Monday, September 13, 2010

हिंदी दिवस: कुछ खरी-खरी बातें


Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

हिंदी दिवस फिर आ गया है. हर साल आ जाता है. विभिन्न सरकारी संस्थानों के  हिंदी अधिकारियों के लिए अपनी दक्षता के दिखावे का  वार्षिक महोत्सव. (दिखावे शब्द का प्रयोग मैंने जान-बूझकर किया है. यह मानते हुए कि वे वर्ष भर काफी कुछ सार्थक भी करते रहते हैं, लेकिन हिंदी दिवस या हिंदी सप्ताह या हिंदी पखवाड़ा उनकी कारगुज़ारियों के प्रदर्शन का मौका होता है.)  हिंदी लेखकों-कवियों के लिए इस बात पर गर्व करने का एक अवसर कि वे एक महान भाषा के रचनाकार हैं, मंचीय किस्म के कवियों के लिए सूर कबीर मीरा तुलसी की भाषा को दुनिया की सबसे महान भाषा घोषित करने और कुछ भावुकता भरे जुमले उछलने के वार्षिक  कर्मकाण्ड का मौसम,  और  अपनी सामग्री में अंग्रेज़ी शब्दों की मात्रा लगातार बढ़ाते  जाने वाले हिंदी अखबारों के लिए यह प्रदर्शित करने का एक और मौका कि वे हिंदी से गहरा अनुराग रखते हैं. लेकिन इन सबसे हटकर उन लोगों के लिए, जिनकी रोजी-रोटी से तो सीधे  इस दिन का कोई सम्बन्ध नहीं है लेकिन जो दिन-रात इसी भाषा को बरतते  हैं, यह दिन भी साल के बाकी दूसरे 364 दिनों जैसा ही एक और दिन होता है.
      
आइये देखें, क्या है हक़ीक़त इस दिन की!

भारत की संविधान सभा ने 14 सितम्बर,  1949 को हिन्दी को राजभाषा बनाने का फैसला किया था, उसी को याद करते हुए हिन्दी दिवस मनाया जाता है. कहने को हिन्दी हमारे देश की राजभाषा है भी सही, लेकिन इससे अधिक मिथ्या कथन और कोई शायद हो नहीं सकता. हिन्दी कितनी राजभाषा है, बताने की ज़रूरत नहीं. फिर भी, इस दिन हिन्दी प्रेमी इकट्ठा होते हैं, हिन्दी की शान में कसीदे पढते हैं, हिन्दी के लिए जीने-मरने की कसमें खाते हैं, और शाम होते-होते ये पर उपदेश कुशल वीर फिर से अपनी उस दुनिया में लौट जाते हैं जहां हिन्दी या तो होती नहीं, या बहुत ही कम होती है. घर में अंग्रेज़ी के अखबार, अंग्रेज़ी की पत्र-पत्रिकाएं, बातचीत और अगर वह किसी ‘बडे’ आदमी से हो तो अनिवार्यत: अंग्रेज़ी में, बच्चों की शिक्षा-दीक्षा अंग्रेज़ी में. यानि हिन्दी के प्रयोग का उपदेश दूसरों को. उपदेश देने वाला भी इस हक़ीक़त से वाक़िफ, लेने वाला भी. इतना ही नहीं, हिन्दी के प्रति दिखावटी अनुराग का यह भाव भी क्रमश: फीका पडता जा रहा है. आज़ादी के बाद के कुछ सालों में हिन्दी के प्रति जिस तरह का लगाव नज़र आता था और लोग जिस उत्साह और भावना से हिन्दी के लिए खून-पसीना बहाने की बातें किया करते थे, अब धीरे-धीरे उसका भी लोप होता जा रहा है. अब हिन्दी दिवस महज़ एक गैर-ज़रूरी रस्म अदायगी बन कर रह गया है. राजभाषा  विभाग या उसके अधिकारी  को एक दिन यह ढोल बजाना   है सो जैसे-तैसे बजा दिया जाता है.  स्कूल कॉलेजों में तो शायद अब इस दिन को मनाने की भी कोई खास ज़रूरत महसूस नहीं की जाती. बाज़ार की भी इस दिवस में कोई दिलचस्पी नहीं है. न इस दिन के लिए कोई ग्रीटिंग कार्ड, क्षमा कीजिए, शुभकामना पत्र बेचे जाते हैं, और न लोग ई मेल या एस एम एस से एक दूसरे को इस दिवस की बधाई देते हैं. अगर भूले से कोई बधाई-वधाई दे भी देता है तो उसमें व्यंग्य का भाव ही अधिक होता है.  

निश्चय ही यह स्थिति लाने में सबसे बडी भूमिका हिन्दी वालों की रही है. मुझे लगता है कि हिन्दी का सबसे बडा अहित उसके राजभाषा बन जाने से हुआ. इसे गलत न समझा जाए. राजभाषा किसी न किसी भाषा को बनना ही था. हिन्दी का राजभाषा बनना उचित था. लेकिन गलत यह हुआ कि इसे हिन्दी वालों ने दादागिरी के भाव से ग्रहण किया: सारे देश को अब हिन्दी में काम करना पडेगा. अगर हम लोगों  ने अन्य भाषाओं के प्रति अपनत्व रखा होता, अगर दूसरी भाषाओं को सीखने में ज़रा भी रुचि दिखाई होती तो हिन्दी के प्रति अन्य भाषा-भाषियों में वैसी अरुचि न होती जैसी गाहे-बगाहे प्रकट हो जाती है. आखिर कितने हिन्दी भाषी होंगे जो दक्षिण की भी, बल्कि किसी भी हिन्दीतर प्रदेश की कोई भाषा जानते हैं? प्रभाष जोशी ने ठीक ही कहा है “अन्य भारतीय भाषाओं के लोगों को हिन्दी से तभी ऐतराज़ होता है जब हिन्दी भाषी, भाषा द्वारा सत्ता को संचालित करना चाहते हैं. यानि सत्ता पर सिर्फ हिन्दी का  एकाधिकार देखना अन्य भारतीय भाषी लोग पसन्द नहीं करते.” और यहीं यह बात भी याद कर लूं कि पिछले दिनों इंटरनेट  पर इस बात को लेकर बहुत बहस हुई और उत्तेजना का माहौल रहा कि कानून  की निगाह में हिंदी भारत की राष्ट्रभाषा नहीं, राजभाषा है. उत्तेजित लोग यह मानने-समझने को  तैयार ही नहीं थे और हैं कि हमारे देश में राष्ट्रभाषा जैसी कोई वैधानिक व्यवस्था है ही नहीं. ठीक उसी तरह जिस तरह राष्ट्रपिता की कोई वैधानिक व्यवस्था नहीं है, या राष्ट्रकवि की कोई आधिकारिक स्थिति नहीं है. वैसे भी ज़्यादातर लोग राष्ट्रभाषा और राष्ट्रभाषा के बीच के अंतर को या तो समझते नहीं या समझना नहीं चाहते. बहुत सारे लोग नासमझी में भी इनका प्रयोग पर्यायवाची के रूप में कर लेते हैं.

दूसरी बात, हिन्दी समर्थक ‘निज भाषा उन्नति’ की केवल बात ही करते हैं, उसे क्रिया रूप में परिणत करने में कोई दिलचस्पी नहीं दिखाते. आज हिन्दी में अधिकांश  किताबें  300 के संस्करण से आगे नहीं जा पाती, इससे अधिक क्रूर टिप्पणी हमारे भाषा प्रेम पर क्या होगी? बडे-से-बडे शहर में हिन्दी किताबों की दुकान का होना अपवाद ही होगा. यह कहना अर्ध सत्य है कि प्रकाशक या पुस्तक विक्रेता की रुचि किताब बेचने में नहीं है. आखिर वह तो बेचने को बैठा है, आप खरीदने को निकलिये तो सही. लेकिन दस हज़ार का मोबाइल, दो हज़ार का जूता और दो सौ का पिज़्ज़ा खरीदने वाले को दो सौ रुपये की किताब महंगी लगती है. न केवल अधिसंख्य हिन्दी प्रेमी खरीदते नहीं, पढते भी नहीं. वे अपनी कूपमण्डूकता में ही मगन रहते हैं. हिन्दी लेखकों  की स्थिति भी, जो अपने आप को हिन्दी का सबसे बडा पैरोकार मानते हैं, कोई बेहतर नहीं है. हिन्दी का बडा (बल्कि छोटा भी) लेखक किताब खरीदकर पढना अपमान की बात मानता है. अगर आप चाहते हैं कि वह आपकी किताब पढ़े  तो आप उसे भेंट कीजिए. फुरसत होगी तो पढ़ लेंगे. और फुरसत होगी, इसकी ज़्यादा उम्मीद कीजिये मत. हिन्दी लेखक अपना लिखा ही नहीं पढता औरों पर क्या कृपा करेगा! कभी कोई इस बात की पड़ताल करे कि हिंदी के लेखक लोग कितनी और कौन-सी किताबें खरीदते हैं, और सामान्यत: वे किताबों पर प्रतिमाह कितना व्यय करते हैं, तो बहुत रोचक नतीज़े सामने आ सकते हैं.

भाषा के प्रति उसका रवैया भी कम अधिनायकवादी नहीं है. वह चाहता है कि सब उससे पूछ कर, जैसी वह कहे वैसी भाषा का प्रयोग करें. इसीलिए कभी वह अखबारों की भाषा पर कुढता है, कभी टी वी की भाषा पर नाक-भौं सिकोडता है. वह खुद चाहे अपने जीवन में चाहे जैसी मिश्रित भाषा बोलता हो, आपसे चाहता है कि आप अपनी भाषा निहायत शुद्ध, परिष्कृत, प्रांजल, संस्कृतनिष्ठ वगैरह रखें. उसके लिए भाषा पण्डित का चौका है जहां काफी कुछ वर्जित रहता है. मज़े की बात कि यही भाषाविद इस बात पर खूब गर्व करता है कि ऑक्सफॉर्ड डिक्शनरी में इस साल इतने हिन्दी शब्द शामिल हो गए. हां, उसकी भाषा के चौके में अगर एक भी शब्द अंग्रेज़ी का आ गया तो चौका अपवित्र! इस संकुचित-संकीर्ण भाव को रखते हुए बात की जाती है हिन्दी को विश्व भाषा बनाने की. घर में नहीं दाने, अम्मां चली भुनाने!

हम हिन्दी अपनाने की बात तो बहुत करते हैं पर हिन्दी कैसी हो, इस पर कोई विमर्श नहीं करते. यह समझा जाना चाहिए कि जब हमारे दैनिक जीवन की भाषा बदली है, यह बदलाव सब जगह दिखाई देगा. जिस भाषा में साहित्य रचा जाता है, वह भाषा आम आदमी की नहीं हो सकती. किसी भी काल में नहीं रही, हालांकि भवानी प्रसाद मिश्र ने कहा था, ‘जिस तरह तू बोलता है उस तरह तू लिख’. वैसे, नई तकनीक के आने से साहित्य की दुनिया में भी आम आदमी और उसकी भाषा की आमद-रफ्त बढी है, इसे भी अनदेखा नहीं किया जाना चाहिए. कम्प्यूटर और इण्टरनेट के लगातार सुलभ और लोकप्रिय होने से आज हममें से बहुत सारे लोग अपने लिखे के खुद ही प्रकाशक भी हो गए हैं, यह बहुत महत्वपूर्ण है. अब साहित्य कुछ खास लोगों तक सीमित नहीं रह गया है. आज हिन्दी में ही लगभग 3000  ब्लॉग चल रहे हैं. इनमें से अधिकतर की भाषा उस भाषा से बहुत अलग है जिसे आदर्श भाषा के रूप में प्रचारित किया जाता रहा है. यहां दूसरी भाषाओं से शब्दों की खुली आवाजाही है और व्याकरण के नियमों में भारी शिथिलता है. सारा बल अपनी बात को सीधे-सादे तरीके से कहकर सामने वाले तक पहुंचाने पर, यानि अभिव्यक्ति और सम्प्रेषण   पर है. दलित साहित्य ने भी भाषा को एक हद तक आज़ाद किया है. इस बात का स्वागत किया जाना चाहिए.

इधर तकनीक ने भाषा के प्रचार-प्रसार में बहुत बडी भूमिका अदा की है. कम्प्यूटर पर  सारा काम हिन्दी में करना सम्भव हुआ है और बहुत सारे हिन्दी प्रेमियों ने हिन्दी को तकनीक के लिए स्वीकार्य बनाने में वह काम किया है जो सरकारों को करना चाहिये था. बालेन्दु दाधीच और रविशंकर श्रीवास्तव उर्फ रवि रतलामी ऐसे लोगों में अग्रगण्य हैं.  लेकिन आम हिन्दी लेखक ने तकनीक से एक दूरी ही बना रखी है. नई तकनीक के विरोध में उनके पास अनगिनत तर्क हैं.  ‘मैं कम्प्यूटर नहीं जानता’ इस बात को संकोच से नहीं, गर्व से कहने वाले ‘एक ढूंढो हज़ार मिलते हैं.’ इस परहेज़ से न उनका भला है न हिन्दी का. सुखद आश्चर्य तो यह कि ऐसे लोगों के बावज़ूद तकनीक की दुनिया में हिन्दी फल-फूल रही है. जैसा मैंने अभी  कहा, कम्प्यूटर पर सारा काम हिंदी  में संभव हो गया है और फेसबुक या ऑर्कुट जैसे मेल-जोल  के ठिकानों पर लोग हिंदी में खूब और धड़ल्ले से संवाद करते हैं.   दर असल पारम्परिक साहित्यकारों से अलग एक नई पीढी इण्टरनेट के माध्यम से साहित्य द्वार पर ज़ोरदार दस्तक दे रही है. इनके भाषा संस्कार भिन्न हैं और अलग है साहित्य को लेकर इनका नज़रिया. नेट पत्रिकाओं और ब्लॉग्ज़ में इनके तेवर अलग से देखे-जाने जा सकते हैं. कोई आश्चर्य नहीं होगा कि अगले कुछ सालों में ये ही साहित्य की मुख्यधारा का रूप ले लें. आखिर कहां हिन्दी की एक किताब का 300  का संस्करण और कहां नेट की असीमित दुनिया! नेट पर हिंदी प्रेमियों की बढ़ती  जा रही सक्रियता का एक प्रमाण  पिछले दिनों देखने को मिला. नया ज्ञानोदय में छपे विभूतिनारायण राय के साक्षात्कार में प्रयुक्त छिनाल शब्द को लेकर जो भारी शोर-शराबा और विरोध हुआ उसका बहुलांश इंटरनेट पर ही था. मेरे देखे यह हिंदी का पहला बड़ा आंदोलन था जो लगभग पूरी तरह नेट पर चला था.  अपने आप में भले ही यह कोई खुशी की बात न हो कि नेट पर एक आंदोलन चला, इस बात पर तो खुश हुआ ही जाना चाहिए कि हिंदी समाज नेट पर सक्रिय होता जा रहा है.  

हिन्दी फल-फूल बाज़ार में भी रही है. यह वैश्वीकरण का युग है. सबको अपना-अपना माल बेचने की पडी है. शहरों में बेच चुके तो अब कस्बों का रुख किया जा रहा है. और कस्बों की जनता को, बल्कि कहें उपभोक्ता को, तो हिन्दी में ही सम्बोधित किया जा सकता है, सो बाज़ार दौड कर हिन्दी को गले लगा रहा है. यह बात अगर गर्व करने की नहीं है तो स्यापा करने की भी नहीं है. आखिर हिन्दी का प्रसार तो हो ही रहा है. वैसे वैश्वीकरण की भाषा, एक बडे भू भाग में अंग्रेज़ी है, लेकिन भारत में उसने बाज़ार के दबाव में आकर हिन्दी के आगे घुटने टिकाये  हैं. इसी प्रक्रिया में हिन्दी और अंग्रेज़ी के रिश्ते भी पहले की तुलना में अधिक सद्भावपूर्ण बने हैं. ज़रूरत इस बात की है कि आज इन नए बने रिश्तों को समझा जाए और पुरानी शत्रुताओं को भुलाया जाए. आज जो अंग्रेज़ी हमारे चारों तरफ है उसे ब्रिटिश साम्राज्य से जोड कर देखना उचित नहीं. हमें इस नई अंग्रेज़ी के साथ रहना है, इसे स्वीकार कर अपनी भाषा के विकास की रणनीति तैयार की जानी  चाहिए.

आज भाषा और हिन्दी भाषा के प्रश्न पर न तो भावुकता के साथ सही विचार हो सकता है और न अपने अतीत के प्रति अन्ध भक्ति भाव रखते हुए. ऐसा हमने बहुत कर लिया. अब तो ज़रूरत इस बात की है कि बदलते समय की आहटों को सुना जाए और भाषा को तदनुरूप विकसित होने दिया जाए. इसी में हिन्दी का भला है, और हमारा भी.
◙◙◙

Monday, August 23, 2010

सी पी जोशी: साथ काम करने के दिनों की कुछ यादें

अब पीछे मुड़ कर देखता हूं तो सोचता हूं कि उस प्रख्यात अंग्रेज़ी कहावत के राजेन्द्र यादवीय अनुवाद को साकार करने की क्या सूझी थी मुझे? अग्रेज़ी कहावत है fools rush in where angels fear to tread in. राजेंद्र जी ने इसका जो अनुवाद किया, वह शालीन भले ही न हो, उससे सटीक अनुवाद और कोई हो नहीं सकता. उनका किया अनुवाद था, “चू** धंस पड़ते हैं वहां, फरिश्तों की फ*ती है जहां.” कोई 33 साल सरकारी कॉलेजों में नौकरी कर लेने के बाद, और अगर इसे अपने मुंह मियां मिट्ठू बनना न माना जाए, तो एक उम्दा शिक्षक की प्रतिष्ठा अर्जित कर लेने के बाद, एक छोटे-से कस्बे में सुख-चैन की ज़िन्दगी जीते हुए मुझ नासमझ को क्या सूझी कि तबादले पर जयपुर आने को तैयार हो गया. बात केवल इतनी ही नहीं थी कि करीब-करीब पूरी नौकरी छोटे-छोटे कस्बों में करने के बाद राज्य की राजधानी में एडजस्ट कर पाऊंगा या नहीं. बात इससे कहीं ज्यादा बड़ी थी. हम शिक्षकों का, खास तौर पर कॉलेज शिक्षकों का, ईगो कुछ ज़्यादा ही बड़ा होता है. अपने काम से काम रखते हैं हम लोग, और वो जिसे दुनियादारी कहा जाता है, उस मामले में हम लोग ज़रा कमज़ोर होते हैं. लेकिन यहां जयपुर में मुझे शिक्षक के रूप में नहीं आना था. एक शिक्षक के रूप में आप स्वायत्त होते हैं. फिर प्रिंसिपल हुआ तो यह स्वायत्तता और बढ़ गई. लेकिन यहां जयपुर आकर तो मुझे कई सासों की बहू बन जाना था. यहां की कार्यशैली भी एकदम अलग होती है. इसका मुझे क़तई अभ्यास नहीं था. वहीं फाइल पर नोटिंग वगैरह. यथाप्रस्तावित!

जब तक कॉलेज शिक्षक रहा, अफसरों नेताओं वगैरह से एक सम्मानजनक दूरी बनी रही. मुझे लगता रहा कि उनकी दुनिया अलग है, मेरी अलग. इन लोगों से समानता के स्तर पर मिला नहीं जा सकता, और दास्य भाव मेरे स्वभाव में नहीं है. तो, निहायत ही औपचारिक संबंध रहे. न कभी कोई कटुता हुई और न कभी निकटता. बल्कि, यह और हुआ कि जिन लोगों से पहले आत्मीयता रही, जब वे विधायक मंत्री वगैरह बने तो मेरा उनसे मिलना जुलना ही खत्म हो गया. हमसे आया न गया, तुमसे बुलाया न गया वाली बात.

तो, अपने ऐसे स्वभाव की गठरी लिए जब जयपुर आया तो खुद ही कम आशंकित नहीं था. पद के दायित्व ऐसे कि अफसरों और मंत्री गण से लगातार संपर्क आवश्यक. संयुक्त निदेशक, कॉलेज शिक्षा का पद विभाग और सचिवालय के बीच की ज़रूरी कड़ी होता है. दिन में दसियों बार इनसे संपर्क की ज़रूरत होती है. मन में बहुत सारी आशंकाएं लिए आ तो गया ही था. उन दिनों मेरे विभाग के मंत्री थे डॉ सी पी जोशी. मुझे पता था कि वे भी मेवाड़ी हैं और उसी विश्वविद्यालय से निकले हैं जहां से मैंने अपनी शिक्षा ग्रहण की थी. अलबता वे मुझसे कई वर्ष बाद के अधिस्नातक थे. लेकिन इससे क्या फर्क़ पड़ता है. मन में कहीं यह तो लगता ही था कि कोई सूत्र है जो हमें जोड़ता है. सीपी जी को खासा कड़क मंत्री माना जाता था. सुना था कि खुर्राट अफसर भी उनके पास जाते हुए घबराते हैं.

अब यह तो याद नहीं कर पा रहा हूं कि अपने मंत्री जी से मेरा पहली बार सामना कब हुआ और उस मुलाक़ात में क्या हुआ, लेकिन यह अच्छी तरह याद है कि उनसे मिलकर भय मुझे ज़रा भी नहीं लगा. कुछ बाद में मैंने मन ही मन जब उनका मूल्यांकन किया तो पाया कि यह आदमी काम को समझता है, इसे बेवक़ूफ नहीं बनाया जा सकता, और इस आदमी को साफ सुथरी, नपी तुली बात पसंद है. शायद दो-तीन मुलाक़ातों के ही बाद मेरे लिए यह व्यवस्था हो गई थी कि जब भी मैं उनके दफ्तर जाऊं बिना अनावश्यक प्रतीक्षा के सीधे उनके कक्ष में जा सकता हूं. यहीं यह उल्लेख अप्रासंगिक नहीं होगा, कि उसी काल में अपने विभाग के एक उच्चाधिकारी के यहां मेरा अनुभव इसके ठीक विपरीत रहा. उन्हें इस बात में खुशी महसूस होती कि उनके अधिकारी गण उनकी प्रतीक्षा में दो-चार घण्टे बर्बाद करें. उनके बुलावे पर सरकारी काम से आप उनके पास जाएं, और वे अपना दरबार लगाए रहें, ठकुरसुहाती का सुख लेते रहें और आप भकुए की तरह हाथ बांधे खड़े रहें क्योंकि आपको बैठने को कहना उनकी शान के खिलाफ हुआ करता था (यह बात अलग है कि मैं उन विरल लोगों में से एक था जो जाते ही उनके सामने खाली पड़ी किसी कुर्सी पर जम जाया करता था, यह जानते हुए भी कि ऐसा करना ब्यूरोक्रेटिक शिष्टाचार के खिलाफ है. खैर! वह प्रसंग फिर कभी). सीपी जी के चैंबर में जाने के बाद शायद ही कभी अनावश्यक प्रतीक्षा करनी पड़ी हो. नाम से संबोधित करते वे, और तुरत फुरत निर्णय कर या निर्देश देकर मुझे रुखसत कर देते. न कभी वे अनावश्यक आत्मीय हुए और न कभी किंचित भी कटु. एक सम्मानजनक दूरी सदैव बनाये रखी.

आज स्थानांतरणों वगैरह में मंत्रियों की भूमिका को लेकर काफी कुछ कहा जाता है (और कहा ही क्यों जाता है, सीपी जी के उत्तराधिकारी के साथ काम करते हुए मैंने खुद ही अनुभव भी कर लिया था) लेकिन सीपी जी के साथ मेरा अनुभव विलक्षण रहा. कुछ समय मेरे पास प्रिंसिपलों के स्थानांतरण पोस्टिंग वगैरह का भी दायित्व था. सीपी जी हमेशा यह चाहते कि मैं उनके स्थानांतरण के प्रस्ताव बनाकर उनके पास ले जाऊं. शुरू-शुरू में एक-दो बार मैंने उनसे पूछा भी कि अगर उनकी कोई खास आकांक्षा हो तो मुझे बता दें ताकि प्रस्ताव तैयार करते वक़्त ही उसका निर्वाह कर लिया जाए, लेकिन उन्होंने हमेशा यही कहा कि मुझे प्रशासनिक दृष्टि से जो उपयुक्त लगे वही करूं. जब मैं प्रस्ताव बनाकर उनके पास ले जाता तो वे उन प्रस्तावों में से रैंडम तौर पर दो-एक के बारे में पूछते कि मैं इस प्रिंसिपल को यहां क्यों भेजना चाह रहा हूं, और जब मैं उन्हें उस प्रस्ताव का कारण बताता तो वे तुरंत स्वीकार कर लेते. उन्होंने कभी तबादलों में कोई हस्तक्षेप नहीं किया. न केवल इतना, बल्कि अगर सीधे मेरे पास कोई आग्रह या आदेश आता भी तो मैं उन्हें बताता और वे सारी ज़िम्मेदारी अपने ऊपर लेकर मुझे मुक्त कर देते. यह मामूली बात नहीं है.

सीपी जी के साथ काम करने के छोटे बड़े अनेक संस्मरण मेरी स्मृति में हैं. एक बार एक निकटवर्ती राज्य के शिक्षा मंत्री जी जयपुर के दौरे पर आए. उनके साथ मेरी प्रोटोकॉल ड्यूटी थी. मंत्री जी बेहद सज्जन. उन्होंने चाहा कि मैं राज्य के शिक्षा मंत्री जी यानि सीपी जी से उनकी मुलाक़ात तै कर दूं. मैंने फोन करके समय निर्धारित कर दिया और अतिथि मंत्री जी को लेकर सीपी जी के बंगले पर पहुंच गया. यह सोचकर कि दो राजनीतिज्ञों की गुफ्तगू के वक़्त मेरा उपस्थित रहना उचित नहीं होगा, मैं बाहर ही बैठ गया. सीपी जी ने तुरंत किसी को भेज कर मुझे भीतर बुलाया और अपनी सहज मेवाड़ी में मुझे मीठा उलाहना दिया कि मैं अंदर क्यों नहीं आ गया. घर पर उनका बर्ताव दफ्तर से अलग हुआ करता था. नाथद्वारा का प्रसाद उन्होंने बहुत आत्मीयता से हमें खिलाया.

आज मुझे सबसे ज़्यादा यह आता है सीपी जी का संसदीय कौशल. विधान सभा में प्रतिपक्ष को कैसे फेस किया जाए, और अपनी बौद्धिकता का इस्तेमाल कर कैसे सामने वाले को हक्का-बक्का करके साफ बचके निकल जाया जाए, यह कोई सीपी जी से सीखे. विधानसभा में उनका कौशल देखते ही बनता था. आज जब विधान सभाओं में हल्ला-ब्रिगेड को देखता हूं तो मुझे सीपी जी की प्रखर बौद्धिक शैली की बहुत याद आती है.

मंत्री मण्डल में हुए फेर बदल के बाद जब सीपी जी मेरे विभाग के मंत्री नहीं रहे, तो मुझे यह बेहद ज़रूरी लगा कि मैं उनकी सदाशयता, सज्जनता और तमाम अच्छी बातों के लिए उनके पास जाकर अपनी कृतज्ञता व्यक्त करूं. मैं उनके दफ्तर गया और अपनी कृतज्ञता गिने-चुने शब्दों में व्यक्त की. उस दिन मुझे सीपी जी एक नया ही रूप देखने को मिला. मेवाड़ी में मुझसे बोले, “यार आप तो मनैं कदी क्यो ई नीं के आप कॉलेज में म्हारा सीनियर हा! (यार! आपने तो मुझे कभी कहा ही नहीं कि आप कॉलेज में मेरे सीनियर थे!)” अब भला मैं क्या बोलता?

तब से अब तक सीपी जी के कद में खूब इज़ाफा हुआ है. अब वे प्रादेशिक नेता न रहकर राष्ट्रीय स्तर के नेता हो गए हैं. ऊपर उल्लिखित कृतज्ञता ज्ञापन वाली भेंट के बाद प्रत्यक्ष उनसे कभी मुलाक़ात नहीं हुई. सयानों ने मुझे सुझाव भी दिया कि मुझे ‘बड़े’ लोगों से मेल जोल बनाये रखना चाहिए. उनका कहना भी सही है, लेकिन क्या करूं. अपने कैफियत तो वो राजकपूर वाली है कि सब कुछ सीखा हमने ना सीखी होशियारी. सीपी जी से प्रत्यक्ष मुलाक़ात नहीं हुई, लेकिन मीडिया की बदौलत उनसे मिलना होता ही रहता है. जब भी उनकी किसी उपलब्धि के बारे में जानने को मिलता है, मैं भी यह याद करके खुश हो लेता हूं कि कभी इनके साथ मुझे भी काम करने का सौभाग्य मिला था. यही कामना है कि सीपी जी स्वस्थ रहें और दिन दूनी रात चौगुनी तरक्की करें.
◙◙◙

केंद्रीय पंचायती राज मंत्री डॉ सीपी जोशी की षष्ठि पूर्ति के अवसर पर उदयपुर से प्रकाशित स्मारिका में प्रकाशित आलेख.



Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Sunday, August 22, 2010

दो कविताएं : नारायण सुर्वे


मेरी मां

हर सुबह
जब तारे हो जाते अस्त
ऊंची-ऊंची चिमनियों के सायरनों से निकलती आवाज़ के बीच
मिल की तरफ़ जल्दी-जल्दी कदम बढ़ाते
कौन पीछे मुड़कर हमें देखती
और कहती इतने प्यार से
“लड़ना मत किसी से”
और थमा देती दो पैसे

दशहरे के एक दिन पहले
वो गई थी हम पांचों के साथ
मेले में
हम गलियों में कर रहे थे मस्ती
कितना मज़ा आया क्या कहें
लौटे तो हमारे हाथों में थे गुब्बारे
सीटियां और पीपनियां
हम बन गए थे परिंदे

एक दिन हुआ ऐसा
वे उसे गाड़ी में डालकर लाए
उसकी आंखें खुली थीं
और मुंह से बह रहा था खून
उसके साथी ने प्रणाम किया नज़दीक आया,
हमें बाहों में भरा और कहा ‘बालू’
हमने देखा सब कुछ चुपचाप
और ढूंढा अपनी छतरी को
अपनी छत को, और अपनी मां को.

उस रात हम पांचों
अपनी गुदड़ी में
चिपटे एक दूसरे से और भी ज़्यादा
जैसे गुदड़ी ही हो मां का दुलार
वैसे तो पहले से कुछ नहीं था हमारे पास
अब तो रही नहीं मां भी
हम जागते रहे सारी रात बहते रहे आंसू
अब हम हो गए थे पूरी तरह निस्संग.

◙◙◙



यह उस दिन की कहानी है जिस दिन नेहरु नहीं रहे

जो घर देते थे उनकी पीठों को गर्माहट, अचानक चरमराने लगे
शहर अचानक कैसे हो गया इतना क्रूर!
और फिर अंधेरे ने निगल लिया मणि को.

पत्थरों के परिधानों वाली फैक्ट्रियां
डूब गई गहन विचारों में, जलाए हुए अपने सिगार
और फिर वे लौटे
अपने-अपने दड़बों में
डाले हुए अपने-अपने कंधों पर अपनी गीली कमीज़ें.

“क्या हुआ सुंदरी?” पूछा एक वेश्या ने
”आज मत जलाना अगरबत्ती. नेहरु जी चले गए!”
दिया जवाब दूसरी ने.
“सच्ची? ठीक. चलो फिर आज रात हमारी भी छुट्टी!!”

भारी बोझ उठाने वाली दुनिया कर रही है आराम, मौन.

एक हाथ में कागज़ की लालटेन थामे दूसरे से हाथगाड़ी धकेलते
आदमी को रोककर मैं पूछता हूं, ”अब यह रोशनी क्यों, साथी?”
“किसलिए!”
आगे है घोर अंधेरा” उसने कहा.


यह उस दिन की कहानी है जिस दिन नेहरु नहीं रहे
यह उस दिन की कहानी है जिस दिन नेहरु नहीं रहे.
◙◙◙

अनुवाद: डॉ दुर्गाप्रसाद अग्रवाल


जयपुर से प्रकाशित डेली न्यूज़ के रविवारीय परिशिष्ट हम लोग में 22 अगस्त , 2010 को प्रकाशित.


Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Wednesday, August 18, 2010

पूरे देश का गीत

कभी-कभी एक अकेला गीत ही सिर्फ साढ़े सात मिनिट में पूरे देश को अपने आगोश में समेट लेता है. 15 अगस्त, 1988 की सुबह भारत के टीवी दर्शकों ने देखा एक केशरिया सूरज, समुद्र और उसकी उत्ताल तरंगों की छवियों में से उभरते अधमुंदी आंखों वाले भीमसेन जोशी को, जो अधमुंदी आंखों के साथ गा रहे थे, मिले...सुर मेरा तुम्हारा. राग थी शाही भैरवी – बहुतों को इस राग का नाम ज्ञात नहीं था लेकिन जैसे-जैसे पंडित जी की आवाज़ टीवी सेट्स से बाहर निकल रही थी -और करीब एक मिनिट तक वे एक अकेले तबले की ताल के साथ गा रहे थे- इसकी जादुई स्वर लहरी लोगों को मंत्र मुग्ध करती जा रही थी. धीरे-धीरे संगीत ने गति पकड़ी और दृश्य डल झील में तब्दील हुआ, और फिर पंजाब के खेतों में चलता हुआ ट्रैक्टर, आकाश से ली हुई ताजमहल की एक छवि, उसके पार्श्व में बहती हुई यमुना की जलधारा... यह था देशभक्ति के मुलायम रंगों में रंगा हुआ भारत. और कई अनेक लोगों के साथ-साथ हेमा मालिनी और एक अनाम महावत, अमिताभ बच्चन और एम बाला मुरली कृष्णन, शर्मिला टैगोर और तमस की पूरी कास्ट, जिन्होंने पंजाबी और उड़िया में, कन्नड़ और मराठी में, तमिळ और मलयालम में, असमी और तेलुगु में गाया. बहुत जल्दी ही कश्मीरी लोगों ने तमिळ पंक्ति एंते स्वरवुम निंगलुडे स्वरवुम को गुनगुनाना सीख लिया और मराठी बोलने वालों ने बांगला पंक्ति तोमार शोनार मोदेर शुर गाना सीख लिया. और मिले सुर बहुत ही उम्दा तरह से गाया जा सकने वाला टी वी गान बन गया और बन गया राष्ट्रीयता की एक झांकी.

उस स्वाधीनता दिवस पर बहुत घबराया हुआ एक आदमी -विज्ञापन पुरुष सुरेश मलिक- अपने चौकोर बीपीएल टी वी के सामने इंतज़ार कर रहा था कि कब प्रधान मंत्री राजीव गांधी का भाषण खत्म हो और कब मिले सुर मेरा का पहला प्रसारण शुरू हो. “यह वीडियो उन्हीं के दिमाग की उपज था.” कैलाश सुरेंद्रनाथ, जो उस कार्यक्रम के सहायक निदेशक थे, याद करते हैं. “हमने सोचा भी नहीं था कि यह एक कल्ट एंथम बन जायेगा.”

स्वर्गीय मलिक (मार्च, 2003 में उनका निधन हो गया था) ओगिल्वी एण्ड मेथर के नेशनल डाइरेक्टर थे. इससे पहले, 1988 में उन्होंने ही आज़ादी की मशाल वीडियो की भी परिकल्पना की थी जिसमें खेल की दुनिया के सितारों को लिया गया था. “राजीव जी, जिन्होंने यह आज़ादी की मशाल वीडियो देखा था, ने ही हमें मिले सुर वीडियो का विचार दिया था”, सुरेंद्रनाथ बताते हैं. उनका विचार यह था कि एक ही अंश में हिंदुस्तानी, कर्नाटक, पॉप्युलर, लोक और कंटेमपररी संगीत लीजिये, देश के कई प्रदेशों को लीजिए और उसे चाक्षुष और सांगीतिक दृष्टि से आकर्षक बना दीजिए.

सुरेंद्रनाथ बताते हैं, “हमने कलाकारों को लिखा कि वे इस कार्यक्रम का हिस्सा बनें और वे तुरंत तैयार हो गए.” मलिक साहब ने जैज़ संगीतकार लुइ बैंक्स, कम्पोज़र पी. वैद्यनाथन और सिनेमेटोग्राफर आर के राव को शामिल कर लिया. अब समस्या थी गीत के बोलों की. मलिक साहब को मंजे हुए गीतकारों, और यहां तक कि उनकी कंपनी के वरिष्ठ कॉपी राइटर्स का कोई भी गीत पसंद नहीं आया. इसके बाद उन्होंने अपनी टीम के एक युवा सदस्य को कोशिश कर देखने को कहा. और उसकी कोशिश कामयाब रही - अठारहवें प्रयास में. यह सदस्य था पीयूष पांडे. “मलिक साहब मेरे बॉस थे और उन्होंने मुझे कहा था कि मैं झण्डा, देश जैसे अगणित बार प्रयुक्त कर लिए गए शब्द इस्तेमाल न करूं. वे चाहते थे कि मैं लोगों को जोड़ने के लिए सरल शब्दों का इस्तेमाल करूं,” पाण्डे बताते हैं जो अब ओगिल्वी एण्ड मेथर के सी ई ओ हैं.

मलिक साहब के इस देशभक्ति पूर्ण प्रोजेक्ट का दूसरा ज़रूरी तत्व था राग भैरवी. यह एक संपूर्ण राग है जिसमें 12 स्वर (आधारभूत सात स्वरों में से कुछ के तीव्र और मध्यम स्वरूपों सहित) होते हैं, और जो हिंदुस्तानी और कर्नाटक दोनों शैलियों में प्रयुक्त होता है. लेकिन, पूरे देश को सम्मोहित कर लेने वाले इस गीत की धुन के कम्पोज़र के बारे में बहुत कम जानकारी है. “अधिकांश लोग इस गीत की धुन का श्रेय बैंक्स और वैद्यनाथन को देते हैं, लेकिन उनका काम तो काफी बाद में शुरू हुआ,” पांडे बताते हैं. इसके कम्पोज़र थे पण्डित भीमसेन जोशी. “हमने उन्हें इस गीत की शुरुआती छह पंक्तियां दीं और कहा कि हमारी इच्छा है कि यह राग भैरवी में हो. एक दिन पंडितजी स्टूडियो में आए और उन्होंने आधे घण्टे तक इस गीत को गाया. हमें तुरंत वह पसंद आ गया”, सुरेंद्रनाथ बताते हैं. वैद्यनाथन और बैंक्स ने विभिन्न भाषाओं के लिए संगीत अरेंज किया, अलग-अलग राज्यों के संगीतकारों की मदद से एक से दूसरी भाषा में अंतरण की व्यवस्था की और राष्ट्र गान को समाहित करते हुए इसके अंतिम उत्कर्ष का सृजन किया.

“हमारा राष्ट्रगान के अंतिम अंश को समाहित करना दूरदर्शन को पसंद नहीं आया. उन्हें लगा कि अपूर्ण राष्ट्रगान को प्रयुक्त करना उपयुक्त नहीं होगा. लेकिन राजीव जी ने इसे देखा और बेहद पसंद किया. उन्हें इसमें किसी भी बदलाव की ज़रूरत महसूस नहीं हुई,” बैंक्स कहते हैं.

सिनेमेटोग्राफर राव ने इस फिल्म को शूट करने के लिए पूरे देश की यात्रा की. “वीडियो की सादगी, सामान्य लोगों की मौज़ूदगी और ज़बान पर चढ़ जाने वाली धुन ने हमारे लिए जादू का काम किया,” वे कहते हैं. “इसमें कोई ज़ोरदार कैमरा मूमेंट्स नहीं थे. ज़्यादातर तो एक बार में ही ले लिए गए शॉट्स थे और उन सभी को मैंने ही लिया था. इससे फिल्म में एकरूपता बनी रह सकी.” कुल 20 लोकेशनों पर इसे महज़ 31 दिनों में शूट कर लिया गया था.”

ऐसा नहीं है कि शूटिंग में कोई दिक्कतें नहीं आईं. लता मंगेशकर उन दिनों रूस में एक कंसर्ट कर रही थीं अत: अंतिम अंश कविता कृष्णमूर्ति ने गाया. कृष्णमूर्ति को सुनते हुए लता जी को उस हिस्से को डब करना था लेकिन उन्हें यह बात पसंद नहीं आई.” वे खुश तो नहीं थीं, लेकिन अंतत: उन्होंने यह भी किया,” हंसते हुए राव बताते हैं.

जनवरी 2010 में इसी टीम ने, अलबता इस बार मलिक और वैद्यनाथन इसमें नहीं थे, फिर मिले सुर की रचना की. लेकिन यह पुनर्सृजन दुखद था. फिर मिले सुर पर बॉलीवुड और उसके नखरे हावी थे. यह मूल की मासूमियत समाहित कर पाने में नाकामयाब था,” राव कहते हैं.

वैसे उस मासूमियत का ताल्लुक 1988 से भी था, जब रंगीन दूरदर्शन महज़ छह बरस पुराना था और अपने रंगों से हमें सम्मोहित करने की काबिलियत रखता था. तब कमल हासन और कलकत्ता मेट्रो शायद पहली बार एक साथ हमारे टेलीविज़न सेट्स पर आए थे, और यह वह वक़्त था जब राष्ट्रवाद को कुल जमा इतने नखरे की ज़रूरत थी कि एक अदद लता मंगेशकर गाना गाए और उनके दांये कंधे पर केसरिया, श्वेत और हरा वस्त्र हो!
◙◙◙


15 अगस्त 2010 के इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित सुआंशु खुराना के लेख द वन ट्यून का डॉ दुर्गाप्रसाद अग्रवाल द्वारा मुक्त अनुवाद.






Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Friday, July 2, 2010

हम कितने सभ्य है?

पिछले दिनों पत्नी ने अपने घुटने बदलवाने का ऑपरेशन करवाया तो उनकी देखभाल करते हुए मुझे भारतीय मानसिकता के कुछ खास पहलुओं से रू-बरू होने का अवसर मिला.

पत्नी ऑपरेशन के लिए जिस अस्पताल में भर्ती हुई थीं वहां रोगियों से मिलने वालों की आवाजाही पर कड़ा प्रतिबंध था. प्रत्येक भर्ती रोगी के साथ एक परिचारक सदैव रह सकता था और सुबह दस से ग्यारह बजे तथा शाम पांच से सात बजे के बीच दो मुलाक़ाती उससे मिल सकते थे. कहना अनावश्यक है कि यह व्यवस्था रोगी के हित में की गई थी. रोगी आराम से रह सके, स्वास्थ्य लाभ कर सके, और अनावश्यक संक्रमण से बचा रह सके. लेकिन मैंने पाया कि अधिकांश लोग इस व्यवस्था से नाखुश थे. न केवल नाखुश, इस व्यवस्था को तोड़ने के लिए भरसक प्रयत्नरत भी. जो गार्ड इस व्यवस्था की अनुपालना करवाने के लिए तैनात थे उनके साथ बदतमीजी और गाली-गलौज अपवाद नहीं सामान्य बात थी. बिना पास के भीतर घुसने या मुलाक़ात के समय के अतिरिक्त भी रोगी के पास जाने की हर मुमकिन चेष्टा करते लोग नज़र आए. इस बात को समझने को जैसे कोई तैयार ही नहीं कि रोगी को आराम भी मिलना चाहिए. जैसे कि अगर मुलाक़ाती ने रोगी से भेंट न की तो आसमान टूट पड़ेगा. कुछ लोग यह कहते मिले कि इतना महंगा अस्पताल फिर भी रोगी से मिलने ही नहीं देते हैं.

मुझे तकलीफ इस बात से हुई कि ज्यादातर लोग यह समझने को तैयार ही नहीं हैं कि यह व्यवस्था रोगी के हित में है. अब भला इस बात में क्या तुक है कि रोगी को आराम की ज़रूरत है और दो चार पांच दस मिलने वाले उसे घेरे हुए बैठे हैं. न केवल बैठे हैं, तमाम बेमतलब और बेहूदा बातें किए जा रहे हैं. उसे उन सब मामलों में सलाह दे रहे हैं जिन्हें देने की कोई योग्यता उनमें नहीं है. रोग और इलाज के बारे में हर किस्म की बेहूदा और बेतुकी बातें किए जा रहे हैं. रोगी अपने जिस कष्ट के निवारण के लिए वहां भर्ती है उसके निवारण के अब तक के तमाम असफल प्रयासों का ब्यौरा देकर उसका मनोबल तोड़ने का हर संभव प्रयास कर रहे हैं. रोगी सोना चाहता है लेकिन उसके ये शुभ चिंतक हैं कि उसे अकेला छोड़ ही नहीं रहे हैं.

इस अस्पताल में रोगी के पास बारह साल से कम उम्र के बच्चों का आना वर्जित था. यह व्यवस्था भी इस कारण की गई है कि छोटे बच्चे संक्रमण के शिकार जल्दी हो सकते हैं. मेरी पत्नी जिस कमरे में थी, उसी में दूसरी शैया पर एक सद्य प्रसूता युवती थीं. युवती के वीर पतिदेव एक रात साढे नौ बजे अपने चार साल के बेटे को कमरे में ले आए. मैंने कुछ जिज्ञासा और कुछ आपत्ति के भाव से उनसे पूछा कि बच्चे तो आ नहीं सकते हैं, वे अपने बेटे को कैसे ले आए, तो वे बड़े गर्व से बोले कि साहब पैसे के बल पर क्या नहीं हो सकता. यानि उन्होंने गार्ड की मुट्ठी गरम की थी. बच्चा कुछ ज्यादा ही शरारती था. थोड़ी देर में इंचार्ज नर्स आई और उसने उन सज्जन से अनुरोध किया कि वे बच्चे को वहां से ले जाएं तो वे उस नर्स से जिस बद्तमीजी से पेश आए उसका वर्णन न ही किया जाए तो ठीक होगा. बच्चे की शरारत से जब मेरी पत्नी, जिनका पिछले ही दिन ऑपरेशन हुआ था, परेशान होने लगी तो मैंने भी उनसे अनुरोध किया कि वे बच्चे को ले जाएं, तो वे मुझसे भी लगभग वैसी ही बदतमीजी से पेश आए. मेरी इच्छा तो बहुत हुई कि अस्पताल प्रशासन को शिकायत करूं पर यह सोच कर बहुत मुश्क़िल से खुद को रोका कि इससे उस गार्ड की नौकरी पर बन आएगी.

असल में दूसरों की सुविधा असुविधा के बारे में क़तई नहीं सोचना हमारी जीवन पद्धति का एक अविभाज्य अंग बन चुका है. हम चाहे कितनी ही बड़ी-बड़ी बातें क्यों न करें, हमारा सारा ध्यान सिर्फ स्वयं पर ही केन्द्रित होता है. अगर मेरा यह सोचना सही है तो फिर निश्चय ही यह सवाल उठाया जाना चाहिए कि हम कितने सभ्य हैं? बल्कि सभ्य हैं भी या नहीं. कहना अनावश्यक है कि सभ्य होना, सांस्कृतिक होना, केवल बातों से ही सिद्ध नहीं होता है, हमारे कर्म, हमारा व्यवहार भी तदनुरूप होना चाहिए.



Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Thursday, May 6, 2010

बदलाव मुश्क़िल है फिर भी मुमकिन है!


अक्सर कहा जाता है कि लोग आसानी से बदलना नहीं चाहते और बदलाव बहुत मुश्क़िल होता है आप धूम्रपान छोड़ना चाहते हैं, छोड़ नहीं पाते. वज़न घटाना चाहते हैं, कामयाब नहीं होते. फिज़ूलखर्ची रोकना चाहते हैं, रोक नहीं पाते. आप सब कुछ समझते हैं फिर भी वह नहीं कर पाते जो करना चाहते हैं. क्यों होता है ऐसा? इस सवाल का जवाब देते हैं मनोवैज्ञानिक लोग. उनका कहना है कि हमारे दिमाग में दो अलग-अलग व्यवस्थाएं, होती हैं. एक तर्क वाली और दूसरी भावना वाली. जब इन दोनों व्यवस्थाओं में तालमेल होता है तो बदलाव सुगम होता है, अन्यथा बहुत मुश्क़िल या कष्टसाध्य. इसी बात का अध्ययन और विश्लेषण प्रस्तुत किया है चिप हीथ और डैन हीथ ने अपनी नई किताब स्विच: हाउ टू चेंज थिंग्स व्हेन चेंज इज़ हार्ड में. चिप और डैन हीथ की पहली किताब मेड टू स्टिक 2007 में प्रकाशित हुई थी और बेहद लोकप्रिय हुई थी.

इन हीथ भ्राताओं को अपने अध्ययन की प्रेरणा जोनाथन हाइड्ट की प्रख्यात किताब द हेपीनेस हाइपोथीसिस से मिली. जोनाथन ने मनुष्य के दिमाग की कार्यप्रणाली की तुलना हाथी और महावत से की है और कहा है कि हाथी मनुष्य का भावनात्मक पक्ष है जबकि महावत उसका तार्किक पक्ष. इन दोनों ही पक्षों की अपनी-अपनी ताकतें और कमज़ोरियां होती हैं. कई बार हमारा भावनात्मक पक्ष हमारे तार्किक पक्ष पर हावी हो जाता है, हाथी भी तो महावत से ज़्यादा बड़ा और ताकतवर होता है. लेकिन अकेले तार्किक पक्ष के सबल होने से भी कुछ नहीं होता. आपने भी ऐसे बहुत सारे लोगों को देखा होगा जो तर्क तो बहुत अच्छा कर लेते हैं, लेकिन उसे कार्य रूप में परिणत नहीं कर पाते. वैसे भी, तर्क की बात करें तो हम समझते ही हैं कि हमारा भला किन बातों में है, लेकिन हम वैसा कर नहीं पाते हैं.

हीथ भ्राता एक ख़ास बात की तरफ़ ध्यान आकृष्ट करते हैं. मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि लोगों का बर्ताव उनके परिवेश के अनुसार बदलता रहता है. जब आप किसी शांत जगह, जैसे किसी चर्च में होते हैं तो आप भी शांत रहते हैं, लेकिन जब आप किसी शोर-शराबे वाली जगह, जैसे किसी स्टेडियम में होते हैं तो आप भी शोर मचाने लगते हैं. इसी तरह ड्राइव करते समय जब आप किसी संकड़ी लेन में होते हैं तो अपनी गाड़ी की रफ़्तार कम कर लेते हैं, लेकिन चौड़ी लेन में आते ही गाड़ी की रफ़्तार बढ़ा लेते हैं. इन उदाहरणों के बाद हीथ लोग कहते हैं कि ये बातें हमें सामान्य और स्वाभाविक लगती हैं, लेकिन जब हम अपने कार्य स्थल पर कोई बदलाव करने लगते हैं तो हम केवल लोगों पर ध्यान देते हैं और परिवेश को भुला देते हैं. हीथ भ्राताओं के अनुसार, परिवर्तन लाने के लिए सबसे सरल तरीका यह है कि परिवेश को बदला जाए. हीथ भ्राता अपनी सलाह को तीन सरल बिंदुओं में समेटते हैं. ये ही किताब के तीन प्रमुख अध्याय भी हैं. एक, महावत को निर्देश दें. इसमें उज्ज्वल पक्षों की पहचान, महत्वपूर्ण चरणों की रूपरेखा तैयार करना और गंतव्य की पहचान शामिल हैं. लेखक द्वय की सलाह है कि अपने तार्किक मस्तिष्क को स्पष्ट निर्देश दें ताकि उसे यह समझ में आ जाए कि उससे क्या चाहा गया है; दो, हाथी को प्रेरित करें. यानि भावनाओं का इस्तेमाल करके पशु मस्तिष्क को प्रेरित करें. यह करते हुए परिवर्तन को संकुचित कर लें, और तीन, परिवर्तन के लिए रास्ता तैयार करें अर्थात परिवेश में ऐसा बदलाव लाएं कि सही बर्ताव आसान और ग़लत बर्ताव मुश्क़िल हो जाए. लोगों की आदतों का निर्माण करें और भीड़ को दिशा दें.

हीथ भ्राताओं की यह सलाह बहुत महत्वपूर्ण है कि जब भी आप कोई बदलाव करना चाहें, उसे संकुचित करके इतना छोटा कर लें कि वह आपके नियंत्रण में आ जाए. अपनी बात की पुष्टि में लेखकगण बिल पार्सल का यह कथन उद्धृत करते हैं : “हमने ऐसे स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित किए जिन तक तुरंत पहुंचना संभव था....जब आप छोटे और नज़र आने वाले लक्ष्य निर्धारित करते हैं तो लोग उन तक पहुंच भी जाते हैं, और इससे उनके दिमाग में यह बात आती है कि वे कामयाब हो सकते हैं.” इस उद्धरण से प्रेरित हो हमारे हीथ भ्राता सलाह देते हैं कि छोटी कामयाबियों के लिए ज़रूरी है कि वे सार्थक हों, और हमारी तुरंत पहुंच के भीतर हों.

किताब का हर अध्याय एक रोचक कथा से प्रारंभ होता है और फिर हर अध्याय में और अनेक कहानियां हैं. ऊपर से देखने पर लगता है कि किताब कोई बड़ी और नई बात नहीं कह रही है, लेकिन अगर हम अपनी ज़िंदगी के इर्द-गिर्द नज़र डालें तो पाएंगे कि लोगों को परिवर्तन के लिए तैयार करने से ज़्यादा बड़ी बात और क्या हो सकती है? किताब हमें बहुत उम्दा तरह से समझाती है कि जड़ता यानि बदलाव के अभाव के मूल में हमारे मस्तिष्क का द्वैत होता है. अगर हम इस बात को समझ कर तदनुकूल आचरण करें तो काफी कुछ बदल सकता है.

Discussed book:
Switch: How to Change Things When Change Is Hard
By Chip Heath and Dan Heath
Published by: Broadway Business
320 Pages, Hardcover
US $ 26.00


Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Sunday, March 7, 2010

कैसे हो बेहतर तरह से काम


2005 में प्रकाशित बहु-चर्चित पुस्तक अ होल न्यू माइंड: व्हाय राइट-ब्रेनर्स विल रूल द फ्यूचर के लेखक डेनियल एच पिंक अपनी हालिया प्रकाशित किताब ड्राइव: द सरप्राइज़िंग ट्रुथ अबाउट व्हाट मोटिवेट्स अस में यह कहकर हमें चौंकाते हैं कि कुछ करने के लिए हम क्यों प्रेरित होते हैं इसके बारे में हमारा अब तक का सोच ग़लत है. अनेक वैज्ञानिक पड़तालों का हवाला देकर वे स्थापित कर देते हैं कि कुछ करने न करने के बारे में पुरस्कार और दण्ड की व्यवस्था उपयुक्त नहीं है और इससे समस्याओं के सर्जनात्मक समाधान तलाशने की कामगारों की क्षमता घटती है.

पिंक बताते हैं कि अन्य सभी जीवधारियों की ही तरह मनुष्य की भी पहली प्रेरक शक्ति तो जीवित या बचे रहने की आकांक्षा है. इसे मोटिवेशन 1.0 कहा जा सकता है. यह शुद्ध रूप से जैविक प्रेरक शक्ति है. हमारी दूसरी प्रेरक शक्ति, जिसे पिंक ने मोटिवेशन 2.0 का नाम दिया है पुरस्कार और दण्ड से चालित होती है और यह भी पशु जगत के समान ही है. यह अपेक्षाकृत बाह्य प्रेरक शक्ति है. फर्क सिर्फ इतना है कि केवल मनुष्य ही इस प्रेरक शक्ति का उपयोग कर भवन और संगठन तक बल्कि इससे भी ज़्यादा का निर्माण कर सकते हैं. यह मोटिवेशन 2.0 बहुत लंबे समय से विद्यमान है और एक तरह से हमारे अस्तित्व का हिस्सा ही बन चुका है. लेकिन अब स्थितियां बदल रही हैं. पैसा, सुविधाएं या नौकरी चले जाने का डर जैसी चीज़ें अब अपना प्रभाव खोती जा रही हैं. लोग बिना किसी लाभ की आकांक्षा के ऑनलाइन एन्साइक्लोपीडिया विकीपीडिया या एक नए ऑपरेटिंग सिस्टम लाइनक्स के लिए काम कर रहे हैं.

पिंक बताते हैं कि मोटिवेशन 2.0 का आधार दो बातें हैं: किसी काम के लिए पुरस्कार से आप वह काम और अधिक करेंगे और दण्ड मिलने पर वह काम कम करेंगे. पिंक के अनुसार जो लोग इस तरह, यानि बाह्य पुरस्कारों के लिए काम करते हैं उन्हें टाइप एक्स कहा जा सकता है. पिंक आज के समय में इस प्रवृत्ति को सही नहीं मानते और कहते हैं कि इसके कम से कम सात ख़तरे हैं- इससे मोटिवेशन खत्म हो सकता है, कार्य निष्पादन की क्षति हो सकती है, सर्जनात्मकता नष्ट हो सकती है, सद्व्यवहार खत्म हो सकता है, धोखेबाजी की संभावना बढ़ सकती है, शॉर्टकट और अनैतिक व्यवहार की प्रवृत्ति बढ़ सकती है, लोग लती हो सकते हैं, और अल्प कालिक सोच को बढ़ावा मिल सकता है. पिंक तो यहां तक कहते हैं कि दुनिया में 2008 में जो भीषण आर्थिक संकट पैदा हुआ वह भी इसी मोटिवेशन 2.0 की उपज था. और इसीलिए, पिंक की सलाह है कि हमें मोटिवेशन 2.0 से मोटिवेशन 3.0 की तरफ बढ़ जाना चाहिए. तो क्या है यह मोटिवेशन 3.0 ?

पिंक के अनुसार, आप जो करना चाहें वह करने की आज़ादी, चुनौती स्वीकार करने का माद्दा और जो काम आप हाथ में लें उसे आनंदपूर्वक भली भांति पूरा करें यही है मोटिवेशन 3.0 और इसके मूल में है टाइप आई व्यवहार. अपनी बात के समर्थन में पिंक गूगल की 20% टाइम व्यवस्था का हवाला देते हैं. इस व्यवस्था के तहत गूगल अपने कर्मचारियों को उनके काम के कुल घण्टों के 20 प्रतिशत में उनका मन चाहा नया काम करने की आज़ादी देता है. और इससे बहुत सारे नए विचार सामने आते हैं जिससे कंपनी को फायदा होता है.

अब सवाल यह है कि स्वयं को या स्वयं की टीम को टाइप एक्स से टाइप आई में कैसे रूपांतरित किया जाए? इस सवाल का जवाब पिंक किताब के उत्तरार्ध में देते हैं. वे सलाह देते हैं कि लोग जो और जैसे कर रहे हैं उसमें उन्हें स्वायत्तता दी जाए. साथ ही उन्हें यह एहसास कराया जाए कि जो भी वे कर रहे हैं वह बहुत महत्वपूर्ण है. पिंक इसके लिए तीन चीज़ों को महत्वपूर्ण मानते हैं: 1. स्वायत्तता, यानि अपनी ज़िन्दगी को अपनी तरह से जीने का हक़, 2. निष्णातता, यानि जो भी महत्वपूर्ण है उसे और अधिक अच्छी तरह से करने की आकांक्षा, और 3. उद्देश्य, यानि स्व से इतर के लिए कुछ करने की आकांक्षा. बकौल पिंक, बेस्ट बाय जैसी बहुत सारी कंपनियां ऐसा ही कर रही हैं. तीन भागों में विभक्त इस किताब के तीसरे भाग में टाइप आई के लिए एक टूल किट है जो आपको अब तक सीखी बातों को प्रयोग में लाने के तरीके सिखाती है.

यह सारी चर्चा करते हुए पिंक हमारे स्कूलों पर भी एक टिप्पणी करते हैं और कहते हैं कि ये नई पीढी को काम के प्रति अनुरक्त और प्रेरित करने में नाकामयाब रहे हैं. इनका तो सारा ज़ोर परीक्षाओं में अच्छे अंक प्राप्त करने तथा अप्रासंगिक रटंत को बढावा देने में रहा है. इसके अलावा भी, स्कूल कला संगीत और व्यायाम जैसी गतिविधियों में निरंतर कटौती करते जा रहे हैं, जबकि ये गतिविधियां विद्यार्थियों के मानसिक क्षितिजों का विस्तार करती हैं.
◙◙◙
Discussed book:
Drive: The Surprising Truth About What Motivates Us
By Daniel H. Pink
Hardcover: 256 Pages
Published by: Riverhead
US $ 26.95

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत रविवार, 07 मार्च, 2010 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Sunday, February 7, 2010

सहायता की ज़रूरत विषेषज्ञों को भी होती है


एक बहुत दिलचस्प उक्ति है कि अस्पताल बीमार लोगों के लिए उपयुक्त स्थान नहीं है. इसलिए नहीं है कि यह स्थान ऐसी अनेक बातों और चीज़ों से भरा होता है जो आपकी सेहत के लिए ख़तरनाक होती हैं, जैसे छोटे-बड़े इन्फेक्शन, निदान या दवा देने में होने वाली चूकें और मानवीय भूलों की वजह से पैदा हो सकने वाली अनगिनत जटिलताएं. अस्पताल में मानवीय भूलों के होने को रोकना लगभग नामुमकिन ही है. तो, क्या यह संभव है कि कोई व्यक्ति या कुछ व्यक्तियों का समूह ऐसा कुछ उपक्रम करे कि सब कुछ 100 प्रतिशत सही हो जाए? बाल्टीमोर के जॉन हॉपकिंस मेडिकल सेंटर के क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट डॉ पीटर प्रोनोवोस्ट ने कुछ ऐसा ही प्रयास किया, और उनके प्रयास को बोस्टन के एक जनरल सर्जन और न्यूयॉर्कर के स्टाफ राइटर डॉ अतुल गवाण्डे ने अपनी नई किताब द चेकलिस्ट मेनिफेस्टो: हाऊ टू गेट थिंग्स राइट का आधार बनाया है. गवाण्डे मानवीय भूलों को दो हिस्सों में बांटते हैं: अज्ञान से उपजी भूलें और अकुशलता से उपजी भूलें, यानि वे भूलें जो इस वजह से होती हैं कि हम अपनी जानकारी का सही इस्तेमाल नहीं करते. गवाण्डे मानते हैं कि आज की दुनिया में ज़्यादातर ग़लतियां इस दूसरी वजह से होती हैं. अनेक उदाहरण देकर वे बताते हैं कि आज के शल्य चिकित्सक का काम इतना जटिल हो गया है कि भले ही वह कितना ही कुशल क्यों न हो, ज़रूरी कदमों में से कोई एक क़दम उठाना भूल सकता है, अपने मरीज़ से कोई एक ज़रूरी सवाल पूछना भूल सकता है या काम के दबाव और तनाव की वजह से हर तरह की आकस्मिकता का सामना करने की तैयारियों में कहीं चूक कर सकता है.

डॉ अतुल गवाण्डे बताते हैं कि डॉ पीटर प्रोनोवोस्ट ने अपने प्रयास के लिए उड्डयन इंडस्ट्री से एक अवधारणा ली. पाइलट लोग विमान उड़ाने से पहले एक एक जांच सूची (चेकलिस्ट) में अंकित बिंदुओं के आधार पर जांच किया करते हैं. डॉ प्रोनोवोस्ट ने आई सी यू की केवल एक आम समस्या से निपटने के लिए इस चेकलिस्ट रणनीति को अपनाया. समस्या थी सेण्ट्रल इण्ट्रावीनस लाइन्स वाले रोगियों में संक्रमण हो जाने की. उन दिनों हॉपकिंस आई सी यू में हर नौ में से एक लाइन संक्रमित हो जाती थी जिसकी परिणति रोगी की बीमारी के लंबी होने से लेकर उसकी मौत तक में हुआ करती थी. डॉ प्रोनोवोस्ट ने उन पांच कामों की एक सूची बनाई जो किसी भी डॉक्टर को इण्ट्रावीनस लाइन के इस्तेमाल से पहले करने थे: साबुन से हाथ धोयें, मरीज़ की चमड़ी को एक ख़ास एण्टीसेप्टिक से साफ़ करें, मरीज़ के पूरे शरीर को रोगाणुहीन आवरण से ढकें, मास्क, टोपी रोगाणुहीन गाउन और दस्तानें पहनें, और जहां सुई लगाई गई है वहां रोगाणुहीन ड्रेसिंग करें.

इस प्रयोग पर टिप्पणी करते हुए डॉ गवाण्डे कहते हैं कि ये पांच काम कोई अजूबे नहीं थे. हर डॉक्टर इनके बारे में जानता है, और इसलिए जब ऐसे सामान्य कामों के लिए चेकलिस्ट बनाने की बात की गई तो उस का मखौल उड़ाया गया. लेकिन, डॉ प्रोवोनोस्ट जानते थे कि डॉक्टर लोग कम से कम एक तिहाई दफा तो इनमें से किसी न किसी काम को टाल ही जाते थे. इसलिए उन्होंने यह चेकलिस्ट आई सी यू की नर्सों को दी और अस्पताल प्रशासन के सहयोग से इसकी पालना सुनिश्चित की. नर्सों को कहा गया कि वे अपनी सूची में एक-एक काम को चैक करें और यदि कभी कोई डॉक्टर उनमें से कोई काम न करे तो पहले उनसे करने का अनुरोध करे और यदि वह फिर भी न करे तो अस्पताल प्रशासन को सूचित कर उस काम को करवाये. और ऐसा ही किया गया. परिणाम? हॉपकिंस अस्पताल में इन्फेक्शन दर ग्यारह प्रतिशत से घट कर शून्य प्रतिशत पर आ गई. डॉ प्रोनोवोस्ट ने हिसाब लगाया कि इस व्यवस्था के लागू करने से दो साल में तियालीस इंफेक्शन रोके गए, आई सी यू में होने वाली आठ मौतें रोकी गईं और अस्पताल प्रशासन का बीस लाख डॉलर खर्च कम हुआ. अपने इस प्रयोग की सफलता के बाद डॉ प्रोनोवोस्ट ने आई सी यू की अन्य स्थितियों के बारे में भी चेक लिस्टें तैयार कीं. ज़ाहिर है कि डॉक्टरों ने यह कहते हुए प्रतिरोध भी किया कि उनका काम इतना जटिल है कि उसे ऐसी सरल चेकलिस्टों तक सीमित नहीं किया जा सकता.

डॉ गवाण्डे ने विस्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यू एच ओ) के साथ काम करते हुए दुनिया के अलग-अलग हिस्सों के अस्पतालों में यही चेकलिस्ट पद्धति लागू करके देखी. जो अस्पताल उन्होंने अपने प्रयोग के लिए चुने उनमें तांजानिया के दूरस्थ इलाकों में स्थित दस लाख लोगों का इलाज करने वाला एक सामान्य–सा अस्पताल था तो सिएटल में स्थित वाशिंगटन विश्वविद्यालय का एक ऐसा हाई टेक अस्पताल भी था जिसका बजट पूरे तांजानिया के बजट से दुगुना था. इन लोगों ने सर्जिकल केयर के लिए एक उन्नीस बिंदुओं वाली चेकलिस्ट का इस्तेमाल किया और पाया कि सिर्फ़ छह ही महीनों में खर्च में एक भी डॉलर की वृद्धि के बगैर इन तमाम अस्पतालों में सर्जरी के बाद वाली जटिलताओं में छत्तीस प्रतिशत की और मृत्यु दर में सैंतालीस प्रतिशत की कमी हुई है.

इस सफलता से उल्लसित होकर डॉ गवाण्डे ने अपनी इस चेकलिस्ट पद्धति को कई अन्य क्षेत्रों में भी इस्तेमाल किया. डॉ गवाण्डे ने वायुयान निर्माता कंपनी बोइंग से काफी कुछ सीखा. अब वे यह कह पाने की स्थिति में हैं कि एक अच्छी चेकलिस्ट छोटी होनी चाहिये, और महत्वपूर्ण स्टेप्स से ही संबद्ध होनी चाहिये. सबसे महत्वपूर्ण बात यह कि चैकिंग शीर्षस्थ व्यक्ति द्वारा नहीं की जानी चाहिये. हवाई जहाज के कॉकपिट में चेकलिस्ट को-पायलट द्वारा पढी जाती है, और इसीलिए, ऑपरेशन रूम में यह काम नर्स द्वारा किया जाना चाहिये.

यह और ऐसे अनेक उदाहरण देकर डॉ गवाण्डे संदेश यह देना चाहते हैं कि इक्कीसवीं शताब्दी की तकनीक की जटिलताओं को सरलतम तरीकों से सुलझाया जा सकता है. गवाण्डे की बहुत महत्वपूर्ण सलाह यह है कि आधुनिक दुनिया में यह बहुत ज़रूरी हो गया है कि हम एक बार फिर से उस चीज़ को समझें जिसे दक्षता कहा जाता है, और यह समझें कि सहायता की ज़रूरत विशेषज्ञों को भी हुआ करती है और सफलता इसी बात पर निर्भर करती है कि विशेषज्ञों में भी इतनी विनम्रता हो कि वे यह स्वीकार करें कि सहायता की ज़रूरत उन्हें भी है.
◙◙◙

Discussed book:
The Checklist Manifesto: How to Get Things Right
By Atul Gawande
Published by Metropolitan Books
Hardcover, 224 pages.
US $ 24.50

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत रविवार, दिनांक 07 फरवरी, 2010 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Sunday, January 24, 2010

शिक्षा और प्रलय के बीच एक रेस


अपनी मेगा बेस्टसेलर थ्री कप्स ऑफ टी (अब तक 30 लाख प्रतियां बिक चुकी हैं) में ग्रेग मॉर्टेन्सन ने पाकिस्तान के दुर्गम इलाकों में लड़कियों के लिए स्कूल बनाने के अपने प्रयासों का मार्मिक वृत्तांत दिया था. उसी किताब की अगली कड़ी है स्टोन्स इण्टु स्कूल्स: प्रोमोटिंग पीस विद बुक्स, नोट बॉम्ब्स, इन अफ़गानिस्तान एण्ड पाकिस्तान. इस किताब में ग्रेग ने अफ़गानिस्तान में अपने स्त्री साक्षरता के प्रयासों का प्रेरक वृत्तांत प्रस्तुत किया है. ग्रेग मॉर्टेन्सन पिछले 16 बरसों से अपने एक ग़ैर-लाभकारी संगठन सेंट्रल एशिया इंस्टीट्यूट के माध्यम से पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान के दुर्गम इलाकों में 130 से ज़्यादा स्कूल स्थापित कर अपनी तरह से शांति स्थापना के प्रयास में जुटे हैं. इन स्कूलों में से ज़्यादातर लड़कियों के लिए हैं.

ग्रेग की पिछली किताब थ्री कप्स ऑफ टी की बुनियाद पाकिस्तान में एक स्कूल खोलने का वादा थी, तो इस किताब के मूल में भी वैसा ही एक वादा है. 1999 में अफ़गानिस्तान के वाखन दर्रे से ए के-47 से सज्जित चौदह किरग़िज़ घुड़सवार पाकिस्तान आते हैं और ग्रेग से वादा लेते हैं कि वह पामीर की पहाड़ियों के एक दुर्गम स्थल बोज़ाई गुम्बद में एक स्कूल बनायेंगे. इसी स्कूल को बनाने की कहानी है यह किताब. ग्रेग को इस स्कूल को बनाने के प्रयास में कई और स्कूल भी बनाने पड़े. ग्रेग को अपनी यह विजय शांति के पथ की तरह प्रतीत होती है. एक बिलकुल नए देश अफ़गानिस्तान के सुदूर उत्तर पूर्वी एकांत इलाकों में, वाखन दर्रे में किस तरह ग्रेग और उनके निडर मैनेजर के अथक प्रयासों से पहला स्कूल बन सका, और फिर दर्जनों और स्कूल बने, यह वृत्तांत जितना रोचक है उतना ही प्रेरणास्पद भी.

एक जगह ग्रेग लिखते हैं, “हम लोग अफ़गानिस्तान के हर गांव और कस्बे में, जहां बच्चे शिक्षा के लिए तरसते हैं और मां-बाप ऐसे स्कूलों के निर्माण का सपना देखते हैं जिनके दरवाज़े न सिर्फ़ उनके बेटों बल्कि बेटियों के लिए भी खुले होंगे, आशा की एक किरण जगा सके थे. इन जगहों में वे जगहें भी ख़ास तौर पर शामिल थीं जो कलाश्निकोव धारी ऐसे मर्दों के घेरे में हैं जिनकी पूरी ताकत इस झूठ को ज़िन्दा रखने में खर्च होती है कि क़ुरान शरीफ में यह सीख दी गई है कि जो लड़की गणित पढ़ना चाहे उसके चेहरे पर तेज़ाब फेंक देना चाहिये.”

ग्रेग अपने प्रयासों के लिए अमरीकी सैन्य सेवा से भी आर्थिक सहायता प्राप्त करते हैं. सैनिक लोग निजी तौर पर भी उन्हें आर्थिक मदद देते हैं और उनके कुछ प्रोजेक्ट्स के लिए सामग्री लाने-लेजाने में भी सहायता करते हैं. लेकिन वे अमरीकी सैन्य नीतियों के प्रतिकूल टिप्पणियां करने से भी कोई परहेज़ नहीं करते. युद्ध जर्जर अफ़गानिस्तान में तीन लाख से भी ज़्यादा सैनिक भेजने वाले अमरीकी निज़ाम को वे यह कहकर चेताते हैं कि “हमें अफ़गानिस्तान के लोगों से अभी जितना सीखना है वह उससे बहुत ज़्यादा है जो हम ताज़िन्दगी उन्हें सिखाने की सोच भी सकते हैं.” इसी तरह वे एक टॉमहॉक क्रूज़ मिसाइल की लगभग साढ़े आठ लाख डॉलर की भारी कीमत पर अफ़सोस करते हुए कहते हैं, “इतनी बड़ी धन राशि से तो आप दर्ज़नों ऐसे स्कूल बना सकते हैं जो हज़ारों विद्यार्थियों को पीढ़ियों के लिए एक संतुलित, ग़ैर अतिवादी शिक्षा प्रदान करेगी.” और यह कहने के बाद वे मानो अपनी ही सरकार के सामने एक सवाल रखते हैं, “आपके विचार में इनमें से किस से हम अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे?”

लेकिन उनका असली संबल तो स्थानीय लोग ही हैं. पूर्व कमाण्डो सरफराज़ खान ऐसे ही लोगों में से एक हैं जो अब ग्रेग के संगठन के प्रोजेक्ट डाइरेक्टर हैं. सरफराज़ जैसों के बल पर ही ग्रेग तालिबानों के गढ़ में भी शिक्षा की अलख जगा सके. तालिबानों ने उनके कई स्कूलों को नुकसान भी पहुंचाया. लेकिन इन स्थानीय लोगों से जो सहयोग ग्रेग को मिला उसी के आधार पर वे यह कह सके हैं कि वे ही लोग तालिबान को कुचल कर लड़कियों की शिक्षा के विरुद्ध प्रचलित सांस्कृतिक सोच में बदलाव ला सकते हैं.

ग्रेग मॉर्टेन्सन तांजानिया में अपने बचपन में एक अफ़्रीकी कहावत सुनते रहे हैं कि अगर आप एक लड़के को शिक्षित करते हैं तो आप महज़ एक व्यक्ति को ही शिक्षित करते हैं, लेकिन अगर आप एक लड़की को शिक्षित करते हैं तो आप पूरे समुदाय को शिक्षित करते हैं. ग्रेग ने बाद में पाया कि बात सिर्फ़ इतनी ही नहीं है. उन्होंने जाना कि विश्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार शिक्षा बाद की ज़िन्दगी में एक औरत की आय को 10 से 20 प्रतिशत तक बढ़ा देती है. कुछ दूसरे अध्ययनों से यह भी पता चला कि अगर लड़की पांचवीं तक भी पढ़ लेती है तो शिशु मृत्यु दर काफ़ी घट जाती है. ऐसी लड़कियां देर से विवाह करती हैं और उनके बच्चे भी कम होते हैं. लेकिन इसी के साथ ग्रेग मॉर्टेन्सन ने यह भी पाया कि लड़कियों को प्राथमिक शिक्षा दे देना ही पर्याप्त नहीं है. विकासशील देशों में ऐसी ग्रामीण स्त्रियों के लिए करीब-करीब कोई काम सुलभ नहीं है. उन्हें कोई अर्थपूर्ण रोज़गार मिले, जैसे वे अध्यापिका, डॉक्टर, नर्स वगैरह बन सकें, इसके लिए ज़रूरी है कि उन्हें उच्च शिक्षा मिले. अपनी बात के प्रमाण के तौर पर वे 22 वर्षीया शकीला का उदाहरण देते हैं जो उनके यहां की प्रथम स्नातिका और तीन लाख की आबादी वाले इलाके की पहली महिला चिकित्सक होगी.

यह सारा काम करते हुए खुद ग्रेग ने काफी कुछ सीखा. उन्होंने पाया कि महज़ किताबी शिक्षा ही काफ़ी नहीं है. खुद उनकी बेटी ने उन्हें यह पाठ पढ़ाया कि बच्चों के लिए खेल भी ज़रूरी है. शायद इसी सीख का परिणाम यह रहा कि ग्रेग ने लड़कियों के कूदने के लिए सात हज़ार रस्सियां मंगवाईं और स्कूलों में खेल के मैदान भी बनवाए.

ग्रेग ने एक जगह एच जी वेल्स को उद्धृत किया है: “इतिहास शिक्षा और प्रलय के बीच एक रेस है.” खुद ग्रेग ने किताब में एक जगह बहुत खूबसूरत और महत्वपूर्ण बात कही है: “बस, एक बार दिल के दरवाज़े खुल जाएं और वह पढना सीख ले, फिर तो पेड़ की हर पत्ती किताब का एक पन्ना बन जाती है.”
◙◙◙

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत रविवार, 24 जनवरी, 2009 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Sunday, January 10, 2010

दूसरों की नज़रों से देखने की कोशिश में


पिछले एक दशक में अपनी तीन सुपर बेस्टसेलर किताबों द टिपिंग पॉइंट, ब्लिंक और आउटलायर्स से बहु चर्चित और अपने परिवेश को देखने का हमरा नज़रिया बदल डालने वाले लेखक माल्कम ग्लैडवेल की नई किताब व्हाट द डॉग सॉ: एंड अदर एडवेंचर्स असल में लगभग इसी कालावधि में न्यूयॉर्कर पत्रिका में छपे उनके 19 बेहतरीन लेखों का संचयन है.

ग्लैडवेल का कहना है कि “उम्दा लेखन आपको मना लेने की अपनी क्षमता के बल पर सफल या असफल नहीं होता. यह सफल या असफल तो होता है आपको बांधे रखने की अपनी क्षमता के आधार पर, और इस आधार पर कि वह आपको दूसरों के दिमाग की कितनी झलक दिखला पाता है.”

इस किताब के 19 लेखों में से एक तिहाई तो उन छोटी-मोटी प्रतिभाओं –माइनर जीनियसों- के पोर्ट्रेट के रूप में हैं जो मोटे तौर पर सांस्कृतिक प्रवृत्तियों से संबद्ध हैं. इनमें वह महिला भी है जिसने बाल रंगने की सामग्री तैयार कर अमरीकी महिलाओं की ज़िन्दगी में बड़ा परिवर्तन किया, और वह उद्यमी भी है जिसने एक ख़ास तरह का केचप तैयार किया और हमारे लेखक को स्वाद के मनोविज्ञान की पड़ताल का मौका दिया. किताब के दूसरे एक तिहाई में शामिल हैं वे लेख जो आंकड़ों के आधार पर की जाने वाली भविष्यवाणियों के खतरों का विश्लेषण करते हैं. जैसे एनरॉन की नाकामयाबी, 9/11, जॉन एफ कैनेडी जूनियर की प्राण घातक उड़ान, स्पेस शटल चैलेंजर का विस्फोट, 1991 के खाड़ी युद्ध के दौरान स्कड मिसाइलों का लक्ष्य भ्रष्ट हो जाना, आदि. इनमें से हर नाकामयाबी के लिए ग्लैडवेल तर्क की किसी एक मिथ्या प्रतीति को दोषी ठहराते हैं और कहते हैं कि ज़्यादा सूचनाएं हमेशा ही बेहतर सिद्ध होती हैं, विशेष स्थितियों में घटनाएं एक ख़ास क्रम में परिचालित होती हैं और अगर हम प्रयास करें तो असफलताओं की आशंकाओं को बहुत कम कर सकते हैं. किताब का तीसरा एक तिहाई उन भविष्यवाणियों या निर्णयों के बारे में हैं जो हम अक्सर लोगों के बारे में कर दिया करते हैं.

ग्लैडवेल पूछते हैं कि आखिर हमें कैसे पता चलता है कि कोई व्यक्ति स्मार्ट है, बुरा है, या काबिल है? यहां वे विस्तार से उन प्रविधियों की चर्चा करते हैं जिनका इस्तेमाल शिक्षा शास्त्रियों द्वारा युवा अध्यापकों के मूल्यांकन के लिए या एफबीआई द्वारा अपराधियों की पहचान के लिए किया जाता है. कहना अनावश्यक है कि इन सबको ग्लैडवेल संशय की निगाह से देखते हैं. इस किताब में ग्लैडवेल के लगभग सभी लेखों में एक बात समान है, और वह यह कि वे हमें हमारी दुनिया को दूसरों की निगाहों से दिखाना चाहते हैं. यह दूसरा कोई भी हो सकता है, एक कुत्ता भी. और इसीलिए किताब का शीर्षक: क्या देखा कुत्ते ने.

ग्लैडवेल की सोच शैली का एक नमूना मुर्रे बार की कहानी में देखा जा सकता है. मुर्रे बार एक हद दर्ज़े का शराबी है जो नेवादा की गलियों में रहता है. उसका ज़्यादा वक़्त अस्पतालों में या पुलिस थानों में बीतता है. कुल मिलाकर वह व्यवस्था पर एक बोझ है. लेकिन यहीं ग्लैडवेल की मौलिकता सामने आती है. ग्लैडवेल कहते हैं कि मुर्रे बार जैसे लोग व्यवस्था पर बोझ नहीं हैं, बल्कि वे व्यवस्था की ग़लतियों की उपज हैं. ग्लैडवेल ऐसे लोगों से निपटने के समाज के तरीकों पर ही प्रश्न चिह्न लगाते हैं. दस सालों में मुर्रे का अस्पताल का बिल बढकर एक मिलियन डॉलर हो गया है, और एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, ‘यह वह मूल्य है जिसे हमें मुर्रे के लिए कुछ नहीं करने के लिए चुकाना है.’ यहीं से ग्लैडवेल अपना तर्क सामने लाते हैं और कहते हैं कि समाज को लोगों को बेघर रखना ज़्यादा रास आता है, बजाय उनके लिए घरों का इंतज़ाम करने के. अगर समाज ऐसे लोगों के लिए घरों का इंतज़ाम करे और उनकी देखभाल करे तो वह ज़्यादा सस्ता होगा. लेकिन समाज समस्या को सुलझाने और समानता देने की बजाय नैतिकता की अवधारणा पर अधिक विश्वास करता है और यह पूछ कर कि ऐसे निकम्मे लोगों को घर और सुविधाएं दी ही क्यों जाए, अपनी समस्याओं को बढ़ाता है. अपनी बात के पक्ष में वे ऐसे अनेक कार्यक्रमों के हवाले भी देते हैं.

तो, यह है शैली ग्लैडवेल की. वे एक विचार लेते हैं, उसके इर्द गिर्द एक मानवीय कहानी बुनते हैं और फिर बात को किसी निष्कर्ष तक ले जाते हैं. निश्चय ही जिन निष्कर्षों तक वे ले जाते हैं, वे प्राय: चौंकाने वाले होते हैं. और यही है ग्लैडवेल के लेखन की सबसे बड़ी खासियत. ग्लैडवेल जानी-पहचानी बातें नहीं करते, न नैतिकता के उपदेश देते हैं. लेकिन उनको पढने के बाद निश्चय ही हम चीज़ों को दूसरे पहलू से देखने को प्रेरित होते हैं.

Discussed book:
What the Dog Saw: And Other Adventures
By Malcolm Gladwell
Published by: Little, Brown and Company
Hardcover, 432 pages
US $ 27.99

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 10 जनवरी 2010 को प्रकाशित.









Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Monday, December 7, 2009

टेढ़ी नज़र वाला अर्थशास्त्र


सन 2005 में प्रकाशित एक छोटी-सी किताब फ्रीकोनोमिक्स ने अर्थशास्त्र और दुनिया के प्रति लोगों का नज़रिया बदलने में बहुत बड़ी भूमिका अदा की. न्यूयॉर्क टाइम्स की बेस्ट सेलर सूची में रही स्टीवेन डी. लेविट्ट और स्टीफ़ेन जे. ड्युबनेर कृत इस किताब की दुनिया की 35 भाषाओं में 40 लाख से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं. और अब हाल ही में इस जोड़ी की नई किताब आई है सुपर फ्रीकोनोमिक्स. किताब का शीर्षक ही संकेत कर देता है कि यह पिछली किताब के विचार को ही आगे बढ़ाने का उपक्रम है. चार साल की मेहनत से तैयार यह किताब पहले वाली किताब से अधिक साहसिक, अधिक मज़ेदार और अधिक चौंकाने वाली है.

2005 से अब तक दुनिया के आर्थिक परिदृश में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं और वर्तमान आर्थिक संकट के दौर में तो अर्थशास्त्रियों की उपादेयता तक पर सवाल उठाये जाने लगे हैं. तो क्या इस अर्थशास्त्री जोड़ी के पास है कोई समाधान वर्तमान आर्थिक संकट से उबरने का? लेखक द्वय तो कहते हैं कि उन्हें हमारे आर्थिक संकटमोचक होने की कोई ग़लतफहमी नहीं है. वे यह भी कहते हैं कि इस किताब में वर्तमान आर्थिक संकट, ऋण संकट, सी ई ओ की तनख्वाहों या हेल्थकेयर सुधारों के बारे में कोई समाधान नहीं दिए गए हैं. तो फिर? क्यों पढ़ी जाए यह किताब? असल में किताब की उपादेयता एक व्यापक संदर्भ में है.

लेखक स्टीवेन कहते हैं कि हम खुद अपनी स्थितियों को आधारभूत आर्थिक तत्वों के साथ रखकर देख पाने में असफल रहते हैं. वे तीन बड़े सुझाव देते हैं. एक: हमें वैयक्तिक बढ़ावा देने वाले कारणों (इनसेंटिव्ज़) को और इस बात को समझना चाहिए कि वे किस तरह हमारे व्यवहार को प्रभावित करते हैं, दो: हमें बाज़ार के व्यवहार को समझना चाहिए और इस बात को भी समझना चाहिए कि किस तरह सरकारी नीतियों और सामाजिक संस्कृति में आए बदलाव हमारे वैयक्तिक बढ़ावा देने वाले कारकों को प्रभावित करते हैं, और तीन: आंकड़ों और उनके सूझबूझपूर्ण विश्लेषण के बग़ैर बहुत कम समझा जा सकता है. किताब का मूल मंत्र यह है कि नीतियों द्वारा रचे गए वैयक्तिक बढ़ावा देने वाले कारकों की समुचित समझ के बिना अनपेक्षित परिणामों का नियम (लॉ ऑफ अनइनटेण्डेड कॉंसिक्वेंसेस) तमाम सुधारों का सत्यानाश कर सकता है.
इन महत्वपूर्ण आर्थिक बातों के साथ ही यह किताब इर्द-गिर्द की बहुत सारी बातों की भी दिलचस्प चर्चा करती है.

लेखकगण अच्छे और बुरे की अवधारणाओं पर विचार करते हुए बताते हैं कि जो टेलीविज़न भारत में स्त्रियों की दशा में सुधार लाने के कारण अच्छा सिद्ध हुआ है वही टी वी अमरीका में संपत्ति विषयक और हिंसक अपराधों को बढावा देने वाला साबित हो रहा है. स्टीवेन मानते हैं कि भारत में टीवी देखने वाली महिलाएं घरेलू हिंसा का प्रतिरोध करने लगी हैं, उनका नर संतान के प्रति मोह घटा है और वे अधिक निजी स्वायत्तता का प्रयोग करने लगी हैं. लोगों के संबंध में इस अच्छे और बुरे की अवधारणा पर विचार करते हुए वे कहते हैं कि लोग न अच्छे होते हैं न बुरे. वे तो बढावा देने वाले कारकों की तरफ आकृष्ट होते हैं और इसका इस्तेमाल अच्छी या बुरी किसी भी तरह किया जा सकता है. अपनी बात की पुष्टि में वे ईरान का उदाहरण देते हैं जहां इंसेंटिव का इस्तेमाल करके किडनी डोनर्स की संख्या बढाई गई है. इसका उलट उदाहरण भी इस किताब में है. डॉक्टर लोग जानते हैं कि कीमोथैरेपी जान बचाने में कारगर साबित नहीं होती है, फिर भी आर्थिक लाभ के लालच में वे इसका भरपूर इस्तेमाल करते हैं.

इस लेखक जोड़ी की ख्याति अर्थशास्त्र जैसे नीरस विषय को दिलचस्प बनाकर पेश करने के लिए है. इस मामले में ये लोग इस किताब में भी निराश नहीं करते. वेश्यावृत्ति, आतंकवाद और किन्हीं भी दो या अधिक असम्बद्ध प्रतीत होने वाली चीज़ों की अंतरनिर्भरता का विश्लेषण इस किताब को रोचक और विचारोत्तेजक बनाता है. अगर आप किसी एक किताब में आतंकवादी को पकड़ने का सबसे अच्छा तरीका क्या है, आंधी, हार्ट अटैक और हाइवे पर होने वाली दुर्घटना मौतों में समान बात क्या है, मनुष्य मूलभूत रूप से स्वार्थी होता है या परमार्थी, जैसी अजीबोगरीब बातों के माध्यम से कुछ आधारभूत महत्व के सिद्धांतो तक पहुंचना पसंद करते हों, तो यह किताब आपको ज़रूर अच्छी लगेगी.
◙◙◙


Discussed book:
Super Freakonomics: Global Cooling, Patriotic Prostitutes, and Why Suicide Bombers Should Buy Life Insurance
By Steven D. Levitt, Stephen J. Dubner
Published by William Morrow
Hardcover 288 Pages
US $ 29.99

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 13 दिसंबर, 2009 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Thursday, November 5, 2009

व्यथा-कथा आधे आकाश की


पुलित्ज़र पुरस्कार जीतने वाले पहले विवाहित दम्पती निकोलस डी क्रिस्टोफ और शेरिल वुडन ने अफ़्रीका और एशिया की सघन यात्राओं के बाद लिखी इस किताब में बताया है कि कैसे एक छोटी-सी सहायता भी पद दलित, पीड़ित बच्चियों और स्त्रियों की ज़िंदगी में महत्वपूर्ण बदलाव ला सकती है. इस दंपती को पत्रकारिता की दुनिया का यह बड़ा पुरस्कार न्यूयॉर्क टाइम्स के संवाददाता के रूप में इनकी चीन की कवरेज के लिए मिला था. बाद में क्रिस्टोफ को एक और पुलित्ज़र उनके कॉलम्स के लिए भी मिला.

इनकी सद्य प्रकाशित किताब हाफ़ द स्काई: टर्निंग ओप्परेसन इंटु अपोर्चुनिटी फॉर वुमन वर्ल्डवाइड विकाशशील देशों में लड़कियों और औरतों के दमन के रूप में विद्यमान हमारे समय के सबसे ज़्यादा मारक मानवाधिकार हनन के बारे में है. विवाह के बाद यह जोड़ी चीन चली गई थी और वहां जाने के सात महीने बाद ही इन्होंने खुद को थियानमेन स्क्वेयर नर संहार का साक्षी पाया. इससे अगले बरस इन्हें एक शोधपरक अध्ययन की मार्फत और भी बड़े मानवाधिकार हनन का पता चला. चीन में जहां चार से आठ सौ लोगों ने ही अपनी जान गंवाई थी, इस अध्ययन से इन्हें पता चला कि अकेले चीन में ही हर साल कम से कम 39,000 कन्याएं इसलिए काल का ग्रास बन जाती हैं कि उन्हें वह चिकित्सा सुविधा नहीं मिलती है जो लड़कों को मिलती है. एक चीनी पर्रिवार नियोजन अधिकारी ने इन्हें बताया, “अगर कोई लड़का बीमार पड़ता है तो उसके मां-बाप उसे तुरंत अस्पताल ले जाते हैं, लेकिन अगर कोई लड़की बीमार पड़ती है तो मां-बाप सोचते हैं कि देख लेते हैं अगले दिन इसकी तबियत कैसी रहती है.”

दुर्भाग्य की बात यह कि इन बेचारी चीनी लड़कियों को संचार माध्यमों में कोई उल्लेख तक नसीब नहीं होता. इस दंपती को तभी महसूस हुआ कि पत्रकारिता की दुनिया की प्राथमिकताएं कितनी विकृत हैं! और इसी बात से शुरू हुई उनकी खोज यात्रा. लेखक दंपती बहुत व्यथा के साथ कहते हैं कि अगर चीन में कोई महत्वपूर्ण विरोधी नेता गिरफ्तार भी कर लिया जाता है तो हम तुरंत एक फ्रण्ट पेज आर्टिकल लिख मारते हैं, लेकिन जब एक लाख लड़कियां अपहरण कर चकलों तक पहुंचा दी जाती हैं तो हमें लगता ही नहीं कि यह भी कोई खबर है. ऐसा शायद इसलिए भी होता है कि हम पत्रकारों का ध्यान किसी एक दिन की घटना पर तो चला जाता है लेकिन रोज़ घटने वाली घटनाएं हमें विचलित नहीं करती हैं. और ऐसा पत्रकारों के साथ ही नहीं होता. सरकारों का भी यही हाल है. अमरीका जो विदेशी सहायता देता है, उसका बमुश्क़िल 1 प्रतिशत स्त्रियों और लड़कियों के लिए होता है.

इन्हें महसूस हुआ कि कि कमोबेश दूसरे देशों में, ख़ास तौर पर दक्षिण एशियाई और मुस्लिम देशों में, भी हालात ऐसे ही हैं. इन्होंने पाया कि भारत में हर दो घण्टे में एक स्त्री कम दहेज लाने के ‘अपराध’ में या इस आस में कि उसके बाद दूसरी बहू लाई जा सकेगी, जला दी जाती है. पिछले नौ बरसों में इस्लामाबाद और रावलपिंडी में कम से कम पांच हज़ार लड़कियां और औरतें तथाकथित अवज्ञा के ज़ुर्म में केरोसिन या तेजाब से जला दी गईं.

इस किताब का महत्व इस बात में है कि यह हमें हताश-निराश-उदास नहीं छोड़ती. किताब में ऐसी अनेक स्त्रियों के वृत्तांत हैं जो तमाम अंधेरों के बीच उजाले की किरण की मानिंद चमकते हैं. अब इस पाकिस्तानी युवती को ही लीजिए जो एक ऊंची जाति के मर्द के बलात्कार की शिकार हुई. गांव में रिवाज़ तो यह था कि ऐसी युवतियां घर जाकर जान दे दिया करती थीं. लेकिन इसने न्याय की गुहार लगाई, इसकी आवाज़ तत्कालीन राष्ट्रपति मुशर्रफ तक पहुंची और उन्होंने इसे मुआवज़े के रूप में 8300 डॉलर भिजवाये. इस लड़की ने इस राशि से एक स्कूल खोल लिया. इसी तरह की कहानी है इथियोपिया की एक लड़की की जो अपने पहले प्रसव के दौरान फिस्चुला से ग्रस्त हो जाती है. वह एक अस्पताल में जाकर जैसे-तैसे अपना इलाज करवाती है, और वहीं शल्य चिकित्सक की सहायिका बन जाती है, और खुद फिस्चुला का ऑपरेशन करना सीख लेती है. इसमें वह इतनी निपुण हो जाती है कि अब प्रख्यात शल्य चिकित्सक भी उससे इस काम की बारीकियां सीखने आते हैं. या उस कंबोडियाई लड़की को लीजिए जो जैसे-तैसे एक वेश्यागृह से भाग निकली और फिर एक सहायता समूह की मदद से शुरू किए गए छोटे-से व्यापार का विस्तार कर अब अपने परिवार का भरण-पोषण कर रही है. या फिर ज़िम्बाब्वे की पांच बच्चों की वह मां जो किसी की प्रेरणा से स्कूल गई और अब न केवल पी-एच डी कर चुकी है, एड्स की विशेषज्ञा के रूप में भी सुपरिचित है.

लेखक दंपती की दिलचस्पी सरकारों और संस्थानों के बड़े कामों को उजागर करने की बजाय व्यक्तियों के कामों पर ध्यान केन्द्रित करने में अधिक रही है. इनको उन्होंने सामाजिक उद्यमी की संज्ञा दी है. संस्थानों को तो इन्होंने आड़े हाथों ही लिया है. अमरीकी फेमिनिस्टों की इन्होंने यह कहकर आलोचना की है कि उनकी दिलचस्पी विकासशील देशों की स्त्रियों की दशा सुधारने की बजाय टाइटल नाइन जैसे स्पोर्ट्स कार्यक्रमों के आयोजन में रहती है. बड़े समूहों पर उनकी यह टिप्पणी भी गौर तलब है कि एक तरफ तो रूढ़िवादी ईसाई हैं जो गर्भ निरोध को रोकने में जी-जान से जुटे हैं तो दूसरी तरफ सेक्युलर अभिजन हैं जो इसके प्रचार में जी-जान से जुटे हैं.

लेखक द्वय का स्पष्ट मत है कि स्त्रियों की क्षमता को मुक्त करके ही आर्थिक विकास की राह पर बढ़ा जा सकता है. अपनी बात की पुष्टि में वे चीन का उदाहरण देते हैं कि किस तरह उसने अपने देश की स्त्रियों को बंधन मुक्त किया, और उन्हें देश की मुख्य अर्थ-धारा में लाकर खुद को समृद्ध किया. किताब पाठक को उत्साहित करके ही खत्म नहीं हो जाती, यह हमारे उत्साह को एक दिशा भी देने की चेष्टा करती है. यह छोटे अस्पतालों, स्कूलों और सहायता संस्थानों की एक सूची भी देती है जहां हम अपना योगदान कर सकते हैं या जहां ज़रूरतमंदों को भेज सकते हैं.

Discussed book:
Half the Sky: Turning Oppression into Opportunity for Women Worldwide
By Nicholas D. Kristof & Sheryl WuDunn
Published by Knopf.
Hardcover, 294 pages
US $ 27.95

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय परिशिष्ट में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 01 नवंबर, 2009 को प्रकाशित.








Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा

Thursday, October 22, 2009

एक गायिका की ज़िन्दगी के बहाने भारतीय शास्त्रीय संगीत का वृत्तांत


टाइम्स ऑफ इण्डिया की पत्रकार नमिता देवीदयाल की पहली किताब द म्यूज़िक रूम: अ मेमोयर एक तरह से शिष्या की क़लम से लिखी अपने गुरु की जीवनी है. नमिता लगभग 20 वर्ष तक जयपुर घराने की सुविख्यात गायिका ढोंढुताई कुलकर्णी की शिष्या रही थीं. लेकिन असल में तो यह किताब ढोंढुताई के बहाने से भारतीय शास्त्रीय संगीत की ही जीवनी है. नमिता की यह किताब 1920 के दशक के मुंबई से शुरू होती है जब उनकी मां उन्हें भावी गुरु ढोंढुताई से मिलाने ले जाती हैं. नमिता तब महज़ 10-11 बरस की थीं. तभी हमारा पहला परिचय उस्ताद अल्लादिया खां साहब और केसरबाई केरकर से भी होता है जिनकी तस्वीरें ढोंढुताई के घर की दीवार पर लगी हैं. नमिता कहती हैं कि जैसे ही वे अपनी गुरु से मिलीं उन्हें एक नई दुनिया ही मिल गई. और नमिता की यह किताब भारतीय शास्त्रीय संगीत की दुनिया की एक अलग और अंतरंग छवि से हमारा साक्षात्कार कराती है.

शास्त्रीय संगीत सीखने से भी ज़्यादा नमिता की दिलचस्पी ढोंढुताई से बतियाने में रहती. जैसे जैसे किताब आगे बढती है, घटनाएं और प्रसंग एक-एक करके खुलते हैं. नमिता कहती हैं, “इन लोगों की ज़िन्दगी के बारे में अचरज की बात यह है कि हक़ीक़त किस्सों से भी ज़्यादा चौंकाने वाली है. अल्लादिया खां साहब की कथा, और यह बात कि उन्होंने किस तरह एक हिंदू ब्राह्मण लड़की ढोंढुताई को अंगीकार किया, बेहद मार्मिक है. विडम्बना की बात यह कि खां साहब के संगीत की विरासत को ग्रहण करने के लिए ताई को उनके खानदान से बाहर जन्म लेना पड़ा क्योंकि खान साहब के परिवार में तो औरतों को गाने बजाने की इजाज़त थी नहीं.” इसी तरह केसरबाई की विलक्षण कथा ज़ाहिर करती है कि गाने वाली औरतों के प्रति दोगले व्यवहार से लबरेज़ समाज में ऐसी किसी औरत को जगह बनाने के लिए कितना कड़ा संघर्ष करना पड़ता था. और ये वे लोग थे जिन्होंने भारतीय संगीत की एक खास शैली की नींव रखी थी. दुर्भाग्य की बात यह भी है कि खान साहब की या केसरबाई की कोई रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध नहीं है. खान साहब तो उस ज़माने के गायक थे जब आधुनिक रिकॉर्डिंग तकनीक प्रचलन में ही नहीं आई थी, जबकि केसरबाई किसी को रिकॉर्ड ही नहीं करने देती थीं. उनका खयाल था कि उनका संगीत इतना सस्ता नहीं है कि उसकी एल पी संगीत की दुकानों में कुछ रुपयों में बेची जाने लगें.

किताब में अल्लादिया खां साहब और केसरबाई के बारे में अनेक मार्मिक प्रसंग हैं. खां साहब सदा आर्थिक अभावों से जूझते रहे तो केसरबाई महारानी की-सी ज़िन्दगी जीती थीं. नमिता लिखती हैं, “अल्लादिया खां चैन से नहीं मर पाए. उनको सबसे बड़ा अफ़सोस तो इस बात का था कि उनके बच्चे उनके संगीत की विरासत को पूरी तरह से ग्रहण नहीं कर सके. उनकी शव यात्रा में महज़ 10-12 लोग थे.” केसरबाई के लिए नमिता लिखती हैं कि एक कंसर्ट के बाद उनकी आवाज़ जाती रही थी और जब संगीत ने उनकी ज़िन्दगी को छोड़ दिया तो सेहत भी उनका साथ छोड़ने लगी. उनके निधन से कुछ महीने पहले जब नमिता उनसे मिली तो उन्हें लगा कि ताई अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं. वह स्त्री जो सदा बेहतरीन शिफॉन और सिल्क में सजी धजी नज़र आती थी, उस समय एक पतली-सी सूती साड़ी लपेटे थी.

अपनी गुरु के साथ अपने रिश्तों का वर्णन करते हुए नमिता कहती हैं, “संगीत ही एकमात्र ऐसी भाषा है जो सारी दीवारों के पार जा पाती है. मेरे खयाल से यह संगीत ही था जिसके कारण अविश्वसनीय रूप से अलग-अलग स्पेस में रहने वाले हम दोनों एक दूसरे से इतने वर्षों तक जुड़े रह सके. जब मैं ढोंढुताई के साथ होती हूं तो जैसे एक मंदिर के भीतर होती हूं. ...... मेरे खयाल से मैंने ढोंढुताई से यह सीखा है कि बिना पुरस्कार की परवाह किए किसी लक्ष्य के प्रति निर्भीक रूप से और बिना किसी शर्त के कैसे समर्पित हुआ जाए.”

नमिता भारतीय संगीत परंपरा के भविष्य के प्रति पूरी तरह से आश्वस्त हैं. वे कहती हैं कि “भारतीय परंपरा कभी खत्म नहीं होगी. हो सकता है कि यह बदलते श्रोताओं और उनकी रुचियों के अनुरूप खुद को किंचित बदल ले, और यह अच्छा भी है क्योंकि परंपरा और संस्कृति कभी जड़ हो भी नहीं सकते. असल में तो ऐसा तभी होता है जब वे मरते हैं.”
किताब की एक विशेषता यह है कि लेखिका ने अपने बारे में बात करने में बहुत संयम बरता है. अपनी ज़िन्दगी की घटनाओं की उन्होंने मात्र सूचना दी है. इसी तरह वे अपनी गुरु के जीवन की घटनाओं को सिलसिलेवार पेश नहीं करतीं, बल्कि अतीत और वर्तमान के बीच सहज रूप से आवाजाही करती रहती हैं और उसी के बीच अपनी बात कहने का भी अवकाश निकाल लेती हैं.

नमिता देवीदयाल की इस किताब को भारत का सर्वाधिक प्रतिष्ठित पुस्तक सम्मान वोडाफोन क्रॉसवर्ड पॉप्युलर बुक अवार्ड मिल चुका है और पण्डित रविशंकर ने कहा है कि यह किताब हर संगीतकार और संगीत प्रेमी के लिए ज़रूरी है.


Discussed book:
The Music Room
By Namita Devidayal
Random House Publishers India Pvt Lts.,
301-A, World Trade Tower, Barakhamba lane,
New Delhi-110001.
316Pages, Hardcover.
Rs 395.00

राजस्थान पत्रिका के रविवारीय संस्करण में मेरे पाक्षिक कॉलम किताबों की दुनिया के अंतर्गत 11 अक्टोबर, 2009 को प्रकाशित.









Hindi Blogs. Com - हिन्दी चिट्ठों की जीवनधारा