Showing posts with label अर्थशास्त्र. Show all posts
Showing posts with label अर्थशास्त्र. Show all posts

Sunday, January 10, 2010

दूसरों की नज़रों से देखने की कोशिश में


पिछले एक दशक में अपनी तीन सुपर बेस्टसेलर किताबों द टिपिंग पॉइंट, ब्लिंक और आउटलायर्स से बहु चर्चित और अपने परिवेश को देखने का हमरा नज़रिया बदल डालने वाले लेखक माल्कम ग्लैडवेल की नई किताब व्हाट द डॉग सॉ: एंड अदर एडवेंचर्स असल में लगभग इसी कालावधि में न्यूयॉर्कर पत्रिका में छपे उनके 19 बेहतरीन लेखों का संचयन है.

ग्लैडवेल का कहना है कि “उम्दा लेखन आपको मना लेने की अपनी क्षमता के बल पर सफल या असफल नहीं होता. यह सफल या असफल तो होता है आपको बांधे रखने की अपनी क्षमता के आधार पर, और इस आधार पर कि वह आपको दूसरों के दिमाग की कितनी झलक दिखला पाता है.”

इस किताब के 19 लेखों में से एक तिहाई तो उन छोटी-मोटी प्रतिभाओं –माइनर जीनियसों- के पोर्ट्रेट के रूप में हैं जो मोटे तौर पर सांस्कृतिक प्रवृत्तियों से संबद्ध हैं. इनमें वह महिला भी है जिसने बाल रंगने की सामग्री तैयार कर अमरीकी महिलाओं की ज़िन्दगी में बड़ा परिवर्तन किया, और वह उद्यमी भी है जिसने एक ख़ास तरह का केचप तैयार किया और हमारे लेखक को स्वाद के मनोविज्ञान की पड़ताल का मौका दिया. किताब के दूसरे एक तिहाई में शामिल हैं वे लेख जो आंकड़ों के आधार पर की जाने वाली भविष्यवाणियों के खतरों का विश्लेषण करते हैं. जैसे एनरॉन की नाकामयाबी, 9/11, जॉन एफ कैनेडी जूनियर की प्राण घातक उड़ान, स्पेस शटल चैलेंजर का विस्फोट, 1991 के खाड़ी युद्ध के दौरान स्कड मिसाइलों का लक्ष्य भ्रष्ट हो जाना, आदि. इनमें से हर नाकामयाबी के लिए ग्लैडवेल तर्क की किसी एक मिथ्या प्रतीति को दोषी ठहराते हैं और कहते हैं कि ज़्यादा सूचनाएं हमेशा ही बेहतर सिद्ध होती हैं, विशेष स्थितियों में घटनाएं एक ख़ास क्रम में परिचालित होती हैं और अगर हम प्रयास करें तो असफलताओं की आशंकाओं को बहुत कम कर सकते हैं. किताब का तीसरा एक तिहाई उन भविष्यवाणियों या निर्णयों के बारे में हैं जो हम अक्सर लोगों के बारे में कर दिया करते हैं.

ग्लैडवेल पूछते हैं कि आखिर हमें कैसे पता चलता है कि कोई व्यक्ति स्मार्ट है, बुरा है, या काबिल है? यहां वे विस्तार से उन प्रविधियों की चर्चा करते हैं जिनका इस्तेमाल शिक्षा शास्त्रियों द्वारा युवा अध्यापकों के मूल्यांकन के लिए या एफबीआई द्वारा अपराधियों की पहचान के लिए किया जाता है. कहना अनावश्यक है कि इन सबको ग्लैडवेल संशय की निगाह से देखते हैं. इस किताब में ग्लैडवेल के लगभग सभी लेखों में एक बात समान है, और वह यह कि वे हमें हमारी दुनिया को दूसरों की निगाहों से दिखाना चाहते हैं. यह दूसरा कोई भी हो सकता है, एक कुत्ता भी. और इसीलिए किताब का शीर्षक: क्या देखा कुत्ते ने.

ग्लैडवेल की सोच शैली का एक नमूना मुर्रे बार की कहानी में देखा जा सकता है. मुर्रे बार एक हद दर्ज़े का शराबी है जो नेवादा की गलियों में रहता है. उसका ज़्यादा वक़्त अस्पतालों में या पुलिस थानों में बीतता है. कुल मिलाकर वह व्यवस्था पर एक बोझ है. लेकिन यहीं ग्लैडवेल की मौलिकता सामने आती है. ग्लैडवेल कहते हैं कि मुर्रे बार जैसे लोग व्यवस्था पर बोझ नहीं हैं, बल्कि वे व्यवस्था की ग़लतियों की उपज हैं. ग्लैडवेल ऐसे लोगों से निपटने के समाज के तरीकों पर ही प्रश्न चिह्न लगाते हैं. दस सालों में मुर्रे का अस्पताल का बिल बढकर एक मिलियन डॉलर हो गया है, और एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, ‘यह वह मूल्य है जिसे हमें मुर्रे के लिए कुछ नहीं करने के लिए चुकाना है.’ यहीं से ग्लैडवेल अपना तर्क सामने लाते हैं और कहते हैं कि समाज को लोगों को बेघर रखना ज़्यादा रास आता है, बजाय उनके लिए घरों का इंतज़ाम करने के. अगर समाज ऐसे लोगों के लिए घरों का इंतज़ाम करे और उनकी देखभाल करे तो वह ज़्यादा सस्ता होगा. लेकिन समाज समस्या को सुलझाने और समानता देने की बजाय नैतिकता की अवधारणा पर अधिक विश्वास करता है और यह पूछ कर कि ऐसे निकम्मे लोगों को घर और सुविधाएं दी ही क्यों जाए, अपनी समस्याओं को बढ़ाता है. अपनी बात के पक्ष में वे ऐसे अनेक कार्यक्रमों के हवाले भी देते हैं.

तो, यह है शैली ग्लैडवेल की. वे एक विचार लेते हैं, उसके इर्द गिर्द एक मानवीय कहानी बुनते हैं और फिर बात को किसी निष्कर्ष तक ले जाते हैं. निश्चय ही जिन निष्कर्षों तक वे ले जाते हैं, वे प्राय: चौंकाने वाले होते हैं. और यही है ग्लैडवेल के लेखन की सबसे बड़ी खासियत. ग्लैडवेल जानी-पहचानी बातें नहीं करते, न नैतिकता के उपदेश देते हैं. लेकिन उनको पढने के बाद निश्चय ही हम चीज़ों को दूसरे पहलू से देखने को प्रेरित होते हैं.

Discussed book:
What the Dog Saw: And Other Adventures
By Malcolm Gladwell
Published by: Little, Brown and Company
Hardcover, 432 pages
US $ 27.99

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 10 जनवरी 2010 को प्रकाशित.









Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Monday, December 7, 2009

टेढ़ी नज़र वाला अर्थशास्त्र


सन 2005 में प्रकाशित एक छोटी-सी किताब फ्रीकोनोमिक्स ने अर्थशास्त्र और दुनिया के प्रति लोगों का नज़रिया बदलने में बहुत बड़ी भूमिका अदा की. न्यूयॉर्क टाइम्स की बेस्ट सेलर सूची में रही स्टीवेन डी. लेविट्ट और स्टीफ़ेन जे. ड्युबनेर कृत इस किताब की दुनिया की 35 भाषाओं में 40 लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं. और अब हाल ही में इस जोड़ी की नई किताब आई है सुपर फ्रीकोनोमिक्स. किताब का शीर्षक ही संकेत कर देता है कि यह पिछली किताब के विचार को ही आगे बढ़ाने का उपक्रम है. चार साल की मेहनत से तैयार यह किताब पहले वाली किताब से अधिक साहसिक, अधिक मज़ेदार और अधिक चौंकाने वाली है.

2005 से अब तक दुनिया के आर्थिक परिदृश में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं और वर्तमान आर्थिक संकट के दौर में तो अर्थशास्त्रियों की उपादेयता तक पर सवाल उठाये जाने लगे हैं. तो क्या इस अर्थशास्त्री जोड़ी के पास है कोई समाधान वर्तमान आर्थिक संकट से उबरने का? लेखक द्वय तो कहते हैं कि उन्हें हमारे आर्थिक संकटमोचक होने की कोई ग़लतफहमी नहीं है. वे यह भी कहते हैं कि इस किताब में वर्तमान आर्थिक संकट, ऋण संकट, सी ई ओ की तनख्वाहों या हेल्थकेयर सुधारों के बारे में कोई समाधान नहीं दिए गए हैं. तो फिर? क्यों पढ़ी जाए यह किताब? असल में किताब की उपादेयता एक व्यापक संदर्भ में है.

लेखक स्टीवेन कहते हैं कि हम खुद अपनी स्थितियों को आधारभूत आर्थिक तत्वों के साथ रखकर देख पाने में असफल रहते हैं. वे तीन बड़े सुझाव देते हैं. एक: हमें वैयक्तिक बढ़ावा देने वाले कारणों (इनसेंटिव्ज़) को और इस बात को समझना चाहिए कि वे किस तरह हमारे व्यवहार को प्रभावित करते हैं, दो: हमें बाज़ार के व्यवहार को समझना चाहिए और इस बात को भी समझना चाहिए कि किस तरह सरकारी नीतियों और सामाजिक संस्कृति में आए बदलाव हमारे वैयक्तिक बढ़ावा देने वाले कारकों को प्रभावित करते हैं, और तीन: आंकड़ों और उनके सूझबूझपूर्ण विश्लेषण के बग़ैर बहुत कम समझा जा सकता है. किताब का मूल मंत्र यह है कि नीतियों द्वारा रचे गए वैयक्तिक बढ़ावा देने वाले कारकों की समुचित समझ के बिना अनपेक्षित परिणामों का नियम (लॉ ऑफ अनइनटेण्डेड कॉंसिक्वेंसेस) तमाम सुधारों का सत्यानाश कर सकता है.
इन महत्वपूर्ण आर्थिक बातों के साथ ही यह किताब इर्द-गिर्द की बहुत सारी बातों की भी दिलचस्प चर्चा करती है.

लेखकगण अच्छे और बुरे की अवधारणाओं पर विचार करते हुए बताते हैं कि जो टेलीविज़न भारत में स्त्रियों की दशा में सुधार लाने के कारण अच्छा सिद्ध हुआ है वही टी वी अमरीका में संपत्ति विषयक और हिंसक अपराधों को बढावा देने वाला साबित हो रहा है. स्टीवेन मानते हैं कि भारत में टीवी देखने वाली महिलाएं घरेलू हिंसा का प्रतिरोध करने लगी हैं, उनका नर संतान के प्रति मोह घटा है और वे अधिक निजी स्वायत्तता का प्रयोग करने लगी हैं. लोगों के संबंध में इस अच्छे और बुरे की अवधारणा पर विचार करते हुए वे कहते हैं कि लोग न अच्छे होते हैं न बुरे. वे तो बढावा देने वाले कारकों की तरफ आकृष्ट होते हैं और इसका इस्तेमाल अच्छी या बुरी किसी भी तरह किया जा सकता है. अपनी बात की पुष्टि में वे ईरान का उदाहरण देते हैं जहां इंसेंटिव का इस्तेमाल करके किडनी डोनर्स की संख्या बढाई गई है. इसका उलट उदाहरण भी इस किताब में है. डॉक्टर लोग जानते हैं कि कीमोथैरेपी जान बचाने में कारगर साबित नहीं होती है, फिर भी आर्थिक लाभ के लालच में वे इसका भरपूर इस्तेमाल करते हैं.

इस लेखक जोड़ी की ख्याति अर्थशास्त्र जैसे नीरस विषय को दिलचस्प बनाकर पेश करने के लिए है. इस मामले में ये लोग इस किताब में भी निराश नहीं करते. वेश्यावृत्ति, आतंकवाद और किन्हीं भी दो या अधिक असम्बद्ध प्रतीत होने वाली चीज़ों की अंतरनिर्भरता का विश्लेषण इस किताब को रोचक और विचारोत्तेजक बनाता है. अगर आप किसी एक किताब में आतंकवादी को पकड़ने का सबसे अच्छा तरीका क्या है, आंधी, हार्ट अटैक और हाइवे पर होने वाली दुर्घटना मौतों में समान बात क्या है, मनुष्य मूलभूत रूप से स्वार्थी होता है या परमार्थी, जैसी अजीबोगरीब बातों के माध्यम से कुछ आधारभूत महत्व के सिद्धांतो तक पहुंचना पसंद करते हों, तो यह किताब आपको ज़रूर अच्छी लगेगी.
◙◙◙


Discussed book:
Super Freakonomics: Global Cooling, Patriotic Prostitutes, and Why Suicide Bombers Should Buy Life Insurance
By Steven D. Levitt, Stephen J. Dubner
Published by William Morrow
Hardcover 288 Pages
US $ 29.99

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 13 दिसंबर, 2009 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Sunday, November 23, 2008

गरीबी विहीन दुनिया का सपना

नोबल शांति पुरस्कार विजेता और ग्रामीण बैंक के संस्थापक सुपरिचित बांगलादेशी अर्थ शास्त्री मुहम्मद यूनुस की सद्य प्रकाशित किताब क्रिएटिंग अ वर्ल्ड विदाउट पॉवर्टी एक अभिनव अवधारणा प्रस्तुत करती है. अवधारणा है सामाजिक व्यापार, सोश्यल बिज़नेस की; जिसके द्वारा आज के समय की सबसे बड़ी समस्या -गरीबी- का उन्मूलन किया जा सकता है. यूनुस मानते हैं कि विश्व शांति के लिए गरीबी सबसे बड़ी चुनौती है; आतंकवाद, धार्मिक कठमुल्लेपन, जातीय घृणा, राजनैतिक विद्वेष या किसी भी अन्य ऐसी ताकत जिसे हिंसा और युद्ध के लिए उत्तरदायी माना जाता हो, से बढकर. बकौल यूनुस, गरीबी निराशा को जन्म देती है और निराशा लोगों को इस तरह के कृत्यों में लिप्त होने को उकसाती है.

यूनुस ने अपनी पहली किताब बैंकर टू द पुअर में ग्रामीण बैंक की स्थापना और उसके शुरुआती वर्षों के विकास का परिचय दिया था. अब इस नई किताब में वे इसी बात को आगे बढाते हैं और ग्रामीण बैंक और माइक्रो क्रेडिट ने जिस आर्थिक और सामाजिक क्रांति का सूत्रपात किया, उसके अगले दौर की रूपरेखा पेश करते हैं. वह अगला दौर है सामाजिक व्यापार का, जो विश्व स्तर पर गरीबी उन्मूलन करेगा और तमाम लोगों की सर्जनात्मक ऊर्जा को इस्तेमाल कर हर मनुष्य के लिए संसाधनों की विपुलता के स्वप्न को साकार करेगा.

किताब में तीन मुख्य बातें हैं. पहली है गरीबी, उसके कारण और निवारण के उपाय. यहां वे बताते हैं कि गरीबी के मूल में आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक व्यवस्था तथा गलत विचार हैं, न कि गरीबों का आलस्य, अज्ञान और नैतिक न्यूनताएं. दूसरी बात है इस आने वाली क्रांति में महिलाओं की भूमिका. यूनुस मानते हैं कि अगर लाखों-करोडो ऐसी महिलाओं के मन में दबी सर्जनात्मकता, ऊर्जा और परिवार के उत्थान की आकांक्षा को पंख दे दिए जाएं तो फिर उनकी उड़ान को कोई ताकत नहीं रोक सकती. तीसरी बात यह कि तकनीक की भूमिका इस क्रांति में बहुत महत्वपूर्ण है. संचार और प्रबन्धन के नवीनतम औज़ार हरेक को, विशेष रूप से एशिया, अफ्रीका और लातिन अमरीका के दूरस्थ गांवों के लोगों को मुहैया कराये जाने चाहिये. इसका परिणाम आर्थिक और राजनीतिक ताकत के विकेन्द्रीकरण के रूप में सामने आएगा.

यूनुस इस किताब में समस्या के समाधान के लिए सामाजिक व्यापार की अवधारणा पेश करते हैं. उनका यह सामाजिक व्यापार कोई चेरिटी न होकर व्यापार है, और यह दान पर निर्भर न होकर स्व-अर्जित लाभ पर निर्भर है. फर्क़ केवल यह है कि जहां सामान्य व्यापार का लक्ष्य केवल मुनाफा कमाना होता है, सामाजिक व्यापार का लक्ष्य सामाजिक समस्या हल करना, सामाजिक आवश्यकता की पूर्ति करना और सामाजिक मुनाफा पैदा करना है. सामाजिक व्यापार में कोई काम मुफ्त नहीं किया जाएगा. यह जो भी काम करेगा वह स-मूल्य होगा, हालांकि वह मूल्य बाज़ार मूल्य से बहुत कम हो सकेगा. इस सामाजिक व्यापार का आकलन इसके द्वारा कमाए गए मुनाफे से न होकर इस बात से होगा कि इसने सामाजिक समस्याओं को हल करने की दिशा में कितनी सकारात्मक भूमिका निबाही. एक और फर्क़ यह भी होगा कि यह सामाजिक व्यापार कोई लाभांश वितरित नहीं करेगा. इसमें जो भी मुनाफा होगा उसका पुनर्निवेश कर दिया जाएगा.

अपनी इस अवधारणा को आगे बढाते हुए यूनुस दो तरह के सामाजिक व्यापार की रूपरेखा पेश करते हैं. पहले प्रकार का व्यापार भोजन, मकान, स्वास्थ्य शिक्षा आदि के क्षेत्र में होगा जो एक तरह से सामाजिक लाभ के लिए होगा. दूसरे तरह का व्यापार किसी सामाजिक लाभ के लिए भले ही न होगा, वह गरीबों द्वारा संचालित होगा और उसमें होने वाला मुनाफा गरीबों की दशा सुधारने में प्रयुक्त होगा. यूनुस का ग्रामीण बैंक इसी तरह का व्यापार है. इन दोनों किस्मों के व्यापारों को मिलाकर भी किया जा सकता है, लेकिन यूनुस बहुत साफ कहते हैं कि सामाजिक और पारम्परिक व्यापार को कभी नहीं मिलाया जा सकता.

इस बात में गहरा भरोसा रखने वाले कि जब सही वक़्त आता है तो एक छोटा-सा नया विचार ही दुनिया को बदल डालता है, मोहम्मद यूनुस उन लोगों को करारा जवाब देते हैं जो गरीबी उन्मूलन को अब भी एक पूरा न हो सकने वाला सपना मानते हैं. वे कहते हैं कि हज़ारों साल से दुनिया में चेचक रही है, लाखों औरतें प्रसव के दौरान मौत का शिकार होती रही हैं. दुनिया में लम्बे समय तक उम्र के तीस बरस पार करना दुर्लभ हुआ करता था. लेकिन आज यह सब भी तो बदला है. विज्ञान, तकनीक, शिक्षा और सामाजिक प्रगति ने हमें समझा दिया है कि बीमरियां रोगाणुओं या गन्दगी की वजह से होती है न कि भूत-प्रेत की वजह से. अगर यह सब हुआ है तो गरीबी क्यों नहीं हट सकती?

◙◙◙

Discussed book:
Creating a World without Poverty
By Muhammad Yunus, Karl Weber
Published by: Public Affairs
Hardcover, Pages 296
US $ 26.00

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 23 नवम्बर, 2008 को प्रकाशित.


!-- Histats.com START -->






Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा