Thursday, April 23, 2020

मेरा स्कूटर पुराण


समय और स्थितियों में इतनी तेज़ी से बदलाव आया है कि जब मैं अपने कॉलेज के दिनों और उसके तुरंत बाद नौकरी शुरु करने के समय की बातें किसी को बताता हूं तो उन बातों को संशय के साथ सुना जाता है. 1967 में जब मैंने कॉलेज प्राध्यापक के रूप में अपनी नौकरी की शुरुआत की तो मेरे कॉलेज के सारे प्राध्यापक,  बल्कि प्रिंसिपल भी,  साइकिल पर ही  कॉलेज आते थे. सड़कों पर भी स्कूटर, मोटर साइकिल बहुत कम नज़र आते थे, कारें तो और भी कम. कोई आठ बरस नौकरी करने के बाद मैंने अपने जीवन का पहला स्कूटर खरीदा, और वो भी सरकार से कर्ज़ा लेकर. तब तनख़्वाहें भी ज़्यादा कहां होती थीं? उस समय मैं जिस सिरोही कॉलेज में कार्यरत था वहां मुझसे पहले मेरे दो साथियों के पास स्कूटर थे. एक के पास लैम्ब्रेटा और दूसरे के पास राजदूत. एक के लिए स्कूटर मज़बूरी था और दूसरे ज़रूरत से ज़्यादा शाही तबीयत के धनी थे. अन्यथा किसी को स्कूटर रखने की ज़रूरत ही महसूस नहीं होती थी. जब मैंने भी स्कूटर खरीदा तो मेरे कई शुभ चिंतकों ने मेरी इस फिज़ूल खर्ची पर सवाल उठाये. उन्होंने बाकायदा गणना करके मुझे समझाया भी कि मैं अनावश्यक रूप से हर माह पैट्रोल पर इतना खर्चा करने की मूर्खता कर रहा हूं.

जिस ज़माने की मैं बात कर रहा हूं उसमें स्कूटरों का राजा हुआ करता था वेस्पा. भले ही इसे स्टार्ट करने के लिए एक तरफ झुकाना होता था, जिनके पास यह होता था उनकी शान और ऐंठ अलग ही होती थी. लेकिन वेस्पा आसानी से मिलता कहां था? बुकिंग करवानी होती थी और लम्बी प्रतीक्षा सूची का धैर्य रखना होता था. जब लगभग उन्हीं दिनों उदयपुर में वेस्पा की बुकिंग शुरु हुई तो ऐसी भगदड़ मची कि घुड़सवार पुलिस को उसे काबू करने में खासी मशक्कत करनी पड़ी और उस भगदड़ में कई लोगों ने अपनी जानें तक गंवाई.  और यह हालत वेस्पा की ही नहीं थी. लैम्ब्रेटा भी बुक करवाने के बाद इंतज़ार के बाद ही मिलता था. सरकारी कर्मचारियों के लिए एक अलग प्रतीक्षा सूची भी होती थी जिसके आधार पर उन्हें यह स्कूटर देने में प्राथमिकता दी जाती थी. ख़ुद मैंने भी इस सरकारी प्राथमिकता के लिए आवेदन किया था. यह बात अलग है कि मेरा नम्बर कभी आया नहीं. उन्हीं दिनों एक सरकारी उपक्रम स्कूटर्स इण्डिया का नया स्कूटर विजय डीलक्स बाज़ार में उतरा तो स्कूटर स्वामी बनने की मेरी आकांक्षा ने भी ज़ोर मारा, और मैंने भी उदयपुर  में  अपने लिए एक विजय डीलक्स स्कूटर बुक करवा लिया.  स्कूटर की कीमत थी चार हज़ार सात सौ सैंतालीस रुपये. लयात्मक राशि (चार सात चार सात)  होने के कारण यह मुझे अब तक स्मरण है. लेकिन इतना पैसा एक मुश्त चुकाने की अपनी क्षमता थी नहीं सो सरकारी ऋण के लिए आवेदन किया और वो मिल भी गया, जिसकी कटौती कई बरस होती रही. जब उदयपुर के डीलर से सूचना मिली कि हम डिलीवरी लेने आ सकते हैं तो सिरोही से हम दो साथी अपने दो मित्रों के साथ उदयपुर गए. तब तक मुझे स्कूटर चलाना आता ही नहीं था. स्कूटर खरीदने वाले दूसरे साथी  का भी यही हाल था. लौटते हुए रास्ते में थोड़ी देर हिम्मत कर मैंने स्कूटर चलाया तो नदी की एक रपट पर फिसला भी सही. लेकिन उस समय स्कूटर स्वामी बन कर जो खुशी हासिल हुई वो खुशी बाद में चौपहिया वाहन खरीद कर भी हासिल नहीं हुई,  दूसरा स्कूटर खरीदने के मौके की तो बात ही क्या की जाए. मेरे यह स्कूटर खरीदने के बाद मेरे कॉलेज के कई अन्य मित्रों ने भी उदयपुर  से  ही यह स्कूटर खरीदा और अनुभवी होने के नाते उनमें से अनेक के साथ इस बड़ी खरीददारी के लिए उदयपुर जाने का सौभाग्य मुझे मिला.

आज भले ही यह बात अविश्वसनीय बल्कि हास्यास्पद लगे, उस ज़माने में विजय स्कूटर का स्वामी होना भी बड़े गर्व की बात थी और हम दोनों ने अपने दोनों बच्चों के साथ इसी स्कूटर पर कई बार सिरोही से उदयपुर की यात्राएं कीं. शिवगंज सुमेरपुर तो इतनी बार गए कि उसकी गिनती ही मुमकिन नहीं. यह गर्व बोध काफी समय तक बरकरार रहा. 1998 से 2000 के बीच जब मैं आबू रोड कॉलेज में प्राचार्य रहा तब भी न जाने कितनी बार हम दोनों अपने स्कूटर पर आबू रोड से अम्बाजी और माउण्ट आबू गए. तब तक स्कूटर को एक  सम्मानजनक वाहन माना जाता था. उसका अवमूल्यन तो आगे जाकर हुआ.

सिरोही में मेरे दो दशक से भी अधिक के कार्यकाल में आरजेडब्ल्यू 1615 नम्बर प्लेट वाला वह नीला विजय डीलक्स स्कूटर मेरे व्यक्तित्व के साथ इस तरह एकाकार हो गया था कि कहीं उस स्कूटर के खड़े होने का मतलब ही वहां डीपी अग्रवाल के होने का होता था. बाद में जब मेरा बेटा भी मेरे इस स्कूटर का इस्तेमाल करने लगा तो मेरे दोस्त बड़े सहज भाव से मुझसे अपना यह ज्ञान  साझा कर लिया करते थे कि कल आप अमुक जगह गए थे, जबकि असल में वहां मेरा बेटा गया होता था. इसी  पहचान की वजह से एक मज़ेदार प्रसंग भी उत्पन्न हो गया, जिसकी चर्चा आगे चलकर करूंगा.

1996 में उपाचार्य पद  पर मेरी पदोन्नति हुई और मुझे सिरोही छोड़ कर कोटपूतली जाना पड़ा. तब तक मेरा यह स्कूटर भी वृद्धावस्था को प्राप्त होने लगा था. लेकिन मुझे इससे लगाव भी था, और यह मेरी ज़रूरत भी था सो इसे साथ ले गया. जब दो-एक बार वहां इसकी रिपेयर की ज़रूरत पड़ी तो जिस भी मैकेनिक के पास  मैं इसे लेकर  गया, उसने इसे आगे-पीछे, ऊपर नीचे देखकर पहला सवाल यही किया कि यह है क्या चीज़?  ज़ाहिर है कि उन लोगों ने इससे पहले विजय स्कूटर नाम की कोई चीज़ नहीं देखी थी. वो लोग इसकी रिपेयर करने के प्रति भी उदासीन ही रहते, क्योंकि यह उनके लिए अपेक्षाकृत नई चीज़ था. ख़ैर! जैसे–तैसे मेरा काम तो इस स्कूटर से वहां चल  ही गया.
मात्र दस माह में मेरा स्थानांतरण वहां से सिरोही हो गया. और क्योंकि यह स्थानांतरण मेरे इच्छित स्थान सिरोही हुआ था, मैं बिना एक भी दिन का विलम्ब किये वहां से सिरोही के लिए रवाना हो गया. गृहस्थी का सामान तो ज़्यादा था नहीं, सो वह तो साथ ही ले आया. असल संकट तो इस स्कूटर का था. कोटपूतली में रेल्वे स्टेशन है नहीं सो स्कूटर ट्रांसपोर्ट से ही सिरोही भेजा जा सकता था, और यह काम करने का मेरे पास समय था नहीं.  इसलिए अपना यह स्कूटर मैं वहीं अपने कॉलेज के एक  प्रयोगशाला सहायक राजेश सैनी के पास इस अनुरोध के साथ छोड़ आया कि वह यथासुविधा इसे ट्रांसपोर्ट से बुक करवा के सिरोही भेज दे. कुछ दिनों के बाद उसने मेरा स्कूटर ट्रांसपोर्ट से बुक करवा के सिरोही भेज दिया. ट्रांसपोर्ट वाले ने इसके लिए एक हज़ार रुपये चार्ज किये. अब आगे की बात बड़ी दिलचस्प है. ट्रांसपोर्ट में थोड़ी बहुत टूट फूट तो होती ही है. मेरे वयोवृद्ध स्कूटर के भी बांये हाथ में कुछ चोट आ गई जिसे बड़ी मुश्क़िल से सिरोही में मेरे स्थायी स्कूटर मैकेनिक डाया लाल ने ठीक किया. इस पर करीब पांच सौ रुपये का खर्चा और आ गया. लेकिन तब तक मुझे लगने लगा था कि अब इस स्कूटर के साथ मेरा रिश्ता और नहीं निभ सकेगा, इसलिए मैंने एक नया स्कूटर ले  लिया. अब सवाल उठा कि इस पुराने, बूढ़े स्कूटर का क्या किया जाए?  इधर उधर बात की, लोगों से कहा कि मुझे मेरा पुराना स्कूटर बेचना है तो एक ग्राहक घर में ही मिल गया. मेरे पुराने कॉलेज का एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी उसे खरीदने को तैयार हो गया. और उसे मैंने अपना यह लाड़ला स्कूटर बड़े भारी मन से बेच दिया. पूछना चाहेंगे कि कितने में बेचा? पूरे एक हज़ार रुपये में! बेचने के बाद ख़ुद मुझे लगा कि मैं कितना बड़े वाला ‘वो’ हूं! अगर मैं इस स्कूटर को सिरोही न लाया होता और इसे कोटपूतली की सड़क पर लावारिस भी छोड़ आया होता तो मुझे शुद्ध पांच सौ रुपये की बचत होती. लेकिन जो हुआ सो हुआ!

लेकिन किस्सा यहीं ख़त्म नहीं हो गया. इस कथा का एक और लेकिन अभी बाकी है.  केक पर आइसिंग का मज़ा तो अब आएगा. भले ही मैंने एक नया, मिलिट्री ग्रीन रंग का स्कूटर खरीद लिया था, सिरोही में आरजेडब्ल्यू 1615 नम्बर प्लेट वाला नीला विजय डीलक्स स्कूटर मेरे व्यक्तित्व के साथ स्थायी रूप से जुड़ चुका था. लोग स्कूटर देखते तो कल्पना कर लेते कि डीपी अग्रवाल भी आसपास यहीं कहीं होंगे. जब मैंने यह स्कूटर अपने उस पुराने कर्मचारी को बेच दिया तो उसके कुछ ही दिनों बाद दबे स्वरों में सिरोही में यह चर्चा सर उठाने लगी कि आजकल अग्रवाल साहब के रंग-ढंग कुछ ठीक नहीं हैं. इस कुचर्चा के मूल में था मेरा वह 1615 नम्बर का स्कूटर जिसे लोग पिछले कुछ दिनों से हर शाम स्वरूप क्लब के पास वाले देशी दारु के ठेके के पास खड़ा देख रहे थे. यह मान लिया गया कि जब उनका स्कूटर यहां है तो अग्रवाल  साहब भी यहीं होंगे! और देशी दारु के ठेके पर होंगे तो ज़ाहिर है कि उसका सेवन भी कर ही रहे होंगे! असल बात यह थी कि मेरे कॉलेज का वह कर्मचारी देशी मदिरा का नियमित सेवन करता था, और अब जब उसने स्कूटर खरीद लिया था तो बड़ी शान से हर शाम उस स्कूटर पर आसीन होकर अपना शौक पूरा करने जाने लगा था. जैसे ही यह कुचर्चा मुझ तक पहुंची, मैंने उस शौकीन मिजाज़ कर्मचारी को बुलाया और उसे पाबंद किया कि वो अपना शौक भले ही ज़ारी रखे, मेरा स्कूटर लेकर वहां न जाया करे! मैं तो उससे अपना स्कूटर वापस भी खरीद लेने को तैयार था, लेकिन उसने  इसके बिना ही मेरी बात मान ली.

तो, यह था मेरा संक्षिप्त स्कूटर पुराण!
●●●


Tuesday, April 21, 2020

कथा एक ऑटोग्राफ़ की!



कोरोना वायरस से अपनी सुरक्षा के लिए अपने-अपने घरों में कैद हम सब बड़ी फुरसत में हैं और अलग-अलग तरह से अपना अपना मन बहलाने का प्रयास कर रहे हैं. कुछ यह कल्पना करने में लगे हैं कि यह संकट टल जाने के बाद की दुनिया कैसी होगी, तो कुछ उस दुनिया को याद कर रहे हैं जिसे वे पीछे छोड़ आए हैं. ऐसा ही काफी कुछ करते हुए मैं भी वॉटसएप पर एक नए समूह के सम्पर्क में आया, जिसका नाम है ऑटोग्राफ़ बिगिनर्स ग्रुप. एक ज़माना था जब किसम किसम की हॉबीज़ का चलन था. कोई डाक टिकिट इकट्ठे करता था, कोई सिक्के, तो कोई माचिसों के लेबल, तो कोई बड़े लोगों के हस्ताक्षर. तब तक सेलिब्रिटी शब्द चलन में नहीं आया था. एक शौक चिट्ठियां लिखने और बड़े लोगों के जवाब पाने का भी था. खुद मेरे पास कोई हज़ारेक चिट्ठियां तो होंगी ही जो मैंने इस शौक़ के तहत बड़े लोगों को लिख कर जवाब में उनसे प्राप्त की थीं. किसी का जन्म दिन होता, उन्हें पत्र लिखते और लौटती डाक से उनका हस्ताक्षर किया हुआ जवाब आ जाता. उन बड़े लोगों में जवाहर लाल नेहरु, राजेंद्र प्रसाद, डॉ एस. राधाकृष्णन आदि से लगाकर जॉन एफ कैनेडी तक थे. फिल्मी सितारों में तब मेरी ज़्यादा रुचि नहीं थी, लेकिन जब उनका दीवान शाया हुआ तो मैंने मीनाकुमारी को एक चिट्ठी ज़रूर लिखी थी. तत्कालीन परम्परानुसार उनका हस्ताक्षरित एक श्वेत श्याम चित्र भी मेरे पास आया था, जो ज़ाहिर है उनके सेक्रेटरी ने भेजा होगा. वो चिट्ठियों का ज़माना था, जिसे बाद में ई मेल आदि ने विस्थापित कर दिया.

उस ज़माने में क्योंकि सुरक्षा के बड़े तामझाम नहीं होते थे, किसी भी बड़े आदमी (या औरत) के पास आपका पहुंचना बहुत कठिन नहीं होता था. ‘गाइड’ की शूटिंग के दौरान देव आनंद, वहीदा रहमान, नोबल पुरस्कार विजेता लेखिका पर्ल एस बक, किशोर साहू आदि को मैंने इतनी बार और इतने नज़दीक से देखा कि चाहता तो उनके ऑटोग्राफ़ भी ले ही सकता था. पर्ल एस बक तो उदयपुर में मेरे घर के पास वाले जगदीश मंदिर की सीढ़ियों पर बैठी अक्सर दिखाई दे जाती थीं. बेशक देव आनंद या वहीदा रहमान के आस पास थोड़ी भीड होती थी लेकिन क्योंकि वे लोग गाइड की शूटिंग के लिए लम्बे समय उदयपुर में रहे, भीड़ भी आहिस्ता-आहिस्ता कम होती गई थी.

मेरा बचपन क्योंकि उदयपुर में बीता है, मैं उदयपुर की ही बत करूंगा. उस ज़माने में, सत्तर के दशक के मध्य में, उदयपुर में नेताओं का आना खूब होता था. उनकी आम सभाएं वगैरह भी होती थीं और लोग बड़ी सहजता से उनसे हाथ भी मिला लिया करते थे. तब न कैमरे ज़्यादा चलन में थे और न सोशल मीडिया का जन्म हुआ था, इसलिए उस समय का दस्तावेज़ीकरण उपलब्ध नहीं है. अभी मैं जिस प्रसंग का ज़िक्र करना चाहता हूं उससे यह बात स्पष्ट  हो जाएगी कि उस ज़माने के नेता कितने सहज और मानवीय होते थे. उदयपुर के भारतीय लोक कला मण्डल के मुक्ताकाश मंच पर कोई सरकारी कार्यक्रम था. उस कार्यक्रम में बहुत सारे अन्य लोगों के साथ केंद्रीय काबीना मंत्री एस. के. डे भी आए हुए थे. एस. के. डे देश के पहले सहकारिता और पंचायती राज मंत्री थे. भारत में सामुदायिक विकास में उनका योगदान अप्रतिम है. तो अपन भी घूमते फिरते उस आयोजन  में पहुंच  गए. तब मैं बी.ए. का विद्यार्थी था. जब कार्यक्रम समाप्त हुआ तो मैं भी मंच पर चढ़ गया और अपनी ऑटोग्राफ़ बुक एस. के. डे के सामने कर दी. वे शायद जल्दी में थे. उन्होंने मुझसे मेरी वह ऑटोग्राफ बुक ली और कहा कि आप मेरे सेक्रेटरी को अपना पता लिखवा दें, मैं इसे आपके घर भिजवा दूंगा. मैंने कहा कि मेरा पता तो इस ऑटोग्राफ बुक पर ही लिखा हुआ है. डे साहब ने कहा, अच्छा! और चल दिये. मैं बड़ा हताश. सोचा, अब तक जो बीसेक ऑटोग्राफ इकट्ठे किये हैं वे सब भी गए. भला किस मंत्री को इतनी फुरसत हो सकती है कि एक साधारण से लड़के की ऑटोग्राफ बुक लौटाना याद भी रखे.

लेकिन अगले दिन सुबह आठ बजे ही मेरे घर के सामने एक  लाल पट्टी वाली सफेद एम्बेसेडर कार आकर रुकी, उसमें से उतरे एक रौबदार आदमी ने किसी से मेरा नाम पूछा, और जब उसने मेरी तरफ इशारा  किया तो उस आदमी ने मेरी ऑटोग्राफ बुक मेरी तरफ बढ़ाते हुए कहा, मंत्री जी ने भिजवाई है. यह बात है 24 जनवरी 1964 की.

उस ज़माने में जो एक वरिष्ठ और अति सम्मानित काबीना मंत्री ने किया, वैसा करने की उम्मीद आज एक विधायक से भी कर सकते हैं?
●●●



Tuesday, September 3, 2019

लोगों का घर बसे, चीन सरकार ने चलाई 'लव स्पेशल ट्रेन'


हाल में चीन में सरकार ने एक विशेष रेलगाड़ी चलाई है, जिसका नाम है ‘लव स्पेशल ट्रेन’. यह रेलगाड़ी चोंगकिंग नॉर्थ स्टेशन से कियानजियांग स्टेशन तक चलती है और इसमें एकल अर्थात सिंगल स्त्री या पुरुष ही यात्रा कर सकते हैं. दो दिन और एक रात के सफर वाली दस डिब्बों की यह विशेष रेलगाड़ी इसलिए चलाई गई है ताकि यात्रीगण अपने लिए उपयुक्त जीवन साथी तलाश कर सकें. अब तक इस रेलगाड़ी में तीन हज़ार सिंगल्स यात्रा कर चुके हैं और उनमें से दस जोड़े बनने का शुभ समाचार मिल चुका है. इस रेलगाड़ी को चलाने की ज़रूरत क्यों पड़ी, इसे जानने के लिए हमें थोड़ा पीछे जाना पड़ेगा.

द्वितीय विश्व युद्ध के बाद चेयरमेन माओ के प्रोत्साहन की वजह से चीन में जनसंख्या में बेतहाशा वृद्धि हुई थी. 1978 तक आते-आते यह वृद्धि वहां की तत्कालीन सरकार के लिए इतनी बड़ी मुसीबत बन गई कि उसे मज़बूर होकर एक संतान की नीति की घोषणा करनी पड़ी. पति पत्नी को केवल एक ही संतान पैदा करने की अनुमति थी और अगर दूसरी संतान हो जाती तो सरकार चाहती कि जैसे भी हो वे लोग उससे छुटकारा पाएं. इस कठोर और निर्मम नीति को लागू कर चीन ने अपनी बढ़ती जनसंख्या पर तो नियंत्रण पा लिया, लेकिन इसी नीति की वजह से आज वहां के समाज को अनेक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है. असल में चीनी समाज में भी लड़कों को अतिरिक्त महत्व दिया जाता है और लड़कियों को कमतर माना जाता है. इस वजह से जब एक संतान वाली  नीति वहां प्रभाव में आई तो लोगों ने येन केन प्रकारेण अकेली संतान के रूप में लड़कों को ही इस दुनिया में लाने के प्रयास ज़ारी रखे. भले ही पिछले बरस चीन ने अपनी इस एकल संतान नीति में थोड़ी छूट देते हुए उन मां बाप को दूसरी संतान पैदा करने की अनुमति दे दी जिनमें से कोई एक अपने मां बाप की एकल संतान था या थी, इतने बरस चली इस नीति के कुपरिणामों का सामना तो करना ही था. एक मोटे अनुमान के अनुसार इन दशकों में करीब पौने चार करोड़ चीनी कन्याओं को अनचाहा या अतिरिक्त मान कर गर्भपात, भ्रूण हत्या, इधर उधर फेंक देने या अवैध क्रय विक्रय का शिकार बनाया गया. इसके अलावा, यह तो आधिकारिक आंकड़ा है कि इस नीति के चलन में आने के बाद वहां चालीस करोड़ गर्भपात किये गए. बहुत सारे मां-बाप ऐसे भी थे जो अपनी दूसरी संतान से किसी भी तरह छुटकारा नहीं पा सके लेकिन क्योंकि इसकी अनुमति नहीं थी, उन्होंने अपनी इस संतान को छिपा कर रखा और उसका कहीं भी आधिकारिक पंजीकरण नहीं कराया. परिणाम यह हुआ कि यूनीसेफ़ के आंकड़ों के अनुसार आज चीन में पांच बरस से कम उम्र के दो करोड़ नब्बे लाख बच्चे ऐसे हैं जिनके पास जन्म प्रमाण पत्र नहीं है, और इस वजह से चीनी सरकार के लिए उनका कोई अस्तित्व नहीं है. न वे पढ़ सकते हैं, न इलाज़ करवा सकते हैं, न कहीं जा आ सकते हैं.

अभी स्थिति यह है कि चीन में लड़के  लड़की का अनुपात 118:100 है. कहीं कहीं तो यह अनुपात 130:100 तक भी है. स्मरणीय है कि दुनिया में औसतन यह अनुपात 103:100 से 107:100 के बीच है. कहने का आशय यह कि वर्तमान चीनी समाज में लिंगानुपात में भारी  असंतुलन है. चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य एवम परिवार नियोजन आयोग ने भी इस बात को स्वीकार किया है कि वहां बहुत विकट लैंगिक असंतुलन है और यह बात वहां की जनसंख्या के बहुत बड़े भाग को प्रभावित कर रही है. इस लैंगिक असंतुलन का ही परिणाम है कि वहां लाखों पुरुष ऐसे हैं जिनको दूर-दूर तक विवाह की कोई उम्मीद नज़र नहीं आती है. शहरों की तुलना में गांवों में स्थिति और भी अधिक विकट है. कहा जा रहा है कि हर चार में से एक चीनी पुरुष अविवाहित ही रह जाएगा. इस असंतुलन का एक दुष्परिणाम यह भी हो रहा है कि चीनी समाज में समलैंगिकता बढ़ रही है.

ऐसे में स्थिति को सुधारने के लिए चीन की सरकार जो अनेक प्रयास कर रही है उन्हीं में से एक प्रयास यह लव स्पेशल ट्रेन चलाने का भी है. लेकिन इस प्रयास की सफलता इसलिए संदिग्ध है कि असल समस्या तो यह नहीं है कि लड़के लड़की विवाह नहीं करना चाहते हैं, बल्कि  समस्या यह है कि है कि वहां लड़कियों की कमी है. देखना दिलचस्प होगा कि चीन अपनी इस  समस्या से कैसे उबरता है. इस समस्या में हमारी दिलचस्पी इसलिए भी होनी चाहिए कि भले ही सरकार ने हमारे यहां एकल संतान जैसी कोई नीति लागू न की हो, लड़कियों को लेकर पारम्परिक भारतीय समाज का सोच तो चीन जैसा ही है और इसी कारण हमारे यहां भी लिंगानुपात गड़बड़ा रहा है.
●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक राजस्थान पत्रिका पावर्ड बाय न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, दिनांक 03 सितम्बर 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Friday, August 23, 2019

रोबोट दे रहा बौद्ध धर्म की शिक्षा


क्योटो (जापान) से ख़बर आई है कि वहां के कोडाइजी नामक लगभग चार सौ साल पुराने नामी बौद्ध उपासना गृह में एक नया पुजारी प्रकट हुआ है. यह पुजारी एक रोबोट है जो कृत्रिम बुद्धि से चालित है. इस साल के प्रारम्भ में प्रकट हुआ यह यंत्र पुजारी अपने धड़, भुजाओं और हाथों को हिला‌ डुला सकता है. इसके हाथों, चेहरे और  कंधों पर त्वचा का आभास देने वाली सिलिकॉन की परत चढ़ाई गई है. अपने हाथों को उपासना की मुद्रा में जोडे हुए यह रोबोट बड़े शांत  स्वर में करुणा की महत्ता समझाता है और लालसा, क्रोध और अहं के ख़तरों के प्रति चेतना जगाता है.  यह जापानी भाषा में हृदय सूत्र के उपदेशों के माध्यम से बौद्ध  दर्शन समझाता है. विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए इन उपदेशों के अंग्रेज़ी और चीनी अनुवाद स्क्रीन पर प्रदर्शित किये जाते हैं.  इस रोबोट का विकास ज़ेन टेम्पल और ओसाका विश्वविद्यालय के रोबोटिक्स विभाग के सुविख्यात प्रोफ़ेसर हिरोशी इशिगुरो की एक संयुक्त परियोजना के तहत लगभग दस लाख डॉलर के व्यय से किया गया है.

उपासना गृह के प्रमुख तेन्शो गोटो का कहना है कि यह नया पुजारी न केवल कभी मरेगा नहीं, यह अपने ज्ञान और बुद्धि को भी निरंतर विकसित करता रहेगा. यह असीमित ज्ञान  को सदा सर्वदा के लिए सहेज कर रख सकता है. इसकी कृत्रिम बुद्धि के कारण हम  यह भी उम्मीद कर सकते हैं कि इसकी बुद्धि निरंतर विकसित होती रहेगी और इस कारण यह लोगों को उनके कठिनतम समय में मार्गदर्शन  प्रदान कर  सकेगा. इस तरह  यह रोबोट बौद्ध  दर्शन को नया आकार दे रहा है. यहीं यह बात  भी स्मरणीय है कि आज के जापान में लोगों के दैनिक जीवन पर से धार्मिक प्रभाव कम होता जा रहा है. युवा पीढ़ी यह मानने लगी है कि उपासना गृह या तो अंतिम संस्कार के लिए हैं या फिर विवाह के लिए.  ऐसे में तेन्शो गोटो का यह उम्मीद करना उचित ही प्रतीत होता है कि इस रोबोट का नयापन युवा पीढ़ी को फिर से धार्मिक सोच की तरफ आकर्षित कर  सकेगा. वे यही चाहते हैं कि लोग रोबोट के माध्यम से ही सही, बौद्ध दर्शन के सार तत्व को समझें तो सही. तेन्शो गोटो बलपूर्वक इस आरोप को नकारते हैं कि यह रोबोट पर्यटकों से होने वाली आय को ध्यान में रखकर लाया गया है. 

इस रोबोट पुजारी को लेकर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. हाल में ओसाका विश्वविद्यालय द्वारा किये गए एक सर्वे के जवाब में बहुतों ने इस बात पर आश्चर्य व्यक्त किया है कि यह रोबोट कितना ज़्यादा मनुष्य जैसा लगता है. एक ने तो यहां तक कह दिया उसे इस रोबोट से जैसी गर्मजोशी का अनुभव हुआ वैसी गर्मजोशी तो आम तौर पर इंसानों से भी हासिल नहीं होती है. एक अन्य भक्त का कहना था कि पहली नज़र में तो मुझे यह अस्वाभाविक लगा लेकिन जल्दी ही मैं इसके प्रति सहज हो गया हो और फिर तो इसके द्वारा दिये गए उपदेश मेरे भीतर उतरने लगे. लेकिन सारे ही लोग इस रोबोट के प्रति इतने सकारात्मक भी नहीं हैं. कुछ ने मात्र इतना कहा कि उन्हें यह नकली लगता है, तो कुछ ने अपनी बात  को स्पष्ट करते हुए कहा कि इसके मुंह से झरते हुए उपदेश उन्हें असहज करते हैं और इसके हाव-भाव बहुत मशीनी लगते हैं.

सबसे ज़्यादा दिलचस्प बात तो यह है कि इस रोबोट की ज़्यादा आलोचना विदेशी कर रहे हैं. उन्हें लगता है कि यह रोबोट बनाकर धर्म की पवित्रता के साथ छेड़छाड़ की गई है. खुद तेन्शो गोटो ने भी यह बात स्वीकार की है कि विदेशी इस रोबोट को न केवल स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं, वे इसे एक अंग्रेज़ लेखक मैरी शैली की विख्यात रचना ‘द मॉडर्न प्रोमिथियस’ के एक किरदार फ्रैंकनस्टाइन की तरह का दैत्य  तक कह डालते हैं. हालांकि तेन्शो गोटो इस बात को नकारते हैं लेकिन बहुत लोग यह कह रहे हैं कि फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों तक ने इस रोबोट को पवित्र वस्तुओं का अनादर करने वाला बताया है. विदेशियों की प्रतिक्रियाओं से जापानियों की प्रतिक्रियाएं अलग हैं. उन्हें रोबोट पुजारी से कोई दिक्कत नहीं है. शायद ऐसा इसलिए है कि जापान में बहुत सारे लोग  जिन कॉमिक्स  को  पढ़कर बड़े हुए हैं उनमें रोबोट्स को मनुष्य का दोस्त ही बताया जाता रहा है. तेन्शो इस बात को स्वीकार करते हुए कि रोबोट जैसे यंत्र के भीतर कोई हृदय नहीं होता है, कहते हैं कि “बौद्ध धर्म भी यह नहीं कहता  है कि आप भगवान में विश्वास करें. वह तो आपको बुद्ध के बताये मार्ग पर चलने की सीख देता है. इसलिए इस बात से क्या फर्क़ पड़ता है कि यह सीख कोई मनुष्य दे रहा है या यंत्र, या लोहे का टुकड़ा, या फिर कोई पेड़.”

उनकी बात में दम तो लगता है!  
●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत शुक्रवार, 23 अगस्त, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Tuesday, August 13, 2019

रिश्तों की मज़बूती के लिए अच्छी नींद भी बहुत ज़रूरी !


यह बात सन 2012 में ही सामने आ चुकी थी. एक संस्था बेटर स्लीप काउंसिल ने अपने सर्वे में पाया था कि हर चार में से एक दम्पती रात को बेहतर और अबाधित निद्रा लेने के लिए अलग-अलग सोते हैं. इसी बात को आगे बढ़ाया पिछले बरस एक रिसर्च कम्पनी वन पोल ने. उसने एक शैया निर्माता कम्पनी के  लिए किये गए सर्वे में पाया कि अमरीका के कुल दो हज़ार  उत्तरदाताओं में से छियालीस प्रतिशत की आकांक्षा अपने जीवन साथियों से अलग शयन करने की थी. असल में आहिस्ता-आहिस्ता  पूरी दुनिया में यह हो रहा है कि दम्पती अलग-अलग कमरों में या फिर कम से कम अलग अलग पलंगों पर सोना पसंद करने लगे हैं. और जैसे हमें चौंकाने के लिए इतना ही पर्याप्त न हो, न्यूयॉर्क शहर की एक जानी-मानी मनश्चिकित्सक ने तो यह तक कह दिया था कि “कुछ दम्पतियों का तो यह खयाल भी है कि अलग-अलग सोने से उनके रिश्ते और मज़बूत हो गए हैं.” अपनी बात को स्पष्ट करते हुए उन्होंने बताया कि ऐसे दम्पतियों का कहना था कि एक दूसरे की भिन्न भिन्न आदतों के कारण नींद में आने वाले ख़लल से मुक्ति की कल्पना ही उनके लिए इतनी सुकून दायक थी कि वे लोग अतीत में एक दूसरे की जिन बातों से क्षुब्ध होते थे उनको भुलाकर  अपने रिश्तों की अन्य सुखद बातों पर ध्यान केंद्रित कर पा रहे थे. 

इस सारी बात के मूल में यह हक़ीक़त है कि एक ही शयन कक्ष में सोने वाले युगल अपने साथी की बहुत सारी बातों, जैसे खर्राटे भरना, मुंह से बदबू आना, नींद में करवटें बदलना या हाथ-पांव चलाना, उजाले में नींद आने का अभ्यास  वगैरह के कारण परेशान होते हैं. यह परेशानी जब अधिक बढ़ जाती है तो इससे स्वास्थ्य  विषयक अनेक दिक्कतें तो पैदा होती ही हैं, चिड़चिड़ाहट भी बढ़ने लगती है और इन सबकी परिणति वैवाहिक सम्बंधों के बिगड़ने में होती है. सन 2016 में जर्मनी की न्यूरेम्बर्ग यूनिवर्सिटी में हुए एक शोध कार्य से पता चला कि नींद में ख़लल और रिश्तों में तनाव इन दोनों में चोली-दामन का साथ है. वैसे, सन 2013 में कोलम्बिया यूनिवर्सिटी,  बर्कले में हुए एक शोध में यह बात पहले ही कही जा चुकी थी कि पति पत्नी में से किसी एक की नींद विषयक आदतों की वजह से जब दूसरे की नींद खराब होती है तो उसका सीधा असर उनके वैवाहिक सम्बंधों पर पड़ता है. और इसलिए समझदार दम्पती  एक दूसरे की सुविधा-असुविधा का खयाल कर सप्ताह में कुछ दिन अलग-अलग कमरों में सोने लगे हैं. वे कहते हैं कि यह चुनाव से ज़्यादा किसी समस्या के व्यावहारिक समाधान  का मामला है.

इस समाधान के अनेक रूप हैं. कमरे अलग हो सकते हैं, या फिर एक ही कमरे में बिस्तर अलग-अलग हो सकते हैं. वैसे इस समस्या पर अधिक विचार पश्चिम में हुआ है और या फिर हमारे यहां सुविधा सम्पन्न लोगों में, क्योंकि शेष के पास तो वैसे ही कोई विकल्प नहीं होता है. उन्हें तो ‘जो है और जैसा  है’  में ही ज़िंदगी बितानी होती है.  वैसे भी पश्चिम में व्यक्तिवाद,  निजी स्पेस और अपनी शर्तों पर जीवन जीने का का आग्रह हमारे यहां की तुलना में बहुत ज़्यादा है. अब देखिये ना, बाल्टीमोर की 45 वर्षीया टीना कूपर की शिकायत है कि उन्हें देर रात तक जगे रहना अच्छा लगता है जबकि उनके जीवन साथी की आदत सुबह सबेरे जल्दी उठ जाने की है. उन्हें उठते ही सूरज की रोशनी को देखना पसंद है जबकि टीना जी को यह सुखद नहीं लगता. वे घुप्प अंधेरा पसंद करती हैं. उन्हें कुछ आवाज़ों में नींद आती है जबकि उनके साथी को नींद में डूबने के लिए गहरे सन्नाटे की तलब होती है. उनके साथी को कठोर गद्दे पर नींद आती है जबकि खुद उन्हें मुलायम और तकियों से भरा गद्दा अच्छा लगता है. अब आप ही सोचिये कि जिनकी आदतों और रुचियों में इतना ज़्यादा फ़र्क़ हो वे भला एक बिस्तर तो क्या एक कमरे में भी कैसे सो सकते हैं?

इस सारी चर्चा का एक दिलचस्प पहलू यह भी है कि बहुत सारी शोधों और अध्ययनों से यह बात  पता चली है कि पुरुषों की तुलना में स्त्रियां अपने जीवन साथी की अनुचित हरकतों और आदतों से अधिक प्रभावित होती हैं और इसलिए वे ही समस्या के इस समाधान का अधिक पक्ष भी लेती हैं. सन 2007 में एक जर्नल स्लीप एण्ड बायोलॉजिकल रिद्म्स में इस तरह का अध्ययन प्रकाशित हो चुका है और उसे प्राय: उद्धृत किया जाता है.

भले ही हम लोग यह मानने के अभ्यस्त रहे हैं कि दम्पती की रात एक कमरे में बीतनी चाहिए, न्यूयॉर्क के एक बड़े मनोवैज्ञानिक की यह बात भी ग़ौर तलब तो है ही: “जो युगल अलग-अलग कमरों में सोते हैं वे एक दूसरे के साहचर्य को मिस भी करते हैं और यह बात उनके दाम्पत्य जीवन को अधिक उत्तेजक और दिलकश बना देती है.”

 ●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 13 अगस्त, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Tuesday, August 6, 2019

कदम गिनें नहीं, चलने का आनंद लें!


हम बचपन से सुनते आए हैं कि घूमना सेहत के लिए फायदेमंद होता है, और इसलिए भरसक यह कोशिश करते हैं कि जितना सम्भव हो पैदल चल लें. कुछ बरस पहले तक हम सुबह या शाम घूम लिया करते थे और यह सोच कर संतुष्ट हो जाते थे कि आज हम दो किलोमीटर घूमे या तीन किलोमीटर. फिर आहिस्ता आहिस्ता हमारे घूमने की नाप जोख करने वाले उपकरण आ गए तो उनकी मदद से हम अपने घूमने का हिसाब-किताब रखने लगे. पीडोमीटर, स्मार्ट वॉचेज़ या स्मार्ट फोन के  विभिन्न एप्स – जिसको जो सुविधाजनक और अपनी पहुंच के भीतर लगे वो उसी की मदद से आजकल अपने पैदल चलने का लेखा-जोखा  रख लेता है. वैसे बहुत लोग अब भी इन सबसे मुक्त रहकर ही घूमते हैं.

जो लोग किसी आधुनिक उपकरण की सहायता से अपने घूमने का रिकॉर्ड रखते हैं उनके लिए  घूमने का आदर्श पैमाना है दस हज़ार कदम. यानि अगर आप हर रोज़ दस हज़ार कदम चल लिये हैं तो मान लें कि आपने अपनी घूमने की दैनिक ज़रूरत पूरी कर ली है. जैसे ही आप दस हज़ार कदम चल लेते हैं, आपके स्मार्ट फोन में स्थापित एप हरे रंग की पट्टियों से बना एक गुलदस्ता नुमा उपहार आपको प्रदान कर आपका हौंसला बढ़ाता है. हर एप में इस उपहार की आकृति अलग-अलग होती है, लेकिन दस हज़ार कदम पूरे करते ही आपकी पीठ थपथपाई ज़रूर जाती है. क्या आपने कभी जानने का प्रयास किया है कि यह दस हज़ार कदम का पैमाना बना कैसे? मैं तो यही सोचता था कि बड़े बड़े विशेषज्ञों ने बरसों शोध और परीक्षण कर यह जाना होगा कि हमें स्वस्थ रहने के लिए हर दिन कम से कम दस हज़ार कदम चलना चाहिए.

लेकिन आप भी यह जानकर चौंक उठेंगे कि ऐसा नहीं है. अगर अनुमति दें तो इस रहस्य पर से पर्दा हटा ही दूं! हुआ यह कि जब 1964 में जापान की राजधानी टोकियो में ओलम्पिक खेल होने वाले थे तो वहां की पीडोमीटर बनाने वाली एक कम्पनी ने अपना उपकरण बेचने के लिए एक ज़ोरदार विज्ञापन अभियान चलाया. पीडोमीटर यानि आपके कदमों की गणना करने वाला उपकरण. उस कम्पनी ने अपने पीडोमीटर का नाम रखा था – मेन पो काई. जापानी भाषा में इन तीन शब्दों के अर्थ ये हैं: मेन = दस हज़ार, पो = कदम, और काई = मीटर या गणना यंत्र. अब इसे संयोग कहें या कुछ और, कि यह उपकरण बेहद कामयाब साबित हुआ. कम्पनी ने तो भारी मुनाफा कमाया ही, यह दस हज़ार की संख्या भी लोगों की स्मृति में अड्डा जमा कर बैठ गई. बाद में कुछ छोटे-मोटे शोध भी हुए जिनमें पांच हज़ार कदम चलने से होने वाले फायदों की तुलना दस हज़ार कदम चलने से होने वाले फायदों से की गई, और तब यह निष्कर्ष तो निकलना ही था कि जितना ज़्यादा चलोगे उतना फायदे में रहोगे. लेकिन यह एक तथ्य है कि दस हज़ार कदमों को लेकर अब तक बाकायदा कहीं कोई शोध नहीं हुई है. अलबत्ता हार्वर्ड मेडिकल स्कूल में मेडिसिन की प्रोफ़ेसर आई मीन ली और उनकी टीम ने सत्तर पार की सोलह हज़ार स्त्रियों पर एक शोध कर यह जानने का प्रयास अवश्य किया है कि उनके चलने और उनकी मृत्यु के बीच क्या सम्बंध है. उन्होंने भी यह पाया कि जो स्त्री जितना ज़्यादा चलती थी वो उतने ही ज़्यादा समय तक जीवित रही. लेकिन इस शोध में यह भी पता चला कि ज़्यादा चलने का लाभ केवल साढ़े सात हज़ार कदमों तक ही सीमित रहा, इससे ज़्यादा चलने पर या तो कोई अतिरिक्त लाभ नहीं हुआ या लाभ कम हो गया.  वैसे  इस शोध  के परिणामों पर विश्वास करते समय इस बात को नहीं भूलना चाहिए कि यह सत्तर पार की स्त्रियों तक ही सीमित था.

कदमों की यांत्रिक गणना की अपनी सीमाएं हैं, जिन्हें अनदेखा नहीं किया जा सकता. पहली बात तो यह कि यंत्र के लिए बहुत तेज़ गति से चलना और एकदम धीमी गति से टहलना दोनों एक ही बात हैं. ये भी चार कदम और वो भी चार कदम. जबकि हर कोई जानता है कि धीमे और तेज़ चलने के प्रभाव व परिणाम एक से नहीं हो सकते. इसलिए कदमों की इस गणना को एक स्थूल आकलन ही माना जाना चाहिए. दूसरी ख़ास बात जिसकी तरफ ध्यान जाना ज़रूरी है वह यह है कि कदमों की यह यांत्रिक गणना आपका ध्यान उस आनंद से भटका देती है जो पैदल चलने से आपको मिलता है. यह बात ड्यूक विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान के एक प्रोफ़ेसर जॉर्डन एटकिन  ने कही है. उन्होंने एक अध्ययन कर यह बताया है कि भले ही अपने कदमों की यांत्रिक गणना करने वाले लोग चले ज़्यादा हों, उन्हें ऐसा करके आनंद कम मिला.

हमने तो सारी बातें आपके सामने रख दी हैं. अब आप खुद तै कर लें कि आपको कितने कदम चलना है, और कदम गिनकर चलना है या चलने का सच्चा आनंद लेकर चलना है!

●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 06 अगस्त, 2019 को  ‘पैदल चलने की यांत्रिक गणना की सीमाएं’ शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.

Tuesday, July 30, 2019

इस ऑरकेस्ट्रा के वाद्य यंत्र सब्ज़ियों से बनते हैं!


ऑस्ट्रिया की राजधानी वियना (जिसका जर्मन उच्चारण वीन है) जितनी अपनी खूबसूरती के लिए जानी जाती है उतनी ही अपनी सांगीतिक विरासत के लिए भी जानी जाती है. लुडविग वान बीथोवन, वोल्फ़गांक आमडेयुस मोत्सार्ट  और योहानेस  ब्राम्स जैसे शिरोमणि संगीतकारों  की यह धरती  इधर एक विलक्षण ऑरकेस्ट्रा की वजह से चर्चा में है. अपनी विलक्षणता की वजह से यह ऑरकेस्ट्रा न केवल गिनीज़ बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में प्रवेश पा चुका है, इसके अनुकरण भी होने लगे हैं.

निश्चय ही आप यह पढ़कर चौंक उठेंगे कि इस ऑरकेस्ट्रा के वाद्य यंत्र धातु, लकड़ी  या चमड़े की बजाय ताज़ा फलों और सब्ज़ियों से बनाए जाते  हैं और इसलिए इसका नाम ही है वेजिटेबल ऑरकेस्ट्रा. पिछले इक्कीस बरसों से दस वाद्य यंत्रों वाला यह ऑरकेस्ट्रा दुनिया भर के संगीत रसिकों को अपना सुरीला और ताज़ा सब्ज़ियों की मोहक गंध से भरा संगीत सुना कर चमत्कृत कर रहा है. अब तक यह ऑरकेस्ट्रा करीब तीन सौ शो कर चुका है और इसका हर शो हाउस फुल रहा है. ऑरकेस्ट्रा विख्यात रॉयल एलबर्ट हॉल लंदन और शांघई आर्ट्स सेण्टर में भी अपनी कला का प्रदर्शन कर चुका है. हाल  में इसने यूक्रेन के महल में पॉल मैकार्टनी के साठवें जन्म दिन पर भी अपनी स्वर लहरियां बिखेरीं. न सिर्फ़ इतना, इस ऑरकेस्ट्रा ने हाल ही में अपना चौथा एलबम भी ज़ारी किया है जिसे खूब सराहा जा रहा है.

वेजिटेबल ऑरकेस्ट्रा के संस्थापक सदस्य माथियास मायन्हार्टर बताते हैं कि इसकी शुरुआत मज़ाक-मज़ाक में हो गई. वे बताते हैं कि इस ऑरकेस्ट्रा के तीन अन्य सदस्यों के साथ वे वियना विश्वविद्यालय में आयोजित एक परफॉर्मेंस आर्ट फेस्टिवल में सहभागिता कर रहे थे. गपशप के दौरान एक सवाल यह उभरा कि किस चीज़ पर संगीत रचना सबसे ज़्यादा मुश्क़िल हो सकता है. यह एक संयोग ही था कि वे लोग उस समह सब्ज़ियों से बना सूप पी रहे थे. बात में से बात निकलती गई और इस तरह जन्म हुआ इस वेजिटेबल ऑरकेस्ट्रा का. इसका नाम वेजिटेबल ऑरकेस्ट्रा है तो यह आपने अनुमान लगा ही लिया होगा कि इसके तमाम वाद्य यंत्र सब्ज़ियों से निर्मित होते हैं.  और यह कहना अनावश्यक है कि धातु या लकड़ी की तुलना में सब्ज़ियों की अपनी बहुत अधिक सीमाएं हैं. पहली बात तो यह कि सब्ज़ियों से बने वाद्ययंत्रों की उम्र बहुत कम होती है. जैसे ही सब्ज़ी बासी होकर मुरझाने लगती है उसकी संगीत निर्माण की क्षमता भी ख़त्म होने लगती है. यही कारण है कि हर प्रस्तुति से पहले सुबह-सुबह इस ऑरकेस्ट्रा के तमाम सदस्य स्थानीय सब्ज़ी बाज़ार जाते हैं और बड़ी बारीकी से पड़ताल कर अपनी पसन्द व काम की सब्ज़ियां चुनते हैं. कद्दू, प्याज़, कुम्हड़े, बैंगन, खीरा, ककड़ी और भी न जाने क्या-क्या वे चुनते और खरीदते हैं. उनकी दिक्कत इस बात से और ज़्यादा बढ़ जाती है कि हर सब्ज़ी हर जगह नहीं मिलती. इतना ही नहीं एक जगह जो सब्ज़ी जैसी मिलती है, यह भी ज़रूरी नहीं कि दूसरी जगह भी वह सब्ज़ी वैसी ही मिले. और इन विभिन्नताओं की वजह से इन्हें बार-बार अपने वाद्य यंत्रों को लेकर प्रयोग करने पड़ते हैं. अब तक ये लोग कोई डेढ़ सौ वाद्य यंत्र इन किसम-किसम की सब्ज़ियों से बना चुके हैं. वाद्य यंत्रों की और उनसे उत्पन्न संगीत की निरंतर बदलती स्वर लहरियों के कारण ये लोग किसी रूढ़ किस्म के और लिपि बद्ध  संगीत को प्रस्तुत करने की बजाय हर बार नया कुछ रचते और प्रस्तुत करते हैं.

ताज़ा सब्ज़ियां खरीदने के बाद ये उन्हें लेकर  वहां आते हैं जहां शाम को इन्हें अपनी प्रस्तुति देनी होती है. वहां ये लाई गई सब्ज़ियों को विभिन्न चाकुओं और अन्य उपकरणों की मदद से छील-काट कर या खोखला कर वाद्य यंत्रों में बदलते हैं, उन्हें इस्तेमाल कर रिहर्सल जैसा कुछ करते हैं और फिर बड़ी सावधानी से उन सब्ज़ी निर्मित अनूठे वाद्य यंत्रों को गीले कपड़ों में लपेट कर सुरक्षित रखते हैं. इसके बाद शाम को ये उन्हीं वाद्य यंत्रों से सुरों का जादू जगाते हैं. लोग बड़ी उत्सुकता  से इन्हें देखते-सुनने आते हैं.  आने की पहली वजह तो इस ऑरकेस्ट्रा का अनूठापन ही होती है, लेकिन जैसे जैसे शाम आगे बढ़ती है, इन कलाकारों की साधना अपना जादू जगाने लगती है, लोग इनके सुरों के सम्मोहन में कैद हो जाते हैं. लेकिन जैसे-जैसे सुरों का यह कारवां आगे बढ़ता जाता है वैसे वैसे सब्ज़ियों से बने वे वाद्य यंत्र अपनी ताज़गी खोने लगते हैं. और तब एक-एक करके ये कलाकार अपने इन ‘वाद्य यंत्रों’ को श्रोताओं की तरफ उछालते हुए अपने कंसर्ट का रोचक समापन करने लगते हैं. कंसर्ट का यह आखिरी चरण श्रोताओं को दिलचस्प  भी लगता है और कारुणिक भी. बहुत सारे भावुक श्रोता तो कलाकारों से मांग-मांग कर इन वाद्य यंत्रों को बतौर स्मृति चिह्न अपने साथ ले जाते हैं. कभी-कभार  ऑरकेस्ट्रा के ये सदस्य अपने वाद्य यंत्रों को श्रोताओं को उपहार में देने की बजाय खुद ही उनका उपभोग कर लेते हैं – सूप बनाकर.

है ना रोचक बात!
●●●


जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, 30 जुलाई, 2019 को किंचित परिवर्तित शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ. 

Tuesday, July 23, 2019

ईमानदारी हमारी कल्पना से कहीं ज़्यादा


वर्ष 2013 से 2016 के बीच चालीस देशों के तीन सौं पैंतीस शहरों में एक ख़ास शोध परीक्षण किया गया. हर देश में पांच से आठ बड़े शहर इस परीक्षण के लिए चुने गए थे. शोध कर्ताओं ने अलग-अलग जगहों पर कुल सत्रह हज़ार वॉलेट ‘ग़लती’ से गिरा दिये. इनमें से कुछ वॉलेट्स में लगभग साढ़े तेरह अमरीकी डॉलर की समतुल्य स्थानीय मुद्रा थी. कुछ वॉलेट्स में कोई धन राशि नहीं थी लेकिन उनके स्वामीगण के नाम पते वाले बिज़नेस कार्ड्स या अन्य कुछ दस्तावेज़ थे.

भारत में भी आठ शहरों में यह शोध परीक्षण किया गया था. यहां इसका स्वरूप यह था कि अलग-अलग शोधकर्ताओं ने यह प्रदर्शित किया कि उन्हें बैंक, थिएटर, होटल, पुलिस स्टेशन, डाकघर या अदालत जैसे सार्वजनिक भवनों में कोई चार सौ वॉलेट्स पड़े मिले हैं. इन शोधकर्ताओं ने सम्बद्ध भवनों के स्वागतकर्ताओं या सुरक्षा गार्ड्स को ये वॉलेट्स सौंप दिये. इन वॉलेट्स में से कुछ में हरेक में दो सौ तीस  रुपये की करेंसी थी, तो कुछ में कोई धन राशि नहीं थी. लेकिन इन सभी वॉलेट्स में एक जैसे तीन विज़िटिंग कार्ड्स थे जिन पर सम्बद्ध व्यक्ति का नाम और उसका ईमेल  पता छपा हुआ था. इसके अलावा हर वॉलेट में एक सूची थी जिस पर खरीदी जाने वाली कुछ किराना सामग्री लिखी हुई थी और एक चाबी थी. वॉलेट्स को स्वागतकर्ताओं या सुरक्षा गार्ड्स को सौंप देने के बाद शोध परीक्षण टीम के कुछ सदस्यों ने उन वॉलेट्स के स्वामियों की भूमिका निबाहते हुए यह परखा कि कितने लोग उन वॉलेट्स को लौटाने का प्रयास करते हैं.

यह सारा शोध परीक्षण इस बात की पड़ताल के लिए था कि दुनिया में ईमानदारी किस सीमा तक मौज़ूद है. सामान्यत: तो यही माना जाता है कि लोग थोड़े से फायदे के लिए अपना ईमान धर्म सब भूल जाते हैं. लेकिन इस प्रयोग के जो परिणाम साइंस पत्रिका में प्रकाशित हुए हैं वे खासे चौंकाने वाले हैं. इन परिणामों से पता यह चलता है कि दुनिया में ईमानदारी हमारी कल्पना से कहीं ज़्यादा मात्रा में मौज़ूद है. शोधकर्ताओं का निष्कर्ष यह था कि “जैसे जैसे बेईमानी की वजह से बड़े फायदे नज़र आने लगते हैं, लोगों में ऐसा करने की आकांक्षा तीव्र होती जाती है, लेकिन इसी के साथ यह बात भी है कि लोगों में खुद को चोर के रूप में देखने का मनोवैज्ञानिक भय भी सर उठाने लगता है और बहुत बार यही भय उनकी बेईमानी करने की इच्छा पर भारी पड़ जाता है.”

अब ज़रा इस शोध के परिणामों पर भी एक नज़र डाल लेते हैं. जिन चालीस देशों में यह शोध परीक्षण किया गया उनमें से अड़तीस देशों के लोगों ने उन वॉलेट्स को लौटाने में विशेष रुचि दिखाई जिनमें पैसे थे. भारत में इस प्रयोग के तहत अहमदाबाद ,बेंगलुरु, कोयम्बटूर, हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, मुम्बई और दिल्ली इन आठ शहरों में तीन सौ चौदह पुरुषों और छियासी स्त्रियों ने ये वॉलेट्स विभिन्न सार्वजनिक इमारतों में स्वागतकर्ताओं या सुरक्षा कर्मियों को दिये. पाया गया कि उन लोगों ने पैसों वाले वॉलेट्स में से तियालीस प्रतिशत वॉलेट्स उनके स्वामियों को लौटा दिए, जबकि जिनमें कोई धन राशि नहीं थी उनमें से मात्र बाइस प्रतिशत वॉलेट्स ही लौटाए गए. पैसों वाले वॉलेट्स लौटाने के मामले में बेंगलुरु और हैदराबाद क्रमश: छियासठ और अट्ठाईस प्रतिशत के साथ सबसे ऊपर और सबसे नीचे रहे. बिना पैसों वाले वॉलेट्स लौटाने के मामले में कोयम्बटूर अट्ठावन  प्रतिशत के साथ अव्वल रहा. इस मामले में दिल्ली मात्र बारह प्रतिशत के साथ सबसे फिसड्डी रहा. और हां, वॉलेट्स लौटाने के मामले में स्त्रियां पुरुषों से बहुत आगे रहीं. भारत में यह प्रयोग करने वालों को कुछ रोचक अनुभव भी हुए. एक सार्वजनिक भवन के सुरक्षा प्रभारी ने यह शोध करने वाले से ही भवन में प्रवेश करने देने के लिए रिश्वत मांग ली. उस प्रभारी ने जमा कराया हुआ वॉलेट लौटाने का भी कोई प्रयास नहीं किया.

इसी प्रयोग को एक और प्रयोग से भी जोड़ कर देखा जा सकता है जिसमें एक विख्यात अमरीकी विश्वविद्यालय की डॉरमिट्री में रखे छह रेफ्रिजिरेटरों में कोका कोला के कुछ कैन रख दिये गए और कुछ रेफ्रिजिरेटरों में पेपर प्लेट्स में एक एक डॉलर के नोट रख दिये गए. बहत्तर घण्टों के बाद पाया गया कि कोका कोला की सारी कैन तो इस्तेमाल कर ली गईं लेकिन किसी ने एक भी नोट नहीं उठाया. इन प्रयोगों से एक निष्कर्ष यह भी निकलता है कि  लोग पैसों को लेकर अधिक ईमानदार होते हैं. वैसे, यह भी सोचा जा सकता है कि जिन लोगों ने बग़ैर पैसों वाले वॉलेट्स को लौटाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई हो सकता है वे व्यस्त रहे हों, या भूल ही गए हों. फिर भी, कुल मिलाकर यह तो सही है कि दुनिया उतनी बुरी नहीं है, जितनी हम सोचते हैं!

●●●
जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, दिनांक 23 जुलाई, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.

Tuesday, July 16, 2019

सोलोथर्न शहर में कभी बारह नहीं बजते!


स्विटज़रलैण्ड के उत्तर पश्चिम में आरे के किनारे और वेइसेंस्टीन ज़ुरा पहाड़ियों के तल में स्थित सोलोथर्न शहर की गिनती इस देश के सबसे खूबसूरत शहरों में होती है. इतालवी भव्यता, फ्रांसिसी सौंदर्य और जर्मन व्यावहारिकता की त्रिवेणी से सज्जित यह शहर बर्न से मात्र तीस किलोमीटर की दूरी पर स्थित है. सोलहवीं से अठारहवीं शताब्दी के बीच यह शहर फ्रांसिसी राजा के राजदूत का निवास स्थान भी रहा और इसलिए आज इसे ‘राजदूत का नगर’ नाम से भी जाना जाता है. ये तमाम बातें अपनी जगह, और इस शहर की एक ख़ासियत अपनी जगह. और वह ख़ासियत है इस शहर का अंक ग्यारह से ख़ास लगाव. यह लगाव इतना गहरा है कि शहर  की अधिकांश निर्मितियों  और उनके डिज़ाइन में इस अंक की उपस्थिति को देखा जा सकता है. यहां चर्चों और चैपलों की संख्या ग्यारह-ग्यारह है. इस शहर में ग्यारह ऐतिहासिक फव्वारे, ग्यारह संग्रहालय और कुल ग्यारह  ही टॉवर हैं.

करीब दो हज़ार साल पहले रोमनों द्वारा बसाए गए इस शहर का सबसे बड़ा आकर्षण है यहां का सेंट उर्सूस गिरजाघर. अगर आपको इस शहर में ग्यारह की उपस्थिति का जादू देखना हो तो इस गिरजाघर से बेहतरीन जगह और कोई नहीं हो सकती. एक इतालवी वास्तुविद गेटानो मेटियो पिसोनी द्वारा इस गिरजे का निर्माण ग्यारह वर्षों में किया गया. इसमें सीढ़ियों की ग्यारह कतारें हैं. सीढ़ियों के दोनों तरफ दो भव्य फव्वारे हैं जिनमें से हरेक में ग्यारह-ग्यारह खूबसूरत नलों से पानी की धार निकलती है. गिरजे के कुल ग्यारह द्वार हैं और इसकी ऊंचाई ग्यारह-ग्यारह मीटर के तीन हिस्सों से निर्मित है. शीर्ष पर जो गुम्बद है उसमें ग्यारह घण्टे हैं जिनकी सुमधुर ध्वनि दूर से सुनाई देती है. ऐसा माना जाता है कि वास्तुविद पिसोनी को तत्कालीन सरकार ने यह आदेश दिया था कि वह इस गिरजे के निर्माण में ग्यारह का विशेष ध्यान रखे, और उसने ऐसा ही किया. इस हद तक ऐसा किया कि इस गिरजे की एक वेदी में ग्यारह प्रकार के संगमरमर प्रयुक्त किये. गिरजे में कुल ग्यारह वेदियां हैं. वहां आराधकों के बैठने के लिए जो बेंचें लगी हुई हैं वे भी ग्यारह-ग्यारह की कतार में हैं.

जब आप यह जानने का प्रयास करते हैं कि आखिर क्यों इस शहर को ग्यारह की संख्या से इतना ज़्यादा लगाव है, तो बहुत सारी व्याख्याएं सुनने को मिलती हैं. दंतकथा प्रेमी बताते हैं कि प्राचीन काल में इस शहर के निवासी बहुत कड़ी मेहनत करते थे लेकिन उन्हें उसका पुरस्कार नहीं मिलता था. तब वेइसेंस्टीन की पहाड़ियों से कुछ चमत्कारी बौने अवतरित हुए और उन्होंने इस नगर के वासियों को उनका प्राप्य दिलवाया. नगरवासियों ने उन बौनों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करने के लिए ग्यारह की संख्या को अपनाया. यह तो हुई दंतकथा. एक अन्य व्याख्या का सम्बंध यहां के लोगों की धार्मिक आस्थाओं से है. वे यह मानते थे कि ग्यारह की संख्या धार्मिक रूप से पवित्र है. अंक शास्त्र भी यह मानता है कि तमाम अंकों में से ग्यारह का अंक सर्वाधिक अंत: प्रज्ञाजन्य है और इसका सीधा रिश्ता  आस्था और  आध्यात्मिकता के साथ है. एक मत यह भी है कि धर्मशास्त्र के अनुसार देवदूतों की कुल संख्या बारह थी लेकिन उससे एक कम यानि  ग्यारह का सम्बंध और अधिक पाने की आकांक्षा से जुड़ता है. और शायद आज भी इस शहर के नागरिक यही मानते हैं कि ग्यारह को अपने जीवन में इतना महत्व देकर वे यह साबित कर रहे हैं कि वे जो है उससे बेहतर के आकांक्षी हैं. ग्यारह के प्रति इस लगाव की कुछ अन्य व्याख्याएं भी प्रचलित हैं. जिन्हें इतिहास में रुचि  है वे यह बताते हैं कि सन 1481 में सोलोथर्न शहर स्विस संघ का ग्यारहवां केण्टन (प्रांत) बना था और सोलहवीं शताब्दी  तक आते-आते यह केण्टन ग्यारह प्रोटेक्टोरेट्स (एक तरह से छोटे प्रांतों) में विभाजित हो गया था. और अधिक पड़ताल करने पर  यह भी पता चलता है कि शहर के इतिहास में ग्यारह की संख्या का पहला उल्लेख सन 1252 में मिलता है जब इस शहर के लिए जो पहली नगर परिषद बनी उसमें ग्यारह सदस्य चुने गए थे.

ग्यारह के प्रति लगाव के मूल में चाहे जो भी कारण हों, आज स्थिति यह है कि इस शहर की रोज़मर्रा की ज़िंदगी में भी ग्यारह की बहुत अधिक महत्ता है. बच्चे अपना ग्यारहवां जन्म दिन विशेष उल्लास के साथ मनाते हैं. उस दिन खास  समारोह आयोजित किया जाता है. और जब हर जगह ग्यारह का महत्व है, तो भला बाज़ार उससे कैसे अछूता रह सकता है? बीयर, चॉकलेट जैसे अनेक उत्पादों के ब्राण्ड नामों में ग्यारह की उपस्थिति देखी जा सकती है. ग्यारह वर्ष पुरानी मदिरा बहुत लोकप्रिय है. सबसे मज़ेदार बात तो यह है कि यहां के टाउन स्क्वायर पर एक विशाल घड़ी लगी हुई है. उस घड़ी के डायल पर एक से ग्यारह तक की संख्याएं ही अंकित हैं. यानि यहां कभी बारह बजते ही नहीं हैं!
●●●


जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अन्तर्गत मंगलवार, दिनांक 16 जुलाई, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.  

Tuesday, July 9, 2019

यंत्रणा से गुज़रने पर कानूनी लड़ाई, ताकि कोई और न झेले


पिछले बरस न्यूयॉर्क के उत्तरी इलाके ब्रॉन्क्स की एक जेल में बंद कैदी को जब प्रसव वेदना शुरु हुई तो उसे एक नज़दीकी अस्पताल ले जाया गया. यह सामान्य बात थी, लेकिन इसमें असामान्यता यह थी कि उस महिला को बाकायदा हथकड़ी और बेड़ियों में अस्पताल ले जाया गया. वैसे, न्यूयॉर्क राज्य के कानून के अनुसार  गर्भवती कैदी को प्रसव वेदना और प्रसव के समय जंजीरों में बांध  कर नहीं रखा जा सकता, लेकिन जो पुलिस कर्मी उन्हें अस्पताल  लेकर गए उन्होंने इस निषेध की परवाह नहीं की. बाद में अपने बचाव में उन्होंने कहा कि वे तो गश्त के लिए निर्धारित निर्देशों का पालन करने को विवश थे जिसके अनुसार कैदी की सुरक्षा  सर्वोपरि होती है. और इसीलिए उस महिला को प्रसव वेदना और फिर प्रसव के दौरान भी जंजीर से बांध कर रखा गया और उसके एक हाथ की हथकड़ी को पलंग से बांधे  रखा गया.  इसी अवस्था में उस महिला ने एक बेटी को जन्म दिया.

इस महिला का प्रकरण सामने आने के बाद यह खोजबीन शुरु  हुई कि पूरे अमरीका में कुल कितनी गर्भवती स्त्रियां जेलों में हैं. और तब पता चला कि इस तरह के कोई प्रामाणिक आंकड़े उपलब्ध ही नहीं हैं. लेकिन स्थिति का थोड़ा अनुमान जॉन्स हॉपकिंस मेडिसिन द्वारा किए गए एक सर्वे के आंकड़ों से लगाया जा सकता है जिनके अनुसार सन 2016 व 2017 में संघीय व बाईस राज्य की जेलों में कम से कम चौदह सौ गर्भवती  स्त्रियां कैद थीं.  न्यूयॉर्क राज्य ने इस सर्वे के लिए भी जानकारियां उपलब्ध कराने से यह कहते हुए मना कर दिया था कि उसके पास इसके लिए समुचित स्टाफ नहीं है. वैसे, अमरीका के ज़्यादातर  राज्यों में गर्भवती महिलाओं को जंजीर से बांधे रखना वैध है. हां, इतना ज़रूर है कि डॉक्टरों और शोधकर्ताओं की इस चेतावनी के बाद कि गर्भावस्था में इस तरह का बर्ताव स्त्री और गर्भस्थ  शिशु के लिए प्राणघातक साबित हो सकता है, बहुत सारे राज्य अपने सम्बद्ध कानूनों में सुधार की दिशा में अग्रसर हो रहे हैं. पिछले बरस अमरीकी कॉंग्रेस ने संघीय जेलों और संयुक्त राज्य मार्शल सेवाओं की हिरासत में बेड़ियों के इस्तेमाल को प्रतिबंधित कर दिया था. इस बरस कई अन्य राज्यों ने गर्भवती महिलाओं को जंजीरों से जकड़ने पर रोक लगा दी है. कुछ राज्य (जैसे कैरोलिना) अभी भी इस रोक को लागू करने पर विचार  कर रहे हैं और कम से कम एक राज्य (टेनेसी) ऐसा भी है जिसने इस तरह की रोक लगाने का प्रस्ताव अस्वीकार कर दिया है.

जंजीर की मुखालिफत करने वाले कुछ कानूनों में  गर्भवती स्त्रियों को केवल उनकी प्रसव वेदना अथवा  प्रसव के समय जंजीर से मुक्ति देने का प्रावधान है तो  कुछ राज्यों जैसे न्यूयॉर्क में यह व्यवस्था है कि गर्भवती होने के किसी भी समय में तथा प्रसव के बाद कुछ समय तक अगर उस कैदी महिला को एक से दूसरी जगह ले जाया जाता है तो उसे जंजीर में जकड़ कर न ले जाया जाय. लेकिन करीब करीब सारे कानून यह कहते हैं कि अगर उस महिला के कारण हवाई यात्रा में किसी खतरे की आशंका हो अथवा खुद उस महिला या अन्यों  की सुरक्षा को कोई खतरा हो तो यह निषेध अप्रभावी होगा.

हम फिर उस महिला के प्रकरण पर लौटते  हैं. अपने साथ हुए व्यवहार को उस महिला ने न्यायालय में चुनौती दी. उस 28 वर्षीया अनाम महिला ने कहा कि वह नहीं चाहती है कि जिस तरह का अमानवीय व्यवहार उसे सहना पड़ा वैसा किसी भी और महिला को सहन करना पड़े. न्यायालय ने उसको सहानुभूतिपूर्वक सुना. महिला का आरोप था कि उसके साथ  किया गया बर्ताव अमानवीय था और उस से राज्य के नियमों का उल्लंघन  हुआ है.  आखिरकार न्यूयॉर्क नगर प्रशासन को उस महिला को छह लाख दस हज़ार डॉलर की मुआवज़ा राशि देकर अपना मान बचाना पड़ा. वैसे न्यूयॉर्क नगर प्रशासन ने अपनी टांग ऊपर रखते हुए यह अवश्य कहा कि उन्होंने कुछ भी ग़लत नहीं किया है. लेकिन इसी के साथ सबसे ख़ास बात यह कि इस महिला के प्रकरण के बाद वहां का पुलिस प्रशासन अपने गश्त विषयक नियमों पर पुनर्विचार करते हुए उन्हें संशोधित करने की दिशा में सक्रिय हो गया है.

न्यायालय में अपनी विजय पर हर्षित उस महिला की प्रतिक्रिया बड़ी संज़ीदा थी. उसने कहा कि उसे इस बात की खुशी है कि उसकी इस कानूनी लड़ाई के कारण भविष्य में अन्यों को उस तरह के त्रासद अनुभव से गुज़रने की यंत्रणा से मुक्ति मिल सकेगी जिस तरह के अनुभव से उसे गुज़रना पड़ा है. उसने यह भी कहा कि वो अपने परिवार जन को या किसी भी नज़दीकी व्यक्ति को वह सब नहीं बताना चाहेगी जो उसको सहना पड़ा है. वह यह भी नहीं चाहेगी कि उसकी बेटी को कभी भी यह पता चले कि उसका जन्म किन हालात में हुआ. और यही वजह है कि उसने अपना नाम गोपनीय रखने का आग्रह किया है.

●●●

जयपुर से प्रकाशित लोकप्रिय अपराह्न  दैनिक न्यूज़ टुडै में मेरे साप्ताहिक कॉलम कुछ इधर कुछ उधर के अंतर्गत मंगलवार, दिनांक 09 जुलाई, 2019 को इसी शीर्षक से प्रकाशित आलेख का मूल पाठ.