर मुझे अपने पसंद की किताबें चुन लेने को आमंत्रित किया. वाकई वे उम्दा साहित्यिक किताबें थीं. कविताओं की, कहानियों  की, लेखों की, आलोचना की. शीर्षक देख कर एक किताब हाथ में ली, उसे खोला तो देखा भीतरी पन्ने पर लिखा था – आदरणीय अमुक जी को सादर भेंट! और नीचे लेखक के हस्ताक्षर थे. मेरी दिलचस्पी जागी. दूसरी किताब देखी, वही बात. तीसरी, चौथी, पांचवीं....यानि ये सारी किताबें मेरे मित्र और सहकर्मी के यहां से आई थीं. बात मुझे समझ में आ गई. रचनाकार, विशेष रूप से युवा और उभरते हुए रचनाकार अपनी  नव प्रकाशित किताबें  सम्मति और  आशीर्वाद के लिए अपने वरिष्ठ रचनाकार सथियों को भेंट करते हैं. मेरे उन  मित्र को भी स्वभावत: ऐसी बहुत सारी किताबें  भेंट  में प्राप्त हुई थीं, और उन्होंने दिवाली की सफाई के दौरान उन किताबों से इस तरह निज़ात पाई थी. जैसा मैंने कहा, हम मध्यवर्गीय  लोगों के घरों में इतनी जगह नहीं होती कि जितनी किताबें हम चाहते हैं उन सबको सहेज कर रख सकें, ऐसे में किताबों की छंटनी एक मज़बूरी के रूप में सामने आती है.

ख़ैर! मुझे मज़ाक सूझा. दोस्तों में यह आम बात है. मैंने कोई बीसेक किताबें उस ठेले से खरीदीं. तब वो पचास पैसे में एक किताब देता था. दस रुपये बहुत ज़्यादा नहीं थे मज़ाक के नाम पर. किताबें घर लाया, और जहां-जहां उनके लेखकों ने मेरे परम मित्र का नाम लिखकर अपने दस्तखत कर रखे थे, उनके ठीक नीचे लिखा, आदरणीय अमुक जी को पुन: सादर भेंट! और अपने हस्ताक्षर कर दिए. शाम को उनके घर गया, और पूरी गम्भीरता और विनम्रता से उनसे कहा कि आपके लिए एक छोटी-सी भेंट लेकर हाज़िर हुआ हूं. और यह कहकर उन किताबों का ठीक से बनाया हुआ पैकेट उनके सामने रख दिया. उन्होंने बड़ी उत्सुकता से उस बण्डल को खोला......

और फिर?

बस! फिर क्या हुआ यह मत पूछिये!

इतना कह दूं कि बरसों बीत जाने के बाद अब भी हमारी दोस्ती उतनी ही प्रगाढ़ है! 

●●●

लोकप्रिय दैनिक न्यूज़ टुडै  में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर में 18 फरवरी, 2014 को सप्रेम मिली किताबें कबाड़ी को चढ़ी भेंट शीर्षक से प्रकाशित संस्मरण का मूल आलेख. 

Thursday, April 26, 2012

जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल पर बातचीत

हाल ही में सम्पन्न हुए जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के बारे में डॉ दुर्गाप्रसाद अग्रवाल से डॉ रजनीश भारद्वाज की बातचीत आप हिंदी के वरिष्ठ लेखक हैं, सजग आलोचक हैं, वस्तुपरक विश्लेषक हैं, देश-विदेश घूमने का आपको समृद्ध अनुभव है, अभिव्यक्ति की वर्तमान तकनीकों को अच्छी तरह समझते हैं तथा उनका उपयोग भी करते हैं. इसी दृष्टि से मैं आपके समक्ष ऐसे कुछ प्रश्न रख रहा हूं जिनका उत्तर आप ही दे सकते हैं. आप जयपुर में आयोजित जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल के हर आयोजन को देखते आ रहे है. अब तक हुए उत्सवों की साहित्यिक उपलब्धियों को आप किस प्रकार रेखांकित करेंगे? जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल की शुरुआत 2006 में हुई थी, और उस बरस इसमें मात्र 18 लेखकों और 14 अन्य लोगों ने भाग लिया था. इन्हें सुनने वालों की संख्या बमुश्क़िल 100 रही होगी. इस बरस यानि 2012 के फेस्टिवल में लगभग 250 लेखकों ने शिरकत की और उन्हें देखने-सुनने वालों की संख्या एक लाख के लगभग बताई जाती है. यानि बहुत कम समय में यह उत्सव बहुत बड़ा हो गया है. इन बरसों में इस आयोजन में देश विदेश के अनेक बड़े और बहुत बड़े लेखकों ने शिरकत की है. इस बरस बेन ओकरी, रिचर्ड डॉकिंस, स्टीवन पिंकर, एमी चुआ जैसे विदेशी और गिरीश कर्नाड, के. सच्चिदानंदन, प्रतिभा रे, कुलदीप नैयर, एम. जे. अकबर, अशोक वाजपेयी, पुरुषोत्तम अग्रवाल, नीलाभ अश्क़ जैसे अनेक भारतीय लेखक इसमें आए. मुझे लगता है कि किसी भी साहित्यिक आयोजन की उपलब्धि यही हो सकती है कि वह लेखक-पाठक को नज़दीक लाए. इस लिहाज़ से तो मैं इस आयोजन को उपलब्धिमूलक ही कहना चाहूंगा.  इस फेस्टिवल से साहित्य और समाज को क्या लाभ हुआ? इस सवाल का जवाब देना तो बहुत मुश्क़िल है. क्या किसी भी साहित्यिक आयोजन के बारे में यह सवाल करके कोई सीधा उत्तर पाया जा सकता है? एक बड़ा लेखक शहर में आता है, कोई संस्था उनके व्याख्यान का आयोजन करती है, या किसी विषय पर कोई चर्चा आयोजित की जाती है, किसी पुस्तक पर कोई चर्चा होती है. इन सबके सन्दर्भ में अगर कोई यह पूछे कि इनसे साहित्य और समाज को क्या लाभ हुआ, तो क्या उत्तर देंगे? मेरा यह मानना है कि किसी भी साहित्यिक आयोजन का मक़सद होता है विमर्श का मंच प्रदान करना और वृहत्तर समुदाय तक पहुंचना. तो इस लिहाज़ से यही कहा जाएगा कि जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल ने साहित्य और समाज दोनों को लाभान्वित किया है. साहित्यकारों को पाठक मिले और पाठकों को साहित्य और साहित्यकार. अगर हम यह भी मान लें कि यह कोई गम्भीर आयोजन नहीं था, एक फेस्टिवल था, एक उत्सव था, तो भी इस बात के महत्व को कम करके आंकना उचित नहीं होगा कि पूरे पाँच दिन हर दिन एक साथ चलने वाले सात गुणा पाँच यानि पैंतीस सत्रों में से हरेक में लगभग हाउसफुल की स्थिति रही. लोगों ने हर तरह के लेखकों को न केवल दत्तचित्त होकर सुना, उनसे गम्भीर सवाल भी किए. समाज को यह लाभ हुआ कि उसे इतने सारे लेखकों, विचारकों, पत्रकारों और अन्य बहुत सारे अनुशासनों के शीर्षस्थ लोगों से रूबरू होने का और उनके विचारों से अवगत होने का मौका मिला, और साहित्य का लाभ यह हुआ कि उसका प्रसार हुआ. प्रसंगवश, यह भी कहूं कि इस फेस्टिवल में किताबों की जो दुकानें थीं, और जिन पर इस फेस्टिवल में शिरकत करने वाले लेखकों की किताबें उपलब्ध थीं, अंतिम दिन उनमें से अधिकांश खाली हो चुकी थीं. यानि लोगों ने न सिर्फ चर्चाओं को सुना, चर्चा करने वाले लेखकों की किताबों को खरीदा भी सही. किताबों पर लेखकों के ऑटोग्राफ लेने वालों की भी बहुत लम्बी कतारें देखने को मिलीं.  इस उत्सव को आयोजित करने वालों की मूल प्रतिज्ञा शायद बड़े-बड़े लेखकों को एक मंच पर इकट्ठा करना और उनके माध्यम से दर्शकों को चमत्कृत करना है जिसकी परिणति मनोरंजन में होती है. क्या साहित्य की मूल प्रतिज्ञा से इस आयोजन की मूल प्रतिज्ञा मेल खाती है? इस बात में कोई शक़ नहीं है कि इस आयोजन में बहुत सारे बड़े लेखकों की सहभागिता रहती है. यह सहभागिता हर बरस बढ़ती जा रही है. बड़े नामों के प्रति आकर्षण हम सबमें होता है. अगर हम कोई बहुत छोटा आयोजन करते हैं तब भी हमारी यह कोशिश तो होती ही है कि अपने संसाधनों के हिसाब से किसी ‘बड़े’ लेखक को उसमें बुलाएं. हम जयपुर में कोई आयोजन करते हैं तो और नहीं तो यही कोशिश करते हैं कि दिल्ली का कोई लेखक आ जाए. ऐसे में अगर इतने बड़े पैमाने का कोई आयोजन है तो यह बहुत स्वाभाविक है कि उसमें बड़े-बड़े लेखक बुलाए जाएंगे. अगर आप बड़े लेखकों को नहीं बुलाएंगे तो इस पैमाने का आयोजन हो ही नहीं सकता. लेकिन आपने एक महत्वपूर्ण टिप्पणी यह की है कि आयोजक बड़े-बड़े लेखकों को एक मंच पर इकट्ठा करके दर्शकों को चमत्कृत करना चाहते हैं. आपने अपनी टिप्पणी के साथ ‘शायद’ जोड़कर यह आशंका व्यक्त की है. मैं एक उदाहरण देकर फिर अपनी बात कहूंगा. इस बार के स्टार लेखकों में से एक थे बेन ओकरी. 23 जनवरी की शाम जिस समय उनका सत्र था उसी समय के चार दूसरे सत्रों में से एक सत्र उतने ही महत्वपूर्ण लेखक रिचर्ड डॉकिंस का था, और एक अन्य सत्र कविता समय शीर्षक से था जिसमें अशोक वाजपेयी, नन्द किशोर आचार्य, नन्द भारद्वाज, पीयूष दईया और लता शर्मा थे. इसी तरह आयोजन के पहले दिन एक सत्र में हैरी कुंजुरू थे, दूसरे में (यह बात अलग है कि उन्हें लेखक मानें भी या न मानें, लेकिन ‘बड़े’ तो वे हैं ही) कपिल सिब्बल थे, एक अन्य सत्र में के. सच्चिदानंदन थे और एक और अन्य सत्र कथा कोश में नवतेज सरना और दीप्ति नवल के साथ हमारे अपने चरण सिंह पथिक, और लक्ष्मी शर्मा थे. जो बात मैं रेखांकित करना चाहता हूं वह यह कि किसी एक सत्र में स्टार लेखक के होने के बावज़ूद शेष सभी सत्रों में भी दर्शकों-श्रोताओं की भरपूर उपस्थिति थी. अब बताइये, कि चमत्कार का क्या असर रहा? जिस वक़्त गुलज़ार और जावेद अख्तर जैसे स्टार एक सत्र में मौज़ूद हों उसी वक़्त अगर लोग रोसामुण्ड बार्टलेट, पवन वर्मा, पुरुषोत्तम अग्रवाल और जेम्स शैपिरो को दत्त चित्त होकर सुनें तो बताइये कि चमत्कार का क्या असर रहा? मुझे नहीं लगता है कि आयोजकों का मक़सद चमत्कार पैदा करना रहा है. अलबत्ता बड़े लेखकों को उन्होंने ज़रूर जुटाना चाहा और इसमें वे कामयाब भी रहे हैं. लेकिन, आयोजन में सिर्फ बहुत बड़े लेखक ही हों, ऐसा भी नहीं है. ऐसे बहुत सारे लेखक भी इसमें आते रहे हैं जिनकी अभी पहली ही किताब आई है और जो साहित्य की दुनिया में अपनी पहचान बना रहे हैं. यानि, कुल मिलाकर एक समन्वय की स्थिति मुझे तो नज़र आई. वैसे, आपने यह सवाल नहीं पूछा है, लेकिन मैं बता दूं कि इस आयोजन में हर दफा कुछ फिल्मी सितारे भी शिरकत करते रहे हैं. कभी अमिताभ बच्चन, कभी आमिर खान, कभी देव आनंद तो कभी ओम पुरी, आदि. आम तौर पर हुआ यह है कि किसी सितारे की कोई किताब उस दौरान प्रकाशित हुई तो उसके प्रोमोशन के लिए उस सितारे को भी बुला लिया गया. बेशक ऐसा करने के पीछे व्यावसायिक नज़रिया होता है. लेकिन एक बात तो यह कि इस आयोजन के कर्ताधर्ताओं ने साहित्य की एक व्यापक परिभाषा ली है. हम लोग आम तौर पर जिसे साहित्य कहते हैं, ये उससे काफी दूर तक जाते हैं और राजनीति, अर्थशास्त्र, समाजशास्त्र, सिनेमा, मनोरंजन, पत्रकारिता सभी को साहित्य की परिधि में लेते हैं. यही वजह है कि इनके आयोजनों में तरुण तेजपाल भी होते हैं, एम. जे. अकबर भी, कुलदीप नैयर भी, मार्क टुली भी, बरखा दत्त भी और ओप्रा विनफ्रे भी. मुझे तो लगता है कि ज्ञान की विविध शाखाओं के बीच पारस्परिक सम्वाद का यह खयाल बुरा नहीं है. मैं आयोजन में आने वाले लोगों की तारीफ करूंगा कि वे महज़ ग्लैमर के पीछे नहीं भागते हैं और जब किसी ग्लैमर वाले स्टार का सत्र चल रहा होता है उस वक़्त भी वे किसी गम्भीर लेखक के सत्र को अपनी पसंद बनाते हैं. लेकिन इसके बावज़ूद मुझे इस बात को लेकर चिंता होती है कि इस आयोजन में ग्लैमर का अनुपात बढ़ता जा है. मैं चाहूंगा कि आयोजक इस प्रवृत्ति पर लगाम लगाएं.  इस उत्सव के दर्शक कौन हैं? क्या इनमें में वे लोग शामिल हैं जिनकी पीड़ाओं की बात हम अपनी बहसों में करते हैं? इस उत्सव के दरवाज़े सबके लिए खुले रहते हैं. आपको भी स्मरण होगा कि शुरुआती बरसों में तो आयोजकगण निमंत्रणों की बाकायदा बाढ़ ही ला दिया करते थे. धीरे-धीरे कागज़ की उस बर्बादी में कमी करने की सद्बुद्धि इन्हें आई और संचार माध्यमों के ज़रिये लोगों को आमंत्रित किया जाने लगा. इस वर्ष पहली बार आयोजकों ने आगंतुकों के लिए पंजीकरण का प्रावधान किया, और उसके पीछे सुरक्षा सम्बन्धी कारण थे, लेकिन पंजीकरण निशुल्क था. अलबत्ता शाम के मनोरंजन कार्यक्रमों के लिए टिकिट लगाया गया, लेकिन वह अलग बात है. तो, इस उत्सव में कोई भी आ सकता है. स्वाभाविक है कि जब इतना बड़ा आयोजन होगा तो आने वालों का स्तर एक समान तो हो नहीं सकता. जैसा आपने कहा, ‘जिनकी पीड़ाओं की बात हम अपनी बहसों में करते हैं’ वे अगर इस आयोजन में आते हैं तो वे भी आते हैं जो (शायद) उन पीड़ाओं को जन्म देते हैं. और इसमें मुझे कोई हर्ज़ भी नहीं लगता. महत्व तो इस बात का है कि इस आयोजन के दरवाज़े सबके लिए खुले हैं. बल्कि, मैं तो आगे बढ़कर यह भी कहना चाहूंगा कि यहां जो प्रजातांत्रिक व्यवस्था होती है उसका विस्तार और अनुकरण होना चाहिए. कोई भी कहीं भी बैठ सकता है. एक सत्र में मैंने देखा कि पवन के. वर्मा (वे भूटान में भारत के राजदूत हैं) आए और उन्हें कोई कुर्सी खाली नज़र नहीं आई तो वे गुलज़ार के पास ज़मीन पर ही बैठ गए. उनके लिए कुर्सी खाली करने के वास्ते किसी आम श्रोता को उठाया नहीं गया. कभी-कभी मुझे लगता है कि हम जिस समानता की बात जोर-शोर से करते हैं, वो क्रिया रूप में परिणत होती तो यहां नज़र आती है. लेकिन आपने बात पीड़ाओं की की थी. इस आयोजन में लगातार जाकर मैंने पाया है कि यहां सिर्फ उस साहित्य की बात नहीं होती है जो आम जन की पीड़ाओं से ताल्लुक रखता है. जैसा मैंने अभी कहा, यहां साहित्य को व्यापक अर्थ में लिया जाता है, इसलिए यहां जो दर्शक श्रोता समुदाय आता है वह भी वैविध्यपूर्ण होता है.  इस उत्सव में आने वाले दर्शकों की स्थिति से क्या इस उत्सव का मूल्यांकन नहीं होना चाहिए? आपका इशारा शायद इस तरफ है कि इस आयोजन में जो दर्शक आते हैं वे सम्पन्न वर्ग के होते हैं. आपके इस प्रश्न का उत्तर पिछले उत्तर में आ गया है.  क्या अपको नहीं लगता है कि एक प्रायोजित एलीट वर्ग यहां आ रहा है जो देश और समाज की समस्याओं के प्रति गम्भीर नहीं है? इसकी जड़ें भी हमारी देशजता में नहीं हैं शायद? इस प्रश्न का उत्तर हां में भी है और ना में भी. पहले हां की बात करूं. यह एक अंतर्राष्ट्रीय स्तर का आयोजन है. पूरी दुनिया से इसमें लोग आते हैं. न सिर्फ लेखक, वे भी जिनकी लेखन में रुचि है. अब अगर कोई अमरीका से, जर्मनी से, जापान से, या कहिये चेन्नई से, अहमदाबाद से एक साहित्यिक आयोजन में आ रहा है तो ज़ाहिर है कि उसका सामाजिक-आर्थिक-बौद्धिक स्तर उस तरफ झुका होगा जिसे आप एलीट वर्ग कह रहे हैं. यह मेरी अपनी जानकारी है कि हर बरस इस आयोजन में दुनिया भर से लोग अपने खर्चे पर (भी) आते हैं. यह स्वाभाविक बात है कि उन सबकी जड़ें ‘हमारी देशजता’ में नहीं है. लेकिन इस आयोजन में जो स्थानीय लोग आते हैं, उनके बारे में तो ऐसा नहीं है. वे उस वर्ग से इतर के भी हैं जिनकी अभी मैं बात कर रहा था. बहुत साधारण किस्म के लोगों को मैंने इस आयोजन में देखा है. न केवल देखा है, सम्मान और अधिकार से अगली पंक्ति में ठाठ से बैठकर चर्चाओं को सुनते देखा है. तो दोनों ही तरह के लोग इस आयोजन में आते हैं. और रही बात समस्याओं की, तो मैंने यह महसूस किया है कि आयोजकों का नज़रिया साहित्य के प्रति व्यापक है और वे केवल उसी को साहित्य नहीं मानते हैं जो समस्याओं की फिक्र करता हो. इससे मेरी व्यक्तिगत असहमति भी हो सकती है, लेकिन इसके बावज़ूद मैं यह मानता हूं कि आयोजन का फॉर्मेट तै करने का हक़ तो आयोजकों को ही है.  क्या इस उत्सव का प्रारूप आपको उपयुक्त लगता है जिसमें सब जल्दी में हैं, भागमभाग में हैं? बस, हैलो, हाय, बाय तक ही रिश्ते बन पा रहे हैं? आपका यह प्रश्न मुझे बहुत सार्थक लगा. इस आयोजन में हर दिन एक-एक घण्टे के सात सत्र होते हैं. ये सत्र एक साथ पाँच जगहों पर चलते हैं. मोटे तौर पर लगभग 175 सत्र. ज़ाहिर है कि कोई भी व्यक्ति एक वक़्त में एक ही सत्र में उपस्थित रहेगा, अंत: वह अधिक से अधिक 35 सत्र देख सुन सकता है. लेकिन वह कौन-से 35 सत्र देखे सुने, यह चयन उसका अपना होगा. यानि 175 में से 35 (या कम) चुनने की आज़ादी उसे आयोजक देते हैं. यह विविधता तो प्रशंसनीय है. अगर आपका प्रश्न यह है कि एक सत्र के लिए एक घण्टे का वक़्त कम है, तो मैं यह कहना चाहूंगा कि अगर लेखक व्यवस्थित और सुविचारित रूप से अपनी बात कहे तो यह समय कम नहीं है. हां, अगर कोई पन्द्रह मिनिट की बात कहने के लिए दो घण्टे की भूमिका बांधना ज़रूरी समझता हो तो बात अलग है. दूसरे यहां बहुत सारे सत्र तो रचना पाठ के होते हैं. उस लिहाज़ से तो यह समय वैसे भी कम नहीं है. जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में जो बात मुझे सबसे महत्वपूर्ण लगी वह है समय के प्रति उनका आदर भाव. अगर कोई सत्र दस बजे शुरू और ग्यारह बजे खत्म होना है तो वह दस बजे ही शुरू होगा और ग्यारह बजे ही खत्म होगा. किसी का इंतज़ार नहीं, किसी को अपनी बात पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय नहीं. हम लोग, विशेष रूप से हिंदी वाले इस बात के अभ्यस्त नहीं हैं. हमारा कार्यक्रम अगर तीन बजे घोषित है तो बड़े लोगों को तो वैसे ही साढे तीन का वक़्त बताया जाएगा, और अगर चार बजे वो कार्यक्रम शुरू हो जाए तो गनीमत मानिए. फिर माल्यार्पण, स्वागत, वक्ताओं का परिचय और उसके बाद खुद वक्ता, जिसे अनंतकाल तक बोलने का विशेषाधिकार मिला होता है. कार्यक्रम खत्म होने का तो कोई समय होता ही नहीं. कोई वक्ता जब एक बार बोलना शुरू कर दे, चाहे वह आभार प्रदर्शन ही क्यों न कर रहा हो, तो समझिये गया कम से कम आधा घण्टा. तो, हमारे इस अभ्यास की नज़र से देखें तो बेशक यह आयोजन भागमभाग और जल्दबाजी का आयोजन है. लेकिन, इस बार सवाल मुझे पूछने दें, कि क्या हमें भी अपने आयोजनों में समय की कद्र नहीं करनी चाहिए? क्या समयबद्धता कोई अपराध है? क्या अपनी बात सलीके से और सुगठित रूप से, पूरी तैयारी करके नहीं कही जानी चाहिए? क्या एक निश्चित समय में अपनी बात कहने का अनुशासन हममें नहीं आना चाहिए?  हम जल्दी-जल्दी में, अधिकाधिक लोगों की शिरकत के चक्कर में समाज और व्यक्ति की मूलभूत समस्याओं से टकराने के बजाय उनसे बचने का प्रयास नहीं कर रहे हैं? मेरे खयाल से ये दो अलग-अलग बातें हैं. जल्दी-जल्दी और अधिकाधिक लोगों की शिरकत की बात अभी अपन ने की. हो सकता है कि यह देखने का एक भिन्न नज़रिया भी हो. जिसे मैं समयबद्धता कह कर सराह रहा हूं वही किसी और को जल्दबाजी भी लग सकती है. सोच का यह फर्क़ तो रहेगा ही. लेकिन इसे समाज की और व्यक्ति की मूलभूत समस्याओं से टकराने की बजाय उनसे कतराने का नाम देना मुझे उचित नहीं लगता. समस्याओं से टकराने के लिए समय की बरबादी और बात को बेवजह विस्तार देना ज़रूरी नहीं है. अगर वक्ता की तैयारी है और वह सलीके से अपनी बात कह सकता है तो उसके लिए तीस मिनिट भी काफी हैं, अन्यथा.... . अगर मैं कहूंगा तो छोटे मुंह बड़ी बात हो जाएगी, इसलिए मैं श्रीलाल शुक्ल से शब्द उधार ले रहा हूं. उन्होंने कहीं कहा था कि हिंदी लेखक संक्षेप में अपनी बात कह ही नहीं सकता. बात को फैलाना उसके स्वभाव में ही है. अगर यह बात सही है, तो क्या आपको नहीं लगता कि हिंदी लेखक को भी अपना स्वभाव बदलना चाहिए? आपका जो दूसरा सवाल है उसका ताल्लुक आयोजन के फॉर्मेट से है. और जैसा मैंने पहले भी कहा है, किसी आयोजन का फॉर्मेट क्या हो यह तो आयोजक ही तै करेगा. इस साहित्य उत्सव का फॉर्मेट अगर हमारी अपेक्षाओं से अलग है, तो है.  क्या आपने देखा है कि डिग्गी पैलेस के बाहर यातायात व्यवस्था, पार्किंग आदि को लेकर कितनी मारामारी है? इस उत्सव के कारण रिक्शावालों, टैक्सी वालों तथा आम जन को कितनी तक़लीफें हो रही हैं? क्या इन बातों का एहसास आयोजकों को है? क्या वे अपनी बनावटी दुनिया में मस्त हैं और इस तथ्य से बेखबर हैं कि उनके आयोजन से जयपुर के आम जीवन में कितनी तक़लीफें आम जन को सहनी पड़ रही हैं? जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल बहुत बड़ा आयोजन बन गया है और किसी भी बड़े आयोजन के कारण कुछ असुविधाओं का होना अपरिहार्य है. लेकिन मेरा ऐसा खयाल है कि आयोजक भी और स्थानीय प्रशासन भी लगातार यह कोशिश करते हैं कि आम लोगों को कम से कम असुविधा हो.  डिग्गी पैलेस को जैसे किले में तबदील कर दिया गया है. चारों ओर पुलिस है, चारों ओर पहरा है, आम आदमी के लिए आम रास्ते तक बंद हैं जबकि पास ही प्रदेश का सबसे बड़ा अस्पताल है, अजमेरी गेट है, महाराजा-महारानी कॉलेज हैं, कुल मिलाकर यह बहुत व्यस्त इलाका है. क्या इस ओर आयोजकों को ध्यान नहीं देना चाहिए? क्या इस बाबत रचनाकारों का कुछ संवेदनात्मक दायित्व नहीं बनता है? ऐसा इसी बार हुआ है. कारण आप भी जानते हैं. सलमान रुश्दी प्रकरण. यह कानून-व्यवस्था का मामला था और अगर प्रशासन को एहतियाद बरतना ज़रूरी लगा, तो उसने वैसा किया. अगर हम आयोजकों को इसके लिए ज़िम्मेदार ठहराते हैं, तो मेरे जेह्न में यह सवाल उठता है कि क्या उन्होंने जान-बूझकर सलमान रुश्दी को बुलाकर ‘आ बैल मुझे मार’ को चरितार्थ किया होगा? भला कौन अपना इतना बड़ा आयोजन दांव पर लगाना चाहेगा? हो सकता है कि उन्होंने इस बात का पूर्वानुमान न किया हो कि समाज का एक हिस्सा रुश्दी को बुलाये जाने के विरोध में उठ खड़ा होगा और सरकार भी ज़रूरत से ज़्यादा संवेदनशील हो जाएगी! मुझे लगता है कि इस मामले को सरकार ने तो ग़लत तरह से हैंडल किया ही, मीडिया ने भी ज़रूरत से ज़्यादा अहमियत दी. जो लोग आयोजन में शरीक नहीं थे उन्हें (मीडिया की वजह से) यह एहसास हुआ कि सारा आयोजन रुश्दी के इर्द-गिर्द ही सिमटा हुआ है. जबकि यथार्थ इससे बहुत भिन्न था. लेकिन यह तो विषयांतर हो गया. आपने रचनाकारों के संवेदनात्मक दायित्व का सवाल उठाया था. इस मामले में हम रचनाकार से किस तरह के संवेदनात्मक व्यवहार की उम्मीद करते हैं?  क्या यह आयोजकों की आत्ममुग्धता नहीं है कि वे जयपुर की आम ज़िन्दगी की तक़लीफों से बेखबर मानसिक विलास में डूबे हैं? बेहतर हो, यह सवाल आयोजकों से ही पूछा जाए. मैं भला उनकी तरफ से कोई सफाई देने वाला कौन होता हूं?  क्या यह नहीं सोचा जाना चाहिए कि इसके आयोजन के लिए किसी एकांत की जगह को चुना जाए जहां लेखकों को भौतिक तक़लीफों का भी एहसास हो? यह सवाल तो बहुत मज़ेदार है. ऐसी जगह चुनी जाए जहां लेखकों को भौतिक तक़लीफों का एहसास हो. बात सुनने में तो प्रभावशाली लगती है. लेकिन क्या असल ज़िन्दगी में हमेशा ऐसा ही होता और किया जाता है? अपने मेहमानों को हम सुविधा देना चाहते हैं या तक़लीफ का एहसास कराना चाहते हैं? आप मुझे बताएं कि कौन-सी साहित्यिक संस्था अपने लेखकों को भौतिक तक़लीफों का एहसास कराने के लिए स्लम्स में या कच्ची बस्तियों में ठहराती है?  बाहर से आने वाले लेखकों को पाँच सितारा या अच्छे होटलों में ठहराया जा रहा है. क्या आने वालों के लिए नए प्रकार के रैन बसेरों की व्यवस्था नहीं होनी चाहिए? हम नेताओं की अय्याशी की तो बात करते हैं, पर हम भी दुःख पाने के लिए तैयार कहां हैं? एक लेखक का एक दिन एक सत्र में प्रेजेण्टेशन और वह पाँच दिन यहां होटल में मज़े कर रहा है इसे अय्याशी नहीं कहेंगे? क्या ऐसे लेखकों पर बंदिश नहीं लगनी चाहिए? क्या यह सर्वेक्षण नहीं होना चाहिए कि कितने लेखक अपने खर्चे पर इस उत्सव में बाहर से आते हैं? हां, ये लोग अपने अतिथि लेखकों वगैरह को पाँच सितारा या उसी तरह के बेहतर होटलों में ठहराते हैं. मुझे नहीं पता कि अब तक किसी आगत लेखक ने इस बात का विरोध किया या नहीं. किया होता तो कहीं पढ़ने को भी मिला होता. मुझे नहीं पता कि ऐसे कौन से साहित्यिक संगठन हैं जो अपने लेखकों को रैन बसेरों में ठहराते हैं? आदर्श के लिहाज़ से तो बात भली लगती है कि लेखक भी फुटपाथ पर सोये, पैदल चले, पसीना बहाए, रूखी-सूखी खाकर ठण्डा पानी पी ले. लेकिन यथार्थ यह है कि हम सब सुविधाओं के आदी होते जा रहे हैं. अब यह बात आयोजक की क्षमता पर है कि वह कितनी सुविधा दे पाता है. लेकिन मुझे नहीं लगता कि कोई भी लेखक इस बात पर आपत्ति करेगा कि उसे अमुक-अमुक सुविधा क्यों दी जा रही है. और जहां तक एक सत्र में प्रस्तुति और पाँच दिन के मज़े की बात है, इस सवाल के पीछे मुझे एक खास तरह की मानसिकता का आभास मिल रहा है, जो कम से कम मुझे तो कभी नहीं रुचि. हमारे प्रांत के एक बड़े लेखक ने एक बार किसी सन्दर्भ में चिढ़ कर कहा था, कि हम क्या ताली बजाने जाएंगे? यानि, अगर लेखक बड़ा है तो वह सिर्फ मंच पर बिराजेगा. श्रोता समूह में तो वह बैठ ही नहीं सकता. वह सिर्फ बोल सकता है, किसी को सुन नहीं सकता. जयपुर लिटरेचर फेस्टिवल में मैंने ऐसा नहीं पाया. अगर कोई लेखक एक सत्र में अपनी बात कह रहा है तो बाकी सत्र में वह औरों की बात सुनता भी है, उनके सत्रों में बतौर श्रोता भी उपस्थित रहता है. मैंने बहुत बड़े और नामी लेखकों को दूसरों के सत्र में बैठे और बातें सुनते देखा है. किसी का आग्रह यह नहीं रहता कि वह सिर्फ मंचासीन ही होगा. तो यह तो प्रशंसनीय बात है कि एक लेखक एक सत्र में अपनी बात कहता है और बाकी सत्रों में औरों की बात सुनता है. इसे भला अय्याशी कैसे और क्यों कहा जाए?  क्या आयोजकों को उत्सव के आय-व्यय का हिसाब जनता के सामने नहीं रखना चाहिए? वे प्रायोजकों के नाम तो घोषित कर देते हैं, आभार व्यक्त करने के साथ, पर यह नहीं बताते कि किसने कितने पैसे दिए, कितने पैसे किस मद पर खर्च हुए. क्या कुछ राशि बची और अगर बची तो वह कहां गई. क्या यह पारदर्शिता आवश्यक नहीं है? पारदर्शिता होनी चाहिए, ज़रूर होनी चाहिए. लेकिन क्या जीवन के अन्य किसी क्षेत्र में हमें इस आदर्श पारदर्शिता के दर्शन होते हैं? विभिन्न लेखक संगठन या संस्थान जो आयोजन करते हैं क्या वे उसका लेखा-जोखा सार्वजनिक करते हैं? आप कह सकते हैं कि उनके आयोजन इतने बड़े नहीं होते हैं और उसमें इतने अधिक वित्तीय संसाधन प्रयुक्त नहीं होते हैं. ठीक है. लेकिन सिद्धांत तो सिद्धांत है. छोटे और बड़े का भेद क्यों किया जाना चाहिए? और एक बात. हो सकता है कि यह कहना ‘पॉलिटिकली करेक्ट’ न हो लेकिन हम जब बात कर ही रहे हैं तो जो बात मेरे मन में है मुझे उसे कहने में संकोच नहीं करना चाहिए. मुझे यह भी लगता है कि एक ऐसे आयोजन जिसमें मेरा कोई आर्थिक योगदान नहीं है, के आयोजकों से मैं उनके आय व्यय के बारे में पूछने का क्या हक़ रखता हूं? यह हक़ तो उनका बनता है जिन्होंने उसमें कोई अंशदान किया है.  यह उत्सव किन मूल्यों की स्थापना कर रहा है तथा इसका वास्तविक प्रभाव क्या है इसका आकलन किस प्रकार होना चाहिए? मेरे खयाल से तो कोई भी उत्सव उत्सव होता है, वह मूल्यों की स्थापना के निमित्त नहीं होता है. हां, इतना ज़रूर देखा जाना चाहिए कि उसके कारण कोई विकृतियां समाज में न आएं. जहां तक प्रभाव की बात है, मुझे लगता है कि यह उत्सव समाज की साहित्य में दिलचस्पी बढ़ाने में काफी हद तक कामयाब रहा है. इसका आकलन कैसे हो, यह तो मैं भी नहीं जानता.  एक और बात. क्या आपको ऐसा नहीं लगता कि इस आयोजन का बहुत अधिक झुकाव अंग्रेज़ी की तरफ है और इसमें हिंदी सहित तमाम भारतीय भाषाओं की गहन उपेक्षा होती है? जी, मुझे क़तई ऐसा नहीं लगता है. इसकी वजह यह है कि मेरे मन में यह बात बहुत स्पष्ट है कि यह साहित्य उत्सव है, भारतीय या हिंदी साहित्य का उत्सव नहीं. अगर आप सारी दुनिया के सन्दर्भ में देखेंगे तो पाएंगे कि हिंदी सहित भारतीय भाषाओं को जो प्रतिनिधित्व मिल रहा है वह संतोषप्रद है. थोड़ा असंतुलन हमें इसलिए भी लगता है कि दुनिया के दूसरे देशों के साहित्य में से ज़्यादातर का प्रतिनिधित्व यहां अंग्रेज़ी के माध्यम से होता है (और यह स्वाभाविक भी है. अगर कल को कोई फ्रेंच साहित्यकार फ्रेंच भाषा में अपनी बात कहेगा तो उसे सुनने-समझने वाले कितने कम होंगे! यह एक सच्चाई है कि अन्य भाषाओं की तुलना में अंग्रेज़ी बोलने समझने वाले अधिक हैं.). फिर भी, अगर इसमें भारतीय भाषाओं का प्रतिनिधित्व और बढेगा तो मुझे भी प्रसन्नता ही होगी.  हमारी अब तक की बातचीत से लग रहा है कि आप इस आयोजन से पूरी तरह संतुष्ट हैं. क्या आपको इस आयोजन में कुछ भी अप्रिय नहीं लगा? देखिए, सुधार की गुंजाइश तो हर जगह होती है. मेरा स्वभाव है कि मैं चीज़ों को उनके खास सन्दर्भ में देखता हूं और मूल्यांकन करते वक़्त सामने वाले पक्ष की सीमाओं को भी ध्यान में रखने की कोशिश करता हूं. वरना आम तौर पर होता यह है कि हम दूसरों से हद दर्ज़े के आदर्श की उम्मीद करने लगते हैं और फिर निराश होते हैं. यह बात मेरे स्वभाव में नहीं है. अब मुझे यह लगता है कि यह आयोजन कुल मिलाकर साहित्य और जन को नज़दीक लाने का एक उम्दा प्रयास है और इसी रूप में मैं इसका प्रशंसक हूं. बेशक यहां कोई गम्भीर विमर्श नहीं होता है, आम तौर पर. लेकिन इतने बड़े मेले से आपको गम्भीर विमर्श की उम्मीद भी नहीं करनी चाहिए. दूसरे, क्योंकि यह बहुत बड़ा आयोजन है, ज़ाहिर है कि आयोजकों पर बहुत सारे व्यावसायिक दबाव भी होते होंगे. वे नज़र भी आते हैं. मुझे नहीं लगता कि उनसे बचा जा सकता है. बचने की एक ही राह हो सकती है और वह यह कि आयोजन किया ही न जाए. अगर कोई मुझे छूट दे तो मैं तो इस विकल्प को नहीं चुनूंगा. मुझे लगता है कि नहीं करने से तो यह बेहतर है. अब आप कह सकते हैं कि इतना बड़ा आयोजन किया ही क्यों जाए! अगर आप यह कहें तो इसका कोई जवाब मेरे पास नहीं होगा. फिर भी, अगर आदर्श की बात करूं तो कहना चाहूंगा कि आयोजकों को व्यावसायिक पक्ष, ग्लैमर और तड़क भड़क से बचना चाहिए. एक बात और कहना चाहूंगा और वह यह कि अब यह आयोजन इतना बड़ा हो गया है कि डिग्गी पैलेस इसके लिए उपयुक्त नहीं रह गया है. मैं जानता हूं कि डिग्गी पैलेस के मालिकान यह स्थान आयोजकों को निशुल्क उपलब्ध कराते हैं और आयोजकों को अपने आयोजन की मार्केटिंग के लिहाज़ से एक ‘पैलेस’ रास भी आता है, लेकिन अब उन्हें कोई दूसरी जगह तलाश करनी ही चाहिए. और एक बात. मैं भी इस आयोजन की खूब सारी आलोचनाएं पढ़ता रहा हूं. वैसे तो मुझे यह बात दिलचस्प लगी कि अधिकांश आलोचनाएं लोगों ने बगैर इस आयोजन में आए, और बिना इसे समझे ही की है. सुनी-सुनाई, पढी-पढाई बातों के आधार पर. जो लोग कभी इस आयोजन में शरीक हुए उनमें से बहुत ही कम ने इसके बारे में प्रतिकूल कुछ कहा-लिखा है. फिर भी, एक बात मेरे मन में अवश्य आती है. थोड़ी देर के लिए मैं मान लेता हूं कि यह आयोजन बहुत खराब है, बहुत निकृष्ट है. तो, क्यों नहीं हम एक आदर्श और उत्कृष्ट आयोजन करके दिखाते हैं? हमें किसने रोका है? मैं जानता हूं कि हमारे यहां यानि इस फेस्टिवल से बाहर भी काफी कुछ होता है, अच्छा होता है. हाल ही में कविता समय का आयोजन हुआ. ऐसे और आयोजन हों तो कुछ बात बने. ◙◙◙ सम्पर्क सूत्र: डॉ दुर्गाप्रसाद अग्रवाल, ई-2/211, चित्रकूट, जयपुर- 302021. डॉ रजनीश भारद्वाज, ए-243, त्रिवेणी नगर, गोपालपुरा बाय पास, जयपुर. 'एक और अंतरीप' के जनवरी-मार्च 2012 अंक में प्रकाशित. Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा